Connect with us

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ उपचुनाव: BJP अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हारे:जगदलपुर-बिलासपुर में जीती कांग्रेस, 9 में से 3 सीटें भाजपा के खाते में

Published

on

बिलासपुर/जगदलपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के अलग अलग जिले के वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। बिलासपुर और जगदलपुर नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।

जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने 436 वोटों से बीजेपी के मनोहर दत्त तिवारी को हराया है। मनोहर दत्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हैं।

बिलासपुर में वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 वोटों से हराया। उपचुनाव के नतीजों के मुताबिक, कांग्रेस ने 6 सीटों और भाजपा ने 3 सीटों पर उपचुनावों में जीत दर्ज की है।

सूरजपुर (शिवनंदनपुर), कवर्धा (सहसपुर लोहारा) और जांजगीर चांपा (बमनीडीह) में बीजेपी की जीत हुई है। घुमका, पलारी नगर पंचायत (अध्यक्ष पद) चारामा वार्ड 13 और पखांजूर सभी में कांग्रेस की जीत हुई है।

इन नतीजों पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा सरकार से उठ चुका है। वहीं जगदलपुर मेयर संजय पांडेय ने हार की समीक्षा की बात कही।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी मनोहर दत्त तिवारी उपचुनाव में 436 वोटों से हारे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी मनोहर दत्त तिवारी उपचुनाव में 436 वोटों से हारे।

जगदलपुर के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी की जीत हुई है।

जगदलपुर के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी की जीत हुई है।

जगदलपुर में किरण सिंहदेव के करीबी हारे

जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में 1 जून को उपचुनाव में कुल 1,542 में से 1,223 वोटर्स ने वोट डाले थे। भाजपा ने मनोहर दत्त तिवारी को मैदान में उतारा था, जो कि प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हैं।

जबकि आम आदमी पार्टी से रुबीना कुरैशी चुनावी मैदान में थीं। खास बात यह है कि इंदिरा वार्ड कांग्रेस का गढ़ है। पिछले 30 सालों से वार्ड में कांग्रेस का कब्जा रहा है। इस बार फिर कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

दरअसल, यह सीट कांग्रेस के सीनियर पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के बाद खाली हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार 4 बार पार्षद चुने गए थे। इससे पहले उनकी मां भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं।

जगदलपुर में कांग्रेस ने जीत के बाद मनाया जश्न।

जगदलपुर में कांग्रेस ने जीत के बाद मनाया जश्न।

बिलासपुर में कांग्रेस ने मधुसूदन को हराया

बिलासपुर नगर निगम में वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को हरा दिया है। इस वार्ड में कांग्रेस पिछले 40 सालों से चुनाव जीत रही है।

जानकारी के मुताबिक, मधुसूदन राव को शेख आजम के पिता शेख असलम ने भी हराया था। वार्ड 29 में यह दूसरा उपचुनाव है। इससे पहले पार्षद शेख गफ्फार के निधन के बाद हुए उप चुनाव में उनके भाई शेख असलम विजयी हुए थे।

बाद में शेख असलम सामान्य चुनाव में भी पार्षद चुने गए। उनके निधन के बाद सीट खाली होने से फिर उपचुनाव कराना पड़ा। बता दें कि 1 जून को हुए उपचुनाव में वार्ड के 5255 मतदाताओं में से 3665 मतदाताओं ने वोट डाला था।

राजनांदगांव में अध्यक्ष पद कांग्रेस जीतीं

राजनांदगांव में कुल 14 वार्डों में चुनाव हुए। कांग्रेस की फूलमती वर्मा 85 वोटों से जीतीं और घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनीं। यानी अध्यक्ष पद कांग्रेस के पास गया, जबकि वार्डों में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिली।

वार्डवार स्थिति:

  • भाजपा – 10 वार्ड
  • कांग्रेस – 3 वार्ड
  • निर्दलीय – 1 वार्ड
कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनी।

कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनी।

सूरजपुर में अध्यक्ष पद पर BJP की जीत

सूरजपुर में कुल 15 वार्डों में चुनाव हुए। वार्डों में कांग्रेस को बहुमत मिला। लेकिन शिवनंदनपुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल विजयी रहे।

वार्डवार स्थिति:

  • कांग्रेस ने 8 वार्डों में जीत दर्ज की।
  • भाजपा ने 7 वार्डों में जीत हासिल की।
बालोद में विधायक संगीता सिन्हा के क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने अध्यक्ष पद जीता।

बालोद में विधायक संगीता सिन्हा के क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने अध्यक्ष पद जीता।

बालोद में कांग्रेस को बहुमत

बालोद में कुल 15 वार्डों में चुनाव हुए। नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने भाजपा के लखन लाल गुरूपंच को 506 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद जीता। यानी अध्यक्ष पद और परिषद दोनों में कांग्रेस को बहुमत मिला।

वार्डवार स्थिति:

  • कांग्रेस – 10 वार्ड (9 वार्ड में सीधी जीत, 1 वार्ड लॉटरी से)
  • भाजपा – 5 वार्ड
कांकेर में विधायक सावित्री मंडावी के क्षेत्र चारामा और पखांजूर में कांग्रेस जीतीं।

कांकेर में विधायक सावित्री मंडावी के क्षेत्र चारामा और पखांजूर में कांग्रेस जीतीं।

कांकेर जिले के दो नगर पंचायत उपचुनाव में कांग्रेस जीतीं

चारामा (वार्ड क्रमांक 13) में कांग्रेस प्रत्याशी मोहित नायक 286 वोटों से जीते। पखांजूर (वार्ड क्रमांक 09) में कांग्रेस के रूखमणि एटटी ने भाजपा के संजीता विश्वास को 65 वोटों से हराया। दोनों नगर पंचायत उपचुनावों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की।

कवर्धा (सहसपुर लोहारा) में भाजपा की जीत

कवर्धा में नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत हुई है। सरिता संतोष मिश्रा ने कांग्रेस के रोशन वैष्णव को 762 वोटों से हराया।

जांजगीर-चांपा (बमनीडीह) में जीती भाजपा

जांजगीर चांपा में 15 वार्डों में वोटिंग हुई। बमनीडीह नगर पंचायत में अध्यक्ष पद और परिषद दोनों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। भाजपा से रमेश डड़सेना 889 वोटों से अध्यक्ष पद जीता।

वार्डवार स्थिति (15 वार्ड)

  • भाजपा – 11 वार्ड
  • कांग्रेस – 3 वार्ड
  • निर्दलीय – 1 वार्ड

कांग्रेस बोली- भाजपा सरकार से उठा जनता का विश्वास

कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि लोकल बॉडी इलेक्शन में बिलासपुर जगदलपुर में कांग्रेस के प्रत्याशी जीते हैं। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार से जनता का विश्वास उठ चुका है। ढाई साल पहले बड़े-बड़े वादे कर भाजपा ने विधानसभा चुनाव जीता था।

अब उपचुनाव के परिणाम भाजपा के खिलाफ आया है। सरकार ने वादा पूरा नहीं किया। आज का परिणाम बता रहा है कि कांग्रेस पार्टी के लिए अच्छे दिन की शुरूआत है। आने वाला जो भी इलेक्शन होगा कांग्रेस के प्रत्याशी 100% जीतेंगे।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : कृषि मंत्री निवास में पोला का भव्य आयोजन

Published

on

मंत्री नेताम ने भगवान शिव स्वरूप बैल जोड़ी का किया पूजा

प्रदेशवासियों को पोला तिहार की दी बधाई एवं शुभकामनाएं

मंत्री श्री नेताम ने भगवान शिव स्वरूप बैल जोड़ी का किया पूजा
मंत्री श्री नेताम ने भगवान शिव स्वरूप बैल जोड़ी का किया पूजा

