Connect with us

देश

अरमान 2 बार और तारिफ 3 बार गया पाकिस्तान:शहर में इमेज अच्छी, लेकिन ISI एजेंट को भेजी फोटो-सूचनाएं; फैमिली बोली- घूमने गए थे

Published

on

नूंह,एजेंसी। नूंह के अरमान और तारिफ, एक प्राइवेट स्कूल में टीचर और दूसरा फर्जी डॉक्टर। हरियाणा पुलिस ने दोनों को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ा है। शहर में उनकी इमेज अच्छी थी, कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था, खास बात ये कि दोनों के पाकिस्तान में रिश्तेदार हैं।

जांच एजेंसियों को शक है कि दोनों वीजा के लिए दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन गए थे और वहीं से जासूसी के नेटवर्क में शामिल हो गए। अरमान और तारिफ किसी बड़े नेटवर्क का छोटा सा हिस्सा हैं। जांच में ऐसी बातें पता चली हैं, जो एक ऑर्गेनाइज्ड नेटवर्क की तरफ ले जा रही हैं।

इंटेलिजेंस से जुड़े एक सोर्स बताते हैं, ‘इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान हाई कमीशन से जुड़े हैं। ये नेटवर्क अरमान और तारिफ तक सीमित नहीं है। इसमें ऐसा ग्रुप शामिल हो सकता है, जिसकी भारत के सिस्टम में भीतर तक पहुंच हो। हमारे हाथ सुराग लगे हैं।’

‘जानकारी इतनी सेंसिटिव है कि इसे बाहर नहीं लाया जा सकता। इस गैंग में खोज-खोजकर उन लोगों को रखा गया, जिनका क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था। अब तक पंजाब, हरियाणा और UP के 11 लोग जासूसी के आरोप में पकड़े गए हैं।’

अरमान दो बार, तारिफ तीन बार पाकिस्तान गया

नूंह के राजाका गांव का रहने वाला अरमान 12वीं पास है। उसने ITI का कोर्स किया है। वहीं तावडू के कंगारका गांव का तारिफ लोगों का इलाज करता था। हालांकि, उसके पास डॉक्टर की डिग्री नहीं है।

दैनिक भास्कर को कोर्ट का एक डॉक्यूमेंट मिला है, जिसमें अरमान के पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के सबूतों का जिक्र है। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस को अरमान की रिमांड मिली। अरमान की तरह ही मोहम्मद तारिफ पर पाकिस्तानी हाई कमीशन के संपर्क में होने और सीक्रेट जानकारी शेयर करने का आरोप है।

अरमान बीते कुछ महीने में दो बार पाकिस्तान गया है। तारिफ भी तीन बार पाकिस्तान जा चुका है। दोनों वहां 10-15 दिन रुके। जांच एजेंसियां भी तलाश रही हैं कि आखिर दोनों पाकिस्तान क्यों गए थे, क्या इसका कोई सिरा पहलगाम अटैक से जुड़ता है।

लाहौर में अरमान के रिश्तेदार, भाई बोले- घूमने गया था

24 साल के अरमान की 6 साल पहले शादी हुई थी। परिवार में पत्नी, तीन बच्चे और 5 भाई हैं। अरमान के पाकिस्तान जाने पर भाई इंसाफ बताते हैं, ‘अरमान बीते 6-8 महीने में दो बार पाकिस्तान जा चुका है। एक बार पिछले साल के आखिर में और दूसरी बार इस साल की शुरुआत में। वो घूमने गया था। वहां लाहौर में अब्बू की फूफी और उनका परिवार भी रहता है।’

परिवार का दावा- 15 मई को पकड़ा, 16 मई को गिरफ्तारी दिखाई पुलिस की कार्रवाई पर इंसाफ बताते हैं, ‘पुलिस ने अरमान को 15 मई की दोपहर 3 या 3.30 बजे पकड़ा था। उसे बड़कली चौक से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी 16 मई को दिखाई।’

