नई दिल्ली, एजेंसी। राहुल गांधी के इंदौर में हुए कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ पर विवाद हो गया है। BJP ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम में पीएम मोदी की मां का अपमान किया गया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को X पर पोस्ट में लिखा- कांग्रेस पार्टी कॉमेडियंस और जोकर्स की पार्टी बन गई है। वे हमेशा के लिए बाहर हो गए हैं… रेस्ट इन पीस।
शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा- राहुल और कांग्रेस पार्टी नैतिक दिवालियापन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। छात्र संवाद का इस्तेमाल PM मोदी की दिवंगत मां का मजाक उड़ाने और उनका अपमान करने के लिए करना बुनियादी मानवीय संवेदना और राजनीतिक संस्कृति की चौंकाने वाली कमी दिखाता है।
दूसरी तरफ कांग्रेस ने BJP और RSS पर शिक्षा व्यवस्था को खोखला और भ्रष्ट करने का आरोप लगाया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के साथ खड़े हैं, इसलिए सरकार से सवाल पूछ रहे हैं और जवाबदेही मांग रहे हैं।
शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने राहुल के कार्यक्रम का वीडियो X पर शेयर कर आलोचना की।
राहुल बोले- सरकार के पास दिया जलाने का पैसा, हॉस्टल का नहीं
वहीं राहुल गांधी ने इंदौर में अपने कार्यक्रम का जिक्र करते हुए X पर अपने पोस्ट के जरिए हॉस्टल की कमी का मुद्दा उठाया।
उन्होंने लिखा- कल इंदौर में एक छात्रा ने मुझसे पूछा कि सरकार के पास दिया जलाने के लिए पैसा है, हमारे हॉस्टल के लिए क्यों नहीं?
राहुल ने कहा कि गांव से शहर पढ़ने आने वाली छात्राओं को हॉस्टल नहीं मिलने पर PG में रहना पड़ता है। किराए और सुरक्षित रहने का खर्च इतना ज्यादा है कि कई लड़कियां पढ़ाई छोड़ देती हैं।
राहुल ने छात्रों से शिक्षा-रोजगार जैसे मुद्दों पर बात की
राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के पांचवें एडिशन में हिस्सा लिया। इसका विषय ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ था। यह कार्यक्रम इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी हो चुका है। इंदौर में छात्रों ने शिक्षा, भर्ती, परीक्षा, आरक्षण, हॉस्टल और रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए।
एक छात्रा ने सरकारी परीक्षाएं पास करने के बावजूद OBC आरक्षण से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया के कारण रुकी नियुक्तियों का मुद्दा उठाया। एक छात्र ने MPPSC में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने पर खुद और अन्य लोगों पर कार्रवाई होने की बात कही।
आदिवासी छात्रों ने हॉस्टल और दूसरी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का मुद्दा भी कार्यक्रम में उठा, जिस पर राहुल ने उनके आंदोलन में शामिल होने की पेशकश की। राहुल ने कहा कि शिक्षा बच्चों का अधिकार है, कोई एहसान या सुविधा नहीं।
राजगढ़ की सपना गुर्जर और यशिका ने राहुल के सामने अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में कॉमेडियन ने राहुल के साथ PM मोदी की नकल की
कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि ने PM मोदी के अंदाज से मिलते-जुलते हाव-भाव और संवाद किए। राहुल गांधी भी उनके साथ हंसते नजर आए। राहुल ने पुलकित से कहा- हाउ आर यू मोदी जी। नाइस टू मीट यू। और बताइए थोड़ा।
पुलकित ने इस दौरान कई डायलॉग्स बोले, जिन्हें प्रधानमंत्री की नकल के तौर पर देखा गया। कार्यक्रम का वीडियो कांग्रेस के X हैंडल पर शेयर किया गया। वीडियो सामने आने के बाद BJP नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई।
