छत्तीसगढ़
बस्तर की ज्ञानगुड़ी ने रचा नया इतिहास:47 छात्रों का नीट में चयन, 22 अग्निवीर भी हो चुके चयनित
जगदलपुर, एजेंसी। कभी नक्सल प्रभावित और शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा माने जाने वाला बस्तर अब प्रतियोगी परीक्षाओं में नई पहचान बना रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से संचालित निःशुल्क कोचिंग संस्थान ज्ञानगुड़ी के 47 छात्रों का इस वर्ष नीट (NEET) में चयन हुआ है। इस सत्र में संस्थान में 90 विद्यार्थियों ने नियमित कोचिंग ली थी, जिनमें से आधे से अधिक ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों ने हासिल की सफलता
कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में संचालित ज्ञानगुड़ी ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराता है। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि बेहतर मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।
ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य स्तरीय नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में संस्थान की छात्रा प्रेरणा ने पूरे छत्तीसगढ़ में 60वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
22 विद्यार्थियों का अग्निवीर भर्ती परीक्षा में चयन हुआ
वहीं, देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। संस्थान के 22 विद्यार्थियों का अग्निवीर भर्ती परीक्षा में चयन हुआ है। इससे स्पष्ट है कि ज्ञानगुड़ी केवल मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए भी तैयार कर रही है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों की बदली तस्वीर
ज्ञानगुड़ी की यह सफलता पहली बार नहीं आई है। पिछले साल भी इस पहल के माध्यम से सैकड़ों ग्रामीण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद छात्रों की यह उपलब्धि पूरे बस्तर के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
छत्तीसगढ़
रायपुर में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली से 9 घंटे पूछताछ हुई:बेटिंग ऐप प्रमोशन, खिलाड़ियों को टिप्स देने का आरोप, बिग-बॉस फेम बोलीं- सब झूठ
रायपुर, एजेंसी। महादेव बेटिंग ऐप मामले में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा को शुक्रवार को भी ED ने पूछताछ के लिए बुलाया। वह सुबह 11 बजे रायपुर स्थित जोनल ऑफिस पहुंचीं। 9 घंटे से अधिक पूछताछ के बाद शेफाली को जाने दिया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद वह मीडिया से बचते हुए बाहर निकलीं और कोई बयान नहीं दिया।
इससे पहले गुरुवार को भी उनसे करीब 5 घंटे पूछताछ की गई थी। ED का आरोप है कि शेफाली बग्गा का कनेक्शन महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से हैं।
शेफाली बग्गा विदेशों, खासकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती थीं। जांच में ऐसे कई डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं, जिनमें वह बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती दिखाई देती हैं। गुरुवार को करीब 5 घंटे की पूछताछ के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में सभी आरोपों को निराधार बताया था।

रायपुर में स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से ED ने पूछताछ की।
खिलाड़ियों को देती थीं बेटिंग टिप्स
एजेंसी का दावा है कि शेफाली बग्गा सिर्फ बेटिंग ऐप्स का प्रचार ही नहीं करती थीं, बल्कि खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े टिप्स भी देती थीं। ईडी को जांच के दौरान ऐसे ऑनलाइन कंटेंट और प्रचार सामग्री मिली है, जिनकी जांच की जा रही है।
टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में
ED के मुताबिक, शेफाली बग्गा टेलीग्राम चैनल के जरिए बेटिंग कोड, प्रमोशनल लिंक और टिप्स शेयर करती थीं। एजेंसी अब जांच कर रही है कि उन्हें महादेव बेटिंग सिंडिकेट या उससे जुड़े लोगों से किसी तरह का आर्थिक फायदा मिला था या नहीं। एजेंसी अब इस चैनल से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
खंजन ठक्कर को बताया महादेव नेटवर्क का हवाला ऑपरेटर
ईडी के मुताबिक, खंजन जगदीश कुमार ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क का प्रमुख हवाला ऑपरेटर है और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन का संचालन करता है। एजेंसी शेफाली बग्गा और ठक्कर के बीच कथित संबंधों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।

कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स होस्ट कर चुकी हैं शेफाली बग्गा।
स्पोर्ट्स एंकरिंग में चर्चित नाम है शेफाली बग्गा
शेफाली बग्गा स्पोर्ट्स एंकरिंग की दुनिया में चर्चित नाम हैं। वे ‘बिग बॉस 13’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आई थीं, जहां से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। शेफाली के करियर की बात करें तो वे कई बड़े क्रिकेट इवेंट्स होस्ट कर चुकी हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं।
कोरबा
नशे में स्कूल बस चालक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर:कोरबा के मानिकपुर में हादसा, सिर पर आई गंभीर चोट, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम शराब के नशे में स्कूल बस चला रहे चालक ने एक बुजुर्ग राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बस जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सेंट जेवियर स्कूल की बस CG 12 BM 6338 का चालक गोरे लाल बच्चों को घर छोड़ने के बाद स्कूल लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर में उसने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी।

लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक शराब के नशे में था और बस लापरवाही से चला रहा था। टक्कर से बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने शराब पीने की बात स्वीकार की।

नशे में धुत्त आरोपी बस ड्राइवर जिसने बुजुर्ग को टक्कर मारा
घायल की हालत नाजुक
सूचना पर मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
स्कूल प्रबंधन पर भी उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि स्कूल बस जैसे संवेदनशील वाहन में शराब पीकर चालक का वाहन चलाना बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। लोगों ने चालकों की नियमित मेडिकल जांच कराने की मांग की है।
कोरबा
कोरबा में धारदार हथियार के साथ 2 युवक गिरफ्तार:सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाने का आरोप, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
कोरबा। कोरबा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर लोगों में दहशत फैलाने और राहगीरों को डराने-धमकाने का आरोप है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बड़ा धारदार हथियार, जिसे स्थानीय भाषा में ‘कत्ता’ या ‘बंडा’ कहा जाता है, बरामद किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आसिफ कुरैशी और विशाल कंवर कोतवाली थाना क्षेत्र में खुलेआम धारदार हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार ‘कत्ता’ बरामद हुआ।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने हथियार कहां से हासिल किया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और आम लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एएसपी पटले ने जोर देकर कहा कि कोरबा पुलिस का उद्देश्य शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या आम नागरिकों को भयभीत करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-
Uncategorized10 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
Uncategorized11 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
-
कोरबा2 years agoमहतारी वंदन योजना से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने सहित समाज की प्रगति में दे रही योगदान’
-
कोरबा12 months agoबांकीमोंगरा सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन की शिकायत पर पहुंची न.प्रशा. विकास विभाग परीक्षण टीम, नवनिर्माण सीसी सड़क का किया कोर कटिंग परीक्षण…देखे पूरी खबर
-
कोरबा11 months agoअंकित सिंह बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष
-
Uncategorized1 year agoबाकी मोगरा में गूंजी या अली या हुसैन की सदाएं, मुहर्रम ताजिया जुलूस व झांकी निकाल इमाम हुसैन को याद कर मनाया मुहर्रम पर्व…..।
