Connect with us

छत्तीसगढ़

प्रकृति से रिश्ता जोड़िए, पेड़ों को परिवार का सदस्य मानिए: एसपी विजय पाण्डेय

Published

on

हरिलीला ट्रस्ट के आयोजन में सावन के पहले सोमवार पुटपुरा गौठान में 500 पौधों का वृहद वृक्षारोपण

जांजगीर-चांपा। सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट, बनारी एवं श्री श्याम वेयरहाउसिंग एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड, बनारी के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत पुटपुरा के गौठान परिसर में सोमवार को वृहद ‘हरित अभियान’ आयोजित किया गया। अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता से 500 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रुप से पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय, हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया, ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया, जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष कांता कश्यप एवं ग्राम पंचायत पुटपुरा की सरपंच सुचित्रा राठौर उपस्थित रहीं।

सभा को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने कहा कि पेड़ों में भी जीवन होता है, इसे विज्ञान भी प्रमाणित कर चुका है। इसलिए केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोचक अंदाज में संवाद करते हुए पेड़-पौधों से जुड़े कई वैज्ञानिक तथ्य साझा किए और सवाल-जवाब के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परिवार के सदस्यों की देखभाल की जाती है, उसी तरह अपने लगाए गए पौधों की भी नियमित देखरेख करें। रक्षाबंधन जैसे अवसरों पर उन्हें राखी बांधकर संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।

हरिलीला चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने कहा कि ट्रस्ट स्थापना काल से ही शिक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। क्षेत्र को हराभरा और पर्यावरण संतुलित बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।

ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में हजारों लोगों को शुद्ध हवा, छाया और जीवन देगा। उन्होंने बच्चों से प्रत्येक पौधे को अपना मित्र मानकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित कर ले, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य स्वतः पूरा हो जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले जिला वन विभाग, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी सामाजिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन साकेत तिवारी ने किया, जबकि प्रकाश शर्मा ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान ट्रस्ट की ओर से सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि सरोज साहू, ग्राम पंचायत पुटपुरा के सचिव सुमित राठौर, सुनील पाण्डेय, मुकेश भोपालपुरिया, गोलू दुबे, प्रदीप राठौर, रामेश्वर पटेल, कृष्ण कुमार राठौर, कार्तिकेश्वर पांडे, अमर कुमार यादव, गंगाराम, अरुण, देवा यादव, रामकिशोर, मुकेश चौहान, राजकुमार, राधेश्याम शास्त्री, सोनू तिवारी, कार्तिक धीवर, किशोर, सुरेश सूर्यवंशी, श्रीमती पुष्पा श्रीवास, विपुल राठौर, राजाराम सिहानी, शिव कुमार साहू, नरोत्तम कटकवार, आशीष राठौर, भुनेश्वर राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं शिक्षकगण विवेक राठौर (प्रधान पाठक), अभिषेक खुरसे, योगेश्वरी तंबोली, विनीता राठौर, टीकम थवाईत, मुकेश चौहान सहित विद्यालय परिवार ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

दुर्ग में कांग्रेस नेता की चाकू मारकर हत्या:4 बदमाशों ने बीच सड़क रोका, विरोध करने पर किया हमला, मोबाइल-कैश लूटकर भागे

Published

on

दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में रविवार रात सरेराह कांग्रेस नेता की हत्या कर दी गई। लूट की नीयत से बाइक सवार 4 बदमाशों ने उन्हें रोका। विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद 4 हजार कैश और मोबाइल लेकर भाग निकले। कांग्रेस नेता के साथ बाइक पर बैठे 2 युवकों ने किसी तरह भाग अपनी जान बचाई।

मामला जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के रहने वाले थे और वह पंच थे। जबकि उनकी पत्नी सरपंच है। इसके अलावा प्रकाश कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष भी थे। फिलहाल, पुलिस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के सामने हंगामा किया। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि सरकार अपराध पर लगाम लगाने नाकाम रही है। साथ ही उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शंकराचार्य अस्पताल गए थे कांग्रेस नेता

