काठमांडू/नई दिल्ली, एजेंसी। नेपाल में बुधवार की भीषण बाढ़ के बाद चीन ने भोटेकोशी नदी में फिर बड़ी बाढ़ की चेतावनी दी है। चीन से मिली जानकारी के मुताबिक, रसुवागढ़ी बॉर्डर से करीब 18 किमी ऊपर ल्हेंदे नदी में पानी रुकने से झील बन गई है।
प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को नदी किनारे से दूर सुरक्षित जगह जाने की सलाह दी है। झील के टूटने पर भोटेकोशी में फिर तेज बाढ़ आ सकती है।
नेपाल पुलिस के गुरुवार शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार की बाढ़ में 359 लोगों की मौत हो चुकी है। 8 जिलों से शव बरामद किए गए हैं। सबसे ज्यादा चितवन जिले में 132 शव मिले हैं।
बाढ़ के बाद करीब 1,500 लोग लापता हैं। इनमें 288 भारतीय भी शामिल हैं। वहीं, 21 भारतीयों को बचाया गया है, जिनमें 11 की पहचान हो चुकी है।
त्रिशूली नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद एक महिला को बचावकर्मी अर्थमूवर मशीन की मदद से सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए
कानपुर, एजेंसी। यूपी के कानपुर में ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया। हादसे में पायलट और ट्रेनी की मौत हो गई। विमान ने गुरुवार सुबह 11:30 बजे उड़ान भरी थी। 11:50 बजे यानी उड़ान के महज 20 मिनट बाद गंगा बैराज के पास 5 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल से टकराकर खेत में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान करीब 200-250 फीट ऊपर था। तभी अचानक हवा में डगमगाया और क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे गिरते ही पूरा विमान टूटकर बिखर गया। पुर्जे दूर तक बिखर गए। हालांकि, विमान में आग नहीं लगी।
हादसे से जुड़े वीडियो सामने आए हैं। इनमें दिख रहा है कि जमीन में गिरने के बाद विमान मलबे में तब्दील हो गया। एक पायलट कॉकपिट के पास फंसा था। दूसरा गंभीर हालत में विमान से थोड़ी दूर खून से लथपथ पड़ा था। विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर आ गई। करीब 12:15 बजे पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंची।
खून से लथपथ गुजरात के पायलट सचिन भाटिया (29) और महाराष्ट्र के पनवेल के रहने वाले ट्रेनी अभिषेक पुजारी (28) को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों पायलट की मौत ऊंचाई से गिरने की वजह से हुई। शरीर में मल्टीपल इंजरी हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट वजह सामने आएगी।
मौके पर पहुंचे कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा-
चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से विमान ने उड़ान भरी थी। 20 मिनट बाद 39 किमी दूर नाथपुरवा गांव में क्रैश हो गया। पायलट के पास 3000 घंटे उड़ान का अनुभव था। डीजीसीए (DGCA) को जानकारी दे दी गई है। अब उनकी टीम जांच-पड़ताल करेगी।
हादसे की तस्वीरें –
कानपुर में ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। हादसे के बाद एक पायलट एयरक्राफ्ट में ही फंसकर मौत हो गई।
हादसे के बाद एयरक्राफ्ट के परखच्चे उड़ गए। उसके पुर्जे करीब 20 से 30 फीट तक बिखर गए।
हादसे के बाद खून से लथपथ दूसरे पायलट को किसी तरह एयरक्राफ्ट से बाहर आया। हालांकि, थोड़ी देर बाद उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। आसपास के इलाके को सील कर दिया।
पायलट सचिन भाटिया को 3 हजार घंटे उड़ान का अनुभव था। एक्सपर्ट बताते हैं कि विमानन क्षेत्र में इतने घंटे की उड़ान को बेहद अहम जाना जाता है।
हादसा कैसे हुआ? विमान में कोई तकनीकी कमी आई या कोई मानवीय गलती हुई, इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- धमाके के साथ गिरा विमान
