Connect with us

कोरबा

BIG BREAKING : बालको द्वारा मजदूरों का शोषण एवं प्रताड़ना का मामला गूंजेगा छत्तीसगढ़ विधानसभा में

Published

on

रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने बालको प्रबंधन एवं शिवशक्ति पावर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खोला मोर्चा
बालको में मजदूरों का शारीरिक व मानसिक शोषण? विधायक फूलसिंह राठिया ने उठाए गंभीर सवाल, प्रबंधन को दी लिखित चेतावनी

कोरबा/बालकोनगर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने बालको प्रबंधन और ठेका कंपनी शिवशक्ति पावर प्राइवेट लिमिटेड पर गंभीर आरोप लगाते हुए मजदूरों की सुरक्षा व अधिकारों की अनदेखी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया है और बालको प्रबंधन को पत्र लिखकर कड़ी चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि बालको प्रबंधन मजदूरों का शोषण और प्रताड़ना बंद करे, वरना बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने बालको के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
दिव्य आकाश प्रतिनिधि से चर्चा करते हुए फूलसिंह राठिया ने कहा कि बालको प्रबंधन मजदूरों का शोषण एवं प्रताड़ित कर रहा है, इसे छत्तीसगढ़ विधानसभा में जोर शोर से उठाया जाएगा।
विधायक फूलसिंह राठिया ने आरोप लगाया है कि पांडिचेरी (तमिलनाडु) की यह ठेका कंपनी, बालको प्रबंधन और एनजीएसएल के साथ गठजोड़ कर प्लांट में कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों का शारीरिक और मानसिक शोषण कर रही है।
3 अक्टूबर को 540 मेगावाट ईएसपी स्ट्रक्चर गिरने की घटना को बताया लापरवाही का परिणाम
पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 3 अक्टूबर 2025 को बालको के 540 मेगावाट यूनिट के ईएसपी स्ट्रक्चर गिरने की घटना ठेका कंपनी और बालको प्रबंधन की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। ईएसपी के ऑपरेशन और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी शिवशक्ति पावर प्रा. लि. को दी गई थी।
विधायक फूल सिंह राठिया के अनुसार, समय पर हाउसकीपिंग और रख-रखाव कार्य नहीं किया गया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। हालांकि बालको प्रबंधन ने किसी के घायल होने की जानकारी सार्वजनिक नहीं की, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘क्या प्रबंधन दूसरे चिमनी हादसे का इंतज़ार कर रहा है? — विधायक राठिया का सवाल
विधायक फूल सिंह राठिया ने लिखा है कि प्लांट में हाउसकीपिंग की स्थिति बेहद खराब है, इसके बावजूद ठेका कंपनी को हर बार ‘बेस्ट हाउसकीपिंग अवॉर्ड दिया जाना अत्यंत संदिग्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे प्रतीत होता है कि प्रबंधन को कर्मचारियों और मजदूरों की सुरक्षा की कोई वास्तविक चिंता नहीं है।
भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका
विधायक फूल सिंह राठिया ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की अनदेखी भविष्य में किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है। उन्होंने बालको प्रबंधन से—
हाउसकीपिंग और सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच,
ठेका कंपनी की जवाबदेही तय करने,
और मजदूरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की है।
बालको को चेताया – सुधर जाओ वरना बड़ा जन आंदोलन होगा – फूलसिंह राठिया
विधायक फूल सिंह राठिया ने स्पष्ट किया है और बालको प्रबंधन को चेताया भी है- यदि भविष्य में मजदूरों की सुरक्षा से जुड़े किसी भी हादसे या शोषण की जानकारी मिलती है, तो बालको प्रबंधन के खिलाफ उग्र जन आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

वाणिज्य एवं उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने प्रदेशवासियों को दी होली पर्व की बधाई

Published

on

होली के पहले किसानों के खाते में धान उपार्जन के अंतर की राशि मिलने से होली का उत्साह दोगुना

