Connect with us

छत्तीसगढ़

बिलासपुर में पेड़ के नीचे लग रहा स्कूल:निजी मकान पर ताला लगा, आसमान के नीचे पढ़ने लगे बच्चे, 12 लाख मंजूर, लेकिन भवन नहीं

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर जिले में स्टेशनपारा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल पीपल के पेड़ के नीचे संचालित हो रहा है। स्कूल भवन नहीं होने और वैकल्पिक व्यवस्था समय पर न होने के कारण बच्चों को खुले आसमान के नीचे पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मामला तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घुटकू का है।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल का पुराना भवन जर्जर होने के बाद पिछले करीब 5 साल से कक्षाएं एक निजी मकान में लग रही थीं। लेकिन मकान मालिक ने निजी जरूरत बताते हुए मकान खाली कराकर ताला लगा दिया।

इसके बाद पिछले कई दिनों से स्कूल की कक्षाएं पेड़ के नीचे लगने लगीं। बच्चों को तेज धूप, बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों के बीच पढ़ाई करनी पड़ी।

11.48 लाख स्वीकृत फिर भी नहीं बना भवन

बताया जा रहा है कि स्कूल के नए भवन निर्माण के लिए 11 लाख 48 हजार रुपये की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। स्कूल में शौचालय, किचन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ नए एडमिशन पर भी पड़ रहा है।

अभिभावकों ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों और पालकों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब भवन निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है और बजट भी स्वीकृत है, तो फिर बच्चों को इस तरह पेड़ के नीचे पढ़ने की नौबत क्यों आई।

धूप- बारिश से पेड़ से कीड़े गिरने पर दी जाती है छुट्टी

टीचर खगेश्वरी दुबे ने बताया कि धूप तेज होने या पेड़ से कीड़े गिरने पर छुट्टी करनी पड़ती है। यहां तक कि गांव में कोई शोक कार्यक्रम होने पर भी स्कूल बंद करना पड़ता है। शौचालय न होने के कारण छात्राओं और महिला शिक्षकों को भारी शर्मिंदगी के बीच तालाब की मेड़ पर खुले में जाना पड़ता है। इसी पेड़ के नीचे किताबें बांटी गईं और रसोइया के घर में मध्याह्न भोजन पक रहा है।

स्कूल में 2 टीचर, जल्द 1 टीचर रिटायर होंगे

सरपंच का कहना है कि बारिश के बाद काम शुरू होगा। इस बदहाली का असर स्कूल में छात्रों की दर्ज संख्या पर पड़ा है। अव्यवस्था से तंग आकर पालकों ने बच्चों का दाखिला कराना बंद कर दिया है, जिससे कक्षा पहली और दूसरी में शून्य एडमिशन है।

स्कूल में पांचवीं से आठवीं तक क्लास लगती है, लेकिन पहली दूसरी के सिर्फ 10 बच्चे बचे हैं। वहीं, यहां पदस्थ दो शिक्षकों में से एक 30 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

Continue Reading

कोरबा

राशन-दुकान गई 7 साल की बच्ची लापता:वापस नहीं लौटने पर पिता ने पुलिस को सूचना दी, तलाश जारी, चार महीने पहले कोरबा आई थी

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के रजगामार बस्ती में राशन दुकान से घरेलू सामान लेने गई 7 साल की बच्ची लापता हो गई। बच्ची की पहचान भव्या जोशी के रूप में हुई है। वह अपने पिता के साथ करीम पोल्ट्री फार्म में रहती थी। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे पिता ने उसे पास की राशन दुकान से सामान लाने भेजा था।

काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद रजगामार चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।

चार महीने पहले परिवार के साथ कोरबा आई थी बच्ची

जानकारी के मुताबिक, भव्या के पिता प्रकाश जोशी मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम के रहने वाले हैं। वह करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ परिवार का पालन-पोषण करने के लिए कोरबा के रजगामार आए थे। यहां वे रजगामार ग्राम पंचायत की बस्ती में स्थित करीम पोल्ट्री फार्म में काम करते हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं।

सामान लेने गई, लेकिन वापस नहीं लौटी

प्रकाश जोशी ने बताया कि 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने अपनी 7 साल की बेटी भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू इस्तेमाल का सामान लाने के लिए भेजा था। उन्हें लगा कि बच्ची थोड़ी देर में सामान लेकर लौट आएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह घर नहीं पहुंची।

