Connect with us

छत्तीसगढ़

बृजमोहन-कटारिया विवाद, लोकसभा स्पीकर ने मांगा फैक्चुअल नोट:स्वास्थ्य सचिव पर ‘जो करना है कर लो’ कहने का आरोप, भूपेश बोले- गंभीर मामला

Published

on

रायपुर, एजेंसी। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के बीच कथित फोन पर बातचीत का मामला अब लोकसभा पहुंच गया है। भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर स्वास्थ्य सचिव पर विशेषाधिकार हनन का आरोप लगाया है।

बृजमोहन अग्रवाल का दावा है कि फोन पर बातचीत के दौरान अमित कटारिया ने उनसे ‘जो करना है कर लो’ कहा और मिसबिहेव किया। मामले में लोकसभा सचिवालय ने एक्शन लेते हुए कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय से मामले पर हिंदी और अंग्रेजी में फैक्चुअल नोट मांगा है, ताकि इसे लोकसभा अध्यक्ष के सामने रखा जा सके।

इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी बृजमोहन अग्रवाल के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर एक प्रशासनिक अधिकारी के इस कथित व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रशासनिक अधिकारी का व्यवहार किसी सांसद के साथ इस तरह का हो सकता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।

कई महीनों तक जवाब नहीं मिलने का आरोप

बृजमोहन अग्रवाल ने शिकायत में कहा है कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े जनहित के मुद्दों और अपने संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उन्होंने स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को कई पत्र लिखे, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला।

उनका आरोप है कि यह एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया है और संविधान के अनुच्छेद-105 के तहत मिले उनके विशेषाधिकारों का उल्लंघन है।

शिकायत की कॉपी-

20 मई की फोन कॉल पर विवाद

शिकायत के अनुसार, 20 मई की शाम सांसद ने स्वास्थ्य सचिव की कार्यशैली की शिकायत मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह से की थी। सांसद का दावा है कि इसके बाद प्रमुख सचिव ने अमित कटारिया को उनसे तुरंत बात करने के निर्देश दिए।

बृजमोहन अग्रवाल के मुताबिक, उसी शाम अमित कटारिया का फोन आया। बाद में जब उन्होंने कॉल बैक कर लंबित मामलों की जानकारी मांगी, तब बातचीत के दौरान स्वास्थ्य सचिव का व्यवहार कथित तौर पर रूखा और अपमानजनक था।

सांसद ने आरोप लगाया कि इसी दौरान अमित कटारिया ने उनसे ‘जो करना है कर लो’ कहा।

IAS अधिकारी पर कार्रवाई की मांग

शिकायत में सांसद ने इसे एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के आचरण के विपरीत बताते हुए मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने और सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की है।

स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया

स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया

लोकसभा सचिवालय ने मांगी रिपोर्ट

शिकायत मिलने के बाद लोकसभा सचिवालय ने कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय को पत्र भेजकर पूरे मामले पर जल्द फैक्चुअल नोट मुहैया कराने को कहा है। सचिवालय ने यह भी पूछा है कि क्या इस रिपोर्ट की एक कॉपी सांसद को भी मुहैया कराई जा सकती है।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल का सोशल मीडिया पोस्ट

पूर्व सीएम भूपेश बघेल का सोशल मीडिया पोस्ट

भूपेश बोले- यह मतदाताओं का भी अपमान

वहीं, इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बृजमोहन अग्रवाल से वैचारिक असहमति हो सकती है, लेकिन वे जनता के चुने हुए लोकसभा सांसद हैं।

उन्होंने कहा कि किसी प्रशासनिक अधिकारी का व्यवहार किसी सांसद के साथ इस तरह का हो सकता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने इसे उन मतदाताओं का भी अपमान बताया, जिन्होंने अपने प्रतिनिधि को चुनकर संसद भेजा है।

साथ ही तंज कसते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश की कमान दिल्ली और नागपुर के हाथों में होने के कारण अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की बात की परवाह नहीं रह गई है।

स्वास्थ्य सचिव का पक्ष नहीं आया

इस मामले में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया और राज्य के मुख्य सचिव विकास शील का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष मिलने पर खबर अपडेट की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

करतला महाविद्यालय में एनएसएस अभिमुखीकरण एवं नशा मुक्त भारत अभियान संपन्न

Published

on

कोरबा। शासकीय महाविद्यालय करतला की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा अभिमुखीकरण कार्यक्रम एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला संगठक प्रो. वाई. के. तिवारी, अध्यक्षता प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विजय शर्मा, डॉ. संजय कुमार यादव एवं कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत एनएसएस बैज लगाकर किया गया।

स्वागत भाषण कार्यक्रम अधिकारी प्रभा शंकर यादव ने दिया। प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार यादव एवं डॉ. विजय शर्मा ने सभा को संबोधित किया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य मृगेश कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है। इस मंच के माध्यम से स्वयंसेवकों में सेवा, संस्कार, अनुशासन, नैतिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है।