रायपुर, 10 सितम्बर 2026। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के शासकीय निवास परिसर में छत्तीसगढ़ का पारंपरिक पोला तिहार का भव्य आयोजन किया गया। मंत्री श्री नेताम ने इस अवसर पर भगवान शिव के स्वरूप बैल जोड़ों का विधि-विधान से पूजा-अर्चना किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को पोला तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री नेताम की धर्मपत्नी भी उपस्थित थीं। 

Continue Reading

छत्तीसगढ़

कबीरधाम : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम में ली गौ सेवकों एवं अधिकारियों की बैठक

Published

on

पशु संरक्षण एवं उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने गौ सेवकों से लिए सुझाओ

रेस्क्यू एवं संरक्षण को लेकर दिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा

कबीरधाम, 10 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिला कार्यालय के सभाकक्ष में गौ सेवकों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में सड़क पर विचरण करने वाले पशुओं, बीमार एवं घायल पशुओं के रेस्क्यु, उपचार तथा उनके लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने गौ सेवकों से उनके कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और पशुओं के बेहतर संरक्षण एवं उपचार के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए। बैठक में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, गौ सेवक नीलेश सोनी, संस्कार दुबे, तरूण साहू, अंकुश विश्वकर्मा, अनमोल ठाकुर, वैदिक मिश्रा, नीरज ठाकुर, अमित चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, गौ सेवक उपस्थ्ति थे। 

          उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गौ सेवक दिन-रात बीमार और घायल पशुओं की सेवा में जुटे रहते हैं। वे पूरी मेहनत, लगन और सेवाभाव के साथ सड़क पर घायल अवस्था में मिले पशुओं का रेस्क्यु कर उन्हें उपचार के लिए पशु चिकित्सालय तक पहुंचाते हैं। गौ सेवकों द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पशुओं की सेवा और संरक्षण के लिए उनके प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गौ सेवक जब भी किसी सेवा कार्य अथवा घायल पशु के रेस्क्यु के संबंधितकार्य हेतु संपर्क व्यवस्था को दुरुस्त किया जाय। उनकी समस्या के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। 

पशुपालन विभाग के चिकित्सकीय अमले की ली जानकारी

           उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बैठक में पशुपालन विभाग के चिकित्सकों, सहायक चिकित्सकों एवं अन्य उपलब्ध मानव संसाधन तथा विभागीय सेटअप की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों की पदस्थापना स्थल, किन-किन क्षेत्रों में कौन से चिकित्सक कार्यरत हैं तथा किन स्थानों पर चिकित्सकीय सेवाओं की आवश्यकता है, इसकी भी जानकारी ली। उन्होंने सभी चिकित्सकों की बैठक आयोजित कर जिले में पशुओं के उपचार एवं रेस्क्यु व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पशुओं के उपचार की अधिक आवश्यकता है, वहां चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बीमार एवं घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने चिकित्सकों को सेवाभाव, ललक और मेहनत के साथ कार्य करने की बात कही। 

पशु रेस्क्यु वाहन 24 घंटे संचालित करने के निर्देश

           उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने जिले में उपलब्ध पशु रेस्क्यु वाहन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पशु रेस्क्यु वाहन को 24 घंटे संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल अथवा बीमार पशुओं की सूचना मिलने पर तत्काल रेस्क्यु टीम मौके पर पहुंच सके। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदारी और संपर्क व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। 

बड़े स्थान पर पशुओं के उपचार एवं विश्राम की व्यवस्था पर चर्चा

          बैठक में स्वर्ण जयंती परिसर का निरीक्षण कर वहां पशु चिकित्सालय को शिफ्ट करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने गौ सेवकों, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कहा कि परिसर का निरीक्षण कर पशु चिकित्सालय को वहां स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि बड़े और व्यवस्थित स्थान पर पशुओं के उपचार, देखभाल एवं विश्राम के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था तैयार की जाए, जहां बीमार एवं घायल पशुओं को उपचार के साथ सुरक्षित स्थान, पर्याप्त खुला क्षेत्र तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे गौ माता सहित अन्य पशुओं के संरक्षण और सेवा कार्य को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