आपने 15 मई को उसे तलाश नहीं किया, पुलिस को खबर नहीं दी? इंसाफ जवाब देते हैं, ‘हमने तलाश की थी, लेकिन अरमान का पता नहीं चला। अगले दिन पता चला कि उसे पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। ये भी कहा कि पूछताछ करके छोड़ देंगे।’

आप अरमान से मिले? इंसाफ बताते हैं, ‘हम थाने गए थे। बहुत रिक्वेस्ट की, लेकिन पुलिस ने कहा अभी जांच चल रही है। किसी से मिलने नहीं दे सकते। 6 दिन हो गए हैं, हमने एक बार भी उसे नहीं देखा है।’

इंसाफ कहते हैं, ‘हमें न्यूज से पता चला कि अरमान पर देशद्रोह का आरोप लगा है। इस बारे में हम कुछ नहीं जानते।’

अब्बू पूर्व सरपंच, अभी छत्तीसगढ़ की जेल में बंद अरमान ने 12वीं के बाद ITI का डिप्लोमा किया है। वो एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता था। कमाई का कोई खास जरिया नहीं है। घर में घुसते ही कार खड़ी दिखाई दी। कार पर सरपंच लिखा है। पूछने पर पता चला कि अरमान के अब्बू जमील गांव के सरपंच रहे हैं। उनके बारे में पूछने पर इंसाफ बताते हैं, ‘अब्बू नूंह में नहीं हैं, बाहर हैं। छत्तीसगढ़ की जेल में बंद हैं। वो दूसरे मामले में जेल गए थे।’

अरमान पर लगे आरोप

पाकिस्तानी अफसर दानिश को गोपनीय सूचनाएं दीं, चैट डिलीट की

सोर्स के मुताबिक, अरमान ने पूछताछ में जासूसी की बात कबूल की है। उससे अब तक ये जानकारियां पता चली हैं-

1. दिल्ली में 1 से 3 मई तक होने वाले डिफेंस एक्सपो की तैयारी से जुड़ी फोटो 14 अप्रैल को पाकिस्तान के नंबर पर भेजीं।

2. एक्सपो में आई कंपनियों के नंबर पाकिस्तान के एक संदिग्ध नंबर पर भेजे।

3. अरमान पाकिस्तान गया था, तब वहां अधिकारियों से मिला था।

4. उसके मोबाइल में पाकिस्तान के 10-12 नंबर हैं। इन नंबरों पर अरमान चैट करता था, बाद में ये बातचीत डिलीट कर दी गई। चैट और लोकेशन रिकवरी के लिए मोबाइल फोरेंसिक लैब भेजे गए हैं।

5. भारत में मौजूद पाकिस्तानी हाई कमीशन के अधिकारी दानिश से उसकी बात होती थी। अरमान ने दानिश को भारत की खुफिया जानकारी देने की बात कबूल की है। बदले में उसे दानिश से नकद पैसे मिलते थे।

6. अरमान ने 14-15 मोबाइल के जरिए दिल्ली, हरियाणा और आसपास की जगहों की फोटो और सूचनाएं भेजने की बात कबूल की है। इसमें से कुछ फोन रिकवर हो गए हैं।

7. अरमान के संपर्क पाकिस्तानी हाई कमीशन से थे। इसके जरिए उसने दूसरे लोगों को वीजा दिलवाया और पाकिस्तान जाने में मदद की।

8. इंटेलिजेंस और पुलिस सोर्स के मुताबिक, अरमान से पाकिस्तानी अफसर दानिश ने कहा था कि ऐसे लोगों को इकट्ठा करे, जो वीजा चाहते हैं और पाकिस्तान जाना चाहते हैं। अरमान ने 5-6 लोगों के वीजा बनवाने की बात मानी है। जांच एजेंसियों को शक है कि ये तादाद और ज्यादा है।

अरमान को पाकिस्तानी अफसर दानिश से मिलवाने वाले की तलाश इंटेलिजेंस के सोर्स के मुताबिक, अरमान एक साल पहले पाकिस्तानी हाई कमीशन के संपर्क में आया। उसे हाई कमीशन के अफसर दानिश से मिलवाने वाला कोई दूसरा शख्स है। जांच एजेंसियां उसका पता लगा रही हैं।

