Connect with us

कोरबा

आत्महत्या के लिए उकसाने के प्रकरण में बहू एवं उसके माता-पिता गिरफ्तार, तीनों भेजे गए जेल

Published

on

सुसाइड नोट, आत्महत्या से पूर्व भेजे गए वीडियो एवं परिजनों के कथनों से प्रताड़ना का मामला आया सामने

कोरबा। 27.08.2026 को मृतिका लक्ष्मी बाई मानिकपुरी द्वारा अपने घर के पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। घटना की सूचना पर थाना कोतवाली कोरबा में मर्ग क्रमांक 66/2026 कायम कर जांच में लिया गया। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल पर मृतिका द्वारा दीवार पर सुसाइड नोट लिखा हुआ पाया गया। उक्त सुसाइड नोट में मृतिका द्वारा अपनी बहू पूर्णिमा एवं उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा परेशान किए जाने के कारण आत्महत्या करना उल्लेखित किया गया था। जांच के दौरान दीवार पर लिखे उक्त लेख की पुष्टि की गई कि वह मृतिका द्वारा ही लिखा गया था।
जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि मृतिका ने आत्महत्या से पूर्व अपनी बहनों को एक वीडियो बनाकर भेजा था। पुलिस द्वारा उक्त वीडियो को विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। इसके साथ ही मृतिका की बहनों, परिजनों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के कथन दर्ज किए गए।

पारिवारिक विवाद एवं प्रताड़ना की बात आई सामने

जांच एवं परिजनों के कथनों से यह तथ्य सामने आया कि मृतिका के पति की पूर्व में मृत्यु हो चुकी थी। इसके पश्चात मृतिका ने दूसरी शादी की थी तथा वह अपने वर्तमान पति एवं उसके पूर्व के बच्चों के साथ रह रही थी। पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर घर में आए दिन विवाद एवं लड़ाई-झगड़े होते थे।परिजनों के कथनों के अनुसार, मृतिका की बहू पूर्णिमा एवं उसके मायके पक्ष के लोग अक्सर घर आकर मृतिका को घर से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाते थे, जिसके कारण मृतिका काफी परेशान रहती थी। मृतिका की बहनों एवं परिजनों के कथनों में यह भी सामने आया कि मृतिका पूर्व में भी अपनी बहू पूर्णिमा एवं उसके मायके पक्ष के लोगों से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी तथा पूर्व में जहर का सेवन कर अपनी जान देने की कोशिश की थी।

साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज

मर्ग जांच के दौरान प्राप्त सुसाइड नोट, आत्महत्या से पूर्व बहनों को भेजे गए वीडियो तथा मृतिका की बहनों एवं परिजनों के कथनों सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 724/2026, धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम द्वारा साक्ष्यों एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण के आरोपीगण—

  1. पूर्णिमा महंत, पति संजय दास, उम्र 24 वर्ष, निवासी लक्ष्मण तालाब, कोरबा।
  2. सुमेरन बाई, पति मिलन दास महंत, उम्र 45 वर्ष, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा।
  3. मिलन दास, पिता सोनदास, उम्र 55 वर्ष, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा।

को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
प्रकरण में विवेचना जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

पीपर रानी मत्स्योद्योग सहकारी समिति केराकछार के मतदाता सूची जारी

Published

on

दावा- आपत्ति 05 नवम्बर  तक आमंत्रित

कोरबा 27 अगस्त 2026। पीपर रानी मत्स्योद्योग  सहकारी समिति मर्यादित केराकछार विकासखण्ड  करतला पंजीयन क्रमांक 72 के सदस्यों का मतदाता सूची 29 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है। मतदाता सूची के सम्बंध में सदस्यों से दावा आपत्ति 05 नवम्बर 2026 तक आमंत्रित किया गया है।
रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दीपक सिंह कंवर ने बताया कि दावा- आपत्ति लिखित में मय प्रमाण के साथ सोसायटी के सदस्य उन्मेद सिंह के समक्ष  05 नवम्बर 2026 तक कार्यालयीन समय पर  प्रस्तुत किया जा सकता है। दावा- आपत्तियों का निराकरण 06 नवम्बर को 12 बजे से किया जायेगा। निराकरण उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा

Continue Reading

कोरबा

कोरबा जिले में 11 नवंबर को भाई दूज पर रहेगा स्थानीय अवकाश

Published

on

कोरबा, 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गोवर्धन पूजा पर्व के अवसर पर 09 नवंबर 2026, सोमवार को घोषित सार्वजनिक अवकाश के क्रम में कोरबा जिले के स्थानीय अवकाश की तिथि में संशोधन किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा कुणाल दुदावत द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब जिले में 11 नवंबर 2026, बुधवार को भाई दूज (दीपावली) पर्व के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा।
जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार 09 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके परिप्रेक्ष्य में कोरबा जिले के लिए पूर्व में जारी स्थानीय अवकाश संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए 11 नवंबर 2026, बुधवार को भाई दूज (दीपावली) के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।

Continue Reading

कोरबा

30 एवं 31 को दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी रायगढ़ में: डॉ. गजेंद्र तिवारी आमंत्रित

Published

on

कोरबा/पाली। विश्व हिन्दी अधिष्ठान अंतर्गत केन्द्रीय हिन्दी निदेशालय शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली का पत्र, दिनांक 17.09.2026, सहित नंदकुमार पटेल विश्व विद्यालय रायगढ़ का पत्र, दिनांक 30.09.2026 के अनुसार 21वीं सदी का हिन्दी साहित्य:विविध परिदृश्य विषयक सहित नंदकुमार पटेल विश्व विद्यालय रायगढ़ परिसर में 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय आयोजन प्रात: 10.30 बजे से प्रारंभ होगा।
उक्त संगोष्ठी में वक्ता/सत्र समीक्षक के रूप में कोरबा के प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं छत्तीसगढ़ पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल पाली के डायरेक्टर एवं प्राचार्य डॉ. गजेन्द्र तिवारी को आमंत्रित किया गया है।
इस आशय का पत्र अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के संयोजक मीनकेतन प्रधान ने डॉ. गजेन्द्र तिवारी को पे्रषित किया है और फोन कर भी उन्हें आमंत्रित किया। डॉ. तिवारी इस दो दिवसीय संगोष्ठी में अपना वक्तव्य देंगे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677