देश
IDBI बैंक को मिला विदेशी खरीदार, कनाडाई कंपनी के साथ 53 हजार करोड़ की हो सकती है डील
मुंबई, एजेंसी। सरकार की लंबे समय से लंबित आईडीबीआई बैंक के विनिवेश की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने कनाडा की वित्तीय कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। करीब 5.5 अरब डॉलर (लगभग 53,000 करोड़ रुपए) की इस डील की आधिकारिक घोषणा जल्द हो सकती है। यदि यह सौदा पूरा होता है, तो यह भारत के बैंकिंग क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश माना जाएगा।
किस तरह की हो सकती है डील
रिपोर्ट के अनुसार फेयरफैक्स अब 81 रुपए प्रति शेयर का ऑफर दे रही है, जो पिछले साल दिए गए 75 रुपए के ऑफर से ज्यादा है। इस कीमत पर, सरकार बैंक में अपनी 45.48 फीसदी हिस्सेदारी में से 30.48% हिस्सेदारी बेचकर लगभग 26,620 करोड़ रुपए जुटा सकती है। सरकारी कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (LIC), जिसके पास बैंक की 50 फीसदी से थोड़ी कम हिस्सेदारी है, वह भी 30.24 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है। इससे डील का कुल साइज 53,000 करोड़ रुपए ($5.5 बिलियन) हो जाएगा और यह किसी भारतीय बैंक में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश होगा।
कौन हैं प्रेम वत्स
फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स का नेतृत्व भारतीय मूल के उद्योगपति प्रेम वत्स कर रहे हैं, जिन्हें उनकी निवेश रणनीति के कारण अक्सर “कनाडा का वॉरेन बफे” कहा जाता है। हैदराबाद में 5 अगस्त 1950 को जन्मे प्रेम वत्स ने आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा चले गए, जहां उन्होंने वेस्टर्न ओंटारियो यूनिवर्सिटी से एमबीए किया।
करियर की शुरुआत
वत्स ने अपने करियर की शुरुआत 1974 में कन्फेडरेशन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से की, जहां उन्होंने निवेश और पोर्टफोलियो प्रबंधन का अनुभव हासिल किया। कुछ वर्षों बाद उन्होंने अपनी निवेश सलाहकार कंपनी स्थापित की और 1985 में फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स की नींव रखी। आज यह कंपनी वैश्विक स्तर पर बीमा और निवेश क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में गिनी जाती है।
भारत में भी फेयरफैक्स ने कई बड़े निवेश किए हैं। कंपनी की हिस्सेदारी सीएसबी बैंक, आईआईएफएल कैपिटल और बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में है। इसके अलावा फेयरफैक्स की मौजूदगी उत्तर अमेरिका और यूरोप के कई देशों में भी है।
फोर्ब्स के अनुसार, प्रेम वत्स की अनुमानित संपत्ति करीब 2.6 अरब डॉलर (लगभग 25,000 करोड़ रुपये) है। भारतीय मूल के इस कारोबारी को उनकी उपलब्धियों के लिए भारत सरकार पद्मश्री से भी सम्मानित कर चुकी है। यदि आईडीबीआई बैंक का अधिग्रहण पूरा होता है, तो यह भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण निवेश सौदे के रूप में दर्ज होगा।
देश
डॉलर के आगे फिर फिसला रुपया, गिरावट के पीछे क्या है वजह?
मुंबई, एजेंसी। रुपया बुधवार को 16 पैसे की गिरावट के साथ 96.32 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और डॉलर के कमजोर होने से रुपये में गिरावट सीमित रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.12 प्रति डॉलर पर खुला।
कारोबार के दौरान यह 96.04 से 96.32 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 96.32 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव की तुलना में 16 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 48 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.16 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कोष प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ”कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भारत की आयात लागत और अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ाकर रुपए में मजबूती की गुंजाइश सीमित कर रही हैं। विकल्प बाजार की कीमतों से अब भी रुपए को लेकर कमजोर धारणा झलक रही है। इससे संकेत मिलता है कि कारोबारी भू-राजनीतिक जोखिमों और तेल कीमतों में और वृद्धि होने पर रुपए पर फिर दबाव बढ़ने की आशंका को लेकर चिंतित हैं।” उन्होंने कहा कि निकट अवधि में रुपया 95.80 से 96.50 प्रति डॉलर के दायरे में रह सकता है। आने वाले दिनों में विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने पर यह 95 प्रति डॉलर के स्तर की ओर मजबूत हो सकता है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.78 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 130.49 अंक या 0.17 प्रतिशत चढ़कर 77,185.43 अंक पर जबकि निफ्टी 26.45 अंक या 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,078.50 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85.13 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 739.69 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
देश
अब बिना LPG कनेक्शन के भी मिलेगा सिलेंडर, इंस्टामार्ट और HPCL ने शुरू की नई सुविधा, जानिए नियम
मुंबई, एजेंसी। अगर आपके घर में एलपीजी गैस कनेक्शन नहीं है, तो अब आपको गैस सिलेंडर के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसमें ग्राहक बिना नियमित एलपीजी कनेक्शन के भी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।
इस साझेदारी के तहत देश में पहली बार किसी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी सेवा शुरू की गई है। शुरुआत में यह सुविधा बेंगलुरु में उपलब्ध कराई गई है।
कैसे कर सकेंगे सिलेंडर बुक?
