कोरबा
सुशासन तिहार 2026:जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण से सुशासन की संकल्पना हो रही साकार – महापौर
जिला प्रशासन व नगर पालिक निगम कोरबा के द्वारा निगम क्षेत्र का चैथा सुशासन तिहार शिविर रविशंकर नगर जोन में हुआ आयोजित
कोरबा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सुशासन तिहार शिविर को संबोधित करते हुये कहा कि जनसमस्याओं व शिकायतों के त्वरित निराकरण से हमारी सरकार की सुशासन की संकल्पना साकार रूप ले रही है तथा यह प्रमाणित हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली केन्द्र सरकार एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई वाली छत्तीसगढ़ सरकार वास्तव में सुशासन की सरकार है। उन्होने कहा कि सरकार की मंशा है कि इन शिविरों के माध्यम से हम सब जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी आमजनता से सीधे रूबरू हों, उनकी समस्याओं को गहराई से जानें तथा उनका त्वरित निराकरण करायें, इन शिविरों के माध्यम से सरकार की यह जनहितैषी मंशा पूरी हो रही है।

यहाॅं उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ कोरबा जिले एवं नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में भी सुशासन तिहार मनाया जा रहा है तथा इसके अंतर्गत शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। कोरबा निगम क्षेत्र में पहला शिविर विगत 07 मई को कोरबा जोन कार्यालय में, दूसरा शिविर 11 मई को टी.पी.नगर जोन कार्यालय में तथा तीसरा शिविर कोसाबाड़ी जोन कार्यालय में आयोजित हुआ था, वहीं इस कड़ी में आज निगम के पं.रविशंकर शुक्ल नगर जोन कार्यालय परिसर में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। आयोजन की मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपनी उपस्थिति प्रदान करते हुये शिविर में लगाये गये जिले के विभिन्न विभागों व नगर पालिक निगम कोरबा के विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया, इस मौके पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान, उर्वशी राठौर, धनकुमार गर्ग, नारायण प्रसाद कुर्रे, वर्षा दिनेश वैष्णव, सुनीता चैहान, गोपाल कुर्रे आदि पार्षद व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। शिविर को संबोधित करते हुये महापौर श्रीमती राजपूत ने आगे कहा कि जब हमने निगम की कमान अपने हाथ में संभाली उस समय निगम के 67 वार्डो में समस्याएं व्याप्त थी, किन्तु उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के निरंतर आशीर्वाद से अब ये सभी समस्याएं क्रमशः दूर हो रही हैं, हमारे आयुक्त आशुतोष पाण्डेय भी ऊर्जावान अधिकारी हैं तथा जनसमस्याओ के प्रति अत्यंत गंभीर रूख रखते हैं तथा मेरे मार्गदर्शन व आयुक्त की देखरेख में निगम के अधिकारी जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण कराते हैं। उन्होने कहा कि सुशासन तिहार शिविरों के पश्चात भी निगम की अभिनव योजना महापौर की पाती के माध्यम से आपकी विभिन्न समस्याओं का निराकरण 24 घंटे के अंदर किया जायेंगा। उन्होने आगे कहा कि उद्योग मंत्री श्री देवांगन का संकल्प था कि झुग्गी बस्तियों के निवासियों को पट्टा मिले, मालिकाना हक मिले, अब उनका यह संकल्प पूरा होने जा रहा है।
योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिये शिविर अच्छा माध्यम
इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जन-जन के कल्याण के लिये अनेक योजनाएं बनाई हैं, इन योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचे, उन्हें योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिये सुशासन तिहार शिविर एक अच्छा माध्यम बन रहे हैं, लोगों को योजनाओं की जानकारी हो रही है, वे योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर पानी, बिजली, साफ-सफाई, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य ऐसी समस्याएं जिनका निदान तुरंत संभव है, उनका त्वरित निदान भी हो रहा है।
शिकायतें हो रही तत्काल दूर
इस मौके पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनप्रतिनिधि व अधिकारी कर्मचारी आमजनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को सुने तथा उनका तत्काल निराकरण करायें, यह सुशासन तिहार शिविरों का प्रमुख उद्दश्य है, निश्चित रूप से सरकार का यह उद्देश्य पूरा हो रहा है, तथा आमजन की शिकायतें त्वरित रूप से दूर हो रही है, इसके साथ ही निर्माण से संबंधित मांग जिन्हें पूरा करने में प्रक्रियागत समय लगता है, उनकी प्रक्रिया भी शीघ्रता से की जा रही है। उन्होने आगे कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा के विकास के लिए तथा यहाॅं की समस्याओं के लिए पूर्ण रूप से सजग हैं, कोरबा में ढेर सारी झुग्गी बस्तियाॅं हैं, इन बस्तीवासियों को उनके घरों का मालिकाना हक मिले, इसके लिये उद्योग मंत्री श्री देवांगन सदैव संघर्षरत रहे हैं और अब वह दिन भी आने वाला है कि जब इन बस्तीवासियों को उनके घरों का जमीन का मालिकाना हक प्राप्त हो जायेगा।
सुशासन तिहार का आयोजन एक अच्छी पहल