इसके अलावा अरमान ने जिन लोगों को वीजा दिलवाया, उनकी भी तलाश की जा रही है। अरमान का कहना है कि उन लोगों से मेरी बातचीत सिर्फ वीजा दिलवाने तक थी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खेल

भारत को एशियन गेम्स में छठा गोल्ड:4×400 मीटर विमेंस रिले रेस में सोना जीता, गुलवीर की हैट्रिक; लगातार छठी बार भारत के 50 मेडल

Published

on

नगोया, एजेंसी। भारत ने एशियन गेम्स के 4×400 मीटर महिला रिले रेस में गोल्ड जीत लिया है। टीम ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड में रेस पूरी की। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत को 6 गोल्ड मिल गए हैं।

मंगलवार को भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में लगातार छठी बार 50 मेडल का आंकड़ा भी पार किया। एशियन गेम्स हर 4 साल में होते हैं और 2006 से भारत हर बार 50 या ज्यादा मेडल जीत रहा है।

इससे पहले गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में 13 मिनट 32.75 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज जीता। वे 10 हजार और 1500 मीटर में सिल्वर जीत चुके हैं। वे मेडल की हैट्रिक करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बने।

इधर, नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीता। 10 दिन पहले फ्लू की वजह से अस्पताल में भर्ती रहीं नीरू इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

एशियन गेम्स के 10वें दिन भारत ने 8 मेडल जीते। टीम के कुल मेडल 53 हो गए हैं और मेडल टेबल में 10वें स्थान पर है।

Continue Reading

देश

तेलंगाना CM बोले- राम अमीरों और शिव गरीबों के भगवान:भाजपा ने राम को चुराया, इसलिए कांग्रेस दक्षिण में सफल और उत्तर भारत में पिछड़ी

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा कि शिव गरीबों और राम अमीरों के भगवान हैं। उन्होंने भाजपा को अमीरों की पार्टी भी बताया। कहा कि भाजपा ने भगवान राम को अपने राजनीतिक नैरेटिव से जोड़ लिया है। भाजपा ने राम को चुरा लिया है।

सोमवार को दिल्ली में एक मीडिया सम्मेलन के दौरान उनसे पूछा गया कि कांग्रेस दक्षिण भारत में मजबूत है, लेकिन उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत में उसका प्रदर्शन उतना अच्छा क्यों नहीं रहा।

रेवंत ने इसकी वजह धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव बताई। उन्होंने कहा कि हम द्रविड़ हैं, जबकि उत्तर भारत के लोग आर्य हैं। हम शिव के भक्त हैं और आर्य भगवान राम के भक्त हैं।

केंद्रीय मंत्री बोले- रेड्डी भगवान को नहीं बांटें

रेवंत रेड्डी के बयान पर केंद्रीय राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि रेड्डी पहले “मुस्लिम कांग्रेस है, कांग्रेस मुस्लिम है” कह चुके हैं। अब वे भगवान राम और भगवान शिव के बीच राजनीतिक सीमाएं खींच रहे हैं।

कुमार ने कहा- तेलंगाना के सीएम के तौर पर रेवंत रेड्डी को बेहतर पता होना चाहिए। तेलंगाना में वेमुलावाड़ा में दक्षिण काशी और भद्राचलम में दक्षिण अयोध्या है।

उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी को भगवान राम और भगवान शिव को उत्तर और दक्षिण में नहीं बांटना चाहिए। पीएम मोदी लोकसभा में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके मुताबिक, काशी विश्वनाथ वाराणसी के आध्यात्मिक केंद्र में स्थित है।

पहले भी कांग्रेस नेताओं के शिव को लेकर बयान दिए

2017: राहुल गांधी बोले- मैं शिव भक्त हूं

2017 के गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी लगातार मंदिरों का दौरा कर रहे थे। BJP ने इसे चुनावी रणनीति बताया था। इस पर राहुल गांधी ने कहा था कि वह भगवान शिव के भक्त हैं और उनका सच उनके साथ है।

