Connect with us

छत्तीसगढ़

स्वच्छता दीदी बहनों का जिला भाजपा मंत्री गायत्री केशरवानी ने किया सम्मान

Published

on

शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनके समर्पण, मेहनत और सेवा भावना को किया नमन

रायगढ़ (किरोड़ीमलनगर)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के पावन एवं गौरवशाली अवसर पर नगर पंचायत किरोड़ीमलनगर में स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदी बहनों के सम्मान में एक आत्मीय एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला भाजपा मंत्री श्रीमती गायत्री केशरवानी एवं छाया विधायक महेश साहू ने स्वच्छता दीदी बहनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया तथा उनके निष्ठापूर्ण कार्यों, समर्पण और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त किया।

किरोड़ीमल नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा ,समस्त पार्षदगण,एल्डरमैन ,महिला महिला मोर्चा की बहने, वरिष्ठ कार्यकर्तागण,देवतुल्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती गायत्री केशरवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस हम सभी के लिए गौरव, सम्मान और प्रदेश की विकास यात्रा को स्मरण करने का विशेष अवसर है। इस महत्वपूर्ण दिन पर उन कर्मठ महिलाओं का सम्मान करना अत्यंत सराहनीय है, जो प्रतिदिन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदी बहनें समाज की वास्तविक कर्मयोगी हैं। सुबह से लेकर दिनभर तक वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही हमारा नगर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण की ओर अग्रसर होता है। उनका योगदान केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

श्रीमती गायत्री केशरवानी ने कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को इन बहनों के श्रम और सम्मान का महत्व समझना चाहिए। स्वच्छता का कार्य केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों को भी स्वच्छता दीदी बहनों का सहयोग करना चाहिए तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की आदत अपनानी चाहिए।

इस अवसर पर स्वच्छता दीदी बहनों ने भी अपने सम्मान के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया। शॉल एवं श्रीफल भेंटकर किए गए इस सम्मान से उनके कार्यों के प्रति समाज में सम्मान और प्रोत्साहन का संदेश गया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती गायत्री केशरवानी ने सभी स्वच्छता दीदी बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता और सुंदरता में अपना अमूल्य योगदान देने वाली इन बहनों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के हनुमान मंदिर से दो दानपेटियां चोरी:थाने से कुछ दूर हुई घटना, पुजारी ने 50 से 60 हजार रुपए होने का अनुमान जताया

Published

on

कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने दानपेटियों को निशाना बनाया। रात के अंधेरे में मंदिर का ताला तोड़कर घुसे चोर हनुमान जी और माता रानी के पास रखी दोनों दानपेटियां लेकर फरार हो गए।

दानपेटियों में करीब 50 से 60 हजार रुपए होने का अनुमान है। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी है। वहीं, मुख्य मार्ग पर और थाने के पास हुई चोरी के बाद रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी तो खुला मिला गेट

मंदिर के पुजारी सौरभ मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वह रोज की तरह मंदिर खोलने पहुंचे। इस दौरान गेट खुला देखकर उन्हें संदेह हुआ। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। बाईं ओर लकड़ी का गेट खुला था और हनुमान जी के सामने रखा सामान अव्यवस्थित था। माता रानी के पास रखा दानपात्र भी खुला मिला।

पुजारी के मुताबिक, आशंका है कि चोर दोनों दानपेटियां ले गए हैं। दानपेटी आखिरी बार चैत्र माह के नवरात्र में करीब छह महीने पहले खोली गई थी। ऐसे में दोनों दानपेटियों में लगभग 50 से 60 हजार रुपए होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर में दानपेटी चोरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुजारी सौरभ मिश्रा के आवेदन पर FIR दर्ज की जा रही है।

सीएसपी के अनुसार, मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। हालांकि, आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सामने वन विभाग की कॉलोनी में भी हो चुकी है चोरी

बताया जा रहा है कि हनुमान मंदिर के ठीक सामने स्थित वन विभाग की कॉलोनी में भी हाल ही में चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कॉलोनी में फाटक लगाया गया है और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध का बोर्ड लगाया गया है। इसके अलावा वहां वाहन खड़े करने पर 500 रुपए जुर्माने का बोर्ड भी लगाया गया है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मगरमच्छ का बच्चा मिला:पार्षद ने बोरे में पकड़कर वन विभाग को सौंपा, पहले भी रेल पटरी पर मगरमच्छ कटकर मरा था