कोरबा। वाणिज्य एवं उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने रंगों के पर्व होली पर प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि आप सभी के जीवन में होली का यह पर्व सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। केबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य सरकार द्वारा अपने वायदे के अनुरूप होली त्योहार के पहले प्रदेश के 25.28 लाख किसानों को कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 10,324 करोड़ रूपए की आदान सहायता राशि उनके बैंक के खातों में अंतरित की है। होली त्योहार में किसानों का उत्साह दोगुना हो गया है। 

        केबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों एवं उनके परिजनों की बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रह हैं। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए डीबीटी के जरिए छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निमार्ण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा हितग्राहियों को अब तक लगभग 800 करोड़ रूपए की आर्थिक मदद दी जा चुकी है।

        केबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि रंगों का यह त्योहार हमारे जीवन में उमंग, उत्साह और सौहार्द्र का संचार करता है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नही बल्कि सामाजिक समरसता भाईचारे और भारतीय परम्पराओं की जीवंत अभिव्यक्ति का पर्व है। आइए, हम सभी मिलकर प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के रंगों से अपने समाज को और भी अधिक रंगीन बनाएं।        

Continue Reading

कोरबा

होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने कोरबा पुलिस का फ्लैग मार्च

Published

on

जिले के सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में व्यापक पुलिस मार्च

हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई, आमजन से सौहार्दपूर्ण पर्व मनाने की अपील

कोरबा। होली एवं रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कोरबा पुलिस द्वारा जिले भर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर सहित समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में जिला मुख्यालय तथा सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च किया गया।

जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कोसाबाड़ी क्षेत्र तक निकाला गया। मार्च में लगभग 200 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव जागृत किया गया तथा असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई।

इसी प्रकार थाना कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो एवं दीपका क्षेत्र में भी पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर नागरिकों से शांतिपूर्वक पर्व मनाने की अपील की गई। पुलिस द्वारा चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के माध्यम से गली-मोहल्लों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र से संदेश प्रसारित कर होली एवं रमज़ान ईद के दौरान शांति एवं भाईचारे का परिचय देने का आग्रह किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्वक पर्व मनाने वालों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, वहीं हुड़दंग करने वाले, जबरन रंग लगाने वाले, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

कोरबा पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि वे पर्व को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Continue Reading

कोरबा

आरोपी ने नाबालिग और मां को दी धमकी, चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, शिकायत पर पकड़ाया

Published

on

कोरबा। कोरबा में एक नाबालिग लड़की को युवक ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने नाबालिग की मां को भी डराया। यह घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र में हुई।

जांजगीर जिले के 23 वर्षीय समीर यादव ने नाबालिग के घर पहुंचकर उसे धमकाया। उसने कहा, तुम मेरी हो और तुम्हें किसी और का होने नहीं दूंगा। अगर तुम्हारी शादी किसी और से हुई तो तुम्हें और तुम्हारे पति को जान से मार दूंगा।

नाबालिग और मां ने पुलिस चौकी में की शिकायत

घटना के बाद नाबालिग और उसकी मां ने हिम्मत जुटाकर मानिकपुर चौकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपी समीर यादव को उसके मोबाइल नंबर के आधार पर कोरबा से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

नाबालिग से एकतरफा प्यार करता था आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी समीर यादव और नाबालिग दोनों जांजगीर जिले के एक ही गांव के निवासी हैं। कुछ साल पहले नाबालिग अपने परिवार के साथ कोरबा आकर रहने लगी थी। समीर पहले भी उसके घर आता-जाता था और मोबाइल पर भी बात करता था। वह नाबालिग से एकतरफा प्यार करता था, जबकि नाबालिग ने उसके प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।

यह भी बताया गया है कि लगभग छह महीने पहले भी समीर कोरबा में नाबालिग के घर आया था और उसके साथ मारपीट की थी। उस समय भी मानिकपुर चौकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने कार्रवाई की थी।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने पुष्टि की कि शिकायत मिलने के बाद जांजगीर निवासी समीर यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजकर जेल दाखिल कर दिया गया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677