अधिक से अधिक पैरादान के लिए किसानों को करें प्रेरित

          उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बैठक में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने आसपास के गांवों के किसानों से संपर्क कर अधिक से अधिक पैरादान कराने के लिए प्रेरित करने कहा। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा फसल अवशेष के रूप में उपलब्ध पैरा को जलाने के बजाय गौवंश के लिए दान किया जाए, इससे पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने गौ सेवकों एवं संबंधित लोगों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में वीडियो एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए किसानों को पैरादान के लिए जागरूक करें। 

दुर्घटना संभावित स्थानों पर बेरिकेडिंग का सुझाव

          बैठक में सड़क पर बैठे पशुओं को दुर्घटना से बचाने के लिए दुर्घटना संभावित एवं अत्यधिक मोड़ वाले स्थानों को चिन्हांकित करने पर भी चर्चा हुई। ऐसे स्थानों पर आवश्यकतानुसार बेरिकेडिंग अथवा अन्य सुरक्षा उपाय करने का सुझाव दिया गया, जिससे सड़क पर बैठे पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही वाहन चालकों को भी ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने की बात कही गई।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर : नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं – राज्यपाल डेका

Published

on

नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान का विश्वविद्यालय में समापन

 नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं - राज्यपाल श्री डेका

रायपुर, 10 सितम्बर 2026। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ संकल्प अभियान के अंतर्गत विगत एक माह से आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आज समापन हुआ। कार्यक्रम में कुलाधिपति एवं राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

          राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा पीढ़ी होती है। युवा देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की भी महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनके विचार, संकल्प और सपने राष्ट्र की दिशा तय करते हैं। इसलिए युवा शक्ति को नशे जैसी बुराइयों से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2026 को युवाओं को नशामुक्त बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से इस महाअभियान की शुरुआत की है। नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। आज पारंपरिक नशे के साथ सूखे नशे का चलन भी बढ़ रहा है, जो युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है।

        राज्यपाल ने कहा कि नशा व्यक्ति की सही और गलत में अंतर करने की क्षमता को प्रभावित करता है। नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति को दोषी मानने के बजाय उसके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए काउंसलिंग और आवश्यकता पड़ने पर उपचार उपलब्ध कराना चाहिए। अधिक नशे से मनोवैज्ञानिक समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में मानसिक स्वास्थ्य एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।

        श्री डेका ने कहा कि नशे से किसी समस्या का समाधान नहीं होता। जीवन में परीक्षा का दबाव, करियर की चिंता, असफलता का भय और अपेक्षाओं का बोझ जैसी परिस्थितियां आती रहती हैं। इनसे बचने के लिए नशे का सहारा लेना समाधान नहीं है। समस्या से भागना समाधान नहीं, बल्कि उसका सामना करना ही वास्तविक साहस है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, समय की पाबंदी और नियमित अध्ययन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पढ़ने की आदत से ज्ञान के साथ-साथ विभिन्न विषयों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। राज्यपाल ने डिजिटल एडिक्शन को भी गंभीर चुनौती बताते हुए युवाओं से डिजिटल माध्यमों का संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की।

        कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हार्टफुलनेस आश्रम, हैदराबाद के संचालक त्रिलोचन चावला ने नशा मुक्ति के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और माय भारत वॉलिंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को राज्यपाल ने सम्मानित किया। राष्ट्रीय शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ प्रोफेसर राजीव चौधरी को भी राज्यपाल ने सम्मानित किया।

      रेडक्रॉस एवं रोटरी संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर के लिए संस्था के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677