Connect with us

कोरबा

बिहान योजना ने दी नई पहचान – सुरेखा जायसवाल बनीं ‘लखपति दीदी’

Published

on

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पहल से अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कटघोरा विकासखंड के ग्राम धंवईपुर नवापारा की निवासी श्रीमती सुरेखा जायसवाल इसकी प्रेरणादायक मिसाल हैं।

कक्षा दसवीं तक शिक्षित श्रीमती सुरेखा जायसवाल पहले एक सामान्य गृहिणी थीं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उनके पति पर थी, लेकिन वे भी परिवार की आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की इच्छा रखती थीं। वर्ष 2019 में बिहान योजना के अंतर्गत आस्था महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ना उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।
समूह से जुड़ने के बाद उन्हें वित्तीय सहयोग के साथ-साथ विभिन्न प्रशिक्षण प्राप्त हुए, जिससे उनके भीतर आत्मविश्वास का विकास हुआ और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला। समूह के माध्यम से उन्हें आरएफ मद से 10 हजार रुपये, सीआईएफ मद से 30 हजार रुपये तथा स्वयं सिद्धा पहल के अंतर्गत 2 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त एफएलसीआरपी के माध्यम से बैंक से 1 लाख रुपये का ऋण भी उपलब्ध कराया गया।
प्राप्त वित्तीय सहायता का सदुपयोग करते हुए श्रीमती सुरेखा ने श्रृंगार सामग्री की दुकान, किराना दुकान एवं फोटोकॉपी सेंटर की स्थापना की। उनकी मेहनत, लगन और व्यवसायिक समझ का परिणाम यह रहा कि आज उनकी वार्षिक आय लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये तक पहुंच गई है। आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ ही उन्होंने समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है और आज वे लखपति दीदी  के रूप में जानी जाती हैं।
श्रीमती सुरेखा बताती हैं कि स्वरोजगार से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब वे परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं तथा घर के निर्णयों में भी उनकी सक्रिय भूमिका है। आर्थिक आत्मनिर्भरता ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई प्रदान की है।
अपनी सफलता का श्रेय वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ शासन और बिहान योजना को देते हुए कहती हैं कि शासन के सहयोग और स्व-सहायता समूह से मिले मार्गदर्शन ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। आज वे सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर रही हैं और अपने परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं।
श्रीमती सुरेखा जायसवाल की सफलता की यह कहानी दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और दृढ़ संकल्प के बल पर महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। बिहान योजना इसी परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनकर ग्रामीण महिलाओं के जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है।

Continue Reading

कोरबा

भाजपा भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करती है:जयसिंह अग्रवाल

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि भाजपा भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करती है। साथ ही अयोध्या राम मंदिर निर्माण और मंदिर के चढ़ावे में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की।

‘राम के नाम पर राजनीति करती है भाजपा’

पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की है। उनका आरोप है कि भाजपा धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है। चुनाव के समय भाजपा नेता राम के नाम पर वोट मांगते हैं और राम मंदिर निर्माण को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हैं।

‘भगवान राम सबके हैं’

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक दल के नहीं, बल्कि सभी श्रद्धालुओं के हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों ने आस्था के साथ अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा दिया, जिससे मंदिर का निर्माण हुआ है।

जमीन खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू होने से पहले जमीन खरीद में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि उस समय जमीन खरीद में गड़बड़ी के आरोप उठे थे, लेकिन मंदिर निर्माण के दौरान यह मामला दब गया।

चढ़ावे में अनियमितता का दावा

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि अब मंदिर में मिले चढ़ावे के उपयोग को लेकर भी वित्तीय अनियमितताओं और गबन के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की आस्था जुड़ी हुई है, इसलिए पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

भाजपा से मांगा जवाब

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से इन आरोपों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Continue Reading

कटघोरा

बिलासपुर में आयोजित एवार्ड सेरेमनी में लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी को अनेकों एवार्ड से किया गया सम्मानित

Published

on

कोरबा/कटघोरा । दी इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लॉयन्स क्लब से सम्बंधित संस्था लॉयन्स क्लब कटघोरा- छुरी शुरू से ही सेवा कार्यो में आगे रही है। क्लब के द्वारा पूरे वर्ष भर सामाजिक व प्रशाशनिक सेवा के कार्य किये जाते रहे हैं। यही कारण है कि लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी डिस्ट्रिक्ट के सांथ ही मल्टीपल व इंटरनेशनल में भी अपनी एक अलग पहचान बनाते हुए लगातार हर वर्ष एवार्ड प्राप्त करते आई है। इसी कड़ी में सत्र 2025 – 26 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ ला विजय अग्रवाल (कोरबा) ने अपने सत्र 25 -26 की एवार्ड सेरेमनी बिलासपुर के होटल इंटरसिटी इंटरनेशनल में 19 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें डिस्ट्रिक्ट के सभी क्लब शामिल हुए। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के द्वारा सभी क्लबो´ में से जिन-जिन क्लबो´ के द्वारा उत्कृष्ट सेवा के कार्य करते हुए किये गए कार्यो की ऑनलाइन रिपोर्टिंग की गई, उन सभी क्लबो´ को उनके द्वारा किये गए कार्यो´ का मूल्यांकन कर उन्हें मंच से एवार्ड प्रदान करते हुए सम्मानित किया गया। जिसमें लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी से बेस्ट आउटस्टैंडिंग अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, बेस्ट क्लब सचिव प्रकाश अग्रवाल, बेस्ट क्लब कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, आउटस्टैंडिंग क्लब, सदस्यता वृद्धि एवं बेस्ट सर्विस क्लब के लिए लायन्स क्लब कटघोरा-छुरी, परमानेंट प्रोजेक्ट (ग्रामीण छेत्र के गरीब गांव को गोद लेना, निःशुल्क एम्बुलेंस, शव फ्रीजर एवं वाटर कूलर का संचालन) रीजन बेनर प्रेजेंटेशन एवार्ड, डिस्ट्रिक्ट पीआरओ एवार्ड अजय धनोदिया, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एवार्ड मुकेश गोयल एवं प्रकाश अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ला विजय अग्रवाल ने बताया कि निश्चित ही लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी शुरू से ही सभी सामाजिक सेवा कार्यो में आगे रही ही है, इसके सांथ ही क्लब के द्वारा जिस प्रकार से छोटे जगह में रहते हुए भी बड़े-बड़े परमानेंट प्रोजेक्ट में भी रुचि लेते हुए कार्य किये जा रहे है, निश्चित ही सराहनीय है। यही वजह हैं कि आज क्लब ने डिस्ट्रिक्ट के साथ ही पूरे मल्टीपल में भी अपना एक अलग स्थान बनाकर रखा हुआ है। इसके लिए मैं क्लब के सभी सदस्यो´ को बधाई देता हूं। इस अवसर पर क्लब की ओर से संरक्षक अजय धनोदिया, कलब अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, सचिव नरेंद्र अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, राजूदास दीवान उपस्थित रहे।

Continue Reading

कटघोरा

छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा – राजेश यादव

Published

on

कोरबा/कटघोरा। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने कटघोरा भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग द्वारा अटल परिसर की भूमि एवं सीमा की सुरक्षा को लेकर उठाए गए मुद्दे का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम से जुड़े किसी भी परिसर, स्मारक अथवा सम्मान का अपमान भाजपा कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

राजेश यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का ऐतिहासिक निर्णय लेकर प्रदेशवासियों के सपनों को साकार किया था। इसलिए उनके नाम से जुड़े अटल परिसर की भूमि, गरिमा और अस्तित्व पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा निर्माण कार्य स्वीकार्य नहीं है। यदि नगर पालिका द्वारा बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाना है, तो वह अटल परिसर की मूल सीमा को पूर्णतः सुरक्षित रखते हुए ही किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने जनता की भावनाओं के अनुरूप जो मांग उठाई है, वह पूरी तरह न्यायोचित एवं जनहित में है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस विषय पर उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

राजेश यादव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लें तथा अटल परिसर की मूल सीमा को पूर्णतः सुरक्षित रखते हुए ही निर्माण कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी की गई और छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सम्मान से जुड़े इस विषय की उपेक्षा की गई, तो भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ऐसे किसी भी आंदोलन से उत्पन्न होने वाली स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका प्रशासन की होगी।

राजेश यादव ने कहा कि भाजपा अटल जी के सम्मान, जनभावनाओं और छत्तीसगढ़ की अस्मिता से जुड़े किसी भी विषय पर कभी समझौता नहीं करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशभर में लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677