मुख्य वक्ता प्रो. वाई. के. तिवारी ने एनएसएस के इतिहास, उद्देश्य, लक्ष्य, आदर्श वाक्य “NOT ME BUT YOU” एवं नियमित गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जो स्वयंसेवक नियमित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करेगा, वही एनएसएस की सच्ची भावना को समझ सकेगा। उन्होंने विशेष सात दिवसीय शिविर के महत्व, ग्रामीण समस्याओं की समझ एवं एनएसएस के A, B, C प्रमाण पत्रों के बारे में भी बताया।

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रो. तिवारी ने युवाओं से स्वयं, परिवार, मित्र एवं समाज को नशे से दूर रखने की नैतिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया तथा सभी को नशा विरोधी शपथ दिलाई।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ स्वयंसेवक रूपेश कुमार राठिया ने एवं आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी प्रभा शंकर यादव ने किया।

Continue Reading

कोरबा

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा इंडियन पब्लिक स्कूल पाली

Published

on

श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक परंपरा के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन

कोरबा/पाली। इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ गणेशोत्सव मनाया गया। गणेशोत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, ज्ञान, बुद्धि एवं विद्यालय की प्रगति की कामना की।

गणेशोत्सव के समापन अवसर पर आज भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थी एवं शिक्षकगण “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ भगवान श्री गणेश को भावपूर्ण विदाई देने पहुंचे।

विसर्जन से पूर्व विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा भगवान श्री गणेश से विद्यालय, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार की सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके पश्चात श्रद्धापूर्वक गणेश प्रतिमा का विसर्जन संपन्न हुआ।

हर वर्ष निभाई जाती है गणेश स्थापना की परंपरा

इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में प्रत्येक वर्ष गणेशोत्सव के अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा निभाई जाती है। विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं से जोड़ना तथा उनमें संस्कार, अनुशासन, एकता और सहयोग की भावना विकसित करना है।

विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा, एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्रा एवं प्रिंसिपल संतोष देवनाथ ने गणेशोत्सव के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश ज्ञान, बुद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति का भी महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी भारतीय संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं चित्ररेखा चौबे, साक्षी जायसवाल, अंजू पटेल, ममता जगत एवं अनामिका देवनाथ सहित विद्यालय की अन्य सभी शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षिकाओं ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

गणेश विसर्जन के दौरान विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान श्री गणेश को विदाई दी। “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धा, उल्लास और उमंग के बीच गणेश प्रतिमा का विसर्जन संपन्न हुआ।

विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं ज्ञान का आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।

इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में गणेश विसर्जन के अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के साथ उपस्थित विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार।

Continue Reading

कोरबा

मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र की कार्रवाई, कोलाहल अधिनियम के तहत DJ एवं वाहन जब्त

Published

on

कोरबा। आगामी गणेश विसर्जन एवं अन्य आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने तथा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा DJ संचालकों की पूर्व में बैठक लेकर उन्हें ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन संबंधी नियमों एवं निर्धारित समय-सीमा का पालन करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।इसी क्रम में मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र अंतर्गत CMPDI कॉलोनी में नियमों के विपरीत DJ बजाते पाए जाने पर आरोपी नेम प्रकाश साहू, निवासी बाकीमोंगरा के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम की धारा 5 एवं 15 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

DJ उपकरण एवं वाहन जब्त

पुलिस द्वारा कार्रवाई के दौरान DJ संचालन में प्रयुक्त—
04 नग DJ बॉक्स
04 नग बेस बॉक्स
03 नग एम्प्लीफायर
02 नग स्टेबलाइजर
01 नग DJ मिक्सर
04 नग लाइट
04 नग mi बार सहित अन्य DJ सामग्री
जब्त की गई।

इसके साथ ही DJ उपकरणों के परिवहन में प्रयुक्त TATA YODHA पिकअप वाहन क्रमांक CG-12-BF-9366 को भी पुलिस द्वारा जब्त किया गया है।
जब्तशुदा DJ उपकरण एवं वाहन को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

पूर्व में दी गई समझाइश के बावजूद नियमों का उल्लंघन
कोरबा पुलिस द्वारा पूर्व में DJ संचालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया था कि बिना अनुमति तथा निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा का उल्लंघन करते हुए DJ का संचालन नहीं किया जाए।इसके बावजूद CMPDI कॉलोनी में नियमों के विपरीत DJ संचालन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
ध्वनि प्रदूषण के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा Noise Pollution (Regulation and Control) Rules, 2000 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु कोरबा पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस द्वारा सभी DJ संचालकों, वाहन मालिकों एवं आयोजन समितियों से अपील की गई है कि निर्धारित अनुमति, ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677