Published

on

कोरबा। कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर में खोलार नाले से लगी रेलवे पटरी के पास मगरमच्छ का बच्चा मिला है। देर रात लोगों ने उसे नाले के पास घूमते देखा। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बोरे में पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

मामला वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल के प्रेम नगर का है। पार्षद प्रेम साहू ने बताया कि इससे पहले भी इस इलाके में एक मगरमच्छ निकला था, जिसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उन्होंने आसपास किसी बड़े मगरमच्छ के होने की आशंका जताई है। पार्षद ने वन विभाग से पूरे इलाके की जांच करने की अपील की है।

पहले भी मिल चुका है मृत मगरमच्छ

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक मगरमच्छ मृत मिला था। खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा हुआ है। यहां अक्सर मगरमच्छ दिखाई देते हैं। बरसात के बाद पानी बढ़ने पर मगरमच्छ नाले के रास्ते रिहायशी इलाके तक पहुंच जाते हैं।

लोगों को नदी-नाले से दूर रहने की सलाह

पार्षद ने वार्ड के लोगों से कुछ दिन तक नदी और नाले में नहीं जाने की अपील की है। वन विभाग की टीम मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित जगह ले जाकर उसकी जांच कर रही है। उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी मगरमच्छ दिखाई देने पर उसे छेड़ें नहीं और तत्काल विभाग को सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

आयुष्मान में गड़बड़ी, छत्तीसगढ़ के 16 अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन रद्द:एजेंट्स के जरिए बुलाते थे मरीज, रायपुर के 8 हॉस्पिटल शामिल, बिलासपुर-दुर्ग में भी एक्शन

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज के नाम पर गड़बड़ी को लेकर पिछले दिनों छापेमारी की गई थी। अब गड़बड़ी करने वाले 16 निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने इन अस्पतालों का आयुष्मान योजना के तहत रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है।

19 अस्पतालों की जांच में 16 में अलग-अलग तरह की गड़बड़ियां मिली हैं। इनमें मरीजों से इलाज के नाम पर ज्यादा पैसे लेना, बिना जरूरत भर्ती करना, इलाज के पैकेज में गलत कोड डालकर ज्यादा राशि लेना और फर्जी दस्तावेज तैयार करना शामिल है। सबसे ज्यादा 8 अस्पताल रायपुर के हैं।

सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है।

सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है।

11 अस्पतालों में मरीजों से ज्यादा पैसे लेने के मामले

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 16 अस्पतालों में सबसे ज्यादा 11 में मरीजों से अतिरिक्त पैसे वसूलने की शिकायत सही पाई गई। 7 अस्पतालों में बिना जरूरत मरीजों को भर्ती किया गया था। 5 अस्पतालों में इलाज के पैकेज की गलत कोडिंग मिली।

इसके अलावा 6 अस्पतालों में एजेंटों के जरिए मरीज लाने और 2 अस्पतालों में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले सामने आए हैं।

इन 16 अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन रद्द

स्वास्थ्य विभाग की जांच में जिन अस्पतालों में गड़बड़ी मिली, उनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत दूसरे जिलों के अस्पताल शामिल हैं।

3 अस्पतालों में बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली

जांच के दौरान तीन अस्पतालों में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं पाई गई। इनमें बिलासपुर का मेहता चिल्ड्रन नर्सिंग होम, रायपुर का विजन सेंटर आई हॉस्पिटल और सरगुजा का डीएचटी अस्पताल शामिल है।

नर्सिंग होम एक्ट के तहत अलग से होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त संचालक इंद्रजीत बर्मन के मुताबिक, जांच में गड़बड़ी मिलने वाले अस्पतालों पर आयुष्मान योजना के तहत कार्रवाई की गई है। नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए अलग टीम बनाई गई है।

फिलहाल 16 अस्पतालों पर हुई कार्रवाई आयुष्मान योजना के रजिस्ट्रेशन तक सीमित है। नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई अलग प्रक्रिया है।

इस कानून के तहत अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन, संचालन, जरूरी सुविधाओं, स्टाफ और मरीजों को दी जाने वाली मेडिकल सर्विस के तय मानकों की जांच होती है। गंभीर गड़बड़ी मिलने पर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन भी रद्द किया जा सकता है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677