राहुल और पुलकित मणि ने मंच पर PM मोदी के अंदाज से मिलते-जुलते कुछ संवाद और हाव-भाव किए, जिन्हें कई लोगों ने पीएम की नकल के तौर पर देखा।
राहुल बोले- सिस्टम छात्रों के सवालों से डरता है
राहुल ने कहा कि छात्र जिज्ञासु होते हैं और संस्थानों के कामकाज, भर्ती, परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों पर सवाल पूछते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में एक ऐसा सिस्टम बन गया है, जो छात्रों के सवालों से डरता है और सवाल पूछने वाले छात्रों के बजाय अंधभक्त चाहता है।
उन्होंने इस सिस्टम की अलग-अलग परतों का जिक्र करते हुए PM मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, NSA अजित डोभाल, RSS प्रमुख मोहन भागवत और उद्योगपतियों गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी के नाम लिए। राहुल ने आरोप लगाया कि इनका देश के राजनीतिक, संस्थागत और आर्थिक क्षेत्रों के अलग-अलग हिस्सों पर प्रभाव है।
मुंबई, एजेंसी। नगालैंड की फिल्म ‘अंग’ को 2027 के ऑस्कर अवॉर्ड्स की ‘इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी में डायरेक्ट एंट्री मिल गई है। यह इस साल भारत की ओर से ऑस्कर जाने वाली दूसरे फिल्म होगी।
इसके पहले मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को भारत की ऑफिशियल एंट्री मिली थी।
दरअसल, ‘अंग’ ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) 2026 में प्लेटफॉर्म प्राइज जीता है। इसी प्राइज ने फिल्म को ऑस्कर में डायरेक्ट एंट्री दिलाई।
नगा फिल्ममेकर थेजा रियो की यह फिल्म धर्म परिवर्तन से अपनी संस्कृति बचाने की कोशिश करते एक आदिवासी व्यक्ति की कहानी है। यह इस साल TIFF में चुनी गई एकमात्र भारतीय फिल्म थी।
फिल्म में संस्कृति बचाने की कहानी
अंग कहानी 1960 के दशक के नगालैंड की है, जहां एक अमेरिकी मिशनरी के आने के बाद गांव की तस्वीर बदलने लगती है। अधिकांश ग्रामीण धर्म बदल लेते हैं और अपनी पुरानी परंपराओं को छोड़ देते हैं, जिससे गांव खाली सा हो जाता है। आदिवासी मुखिया (अंग्बा) है जो अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाए रखना चाहता है, जबकि उसका बेटा इस नई जीवनशैली और धर्म की ओर आकर्षित होने लगता है।
ऑस्कर में एंट्री के साथ 20 हजार कनाडाई डॉलर का इनाम
‘अंग’ को TIFF की प्लेटफॉर्म जूरी ने उसकी अलग सोच, बेहतरीन मेकिंग और कहानी के लिए सराहा। इस अवॉर्ड के तहत मेकर्स को 20,000 कनाडाई डॉलर का पुरस्कार मिला है। यह प्राइज हासिल करने वाली फिल्म को ऑस्कर के लिए डायरेक्ट एलिजिबिलिटी (पात्रता) मिल जाती है।
नगा कलाकारों के साथ बाफ्टा विजेता एक्टर ने किया काम
इस फिल्म में ज्यादातर कलाकार नगालैंड के स्थानीय और आदिवासी समुदाय से हैं। उनके साथ बाफ्टा अवॉर्ड ( ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार) विजेता ब्रिटिश एक्टर डगलस हेनशॉल भी अहम भूमिका में हैं। ‘अंग’ का निर्देशन थेजा रियो ने किया है और यह उनकी 2021 में आई इसी नाम की शॉर्ट फिल्म का ही बड़ा रूप है।
अंग फिल्म की कहानी 1960 के दशक के नगालैंड पर आधारित है।
फिल्म में ज्यादातर कलाकार नागालैंड के स्थानीय और आदिवासी समुदाय से हैं।
‘गोंधल’ ऑस्कर में भारत की ऑफिशियल एंट्री
मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2027) के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री चुना गया है।
मराठी लोक परम्परा पर बनी इस थ्रिलर फिल्म को ऑस्कर समारोह में ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी में भेजा जाएगा। इस बार ऑस्कर की रेस में भारत की तरफ से धुरंधर, बॉर्डर-2, हनुमान अंश समेत 33 फिल्में शामिल हुई थीं।
साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है गोंधल
2 घंटे के रनटाइम वाली यह मराठी फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की लोक परंपरा और धार्मिक अनुष्ठान ‘गोंधल’ पर आधारित एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन संतोष डावखर ने किया है।
फिल्म की कहानी नवविवाहित जोड़े आनंद और सुमन के घर पर आयोजित रात भर चलने वाले गोंधल अनुष्ठान के इर्द-गिर्द घूमती है। पूजा-पाठ और उत्सव के दौरान गांव के लोगों के बीच दबे हुए पुराने विवाद, व्यक्तिगत रंजिशें और राजनीतिक तनाव बाहर आने लगते हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को सोनिया गांधी के खिलाफ वोटर्स केस में मजिस्ट्रेट कोर्ट का एक साल पुराना फैसला पलट दिया। दरअसल 11 सितंबर 2025 को मजिस्ट्रेट ने सोनिया के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के चलते FIR दर्ज करने की मांग को खारिज कर दिया था।
याचिका एडवोकेट विकास त्रिपाठी ने दाखिल की थी। आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किया गया था, जबकि उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता हासिल की थी।
शिकायत में कहा गया कि उनका नाम 1982 में मतदाता सूची से हटा दिया गया था और 1983 में दोबारा शामिल किया गया। आरोप था कि यह दोबारा दर्ज किया जाना भी 30 अप्रैल 1983 को नागरिकता हासिल करने से पहले हुआ था।
मजिस्ट्रेट अदालत के फैसले में 3 कमियां; जज बोले- आरोपों को सही से नहीं जांचा
मजिस्ट्रेट के आदेश में इस बात पर चर्चा नहीं की गई कि 1980 में नाम कैसे शामिल हुआ, 1982 में कैसे हटाया गया और 1983 में दोबारा कैसे शामिल हुआ।
मजिस्ट्रेट ने यह तय करने के बजाय कि आरोप किसी संज्ञेय अपराध का खुलासा करते हैं या नहीं, शिकायत को जरूरी विवरण के अभाव वाला बता दिया।
मजिस्ट्रेट के आदेश में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 175(3) का पालन नहीं किया गया। इस धारा के तहत मजिस्ट्रेट किसी संज्ञेय अपराध की पुलिस जांच का आदेश दे सकता है।
11 सितंबर 2025 को मजिस्ट्रेट का आदेश, कहा था- पर्याप्त सबूत नहीं
कोर्ट ने सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने और पुलिस जांच कराने की मांग खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा कि शिकायत में धोखाधड़ी और जालसाजी के अपराध के जरूरी तथ्य/सबूत पर्याप्त रूप से नहीं दिए गए थे।
शिकायत मुख्य रूप से 1980 की मतदाता सूची की ‘फोटो कॉपी की फोटो कॉपी’ पर आधारित थी, जो प्रमाणित दस्तावेज नहीं था। कोर्ट ने कहा कि केवल आरोप लगाना, बिना जरूरी विवरण और ठोस आधार के, कानूनी रूप से पर्याप्त नहीं है।
मजिस्ट्रेट ने यह भी कहा कि नागरिकता का मामला केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। मतदाता सूची में किसी व्यक्ति को शामिल करने या हटाने की पात्रता तय करना चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र में है।
अब आगे क्या होगा?
राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामला वापस मजिस्ट्रेट के पास भेज दिया है। मजिस्ट्रेट को BNSS की धारा 175 (3) की आवश्यकताओं के अनुसार नया और कारणयुक्त आदेश देना होगा।
साथ ही, शिकायतकर्ता के तर्कों पर नए सिरे से सुनवाई करने का निर्देश दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी।
राउज एवेन्यू कोर्ट के इस आदेश का मतलब यह नहीं है कि सोनिया गांधी के खिलाफ आरोप साबित हो गए हैं। अदालत ने मजिस्ट्रेट के जांच से इनकार करने वाले आदेश को रद्द कर मामले पर नए सिरे से विचार करने को कहा है।
भारतीय नागरिकता कैसे मिलती है?
