Connect with us

कोरबा

नगर पालिका दीपका के सबसे बड़े वार्ड (वार्ड क्र. 01) में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं, नवनिहाल बच्चे बुनियादी सुविधाओं से वंचित, पार्षद कमलेश जायसवाल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Published

on

दो-दो प्राथमिक शालाएं संचालित, फिर भी पूर्व-प्राथमिक शिक्षा और पोषण आहार के लिए तरस रहे मासूम, प्रशासन की उपेक्षा पर जनाक्रोश

कोरबा/दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका अंतर्गत आने वाला वार्ड क्रमांक 01 (शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड) क्षेत्रफल के दृष्टिकोण से पूरे नगर पालिका का सबसे बड़ा वार्ड है। विडंबना और दुर्भाग्य की बात यह है कि इतने विस्तृत भू-भाग और विशाल आबादी वाले वार्ड में आज तक एक भी आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित नहीं किया जा सका है। इस गंभीर जनसमस्या और मासूम बच्चों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को लेकर वार्ड क्र. 01 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाया है और सीधे कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जिला-कोरबा को पत्र/ज्ञापन सौंपकर तत्काल आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत करने की मांग की है ।

पार्षद कमलेश जायसवाल ने नगर प्रशासन और शासन की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड क्रमांक 01 में दो-दो शासकीय प्राथमिक शाला स्कूल सफलतापूर्वक स्थापित व संचालित हैं, लेकिन पूर्व-प्राथमिक शिक्षा (Pre-primary Education) कुपोषण से बचाव और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास का मुख्य केंद्र आंगनबाड़ी ही नदारद है। इसके कारण क्षेत्र के छोटे-छोटे मासूम बच्चों के सर्वांगीण विकास पर अत्यंत प्रतिकूल और विपरीत प्रभाव पड़ रहा है ।

प्रमुख बिंदु एवं मुख्य मुद्दे:-

क्षेत्रफल में सबसे बड़ा, सुविधा में शून्य

वार्ड 01 दीपका का सबसे बड़ा क्षेत्र है, इसके बावजूद यहाँ के बच्चे आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत शासकीय योजना से वंचित हैं ।

प्रशासनिक उपेक्षा

पार्षद द्वारा पूर्व में भी नगर प्रशासन से लिखित आवेदन एवं मौखिक चर्चा के माध्यम से आंगनबाड़ी खोलने की गुहार लगाई जा चुकी है, परंतु अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं देखी जा रही है ।

मासूमों व माताओं के स्वास्थ्य पर प्रभाव

आंगनबाड़ी केंद्र न होने से 0 से 6 वर्ष के बच्चों गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को मिलने वाले पोषण आहार और स्वास्थ्य परामर्श का लाभ नहीं मिल पा रहा है ।

कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग

पार्षद ने पत्र क्रमांक 115 के माध्यम से जिलाधीश कोरबा से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द वार्ड 01 में आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत व संचालित कराने की मांग की है ।

वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहा यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस वार्ड में दो-दो प्राथमिक विद्यालय चल रहे हैं, वहां के मासूम बच्चों को आंगनबाड़ी की सुविधा तक नसीब नहीं हो पा रही है। कब तक हमारे वार्ड के बच्चे अपने मूलभूत अधिकारों से वंचित रहेंगे? आवेदन और मौखिक चर्चा के बाद भी प्रशासन मौन है, यदि जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत नहीं किया गया तो हमें जनता के हित में उग्र रास्ता अपनाना पड़ेगा ।

Continue Reading

कोरबा

नवरात्रि का तीसरा दिन: माँ चंद्रघंटा स्वरूपा श्री सर्वमंगला देवी की पूजा में दिखी अगाध श्रद्धा

Published

on

माता का वार होने के कारण मंगलवार को अभूतपूर्व भीड़
कोरबा। नवरात्रि के तीसरे दिन माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में चंद्रघंटा देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला का दर्शन करने एवं पूजन करने अगाध श्रद्धा देखी गई। क्वांर शुकल तृतीया तिथि पर माँ आदिशक्ति के तृतीय स्वरूप का दर्शन करने के लिए अलसुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) ने बताया माँ चंद्रघंटा साहस, शांति और सौम्यता की प्रतिक हैं और सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में बढ़ने लगी थी। मंगलवार होने के कारण श्रद्धा का सैलाब देखने को मिला।

नन्हा महराज ने बताया कि माँ चंद्रघंटा के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्ध चन्द्र होने के कारण आदिशक्ति के तृतीय रूप को चंद्रघंटा देवी के रूप में जाना जाता है और माँ सर्वमंगला की पूजा अर्चना आज चंद्रघंटा देवी के रूप में की गई। श्री पाण्डेय ने बताया कि वेद पुराणों में मान्यता है कि माँ चंद्रघंटा स्वरूपा की पूजा अर्चना से साधकों, भक्तों के जीवन से सभी बाधाएं दूर होती हैं, संकट टल जाता है और जीवन में अलौकिक शांति की प्राप्ति होती है और घर परिवार खुशहाल बनता है।

तीसरे दिन विशेष रूप से छप्पन भोग में माँ को केसर की खीर और दूध से बनी मिठाईयों को शामिल किया गया और माता को अर्पित किया गया।
माँ की महाआरती से चारों तरफ फैल रहा सत्व का प्रकाशपूंज

रोज सुबह एवं संध्या 07.00 बजे माँ की महाआरती की जाती है और आज संध्या महाआरती में मंगलवार होने के कारण हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माँ की आरती करने से मन में तामसिक प्रवृत्ति का नाश होता है और माँ के प्रति श्रद्धा का भाव जागृत होता है। आरती से बच्चों में संस्कार पनपता है और बुद्धि में श्रेष्ठता आती है। नमन पाण्डेय ने बताया कि महाआरती से परिसर सहित चारों तरफ सत्व का प्रकाशपूंज फैलता है और वातावरण में विशुद्धता आती है और मन पवित्र होता है।
कल माँ कुसमाण्डा स्वरूपा की होगी पूजा

कल बुधवार को माँ सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना माँ कुसमाण्डा स्वरूपा के रूप में होगी और श्रद्धालु तथा भक्तजन माँ को भोग अर्पण के रूप में मालपुआ एवं फल अर्पित कर सकते हैं, इससे माँ प्रसन्न होती हैं और ऐसा करने से शत्रु कम होते हैं और शत्रुता का नाश होता है। माँ कुसमाण्डा देवी सौम्य होती हैं और उनकी पूजा अर्चना से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।

Continue Reading

कोरबा

सेवा संकल्प अभियान के तहत सर्वमंगला जोन में लगेगा सेवा सेतु शिविर कल

Published

on

कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 14 अक्टूबर को सर्वमंगला जोन में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण में सहायता करना है।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, विद्युत, सहकारिता, कौशल विकास, उद्योग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, परिवहन सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नागरिक संबंधित सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे और अपनी आवश्यकता के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या या आवेदन से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं।

Continue Reading

कोरबा

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के लिए आवेदन एवं पंजीयन प्रक्रिया की दी गई जानकारी

Published

on

श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित, 70 से 80 छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों ने लिया हिस्सा
कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के संबंध में आज श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 12.30 बजे आयोजित इस सत्र में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों को चैलेंज से जुड़ी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों ने सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया और पंजीयन के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य तथा इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। प्रतिभागियों को आवेदन और पंजीयन की प्रक्रिया समझाते हुए चैलेंज में भाग लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

जागरूकता सत्र में श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के लगभग 70 से 80 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान और सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677