परिजन बोले- बेटी को दुल्हन बनाकर भेजा, लाश ले जा रहे, ससुरालवालों पर हत्या का आरोप
रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार की रहने वाले विवाहिता की जबलपुर में दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। महिला के परिजन ने ससुराल पक्ष पर दहेज के चलते मारपीट और हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेटी को दुल्हन बनाकर यहां भेजा था। आज लाश लेकर जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, महिला अनमोल आहूजा (25) भाटापारा की रहने वाली थी। जबलपुर निवासी विपुल आहूजा से तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। दोनों की डेढ़ साल की बेटी है।
सूचना मिलने पर रायपुर से परिजन शुक्रवार सुबह जबलपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बेटी के पूरे शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। वह आत्महत्या नहीं कर सकती। गढ़ा थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान निजी अस्पताल में अनमोल की मौत हो गई।
पिता बोले- हैसियत से बढ़कर दहेज दिया
महिला के पिता मुरली खत्री ने बताया कि, तीन साल पहले बेटी की धूमधाम से शादी की। हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। शादी के कुछ महीने तो ठीक से बीते। लेकिन उसके बाद ससुरालवालों ने अनमोल के साथ मारपीट शुरू कर दी। दो बार अनमोल का हाथ तोड़ दिया गया। इसके बाद भी वह चुप रही।
आधी रात फोन पर बेटी बोली- पति पीट रहा है
पिता ने बताया कि, गुरुवार रात करीब 12 बजे अनमोल ने फोन करते हुए बताया कि पति उसके साथ मारपीट कर रहा है। तुरंत जबलपुर आ जाओ। मैंने बेटी से सुबह तक जबलपुर आने की बात कही। रात डेढ़ बजे उसके चाचा ससुर का फोन आया कि अनमोल छत से गिर गई है। अस्पताल में भर्ती है। पिता ने कहा कि उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका और फिर गंभीर हालत में अस्पताल में छोड़कर भाग गए।
रायपुर से जबलपुर पहुंचे परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या करने का आरोप।
डेढ़ साल की नातिन का भी कुछ पता नहीं
महिला के परिजन ने बताया कि, आज जैसे ही यहां आए तो पता चला कि बेटी एक निजी अस्पताल में भर्ती है। वहां जाकर देखा तो वह अकेले ही आईसीयू में थी। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने कहा कि जब यहां पर आए तो ससुराल पक्ष से कोई नहीं था। उनकी डेढ़ साल की नातिन का भी कुछ पता नहीं है।
शराब पीकर आए दिन मारपीट करता था पति
महिला के पिता मुरली खत्री का कहना है कि, विपुल शराब पीकर अनमोल के साथ आए दिन मारपीट करता था। तीन बार दोनों के बीच समझौता हुआ। रायपुर आकर विपुल ने यह भी कबूल किया था कि वह अब दोबारा कभी शराब नहीं पिएगा और ना ही अनमोल के साथ मारपीट करेगा।
अनमोल के भाई ने बताया कि तीन बार समझौता किया था विपुल ने फिर भी मारपीट करता था।
भाई बोला- हमारे आने से पहले कर दी हत्या
महिला के भाई सुनील ने कहा कि, 22 साल तक बहन को नाजो से पाला था। अनमोल की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है। इसकी जानकारी जबलपुर पुलिस को भी दी। लेकिन पुलिस ने अस्पताल आकर बयान दर्ज नहीं किया है। हम अनमोल को साथ ले जाने के लिए तैयार थे। उसका कहना था कि सब कुछ ठीक हो जाएगा, पता नहीं था कि उसकी हत्या कर दी जाएगी।
सीएसपी को सौंपी मामले की जांच
एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि, मामले की जांच सीएसपी गढ़ा को सौंपी गई है। परिजनों का आरोप है कि उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंका गया है। इसकी भी जांच करवाई जा रही है। पीएम रिपोर्ट से खुलासा होगा कि अनमोल की मौत कैसे हुई है।
जांजगीर-चांपा,एजेंसी। जांजगीर चांपा जिले में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से स्कूली वाहनों की जांच की। रक्षित केंद्र जांजगीर में आयोजित शिविर में कुल 72 स्कूली वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में सबसे पहले वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया गया। वाहनों की भौतिक जांच के साथ रजिस्ट्रेशन, परमिट, बीमा और चालक लाइसेंस की 12 बिंदुओं पर जांच की गई।