यह बयान 30 नवंबर 2017 को गुजरात के अमरेली में व्यापारियों के साथ बंद कमरे में हुई बैठक में दिया गया था। उस समय सोमनाथ मंदिर के रजिस्टर को लेकर उनके धर्म पर विवाद भी चल रहा था।

यह बयान उस विवाद के जवाब में था जिसमें सोमनाथ मंदिर में राहुल गांधी का नाम कथित तौर पर गैर-हिंदू आगंतुकों वाले रजिस्टर में दर्ज होने को लेकर सवाल उठाए गए थे। राहुल ने कहा था कि उन्होंने उस रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहीं किए, बल्कि विजिटर बुक में साइन किया था।

इसके बाद भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने राहुल से भगवान राम को लेकर उनका रुख स्पष्ट करने को कहा था। उन्होंने सवाल उठाया था कि राहुल खुद को शिव भक्त बताते हैं तो भगवान राम को लेकर उनका क्या विचार है।

2024: राहुल ने शिव संदेश सुनाया

राहुल गांधी ने लोकसभा में भगवान शिव की तस्वीर दिखाकर कहा था कि शिव का संदेश “डरो मत, डराओ मत” है। भाजपा नेताओं ने उनके भाषण और हिंदू धर्म को लेकर उनके बयानों पर आपत्ति जताई थी।

16 अगस्त: रेड्डी ने कहा- BRS ने सरकार गिराने के लिए तंत्र-मंत्र कराया, कर्नाटक-तमिलनाडु के मंदिरों में जाकर पूजा कर रहे

रेड्डी ने भारतीय राष्ट्र समिति (BRS) नेताओं पर कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए कर्नाटक और तमिलनाडु के मंदिरों में जाकर तंत्र-मंत्र कराने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि नेताओं ने राज्य में सूखा, किसानों की परेशानी और कांग्रेस सरकार के गिरने की प्रार्थना की।

Continue Reading

देश

जयशंकर बोले-भारत को नसीहत देने वाला अमेरिका नकल कर रहा:US आतंकवाद पर भारत की चिंताएं नहीं समझता, इससे रिश्तों में मुश्किल

Published

on

न्यूयॉर्क, एजेंसी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका से रिश्तों को लेकर कहा कि वह आतंकवाद पर भारत की चिंता नहीं समझता है। इसका असर रिश्तों पर पड़ता है। उन्होंने सोमवार को न्यूयॉर्क में एशिया सोसाइटी के एक कार्यक्रम में कहा,

भारत ने कई दशकों तक अपने पड़ोसी देश की ओर से आतंकवाद का सामना किया है। अगर अमेरिका को इसकी गंभीरता समझ नहीं आती, तो रिश्तों पर असर पड़ता है।

जयशंकर ने चीन और अमेरिका के बीच बढ़ रही दोस्ती को लेकर कहा कि अब अमेरिका एक साथ रूस, यूक्रेन और चीन जैसे देशों के साथ संबंध अच्छे कर रहा है। अब वह भारत का डिप्लोमेसी मॉडल अपना रहा है। पहले भारत की इसी नीति को लेकर अमेरिका में आलोचना की जाती थी।

पूर्व अमेरिकी राजनयिक डेनियल रसेल ने एशिया सोसाइटी के कार्यक्रम में जयशंकर के साथ बातचीत की।

पूर्व अमेरिकी राजनयिक डेनियल रसेल ने एशिया सोसाइटी के कार्यक्रम में जयशंकर के साथ बातचीत की।

जयशंकर के अमेरिका में 5 बड़े बयान

1. टैरिफ विवाद पर: अमेरिका से रिश्ते मुश्किल

अमेरिका के पूर्व राजनयिक डेनियल रसेल ने जयशंकर से पूछा कि व्यापार और टैरिफ को लेकर पिछले एक साल में भारत-अमेरिका के रिश्तों में आई खटास को कैसे दूर किया जा सकता है।

इस पर जयशंकर ने कहा कि दुनिया के कई देशों के लिए अमेरिका के साथ रिश्ते पहले के मुकाबले मुश्किल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह शायद हमारे लिए राहत की बात न हो, लेकिन यही हकीकत है।