जन्म से: जन्म की तारीख और माता-पिता की नागरिकता के आधार पर नियम लागू होते हैं।
वंश से: विदेश में जन्मे व्यक्ति को माता-पिता में से किसी एक के भारतीय नागरिक होने पर नागरिकता मिल सकती है।
पंजीकरण से: भारतीय मूल के लोग या भारतीय नागरिक से विवाह करने वाले पात्र विदेशी, निर्धारित शर्तें पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं।
क्षेत्र के भारत में शामिल होने से: किसी नए क्षेत्र के भारत में शामिल होने पर वहां के लोगों को केंद्र सरकार की अधिसूचना के तहत नागरिकता मिल सकती है।
आइची-नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने जापान के नगोया में चल रहे एशियन गेम्स के दूसरे दिन 4 मेडल जीते। इनमें से 3 मेडल शूटर्स ने दिलाए। जबकि, एक मिक्स्ड मार्शल आर्टस में आया।
सोमवार को मेंस 10 मीटर राइफल के इंडिविजुअल्स इवेंट में हिमांशु ढिल्लों (252.4 अंक) को सिल्वर और रुद्रांश पाटिल (230.9 अंक) को ब्रॉन्ज मिला। चीन के शेंग लिहाओ (254.2 अंक) ने गोल्ड जीता।
टीम इवेंट में भारत ने सिल्वर जीता। पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों वाली टीम 1890.1 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। चीन (1899.9 अंक) पहले और कोरिया (1884.2 अंक) तीसरे स्थान पर रहे।
इस बीच सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्टस के विवादित मुकाबले में ब्रॉन्ज हासिल किया। यह इस खेल में एशियाड का पहला मेडल भी है।
इंडिया को महिला हॉकी और कबड्डी में भी जीत मिली। लेकिन, टेबल टेनिस में भारत की दोनों टीमों ने पाकिस्तान को हराया। खास बात यह रही कि पाकिस्तानी खिलाड़ी एक भी गेम नहीं जीत सके।
भारतीय मेंस राइफल टीम के खिलाड़ी।
भारत 12वें स्थान पर पहुंचा, चीन नंबर-1
भारत एशियन गेम्स की मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। उसके खाते में अब 4 सिल्वर समेत 6 मेडल हैं। चीन 23 गोल्ड समेत 38 मेडल लेकर पहले स्थान पर है।
जापान 8 गोल्ड समेत 32 मेडल के साथ दूसरे और साउथ कोरिया 5 गोल्ड समेत 23 मेडल के सहारे तीसरे स्थान पर है।
अब तीनों शूटरों के बारे में जानें…
रुद्रांश पाटिल: वर्ल्ड चैंपियन भारतीय शूटर
रुद्रांश बालासाहेब पाटिल का जन्म 16 दिसंबर 2003 को ठाणे, महाराष्ट्र में हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल के शूटर हैं। उन्होंने 2022 में काहिरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में इंडिविजुअल और टीम इवेंट का गोल्ड जीता। इंडिविजुअल वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले वे अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय बने। 2022 में वे 10 मीटर एयर राइफल में वर्ल्ड नंबर-1 भी रहे।
पार्थ राकेश माने: जूनियर वर्ल्ड चैंपियन
पार्थ राकेश माने का जन्म 13 नवंबर 2007 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। उन्होंने 2024 में पेरू के लीमा में ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर जूनियर वर्ल्ड टाइटल हासिल किया। इसी साल उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में सिल्वर और एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज भी जीता।
हिमांशु ढिल्लों: भारत के उभरते राइफल शूटर
हिमांशु ढिल्लों का जन्म 29 सितंबर 2005 को हुआ। वे 10 मीटर एयर राइफल शूटर हैं। 2025 में उन्होंने ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में दो गोल्ड और एक ब्रॉन्ज जीता। 2026 में एशियन चैंपियनशिप में भी दो गोल्ड अपने नाम किए। म्यूनिख में 2026 के सीनियर वर्ल्ड कप में वे 9वें रहे और क्वालिफिकेशन में 635.7 अंक बनाए।
टेबल टेनिस- भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया
टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया। तीसरे मैच में पायस जैन ने मुहम्मद खान को सीधे गेम में 11-2, 11-5, 11-7 से हराया।
भारत ने ईरान से मिली हार के बाद जीत की राह पर वापसी की है। भारत टीम इवेंट के क्वार्टर फाइनल में लगभग पहुंच चुका है।
वुशु- आर्यन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
वुशु के पुरुष 56 किग्रा वर्ग में भारत के आर्यन ने अफगानिस्तान के शाहजादा सफी को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आर्यन का अगला मुकाबला कल होगा।
टेबल टेनिस- हरमीत देसाई जीते, भारत ने पाकिस्तान पर बढ़त बनाई
टेबल टेनिस में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली है। हरमीत ने खान को सीधे गेम में 11-4, 11-3, 11-5 से हराया।
मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया। अब दूसरे सिंगल्स में जी. साथियान का सामना अब्बास खान से होगा।
वुशु- भारत की रोशिबिना देवी क्वार्टर फाइनल में
भारत की रोशिबिना देवी ने वुशु की महिला 60 kg वेट कैटेगरी में बांग्लादेश की मोस्ट खातून को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