इस अवसर पर पार्षद अब्दुल रहमान ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में किये जा रहे सुशासन तिहार शिविरों का यह आयोजन निश्चित रूप से एक अच्छी पहल है, इससे आमनागरिकों की समस्याओं व शिकायतों का त्वरित निदान हो रहा है, उन्हें अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये निगम कार्यालय तक नही जाना पडे़गा, मैं इसके लिये राज्य सरकार एवं नगर निगम प्रशासन को साधुवाद देता हूॅं।
हमारी सरकार जो कहती है, वह करती भी है
इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद व पूर्व सभापति अशोक चावलानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारी केन्द्र व राज्य सरकार जो कहती है, वह करती भी है, केवल खोखले वायदे नहीं करती। उन्होने कहा कि सुशासन तिहार का यह आयोजन शासन की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है, इसके माध्यम से लोगांे की समस्याओं का त्वरित निदान हो रहा है, जहाॅं तक नगर निगम कोरबा की बात है तो निगम बहुत अच्छा कार्य कर रहा है, मैं अन्य शहरों में भी आता-जाता रहता हूॅं, तो देखता हूॅं कि कोरबा अपेक्षाकृत ज्यादा साफ-सुथरा शहर है, यहाॅं पर विकास की गति भी तेज है।
ई-बाईक से शिविर में पहुंचे आयुक्त, दिया ईंधन बचाने का संदेश
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय हेलमेट लगाकर ई-बाईक से पं.रविशंकर नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे तथा लोगों को ईंधन बचाने व पर्यावरण को संरक्षित करने का संदेश दिया। यहाॅं उल्लेखनीय है कि युद्ध के कारण उत्पन्न समस्या को देखते हुये देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईंधन बचाने का आव्हान किया है, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज इस अपर अमल किया तथा ई-बाईक से शिविर में पहुंचे। उन्होने अधिकारी कर्मचारियों से आग्रह किया कि सभी ई-बाईक का उपयोग करें तथा ईंधन बचायें, आयुक्त की इस पहल का उपस्थित पार्षदों, जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया तथा उनके इस कदम की प्रशंसा की। इस मौके पर आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम के पं.रविशंकर शुक्ल नगर जोन की उपलब्धियों व विकास कार्यो पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुये कहा कि पं.रविशंकर नगर जोन में कुल 07 वार्ड हैं, इन सात वार्डो में वर्ष 2023 से अब तक कुल 32 करोड़ 32 लाख रूपये के 94 कार्य स्वीकृत हुये थे, जिसमें 54 कार्य पूर्ण हो गये हैं, 27 कार्य प्रगतिरत हैं तथा 13 कार्य निविदा प्रक्रिया में है। इस मौके पर उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य की प्राप्ति, राजस्व वसूली, जलकर वसूली, जोनांतर्गत बनाये गये राशन कार्ड, श्रद्धांजलि योजना, परिवार सहायता योजना अंतर्गत दी गई सहायता राशि, पेंशन योजनाएं, स्वामित्व योजनाओं आदि से संबंधित तथ्यों तथा लाभान्वित हितग्राहियों की विस्तृत जानकारी रखी।
हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया
शिविर के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। महापौर श्रीमती राजपूत व उपस्थित अतिथियों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत उमेश कुमार कर्ष, कुमारी बाई व मुकेश साहू को आवासगृहों की चाबी दी गई, तो वहीं हैदर अंसारी, शबीना खातुन व मोहन साहू को आवासगृहों के स्वीकृति पत्र, श्रद्धांजलि योजना अंतर्गत अंतराम लहरे व दिनेश कुमार निषाद को 03-03 हजार रूपये की सहायता राशि के चेक दिये गये, वहीं रोमा कर्ष, नोनी बाई, सुमन चैहान, निकिता साहू, बसंती बाई, तरूवला मण्डल को राशन कार्ड प्रदान किये गये। इसी प्रकार वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत राजू केशरवानी व अभय राम रजक को पेंशन स्वीकृति पत्र, पूजा सोनी, नुजहत, मजूद अली व रामचरण को व्हीलचेयर तथा जोहरा बेगम को छड़ी एवं रानी कुमारी को श्रवण यंत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम का संचालन श्री घनश्याम के द्वारा किया गया, वहीं आभार प्रदर्शन अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान, उर्वशी राठौर, धनकुमार गर्ग, नारायण प्रसाद कुर्रे, वर्षा दिनेश वैष्णव, सुनीता चैहान, गोपाल कुर्रे आदि के साथ-साथ सुशील गर्ग, प्रवीण रत्नपारखी, दिनेश वैष्णव, कृष्णा द्विवेदी, अर्जुन गुप्ता, निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त व जोन कमिश्नर पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, सहायक अभियंता विपिन मिश्रा, आकाश अग्रवाल, रूचि साहू, किरण साहू, सचिन तिवारी, अविनाश जायसवाल आदि सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कोरबा
कोरबा में सड़क हादसों में दो की मौत,पांच घायल:कहीं बाइक ने मारी टक्कर,तो कहीं तेज रफ़्तार कार ने स्कूटी को ठोका
कोरबा। कोरबा जिले में गुरुवार रात से शुक्रवार तक तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सभी हादसे तेज रफ्तार के कारण हुए। घायलों का उपचार जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

