Connect with us

कोरबा

निगम का बजट भारी बहुमत से पारित : बजट सहित कुल 03 प्र्रस्ताव बहुमत से, 05 प्रस्ताव सर्वसम्मति से किये गये पारित, वहीं 01 प्रस्ताव को रखा गया होल्ड पर

Published

on

कोरबा। आज सम्पन्न नगर पालिक निगम कोरबा के साधारण सम्मिलन में पुनरीक्षित बजट वर्ष 2025-26 एवं बजट वर्ष 2026-27 भारी बहुमत से पारित किया गया, इस पर केवल 04 सदस्यों ने हाथ उठाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसी प्रकार निगम के बजट सहित कुल 03 प्रस्ताव बहुमत से पास किये गये, जबकि 05 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुये, वहीं बुधवारी बाजार पुनर्विकास परियोजना संबंधी 01 प्रस्ताव फिलहाल होल्ड पर रखा गया है।

नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर की अध्यक्षता तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत व आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की विशिष्ट उपस्थिति में निगम के पं.जवाहरलाल नेहरू सभागार में आज बुधवार को निगम का साधारण सम्मिलन आयोजित किया गया। सम्मिलन के प्रारंभ में पार्षदों द्वारा पूछे गये प्रश्न एवं उनके उत्तर सदन के समक्ष रखे गये, वहीं साधारण सभा की इतिहास में पहली बार 30 मिनट का ध्यानाकर्षण का समय भी आरक्षित किया गया था, 05 सदस्यों द्वारा विभिन्न विषयों पर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, उन पर चर्चा हुई तथा उठाये गये प्रश्नों के उत्तर सदन में प्र्रस्तुत किये गये।
आज सम्पन्न बैठक में सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित पेंशन योजना की स्वीकृति की पुष्टि संबंधी प्र्रस्ताव सर्वसम्मति से, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना की स्वीकृति की पुष्टि संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना की स्वीकृति की पुष्टि संबंधी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया, वहीं एजेंडे के बिन्दुु क्र. 06 में उल्लेखित बुधवारी बाजार पुनर्विकास परियोजना से जुडे़ प्रस्ताव को होल्ड पर रखा गया। 
इसी प्रकार डी.बी.एफ.ओ.टी. मोड पर पी.पी.पी. आधार पर कोरबा नगर निगम में मुड़ापार तालाब के डिजाईन, विकास, वित्त पोषण संचालन प्रबंधन और रखरखाव के लिये रियायतग्राही के चयन के लिये प्रस्ताव हेतु अनुरोध का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया, वहीं डी.बी.ओ.टी. पी.पी.पी.माडल अंतर्गत 15 वर्ष की लाईसेंस अवधि के लिये ए.टी.एम./दैनिक उपयोग की दुकान व अन्य सुविधा के साथ-साथ संचालन व संधारण सहित वातानुकूलित बस क्यू.शेेल्टर निर्माण संबंधी प्रस्ताव को भी बहुमत से पास किया गया। 
स्व.केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता वर्ष 2026 के आयोजन हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने  संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से एवं नगरीय क्षेत्रों में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग सामाजिक प्रस्थिति के प्रमाणीकरण की नियम 2013 के तहत जाति प्रमाण पत्र जारी करने संबंधी प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से सदन द्वारा पारित किया गया। 
तत्पश्चात महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत द्वारा नगर पालिक निगम कोरबा के वित्तीय वर्ष 2025-26 का पुनरीक्षित बजट एवं वर्ष 2026-27 के अनुमानित आम बजट को सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, महापौर श्रीमती राजपूत ने सदन में अभिभाषण प्रस्तुत किया, बजट पर विस्तार से चर्चा हुई, सदन में तत्समय उपस्थित कुल सदस्यों में से 04 सदस्यों ने हाथ उठाकर बजट पर अपना विरोध दर्ज कराया, अंत में नगर पालिक निगम कोरबा का पुनरीक्षित बजट वर्ष 2025-26 एवं बजट वर्ष 2026-27 भारी बहुमत के साथ पारित किया गया।
Continue Reading

कोरबा

कोरबा में 2 पक्ष सड़क पर भिड़े:पुरानी रंजिश में जमकर चले लात-घूंसे, दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज

Published

on

कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के घंटाघर मुख्य रोड पर सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। दो पक्षों के बीच हुई इस झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक की मुक्कों से जमकर पिटाई की जा रही है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद फिर विवाद शुरू हो गया।