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस मंडल कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप (45) अपने 2 साथियों के साथ रविवार रात भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल किसी रिश्तेदार से मिलने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद करीब 2 बजे रात को वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। करहीडीह और चिखली चौक के बीच 4 बाइक सवारों ने उन्हें डंडा अड़ाकर रोका।

बदमाशों ने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और कैश छीनने की कोशिश की, जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे प्रकाश सिंह कश्यपर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मोबाइल और करीब 4 हजार कैश लूटकर मौके से फरार हो गए।

कांग्रेस नेता ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

वहीं, प्रकाश सिंह कश्यप के पीछे बैठा शख्स मौके से भाग निकला और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को फौरन जिला अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

प्रकाश सिंह कश्यप की फाइल फोटो।

प्रकाश सिंह कश्यप की फाइल फोटो।

मॉर्चुरी हाउस के बाहर कांग्रेसियों का प्रदर्शन

इधर, पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। सोमवार दोपहर मॉर्चुरी हाउस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि धमधा रोड पर नियमित पेट्रोलिंग नहीं हो रही है।

उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पत्नी है गांव की सरपंच

बता दें कि प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का सामने आया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

वायरल वीडियो पर संस्कार पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने दी सफाई:हेल्पर बस में था, तबीयत बिगड़ने से पीछे बैठा, छात्रों की सुरक्षा प्राथमिकता

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक स्कूल बस वीडियो को लेकर संस्कार पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। इस वीडियो में एक छात्र को बस के गेट के पास खड़ा दिखाया गया था, जिसके बाद छात्रों की सुरक्षा और हेल्पर की अनुपस्थिति पर सवाल उठे थे। स्कूल के डायरेक्टर प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक छात्र स्कूल बस के गेट के पास खड़ा दिख रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद कुछ लोगों ने बस में हेल्पर की मौजूदगी और छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

वायरल वीडियो पर स्कूल प्रबंधन की सफाई

स्कूल प्रबंधन ने इन आरोपों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि वायरल वीडियो में दी गई जानकारी अधूरी है। डायरेक्टर प्रकाश अग्रवाल के अनुसार, संबंधित बस में हेल्पर मौजूद था, लेकिन यात्रा के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। अस्वस्थ होने के कारण वह बस के पिछले हिस्से में आराम कर रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने बस का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

प्रबंधन ने यह भी बताया कि विद्यालय की सभी बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है। विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं हमेशा लागू रहती हैं। स्कूल ने दोहराया कि छात्रों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाती है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में चौकीदार की चाकू मारकर हत्या:लिफ्ट देने के बाद लूट के इरादे से किया हमला, पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा रोड पर रविवार रात करीब 10:24 बजे दो नाबालिगों ने लिफ्ट मांगकर 52 वर्षीय चौकीदार की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान खोखरा गांव निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, राधेश्याम सूर्यवंशी कुलीपोटा स्थित एक कबाड़ी की दुकान में चौकीदार थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे वे मोटरसाइकिल से अपने काम पर जा रहे थे। कचहरी चौक के पास दो नाबालिगों ने उनसे आगे जाने के लिए लिफ्ट मांगी।

चलती गाड़ी में नाबालिगों ने किया हमला

जब वे मेगा मार्ट के पास पहुंचे, तो मोटरसाइकिल पर बैठे दोनों नाबालिगों ने राधेश्याम से पैसे मांगे। इसके बाद चलती गाड़ी में ही उन पर चाकू जैसे हथियार से हमला कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने कई बार वार किए, जिससे राधेश्याम सूर्यवंशी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

सीसीटीवी से हुई हमलावर नाबालिगों की पहचान

हमले के बाद दोनों नाबालिग मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने राधेश्याम को सड़क पर पड़ा देखा और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे सहित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से दोनों नाबालिगों की पहचान की गई और उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

लूटने की नीयत से किया हमला

पुलिस के अनुसार, नाबालिगों ने नशे के लिए पैसे लूटने की नीयत से चाकू से हमला किया था। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। मृतक राधेश्याम सूर्यवंशी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677