Connect with us

छत्तीसगढ़

कोण्डागांव : संघर्ष से सफलता तक : बालिकागृह की शिवबती बनीं बेटियों के लिए प्रेरणा

Published

on

संभाग स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
कोण्डागांव। कठिन परिस्थितियाँ अक्सर जीवन की राह को चुनौतीपूर्ण बना देती हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद, बालिकागृह कोण्डागांव की बालिका शिवबती ने अपने संघर्ष और प्रतिभा के दम पर यह साबित कर दिखाया है।
श्रवण दिव्यांग शिवबती का बचपन अनेक कठिनाइयों से भरा रहा। बीमारी के कारण उन्होंने कम उम्र में अपनी माँ को खो दिया और कुछ समय बाद नक्सली हिंसा में पिता का साया भी सिर से उठ गया। माता-पिता के निधन के बाद उनके चाचा ने उन्हें बालिकागृह कोण्डागांव में प्रवेश दिलाया। जीवन की इन विषम परिस्थितियों के बावजूद शिवबती ने हार मानने के बजाय अपने सपनों को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
बालिकागृह में उन्हें सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संरक्षण और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिले। तीरंदाजी के प्रति उनकी रुचि को देखते हुए उन्हें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण दिलाया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बहतराई (बिलासपुर) में हुआ, जहाँ उन्होंने एक वर्ष तक उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल कोष निधि से बालिकागृह की बालिकाओं के लिए इंडियन एवं रिकर्व तीरंदाजी उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। समय पर मिले संसाधनों, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और शिवबती की अथक मेहनत ने उनके सपनों को नई उड़ान दी।
वर्तमान में बालिकागृह कोण्डागांव में रहकर नियमित अभ्यास कर रही शिवबती ने जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और राज्य स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। उनकी यह उपलब्धि संघर्ष, आत्मविश्वास और अवसरों की शक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।
शिवबती की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ, तो वे विपरीत परिस्थितियों को पीछे छोड़ते हुए अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। आज शिवबती न केवल बालिकागृह की गौरव हैं, बल्कि उन हजारों बच्चों, विशेषकर दिव्यांग बेटियों के लिए प्रेरणा हैं जो चुनौतियों के बीच भी अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखती हैं।
जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद एवं बालिकागृह कोण्डागांव परिवार ने शिवबती की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें राज्य स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं और विश्वास व्यक्त किया है कि शिवबती आने वाले समय में राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करेंगी।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली से 9 घंटे पूछताछ हुई:बेटिंग ऐप प्रमोशन, खिलाड़ियों को टिप्स देने का आरोप, बिग-बॉस फेम बोलीं- सब झूठ

Published

on

रायपुर, एजेंसी। महादेव बेटिंग ऐप मामले में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा को शुक्रवार को भी ED ने पूछताछ के लिए बुलाया। वह सुबह 11 बजे रायपुर स्थित जोनल ऑफिस पहुंचीं। 9 घंटे से अधिक पूछताछ के बाद शेफाली को जाने दिया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद वह मीडिया से बचते हुए बाहर निकलीं और कोई बयान नहीं दिया।

इससे पहले गुरुवार को भी उनसे करीब 5 घंटे पूछताछ की गई थी। ED का आरोप है कि शेफाली बग्गा का कनेक्शन महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से हैं।

शेफाली बग्गा विदेशों, खासकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती थीं। जांच में ऐसे कई डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं, जिनमें वह बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती दिखाई देती हैं। गुरुवार को करीब 5 घंटे की पूछताछ के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में सभी आरोपों को निराधार बताया था।

रायपुर में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से ED ने पूछताछ की।

रायपुर में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से ED ने पूछताछ की।

खिलाड़ियों को देती थीं बेटिंग टिप्स

एजेंसी का दावा है कि शेफाली बग्गा सिर्फ बेटिंग ऐप्स का प्रचार ही नहीं करती थीं, बल्कि खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े टिप्स भी देती थीं। ईडी को जांच के दौरान ऐसे ऑनलाइन कंटेंट और प्रचार सामग्री मिली है, जिनकी जांच की जा रही है।

टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में

ED के मुताबिक, शेफाली बग्गा टेलीग्राम चैनल के जरिए बेटिंग कोड, प्रमोशनल लिंक और टिप्स शेयर करती थीं। एजेंसी अब जांच कर रही है कि उन्हें महादेव बेटिंग सिंडिकेट या उससे जुड़े लोगों से किसी तरह का आर्थिक फायदा मिला था या नहीं। एजेंसी अब इस चैनल से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।

खंजन ठक्कर को बताया महादेव नेटवर्क का हवाला ऑपरेटर

ईडी के मुताबिक, खंजन जगदीश कुमार ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क का प्रमुख हवाला ऑपरेटर है और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन का संचालन करता है। एजेंसी शेफाली बग्गा और ठक्कर के बीच कथित संबंधों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।

कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स होस्ट कर चुकी हैं शेफाली बग्गा।

कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स होस्ट कर चुकी हैं शेफाली बग्गा।

स्पोर्ट्स एंकरिंग में चर्चित नाम है शेफाली बग्गा

शेफाली बग्गा स्पोर्ट्स एंकरिंग की दुनिया में चर्चित नाम हैं। वे ‘बिग बॉस 13’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आई थीं, जहां से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। शेफाली के करियर की बात करें तो वे कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स होस्ट कर चुकी हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं।

Continue Reading

कोरबा

नशे में स्कूल बस चालक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर:कोरबा के मानिकपुर में हादसा, सिर पर आई गंभीर चोट, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम शराब के नशे में स्कूल बस चला रहे चालक ने एक बुजुर्ग राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बस जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सेंट जेवियर स्कूल की बस CG 12 BM 6338 का चालक गोरे लाल बच्चों को घर छोड़ने के बाद स्कूल लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर में उसने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी।

लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक शराब के नशे में था और बस लापरवाही से चला रहा था। टक्कर से बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने शराब पीने की बात स्वीकार की।

नशे में धुत्त आरोपी बस ड्राइवर जिसने बुजुर्ग को टक्कर मारा

नशे में धुत्त आरोपी बस ड्राइवर जिसने बुजुर्ग को टक्कर मारा

घायल की हालत नाजुक

सूचना पर मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

स्कूल प्रबंधन पर भी उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि स्कूल बस जैसे संवेदनशील वाहन में शराब पीकर चालक का वाहन चलाना बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। लोगों ने चालकों की नियमित मेडिकल जांच कराने की मांग की है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में धारदार हथियार के साथ 2 युवक गिरफ्तार:सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाने का आरोप, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

Published

on

कोरबा। कोरबा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर लोगों में दहशत फैलाने और राहगीरों को डराने-धमकाने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बड़ा धारदार हथियार, जिसे स्थानीय भाषा में ‘कत्ता’ या ‘बंडा’ कहा जाता है, बरामद किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आसिफ कुरैशी और विशाल कंवर कोतवाली थाना क्षेत्र में खुलेआम धारदार हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार ‘कत्ता’ बरामद हुआ।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने हथियार कहां से हासिल किया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और आम लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एएसपी पटले ने जोर देकर कहा कि कोरबा पुलिस का उद्देश्य शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या आम नागरिकों को भयभीत करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677