रोशिबिना का सेमीफाइनल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा। वे एशियन गेम्स में दो मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने जकार्ता में ब्रॉन्ज और हांगझोउ में सिल्वर मेडल जीता था
डबल मेडल के साथ हिमांशु
भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार दूसरी जीत
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में इंडोनेशिया को 17-1 से हराया। काकामिगाहारा में पूल-बी के मुकाबले में दीपिका सेहरावत, रुतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने 3-3 गोल किए। भारत की यह लगातार दूसरी जीत है।
तैराकी: श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक में आखिरी स्थान पर रहे
श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में आखिरी स्थान पर रहे। उन्होंने 25.52 सेकंड का समय निकाला।चीन के जू जियायु ने 24.04 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता।
बैडमिंटन : भारतीय मेंस टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराया
भारतीय मेंस बैडमिंटन टीम ने ग्रुप स्टेज के मैच में बांग्लादेश को 3-0 से हराया दिया। तीसरे मैच में किदांबी श्रीकांत ने अल-अमीन जुमार को 21-15, 21-9 से हराया। दूसरा गेम सिर्फ 9 मिनट चला।
इससे पहले आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन ने अपने-अपने मैच जीते। इस जीत के साथ टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। जहां भारत का सामना जापान से होगा।
कबड्डी: भारत ने जापान को 49-24 से हराया
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने पहले ग्रुप मैच में मेजबान जापान को 49-24 से हराया। टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में भारत ने हाफ टाइम तक 31-9 की बढ़त बना ली थी।
टीम ने दूसरे हाफ में 18 अंक और जोड़े। टीम ग्रुप ए में जापान, दक्षिण कोरिया, चाइनीज ताइपेई और बांग्लादेश के साथ है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को दक्षिण कोरिया से होगा।
मुकाबले से पहले भारतीय कबड्डी टीम।
सॉफ्ट टेनिस: जय-आध्या की जोड़ी क्वार्टर फाइनल से चूकी
जय मीणा और आध्या तिवारी सॉफ्ट टेनिस के मिक्स्ड डबल्स इवेंट के पहले राउंड में हार गई है। भारतीय जोड़ी क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी। उसे फिलीपींस के शेरविन नुगुइट और क्रिस्टी सैनोसा ने 5-2 से हराया। इस मैच का सेट स्कोर 4-2, 2-4, 2-4, 3-5, 2-4, 5-3, 6-8 रहा।
मैच में पॉइंट सेलिब्रेट करते जय-आध्या।
सुचिका की हार के बाद विवाद
सुचिका की हार पर विवाद खड़ा हो गया है। सुचिका के कोच निखिल कुंदर ने बताया कि तय समय तक मैच बराबर था।’
कुंदर ने कहा- ‘एक जज ने भारत के पक्ष में फैसला दिया, जबकि 2 ने एक्स्ट्रा राउंड में सिंगापुर की खिलाड़ी को विजेता माना। निखिल ने कहा, ‘हमने फैसले को चुनौती दी है। उम्मीद है कि इससे अंतिम नतीजा बदलेगा।’
यह है नियम?
मैच ड्रा होने पर कम वजन वाले खिलाड़ी को विजेता माना जाता है। सिंगापुर की खिलाड़ी का वजन सुबह के वेट इन में सुचिका से 700 ग्राम कम था, इसलिए उन्हें विजेता घोषित कर फाइनल में भेज दिया गया।
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स : सुचिका ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
सुचिका तारियाल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा कैटेगरी का सेमीफाइनल मैच हार गईं। उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
सुचिका को सिंगापुर की हुई हून टियो ने 2-0 से हराया। नतीजे के बाद सुचिका भावुक हो गईं। उन्होंने अंपायर्स के फैसले को चैलेंज किया।
मेडल के साथ सुचिका तरियाल।
बॉक्सिंग: सुमित राउंड ऑफ-16 में पहुंचे
सुमित ने बॉक्सिंग के मेंस 70 kg में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को हराया। वे राउंड ऑफ-16 में पहुंच गए हैं। सुमित ने तीसरे राउंड में संभलकर खेलते हुए 5-0 से जीत दर्ज की। वह पूरे मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी से ज्यादा प्रभावी रहे।
रेफरी ने सुमित को सर्वसम्मत से विजेता घोषित किया।
टेबल टेनिस- भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया
भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने ग्रुप-एफ में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर टॉप किया।
सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान को 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद 17 साल की सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हराकर स्कोर 2-0 कर दिया।
श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर भारत की जीत पक्की की। श्रीजा ने केवल 11 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले ग्रुप में इंडोनेशिया और सिंगापुर को हराया था।
मैच खत्म होने के बाद सुतीर्था और अलीना ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया।