Connect with us

कोरबा

रक्षाबंधन के पर्व पर महतारी वंदन योजना बनी प्रियंका के लिए परिवार का सहारा

Published

on

कोरबा 27 अगस्त 2026। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर जब बहनें अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की राखी बांधती हैं, वहीं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाली महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता भी एक मजबूत सहारे का काम करती है। बांकीमोंगरा क्षेत्र के शुक्लाखार वार्ड की प्रियंका पटेल के जीवन में महतारी वंदन योजना की मासिक सहायता ऐसी ही राहत लेकर आई है।
प्रियंका बताती हैं कि उनके पति एक निजी कंपनी में काम करते हैं और उनकी आय सीमित है। परिवार में दो बच्चों की जिम्मेदारी है। ऐसे में घर-गृहस्थी के खर्च को संभालना आसान नहीं होता। इसी बीच छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिलने वाली राशि परिवार की जरूरतों को पूरा करने में उनका सहारा बन रही है।
“मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महिलाओं के खाते में हर माह एक हजार रुपये की राशि भेजते हैं। इस राशि से घर के छोटे-बड़े जरूरी खर्च निकालने में मदद मिलती है। इससे पति की कमाई पर पूरा भार नहीं पड़ता,” प्रियंका ने बताया।
रक्षाबंधन के इस खुशनुमा माहौल में प्रियंका के चेहरे पर अपने परिवार को बेहतर भविष्य देने का संकल्प भी नजर आता है। वह पढ़ी-लिखी हैं और घर की जिम्मेदारियां निभाने के साथ नौकरी की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना है कि वे जल्द ही अपने पैरों पर खड़ी हों और परिवार की आर्थिक मजबूती में अपना योगदान दें।
रक्षाबंधन का संदेश सिर्फ रिश्तों की डोर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भरोसे, सुरक्षा और साथ का भी प्रतीक है। प्रियंका के लिए महतारी वंदन योजना की राशि इसी भरोसे का एक माध्यम बनी है, जो घर की जरूरतों में मदद कर रही है और उन्हें अपने सपनों की ओर आगे बढ़ने का हौसला दे रही है।
परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने भविष्य के लिए प्रयासरत प्रियंका जैसी महिलाएं यह संदेश देती हैं कि जब महिलाओं को आर्थिक संबल और अवसर मिलता है, तो वे परिवार को संभालने के साथ अपने सपनों को भी नई उड़ान दे सकती हैं।

Continue Reading

कोरबा

मानिकपुर में ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की:कोरबा में रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, शिनाख्त जारी

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डंपर फाटक के पास यात्री ट्रेन की चपेट में आने से करीब 65 से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग के शरीर के कई टुकड़े हो गए। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक ने कपड़े और माला पहन रखी थी। उनके हाथ में घड़ी भी थी। पुलिस ने पहचान के लिए इन हुलियों और अन्य उपलब्ध जानकारी को सुरक्षित रखा है।

सोशल मीडिया और मुनादी से पहचान की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और रेलवे RPF मौके पर पहुंची। शव के टुकड़ों को एकत्र कर आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान के लिए पुलिस सोशल मीडिया पर फोटो और हुलिया प्रसारित कर रही है। इसके अलावा आसपास की बस्तियों में मुनादी कराकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक कोई व्यक्ति मृतक की पहचान के लिए सामने नहीं आया है।

पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि बुजुर्ग को पहले किसी ने देखा था या वह इलाके में भटक रहे थे। फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हादसा मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

अंडरब्रिज की मांग फिर उठी

स्थानीय लोगों के अनुसार, डंपर फाटक क्षेत्र में पहले भी रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि फाटक के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अंडरब्रिज बनाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके कारण लोग आज भी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हैं।

पुलिस ने अपील की है कि किसी का बुजुर्ग परिजन लापता है और उसका हुलिया मृतक से मिलता-जुलता है, तो मानिकपुर चौकी से संपर्क कर पहचान में मदद करें।

Continue Reading

कोरबा

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में अप्रेंटिसशिप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Published

on

कोरबा 27 अगस्त 2026। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), कोरबा में 21 अगस्त 2026 को युवाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अप्रेंटिसशिप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आईटीआई उत्तीर्ण एवं प्रशिक्षणरत युवाओं तथा स्कूली विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। आईटीआई के प्रभारी प्राचार्य एम.एल. कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। जिला रोजगार अधिकारी दीपेश भारती तथा जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के प्रबंधक श्री एल.एन. उइके ने अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
संस्था के प्रशिक्षण अधिकारी दीपक चन्द्रा ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के महत्व, पंजीयन प्रक्रिया, पात्रता, प्रशिक्षण अवधि, स्टाइपेंड, रोजगार के अवसर तथा उद्योगों में अप्रेंटिसशिप के माध्यम से उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सीएसईबी एवं बालको के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। पीजीटीआई, सीएसपीजीसीएल कोरबा के पी.पी. कुजूर, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, मिथलेश सिंह, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, गीतेश टंडन, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर तथा श्रीमती वंदना बरेठ, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने सीएसईबी में उपलब्ध अप्रेंटिसशिप के अवसरों एवं प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी स्कूल रामपुर, कोरबा एवं बाल मानस विद्या मंदिर के कक्षा 10वीं के 120 छात्र-छात्राओं सहित शिक्षकगण एवं संस्था के प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण एवं रोजगार की संभावनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए पंजीयन एवं चयन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, प्रशिक्षण अधिकारियों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Continue Reading

कोरबा

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना अंतर्गत संकेतकों की संतृप्तता हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

Published

on

कोरबा 27 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना अंतर्गत जिले में निर्धारित संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र , कटघोरा, कोरबा में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के कोरबा, कटघोरा एवं करतला विकासखंड से लगभग 55 कृषि विस्तार अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न संकेतकों, उनकी प्रगति की समीक्षा, लक्षित हितग्राहियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने तथा विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान संकेतकों की वर्तमान स्थिति का विश्लेषण करते हुए शेष लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षण के दौरान योजना से संबंधित गतिविधियों, संकेतकों की प्रगति, आंकड़ों की शुद्धता, फील्ड स्तर पर सत्यापन तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग के संबंध में प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजना के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त करने तथा जिले में निर्धारित संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा योजना के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक सुझाव साझा किए गए। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के उद्देश्यों के अनुरूप जिले में कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों के विकास को गति देने तथा योजना  का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही गई। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर, बीज प्रमाणीकरण अधिकारी लखनपुर, कटघोरा से सुश्री मंजुला वर्मा एवं गणेश मिश्रा, बीज प्रक्रिया प्रभारी लखनपुर, कटघोरा से सी.पी. मिश्रा तथा कृषि विज्ञान केंद्र कोरबा से दीपक तंवर, एम.एस. उर्रे, श्रीमती अर्चना कुर्रे, डॉ.अंजय सिंह एवं सुश्री अनामिका निराला सहित के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677