इसके बाद पिता को चिंता होने लगी। उन्होंने आसपास के इलाकों और गांव में बच्ची की तलाश की। परिचितों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन भव्या के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिजनों ने रजगामार चौकी पहुंचकर बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से बच्ची के हुलिये और उस समय पहने कपड़ों की जानकारी ली है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

इसके साथ ही राशन दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, ताकि बच्ची के आने-जाने के बारे में कोई सुराग मिल सके। पुलिस आसपास के संभावित ठिकानों पर भी तलाश कर रही है। बच्ची के बारे में जानकारी जुटाने के लिए क्षेत्र में सूचना भी प्रसारित की जा रही है।

परिवार परेशान, पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

बच्ची के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं। घटना के बाद रजगामार बस्ती में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों और आसपास के लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भव्या के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत रजगामार चौकी या बालको थाने को सूचना दें।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बच्ची की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी है और सभी संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जा रही है। पुलिस बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

मंत्री के पहुंचते ही दशहरा मैदान में मर्डर:डांस को लेकर हुआ विवाद, लड़कों ने चाकू गोदकर मारा

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में रावण दहन के दौरान मर्डर हुआ है। 20 अक्टूबर की रात मुड़ापार दशहरा मैदान में मंत्री लखनलाल देवांगन रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी समय मैदान में डांस को लेकर कुछ लड़कों के बीच विवाद हो गया। उनके बीच धक्कामुक्की हो गई।

उधर, मंत्री लखनलाल देवांगन मंच पर रावण दहन कर वापस लौट गए। इधर, कुछ लड़कों ने मिलकर राहुल कुमार (22) को मैदान के पीछे गली में ले जाकर धारदार हथियार से 6 से 7 बार वार किए। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया और आरोपियों का सिर मुंडवा दिया। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन लौट गए।

मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन लौट गए।

मंच के नीचे मारपीट हो रही थी, तभी मंत्री कार्यक्रम में पहुंचे।

मंच के नीचे मारपीट हो रही थी, तभी मंत्री कार्यक्रम में पहुंचे।

राहुल कुमार (22) के शरीर पर चाकू से वार के 6 से 7 निशान मिले।

राहुल कुमार (22) के शरीर पर चाकू से वार के 6 से 7 निशान मिले।

डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मैदान में लगे साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार उर्फ गोल्डन का बिट्टू चौहान के साथ विवाद हो गया।

कहासुनी के बीच राहुल ने बिट्टू को धक्का दे दिया और थप्पड़ मार दिया। इसी दौरान बिट्टू का दोस्त विजय चौहान भी वहां पहुंच गया। राहुल ने उसे भी थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला और बढ़ गया।

मैदान के पीछे ले जाकर किया हमला

राहुल के थप्पड़ मारने से नाराज बिट्टू चौहान, विजय चौहान और उनके साथी सीपू चौहान समेत अन्य लोग उसे दशहरा मैदान के पीछे वाली गली में ले गए। वहां राहुल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।

आरोपियों ने राहुल के शरीर पर 6 से 7 बार वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दशहरा कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। घायल राहुल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई।

आरोपियों में ये शामिल

  1. बिट्टू चौहान
  2. विजय चौहान
  3. सीपू चौहान
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अगले दिन घटनास्थल की जांच की गई।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अगले दिन घटनास्थल की जांच की गई।

लाइव वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान

घटना की जानकारी मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए।

इस बीच घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रातभर आरोपियों की पतासाजी की।

पुलिस ने मर्डर के आरोपियों का आधा सिर मुंडवा दिया।

पुलिस ने मर्डर के आरोपियों का आधा सिर मुंडवा दिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

ASP लखन पटले ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। फरार आरोपी के पास भी एक हथियार होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के साथ हथियार जब्त करने की कोशिश कर रही है।

आरोपियों का आधा मुंडन कराया

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का आधा सिर मुंडवा दिया। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

बालकोनगर में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी उत्सव

Published

on

बालकोनगर, 21 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के पावन अवसर पर बालकोनगर के रामलीला मैदान में बालको सार्वजनिक विजयादशमी समिति द्वारा भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियों, रामलीला मंचन और रावण-दहन कार्यक्रम ने उत्सव को विशेष बना दिया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने रावण-दहन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालकोनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।
उत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की आराधना कर कंपनी, कर्मचारियों और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की गई। बीते दिनों हुए रामलीला की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रावण-दहन रहा। राजेश कुमार सिंह द्वारा रावण-दहन किए जाने के साथ ही मैदान में उपस्थित लोगों ने असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
बालकोनगर का सार्वजनिक विजयादशमी उत्सव 49 वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लोगों के बीच एकता, आपसी सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677