जांच के दौरान 9 स्कूल वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 5900 रुपए का जुर्माना लगाया गया। चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण में 4 चालकों में आंखों से संबंधित समस्याएं पाई गईं। इन्हें सिम्स अस्पताल बिलासपुर जाने की सलाह दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने स्कूली वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने तेज रफ्तार से बचने, सीट बेल्ट का उपयोग करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की हिदायत दी।
कोरबा,एजेंसी। कोरबा जिले में एक्स बॉयफ्रेंड ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के सीने में चाकू मारा है। सिविल लाइन के डिंगापुर रिक्शा पारा में शनिवार (7 जून) को पीड़िता और उसकी मां पूर्व प्रेमी राहुल सारथी (19 साल) के घर उसे समझाने गए थे कि वह उनकी बेटी से दूर रहे, तभी उसने मारपीट की। इसी बीच बचाव करने आई मां को भी चोट लगी है।
मामला रामपुर थाना क्षेत्र का है। राहुल का लड़की के घर आना-जाना था। वह छोटी-छोटी बातों पर टोकता और शक के चलते मारपीट करता था। परेशान होकर रिलेशनशिप के 1 साल बाद लड़की ने उससे ब्रेकअप कर लिया। इसके बाद भी राहुल ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। पीड़िता का कहना है कि, लड़के ने जेल से छूटने के बाद भी मारने की धमकी दी है।
नाबालिग के सीने में टांके लगे है।
आरोपी राहुल सारथी ने ये फोटो अपने इंस्टाग्राम पेज पर डाली है।
नाबालिग लड़की ने क्या कहा?
वह अक्सर घर आकर गाली-गलौच और मारपीट करता था। उसका कहना है कि तू किसी और कि नहीं हो सकती न होने दूंगा क्योंकि तेरे चक्कर में मोहल्ले और घर में बदनाम हो चुका हूं इसलिए तु मेरे को छोड़कर नहीं जा सकती।
आगे नाबालिग ने बताया कि, मेरे चेहरे पर वो पहले भी मारा है। आंख के ऊपर टांके आए थे, इस बार फिर मारा है तो सीने में टांके आए है। राहुल कुछ काम नहीं करता था। अभी भी वह धमकी दिया है कि जेल से निकल के फिर मारुंगा। वह धमकी देता था कि वह किसी और की नहीं हो सकती। राहुल के पिता स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी करते हैं।
बता दें कि पीड़िता के शरीर पर पहले से भी कई चोटों के निशान हैं। परिजनों की शिकायत के बाद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच की बात कही है।
कोरबा,एजेंसी। कोरबा जिले में एक कॉलेज छात्रा ने रायपुर-कोरबा मेमू ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। 7 जून की सुबह श्वेता रात्रे (22 साल) का शव ट्रैक पर मिला। घटना उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा समपार फाटक से 500 मीटर दूर की है।
श्वेता पहंदा की रहने वाली थी। कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और पढ़ने-लिखने में होशियार थी। वह घर के कामकाज में भी मदद करती थी। शुक्रवार रात को उसने परिवार के लिए खाना बनाया और खिलाने के बाद अपने कमरे में चली गई।
श्वेता के पिता प्रेम लाल रात्रे किसान हैं। श्वेता उनकी इकलौती बेटी थी और एक बेटा भी है। परिवार को नहीं पता कि श्वेता ने यह कदम क्यों उठाया।
ट्रेन गुजरने के बाद ग्रामीणों ने शव देखा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह जब रायपुर-कोरबा मेमू ट्रेन पहंदा से गुजरी, उसके कुछ देर बाद ग्रामीणों को ट्रैक पर शव मिला। स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई। इसके बाद रेलवे आरपीएफ और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सुसाइड के कारणों के जांच में जुटी पुलिस
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस श्वेता का मोबाइल फोन जब्त कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। उरगा थाना पुलिस ने अभी तक परिजनों का बयान दर्ज नहीं किया है।