पहली घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के कोहड़िया मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात करीब 9 बजे हुई। छतराम दोन्द्रो (48)अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक एक यात्री बस से टकरा गई, जिससे छतराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

हॉस्पिटल के बहार रिलेटिव्स की भीड़
डॉक्टर्स ने घायल को मृत घोषित कर दिया गया
उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। रिलेटिव ने बताया कि छतराम राजमिस्त्री का काम करते थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
दूसरी घटना
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अप्पू गार्डन के पास हुई। एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक्टिवा सवार दो युवतियों पूजा कंवर और किरण वैष्णो को टक्कर मार दी। दोनों कोरबा निवासी हैं और किसी काम से जा रही थीं। टक्कर से वे सड़क पर गिरकर घायल हो गईं और एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके बाद, उसी कार ने एक बाइक सवार को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कुल चार लोग घायल हुए, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आई हैं। कार चालक मौके से फरार हो गया।
तीसरी घटना
कटघोरा थाना क्षेत्र के जेन्जरा मुख्य मार्ग पर हुई। पतरापाली निवासी परदेसी राम (60) साइकिल से जा रहे थे, तभी बाइक सवार प्रताप कंवर ने उन्हें टक्कर मार दी।
घायल परदेसी राम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार प्रताप कंवर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कोरबा
अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता -कलेक्टर
कोरबा। जिले में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ईंधन एवं घरेलू गैस की कमी संबंधी भ्रामक सूचनाएं फैलाए जाने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
खाद्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में 5,876 सिलेंडरों का बैलेंस स्टॉक उपलब्ध है। इसके साथ ही एलपीजी रिफिल की स्थिति भी पूरी तरह सामान्य है। इस प्रकार जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त है ।

इसी प्रकार पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पूरी तरह संतोषजनक है। जिले में कुल 104 रिटेल आउटलेट संचालित हैं। वर्तमान उपलब्ध स्टॉक के अनुसार पेट्रोल 913 केएल तथा डीजल 1057 केएल उपलब्ध है, जो जिले की सामान्य दैनिक खपत के अनुसार पर्याप्त है। कुछ चुनिंदा आउटलेट तकनीकी कारणों या देर से भेजे गए इंडेंट के कारण प्रभावित रहे हैं, जिनका समाधान संबंधित कंपनियों द्वारा किया जा रहा है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी पेट्रोल पंपों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अव्यवस्था पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक अमले को भी स्थिति पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुरूप ही ईंधन एवं गैस की खरीद करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा
‘‘सुशासन तिहार 2026‘‘:खेतों तक पहुंच रहा समाधान और किसानों तक राहत
विद्युत पंप मिलने से किसान अजय तिग्गा की खेती को मिली नई दिशा
कोरबा। सुबह से शाम तक खेतों में पसीना बहाने वाले किसानों के चेहरे पर जब संतोष की मुस्कान दिखाई देती है, तभी सुशासन का वास्तविक अर्थ साकार होता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित सुशासन तिहार 2026 किसानों के जीवन में ऐसी ही नई उम्मीद और विश्वास लेकर आया है। कृषि और ग्रामीण परिवेश से गहराई से जुड़े मुख्यमंत्री श्री साय किसानों की तकलीफ, मेहनत और सपनों को भली-भांति समझते हैं। यही वजह है कि शासन की योजनाएं अब गांवों और खेत-खलिहानों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही हैं। सुशासन तिहार के माध्यम से किसानों को न केवल उनकी समस्याओं से राहत मिल रही है, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर भी बनाया जा रहा है।

कोरबा जिले के ग्राम दरगा निवासी कृषक अजय कुमार तिग्गा कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं और लगभग पांच एकड़ कृषि भूमि में धान एवं मूंगफली की खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनके परिवार में कुल पांच सदस्य हैं, जिनकी आजीविका मुख्य रूप से खेती पर ही निर्भर है। मेहनत और लगन से खेती करने के बावजूद सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें हर वर्ष अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर फसल के समय पानी की कमी के कारण उत्पादन प्रभावित होता था, जिससे आर्थिक स्थिति पर भी असर पड़ता था।
इसी क्रम में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर केराकछार में श्री तिग्गा भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि सिंचाई सुविधा के अभाव में उन्हें खेती कार्य में कठिनाई हो रही है और यदि विद्युत पंप की सुविधा मिल जाए तो खेती बेहतर तरीके से की जा सकती है। शिविर में प्राप्त आवेदन पर अधिकारियों द्वारा संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की गई और कृषक की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें 1.5 एचपी का विद्युत पंप प्रदान किया गया। विद्युत पंप मिलने से अब उनके खेतों में नियमित सिंचाई संभव हो सकेगी। इससे न केवल खेती कार्य आसान होगा, बल्कि फसल उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने अपनी समस्या के त्वरित समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो रहा है, जिससे किसानों में शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