2. US-चीन दोस्ती पर: उनका दिखावा खत्म हो गया

जयशंकर ने कहा कि पहले अमेरिका में यह सोच थी कि भारत के पास ज्यादा विकल्प नहीं होने चाहिए और उसे अपने रिश्तों में ज्यादा ध्यान अमेरिका पर रखना चाहिए, लेकिन अब उसका दिखावा खत्म हो गया है।

उन्होंने कहा- अब अमेरिका खुद एक साथ एशिया के दूसरे देशों के साथ रिश्ते संभाल रहा है। यानी जिस नीति पर भारत से सवाल किए जाते थे, अब अमेरिका भी उसी पर चल रहा है।

3. बहुध्रुवीय व्यवस्था पर: यह च्यूइंग गम हर किसी के पास

जयशंकर के मुताबिक दुनिया अब ऐसे दौर में पहुंच रही है, जहां देश किसी एक के भरोसे रहने के बजाय कई देशों के साथ अपने रिश्ते बना रहे हैं। यही बदलाव दुनिया को बहुध्रुवीय व्यवस्था की ओर ले जा रहा है।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब यह ‘च्यूइंग गम’ सबके पास होगा और हर देश इसे अपने तरीके से इस्तेमाल करेगा।

उन्होंने कहा कि यह बदलाव अच्छा लगे या नहीं, लेकिन जब अमेरिका जैसी बड़ी ताकत इस तरीके से काम करती है तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ता है और यह एक वैश्विक ट्रेंड बन जाता है।

विदेश मंत्री जयशंकर न्यूयॉर्क में एशिया सोसाइटी के कार्यक्रम में बोलते हुए।

विदेश मंत्री जयशंकर न्यूयॉर्क में एशिया सोसाइटी के कार्यक्रम में बोलते हुए।

4. चीन से सीमा विवाद पर: दूसरे देशों को फायदा न मिले

जयशंकर ने कहा कि भारत और चीन के रिश्ते पिछले कुछ समय के मुकाबले बेहतर हुए हैं। 2020 में सीमा पर तनाव के बाद दोनों देशों के रिश्ते काफी बिगड़ गए थे, लेकिन अब सीमा पर स्थिति सामान्य होने के साथ रिश्ते भी धीरे-धीरे सुधर रहे हैं। हालांकि सभी समस्याएं खत्म नहीं हुई हैं।

उन्होंने कहा,

2024-2025 के मुकाबले आज की स्थिति बेहतर है। सीमा पर जैसे हालात होंगे, दोनों देशों के रिश्ते भी वैसे ही रहेंगे। यह तनाव दोनों देशों के हित में नहीं है। ऐसी समस्या में फंसे रहना ठीक नहीं है, जिसका फायदा दूसरे देशों को मिले।

5. ग्लोबल सिस्टम पर: डिप्लोमेसी पहले से ज्यादा मुश्किल

जयशंकर ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया में कई जगह जंग चल रही है। इसके साथ आर्थिक दबाव और व्यापार को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल करने की कोशिशों ने भी दुनिया के हालात को अस्थिर कर दिया है।

जयशंकर ने कहा कि दुनिया की सप्लाई चेन भी पहले के मुकाबले ज्यादा असुरक्षित हो गई है। दुनिया के सामने ‘4F संकट’ यानी भोजन, ईंधन, खाद और पैसों की कमी को बड़ी चुनौती हैं।

जयशंकर ने कहा कि जब किसी देश की किसी जरूरी चीज के लिए दूसरे देश पर निर्भरता ज्यादा होती है, तो दूसरा देश इसी निर्भरता का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए कर सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में कूटनीति पहले के मुकाबले ज्यादा मुश्किल हो गई है। राजनयिकों को जोखिम भरे फैसले लेने पड़ते हैं और साथ ही पुराने विवादों को भी संभालना पड़ता है। उन्होंने इसी वजह से कहा कि “कूटनीति एक एक्सट्रीम स्पोर्ट बन गई है।”

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677