सर्वेश ने बताया- मेरे खेत में ही विमान गिरा। मैं सुबह 10 बजे तक यहीं था। फिर घर चला गया। बाद में फोन आया कि तुम्हारे खेत में विमान गिरा है। इसके बाद मैं भागकर आया। यहां देखा तो दोनों पायलट जमीन पर गिरे पड़े थे।
नाथपुरवा गांव के रोहित निषाद ने बताया- मैं खेत पर काम कर रहा था। ऊपर देखा तो एक एयरक्राफ्ट उड़ रहा था। अचानक वह नीचे की ओर गिरने लगा। धमाके की आवाज के साथ जमीन पर गिरा। हालांकि, आग नहीं लगी।
1 किमी. की दूरी पर है रिहायशी बस्ती
जहां हादसा हुआ, वहां से रिहायशी बस्ती करीब एक किमी दूर है। ग्रामीणों ने बताया कि विमान करीब 4-5 मिनट तक हवा में उड़ता रहा। फिर अचानक गिरा। अगर बस्ती के ऊपर विमान गिरता, तो घरों और पब्लिक को नुकसान पहुंच सकता था।
विमान कानपुर की कंपनी गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी का था। 1995 में इसकी स्थापना हुई थी। 100 से ज्यादा लोग पायलट की ट्रेनिंग ले रहे हैं। विमान ने फ्लाइंग एकेडमी से ही उड़ान भरी थी। 39 किमी दूर क्रैश हो गया। हादसे के बाद डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की तीन सदस्यीय टीम को जांच के लिए रवाना किया गया है। वहीं, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने भी जांच शुरू कर दी है।
बगहा, बेतिया, मोतिहारी, पटना, एजेंसी। नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को आई बाढ़ के बाद बिहार के गंडक बैराज से सुबह से 4 बार पानी छोड़ा जा चुका है। रात 12 बजे तक नेपाल की ओर से करीब डेढ़ लाख क्यूसेक, यानी क्यूबिक फीट प्रति सेकेंड पानी छोड़ा गया। बगहा स्थित गंडक बैराज के 36 गेट खोल दिए गए हैं।
रात 12 बजे बैराज से 1 लाख 52 हजार क्यूसेक, सुबह 6 बजे 88 हजार, 7 बजे 92,900 हजार, 10 बजे 104,400, 12 बजे 106,600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। मतलब बैरेज से हर सेकेंड 79.3 लाख लीटर पानी निकल रहा है। गंडक बैराज पर नेपाल में हुई तबाही का मलबा भी दिखाई दे रहा है। पानी के साथ भैंस, फ्रिज और घरों का सामान भी बहकर आ रहा है।
क्यूसेक (cusec) पानी की प्रवाह दर (Flow Rate) की यूनिट है, पानी की मात्रा की नहीं। 1 क्यूसेक यानी एक सेकेंड में 1 घन फुट बह रहा है। 1 घन फुट पानी करीब 28.32 लीटर होता है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, इस बाढ़ के बाद गंडक में 3 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, फ्लैश फ्लड आने की भी आशंका है। बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट जारी है। ये जिले पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर हैं।
सुबह 6 बजे गंडक बैराज से 88 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया।
नेपाल से लोगों का सामान बहकर बिहार आ रहा है। गंडक डैम पर फ्रिज, भैंस और मलबा बहकर आया।
ये वैशाली की तस्वीर है जहां गंडक नदी गंगा में मिलती है। यहां देसरी, गनियारी घाट से सटे गांवों में पानी घुसने लगा है।
गंगा और गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने से वैशाली के राघोपुर की सभी पंयाचतों में बाढ़ की स्थिति बन आई है।
गोपालगंज के खेतों में गंडक का पानी बह रहा है।
प्रशासन अलर्ट, लोगों को शिफ्ट किया
नेपाल से आने वाले पानी के लिए गंडक बैराज में जगह बनाई जा रही है। बैराज के पानी से जुड़ीं कई नहरों को भी खाली कराया है।
गंडक नदी के किनारे बसे लोगों को ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
NDRF-SDRF की टीम संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात की गई है।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कम्युनिटी किचन की व्यवस्था की गई है।
सम्राट बोले- खतरा अभी हटा नहीं
CM सम्राट चौधरी ने गुरुवार को गंडक बैराज का हवाई सर्वे किया। इसके बाद वे गंडक बैराज पहुंचे। CM यहां सिर्फ 8 मिनट रुके। इस दौरना उन्होंने अधिकारियों से स्थिति को समझा। आगे की प्लानिंग की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। खतरा अभी टला नहीं है। सभी लोग अपने काम में लगे हैं। भगवान की कृपा रही तो जल्द सब ठीक हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत को दिशा-निर्देश दिया।
CM सम्राट चौधरी ने गंडक के हालातों को देखा और मुख्य सचिव को जरूरी निर्देश दिए।
नेपाल के पानी ने बनाए बाढ़ जैसे हालात
वैशाली में 400 घर डूबे, राघोपुर में हालत सबसे ज्यादा खराब: राघोपुर प्रखंड के चकसिंगार, वीरपुर, जुरावनपुर बरारी, जुरावनपुर करारी, फतेहपुर, रामपुर, जफराबाद, जहांगीरपुर, शिवनगर सहित कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। इन प्रखंडों के 400 घरों पूरी तरह पानी से घिर आए हैं। मुंगेर में गंडक के पानी से हालत बिगड़ी, निचले इलाके में घुसा पानी, 100 से ज्यादा घर सड़कों पर रह रहे हैं।
मुंगेर में 100 से ज्यादा घरों में घुसा पानी: गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से निचले इलाके के 100 से ज्यादा घरों में पानी घुस आया है। बुधवार रात से गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 50 मीटर नीचे आकर स्थिर हो गया था। आपदा विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह 10 बजे मुंगेर में गंगा का जलस्तर 38.83 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर से लगभग 50 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
खगड़िया में 50 हजार से ज्यादा घर डूबे: खगड़िया में गंगा और बूढ़ी गंडक का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 80 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया है। कोसी और बागमती नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। 20 पंचायतों में 50 हजार से ज्यादा घर पानी में डूबे हैं।
बिहार में कितना असर डाल सकता है नेपाल से आ रहा पानी, समझें
नेपाल से आने वाले पानी की चौड़ाई 22 मीटर, गंडक नदी की 200 मीटर
नेपाल की जिस नदी से पानी आने की बात कही जा रही है, उसकी चौड़ाई करीब 22 मीटर है, जबकि गंडक नदी करीब 200 मीटर चौड़ी है। आगे चलकर पानी का दबाव गंडक और कोसी नदी की ओर बंट सकता है।
गंडक में 3-4 लाख क्यूसेक पानी आने का अनुमान
गंडक नदी में करीब 3 से 4 लाख क्यूसेक पानी आने का अनुमान है। पानी के तेज बहाव को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
बैराज पर खतरा नहीं, तेज बहाव चिंता
वाल्मीकिनगर गंडक बैराज को करीब 8.5 लाख क्यूसेक पानी का दबाव झेलने के हिसाब से डिजाइन किया गया है। इसलिए 3 से 4 लाख क्यूसेक पानी आने पर फिलहाल बैराज पर खतरे की आशंका नहीं है। सबसे बड़ी चिंता नदी के तेज करंट को लेकर है। ऐसे में नदी में नाव चलाना और जाने से बचने की सलाह दी गई है।
नेपाल बॉर्डर पर आवाजाही रोकी
बगहा में नेपाल बॉर्डर पर ऐहतियात के तौर पर नाकेबंदी जारी है। बिहार के जो लोग नेपाल में फंसे हैं, उन्हें भारत आने दिया जा रहा है। नेपाल के जो लोग बिहार में फंसे हैं, उन्हें नेपाल जाने की अनुमति दी जा रही है। अन्य लोगों की आवाजाही पर रोक जारी है।
बेंगलुरु, एजेंसी। CJI सूर्यकांत को चीफ गेस्ट बनाए जाने के विरोध के बीच गुरुवार को बेंगलुरु नेशनल लॉ स्कूल (NLSIU) ने 12 सितंबर को होने वाला अपना दीक्षांत समारोह रद्द कर दिया। यहां के छात्र और पूर्व छात्रों के CJI को चीफ गेस्ट बनाने का विरोध कर रहे थे।
यूनिवर्सिटी ने 27 अगस्त को यह जानकारी दी, हालांकि नोटिस में छात्रों के विरोध का जिक्र नहीं है। पिछले एक महीने में यह चौथा संस्थान है, जहां CJI के विरोध के बाद दीक्षांत समारोह को या तो कैंसिल कर दिया गया या उसका मुख्य अतिथि बदल दिया गया।