मारपीट करने वालों में रवि शंकर सहित आसपास के रहने वाले अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुरानी रंजिश के कारण दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, कार्रवाई जारी

सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। मारपीट के वायरल वीडियो के आधार पर धारा 151 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

तीन दिन में तीसरी घटना, लोगों में दहशत

पिछले तीन दिनों में कोरबा में मारपीट की यह तीसरी घटना है। इससे पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास एक कॉलोनी में शराब के नशे में एक युवक ने गार्ड की पिटाई की थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

इसके अलावा, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर नशे में स्कॉर्पियो चालक की कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते पिटाई की थी। उस मामले में भी पुलिस ने दोनों पक्षों पर कार्रवाई की थी।

घंटाघर पर हुई ताजा घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

Continue Reading

कोरबा

हाइड्रोलिक जैक टूटने से ट्रेलर पलटा, एक की मौत:कोरबा के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में गिट्टी खाली करते हादसा

Published

on

कोरबा। कोरबा के रजगामार चौकी इलाके में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी से भरा ट्रेलर खाली करते समय उसका हाइड्रोलिक जैक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

इस हादसे में 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले की मौके पर ही मौत हो गई, जो पास खड़े ट्रेलर का स्टेपनी बदलवा रहा था। वह मूल रूप से बिहार के रहने वाला था और कोरबा में काम कर रहा था। घटना के तुरंत बाद ट्रेलर का चालक मौके से फरार हो गया।

इस हादसे के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह दुर्घटना लापरवाही के कारण हुई है, क्योंकि साइट इंचार्ज मौके पर मौजूद नहीं था और वाहन को अकेले ही खाली किया जा रहा था।

शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके रिश्तेदार बिहार से कोरबा पहुंच रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों ने की जांच की मांग

मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद कैसर ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा कि युवक की मौत हो चुकी थी और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा चुकी थी। कैसर ने घटना की परिस्थितियों पर जांच की मांग की और लापरवाही की आशंका जताई।

मौके पर मौजूद गार्ड इंचार्ज हरिद्वार सिंह ने बताया कि गिट्टी खाली करते समय यह घटना हुई। उन्होंने खुद फील्ड पर काम करते हुए इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहीं, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

मुर्गी के बच्चों को बनाया अपना शिकार, जितेंद्र सारथी के टीम के किया रेस्क्यु

Published

on

कोरबा। कोरबा जिला के रिश्दी क्षेत्र में डॉ. शतदल नाथ के फार्म हाउस में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब सुबह देख रेख करने वाला व्यक्ति मुर्गियों को दाना देने गया, तब मुर्गी के बाड़े में घुसे सांप को चूज़े को खाते हुए देखा।

जितेंद्र सारथी के टीम के किया रेस्क्यु

डरा सहमा व्यक्ति डर से बाहर भाग खड़ा हुआ फिर डॉ. शतदल नाथ को जानकारी होते ही तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को दिया। कुछ देर बाद जितेंद्र सारथी अपने टीम के सदस्य साहिल के साथ पहुंचे और बड़ी सावधानी से 8 फीट लंबे धमना सांप को रेस्क्यु कर बाड़े से बाहर निकाला गया , उसी वक्त शिकार किए हुए 3 मुर्गी के बच्चों को उगल दिया, फिर आखिकार सांप को थैले में डाला गया तब जाकर सभी ने राहत भरी सांस लिया, फिर सांप को उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।

डॉ. शतदल नाथ ने बताया पहले भी सांप हमारे घर और फॉर्म हाउस में घुस जाने से रेस्क्यु टीम ने मदद किया था, जितेंद्र सारथी सदैव समाज के लिए तत्पर रहते हैं, जो सूचना मिलते ही परिवार की मदद करने पहुंच जाते हैं, रेस्क्यु टीम का कार्य बहुत ही सराहनीय हैं।

जितेंद्र सारथी ने बताया कुछ समय से लगातार सांप निकलने की सूचना बढ़ी हैं, जिसके कारण लोगों को थोड़ा सावधान रहने की आवश्यकता हैं, साथ ही जब भी सांप घर में घुस जाएं तो रेस्क्यु हेल्प लाइन नंबर 8817534455 पर कॉल कर के सूचना दे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677