इंस्टामार्ट से एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर करने के लिए ग्राहकों को पहले केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पहचान सत्यापन के बाद ही ऑर्डर को मंजूरी दी जाएगी। डिलीवरी के समय सुरक्षा नियमों के तहत जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रिफिल के लिए ग्राहक को खाली सिलेंडर वापस करना होगा।
इंस्टामार्ट पर किए गए सभी ऑर्डर एचपीसीएल के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के जरिए पूरे किए जाएंगे। प्रशिक्षित डिलीवरी कर्मचारी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सिलेंडर पहुंचाएंगे।
कौन-कौन से सिलेंडर मिलेंगे?
इस सुविधा के तहत ग्राहक एचपीसीएल का 10 किलोग्राम HP Navya कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर और 5 किलोग्राम वाला मेटल एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर छात्रों, किराए के घरों में रहने वाले लोगों, छोटे परिवारों और कामकाजी लोगों के लिए उपयोगी मानी जा रही है।
सुरक्षा के लिए नए फीचर्स
HPCL के अनुसार, HP Navya कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का और जंग से सुरक्षित है। इसकी पारदर्शी बॉडी की वजह से ग्राहक सिलेंडर में बची गैस का स्तर भी देख सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प है, जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है या जो अतिरिक्त सिलेंडर रखना चाहते हैं।
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए एलपीजी डिलीवरी की यह पहल गैस सिलेंडर बुकिंग के पारंपरिक तरीके में बदलाव ला सकती है।
देश
बैंक शेयरों में बढ़त से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 130 अंक मजबूत
मुंबई, एजेंसी। स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को तेजी आई और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बैंक शेयरों में बढ़त और अमेरिका में महंगाई का आंकड़ा उम्मीद से कम रहने के साथ बीएसई सेंसेक्स 130 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 26 अंक की तेजी रही। अमेरिका में महंगाई का आंकड़ा उम्मीद के मुकाबले अधिक नरम रहने से ऐसी संभावना है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व आने वाले महीनों में मौद्रिक नीति के मामले में कम आक्रामक रुख अपनाएगा।
हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के कारण दोपहर के कारोबार में निवेशकों का उत्साह कम रहा और मुनाफावसूली देखी गई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 130.49 अंक यानी 0.17 प्रतिशत चढ़कर 77,185.43 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 591.33 अंक यानी 0.76 प्रतिशत के लाभ के साथ 77,646.27 अंक पर पहुंच गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 26.45 अंक यानी 0.11 प्रतिशत बढ़कर 24,078.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और इन्फोसिस शामिल हैं। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन के शंघाई कम्पोजिट में गिरावट आई। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ”घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती दिखाई और एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच मझोली और छोटी कंपनियों से जुड़े सूचकांकों ने बड़ी कंपनियों के शेयरों से बेहतर प्रदर्शन किया।” उन्होंने कहा कि अमेरिका में महंगाई में नरमी ने भी बाजार धारणा को समर्थन दिया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.90 प्रतिशत बढ़कर 85.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 739.69 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। सेंसेक्स मंगलवार को 561.46 अंक टूटकर 77,054.94 पर बंद हुआ था। निफ्टी 158.95 अंक की गिरावट के साथ 24,052.05 अंक पर रहा था।
-
Uncategorized10 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
Uncategorized11 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
-
कोरबा2 years agoमहतारी वंदन योजना से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने सहित समाज की प्रगति में दे रही योगदान’
-
कोरबा12 months agoबांकीमोंगरा सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन की शिकायत पर पहुंची न.प्रशा. विकास विभाग परीक्षण टीम, नवनिर्माण सीसी सड़क का किया कोर कटिंग परीक्षण…देखे पूरी खबर
-
कोरबा11 months agoअंकित सिंह बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष
-
Uncategorized1 year agoबाकी मोगरा में गूंजी या अली या हुसैन की सदाएं, मुहर्रम ताजिया जुलूस व झांकी निकाल इमाम हुसैन को याद कर मनाया मुहर्रम पर्व…..।