बेंगलुरु में 700 से ज्यादा छात्रों ने किया विरोध
NLSIU, बेंगलुरु के 700 से ज्यादा मौजूदा और पूर्व छात्रों ने CJI सूर्यकांत और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा को दीक्षांत समारोह में आमंत्रित किए जाने पर आपत्ति जताई थी।
विरोध करने वालों में 574 मौजूदा छात्र और 128 पूर्व छात्र शामिल थे। उन्होंने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) से NALSAR, हैदराबाद के छात्रों और शिक्षकों से बिना शर्त माफी मांगने की मांग भी की थी।
विरोध की शुरुआत NALSAR, हैदराबाद से हुई, पूरी टाइमलाइन
1. NALSAR हैदराबाद, छात्रों ने विरोध में लेटर लिखा
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद चीफ जस्टिस सूर्यकांत का विरोध लॉ यूनिवर्सिटीज में शुरू हुआ था। इसकी शुरुआत NALSAR हैदराबाद से हुई। यहां करीब 1,400 छात्र पढ़ते हैं।
करीब 450 छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को पत्र लिखकर CJI को चीफ गेस्ट बनाने का न्योता वापस लेने की मांग की थी। समारोह की तारीख तय नहीं हुई थी।
NALSAR, हैदराबाद के छात्रों ने CJI सूर्यकांत को मुख्य अतिथि बनाए जाने का विरोध किया। छात्रों ने CJI की कथित टिप्पणियों और दिल्ली के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी कार्यवाही पर सवाल उठाए।
विवाद बढ़कर BCI तक पहुंचा। BCI ने कुछ समय के लिए 2026 के NALSAR स्नातकों के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। हालांकि इसे वापस ले लिया गया। CJI सूर्यकांत ने बाद में कहा कि उन्होंने निमंत्रण स्वीकार ही नहीं किया था। सामारोह की अब तक डेट नहीं आई है।
2. TISS, मुंबई: 2 अगस्त का दीक्षांत समारोह स्थगित हुआ था
टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) ने 2 अगस्त को होने वाला 86वां दीक्षांत समारोह स्थगित किया। संस्थान ने अप्रत्याशित परिस्थितियों का हवाला दिया। रिपोर्ट्स में CJI सूर्यकांत की मौजूदगी को लेकर छात्रों के संभावित विरोध की चिंता बताई गई थी। बाद में समारोह 22 अगस्त को हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. सीएस प्रमेश को बनाया गया।
3. ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत: CJI शामिल नहीं हुए
25 जुलाई को यूनिवर्सिटी के 15वें दीक्षांत समारोह में CJI सूर्यकांत को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। CJI शामिल नहीं हुए। उनकी जगह सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पीएस नरसिम्हा ने समारोह की अध्यक्षता की।
CJI के बयान से बनी कॉकरोच जनता पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जून से 25 जुलाई जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ था।
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में CJI सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई थी। इसे सोशल मीडिया पर बनाया गया। देखते ही देखते लाखों फॉलोअर्स बढ़ गए।
सुप्रीम कोर्ट की बेंच 15 जनवरी को वकील संजय दुबे की दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ता सीनियर वकील का दर्जा पाना चाहता था।
जस्टिस बागची ने सवाल किया कि क्या सीनियर एडवोकेट का टैग सिर्फ एक स्टेटस सिंबल है या न्याय व्यवस्था में भागीदारी का एक जरिया।
इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा था, कॉकरोच की तरह बहुत से युवा ऐसे हैं, जिन्हें इस पेशे में रोजगार नहीं मिल रहा है। वे सोशल मीडिया और RTI एक्टिविज्म बन रहे हैं। हजारों ऐसे हैं जो काले चोगे पहनकर घूम रहे हैं, लेकिन उनकी डिग्रियों पर संदेह है।