यातायात व्यवस्था सुधारने, ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
स्कूल कालेजों में सड़क सुरक्षा के प्रति विविध जागरूकता गतिविधियों आयोजित करने किया निर्देशित
शिविर आयोजित कर भारी व हल्की वाहन चालकों का प्राथमिकता से कराएं नेत्र परीक्षण – कलेक्टर
सड़क निर्माण की धीमी प्रगति पर ईई पीडब्ल्यूडी को दिया नोटिस कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित व सुगम बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुगमता तथा सड़क मरम्मत व सुधार संबंधी विषयों पर गहन समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटनाजन्य स्थानों पर प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए । बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा सभी एसडीएम सहित यातायात, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल्को, एसईसीएल एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने बैठक में जिले में चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट व दुर्घटना जन्य क्षेत्रो की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर अविलंब सुधार कार्य किया जाए। साथ ही सड़कों में आवश्यक स्थानों में मरम्मत कार्य और संकेतकों की व्यवस्था प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इन क्षेत्रों पर ब्रेकर्स, स्पष्ट साइनेज, रेडियम पट्टियाँ, तथा पेड़ों और झाड़ियों की छटाई कर दृष्टि बाधाओं को प्राथमिकता से दूर करने निर्देश दिए। राजकीय राजमार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग में जुड़ने वाली सड़कों पर ब्रेकर लगाने के लिए कहा। कलेक्टर श्री दुदावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी व पीएमजीएसवाई विभाग अंतर्गत सड़क निर्माण व मरम्मत कार्यो के प्रक्रियाधीन टेंडर को जल्द पूरा कराने एवं काम शुरू कराने के निर्देश दिए साथ ही प्रगतिरत निर्माण कार्यो को समय सीमा पर पूर्ण कराने निर्देशित किया। उन्होंने राजमार्गो के तकनीकी खामियों वाले स्थलों पर सुधारात्मक उपाय लागू करने हेतु अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्र में आवागमन की सुगम व्यवस्था हेतु सड़क पर हाई मास्ट व स्ट्रीट लाइट स्थापित करने के निर्देश भी दिए। खाद्य अधिकारी को सभी पेट्रोल पम्पों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरों की स्थापना करने का भी निर्देश प्रदान किया गया, जिससे यातायात निगरानी और सुरक्षा दोनों और सुदृढ़ हो सकें। उन्होंने जिला स्तरीय समिति का गठन कर ब्लैक स्पॉट व अन्य दुर्घटना-जन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने निर्देशित किया। साथ ही सड़क सुरक्षा को अधिक मजबूत बनाने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने की बात कही। उन्होंने सार्वजनिक उपक्रमों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्राधिकार में आने वाली सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए साथ ही यथा स्थानों में सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने, सड़को की मरम्मत व रख रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने नो पार्किंग क्षेत्रो में भारी वाहनों के खड़े होने पर गम्भीरता से प्रतिबंध लगाने की बात कही। बैठक में कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को लेकर आमजनों एवं विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने हेतु स्कूल एवं कॉलेजों में प्रति सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। शैक्षिक संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड के सदस्यों को शामिल कर सड़क सुरक्षा पर आधारित रंगोली, नुक्कड़ नाटक, क्विज, निबंध आदि गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही। उन्होंने जिले में शिविर का आयोजन कर वाहन चालकों के नेत्र जांच कराने के निर्देश दिए। पूरे साल नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर ट्रक, बस जैसे भारी वाहन चालकों सहित हल्की वाहन चालकों, ऑटो संघ व ड्राइवर संघ के सदस्यों एवं आमजनों का दृष्टि परीक्षण कराना सुनिश्चित करने के लिए कहा। जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। कलेक्टर ने सभी अधिकारियो को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा उपायों तथा ट्रैफिक नियमों के अनुपालन को लेकर अधिकारियों को और अधिक सतर्क रहना है ताकि जिले की सड़कें और अधिक सुरक्षित व दुर्घटना-रहित बन सकें।
कोरबा। छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की कोरबा इकाई द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व राजस्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल से सौजन्य भेंट की गई। इस अवसर पर संघ की और से उन्हें पूर्व सामाजिक कार्य की स्मृति संग्रह भेंट किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला अध्यक्ष विपेंद्र कुमार साहू, जिला सचिव जय सिंह नेताम एवं कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर अन्य पदाधिकारियों सहित मॉर्निंग वॉक टीम उपस्थित थी।
विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी, ड्राइंग प्रतियोगिता में दिखी बच्चों की रचनात्मकता
कोरबा/पाली। इंडियन पब्लिक स्कूल, पाली में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज विशेष रोड सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, ट्रैफिक सिग्नल एवं सड़क संकेतों को समझने तथा दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के महत्व के बारे में बताया गया। बच्चों को यह भी समझाया गया कि सड़क पर जल्दबाजी एवं लापरवाही से बचना चाहिए और हमेशा सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं रचनात्मक बनाने के लिए विद्यार्थियों के बीच रोड सेफ्टी ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला-कौशल के माध्यम से सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सुरक्षित यात्रा से संबंधित आकर्षक चित्र बनाए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चित्रों के माध्यम से समाज को सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
विद्यालय की प्रिंसिपल संतोष देवनाथ ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने माता-पिता एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। वहीं एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्र ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के लिए आवश्यक व्यवहारिक ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना भी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। रोड सेफ्टी जागरूकता एवं ड्राइंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने सुरक्षित यातायात का संदेश देते हुए कार्यक्रम को सफल एवं सार्थक बनाया।
हॉट मेटल की सीधी आपूर्ति से बढ़ेगा डाउनस्ट्रीम उद्योग, रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा कोरबा/बालकोनगर। बालको उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ कोरबा को एल्युमिनियम डाउनस्ट्रीम उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है। विस्तारित परियोजना पूरी होने के बाद बालको की एल्युमिनियम उत्पादन क्षमता 10 लाख टन प्रति वर्ष हो जाएगी, जिससे वेदांता एल्युमिनियम की कुल क्षमता लगभग 28.5 लाख टन प्रति वर्ष पहुंच जाएगी और समूह दुनिया का चौथा सबसे बड़ा एल्युमिनियम उत्पादक बन जाएगा। उक्त बातें मीडिया से चर्चा के दौरान बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व पूर्णकालिक निदेशक (सीईओ) राजेश कुमार सिंह ने कही। श्री सिंह ने बताया कि निजीकरण के समय बालको की उत्पादन क्षमता केवल एक लाख टन थी। लगातार निवेश और आधुनिक तकनीक के उपयोग से इसे पांच लाख टन तक पहुंचाया गया। नए स्मेल्टर की स्थापना के बाद उत्पादन क्षमता बढ़कर 10 लाख टन प्रति वर्ष हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विस्तार केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं होगा, बल्कि कोरबा को देश के प्रमुख एल्युमिनियम केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा एल्युमिनियम पार्क के निर्माण से यहां स्थापित होने वाले लघु और मध्यम उद्योगों को सीधे हॉट मेटल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे परिवहन लागत घटेगी और मूल्य संवर्धित एल्युमिनियम उत्पादों का निर्माण बढ़ेगा। इससे स्थानीय रोजगार और औद्योगिक निवेश को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय समाज का विकास भी समान रूप से होना चाहिए। इसी सोच के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार निवेश किया जा रहा है, ताकि औद्योगिक विकास का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंच सके। बर्रा कोल ब्लाक को 2028 तक विकसित करने का लक्ष्य सीईओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ ऊर्जा और कोयले की आवश्यकता भी बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ जिले के बर्रा कोल ब्लाक को वर्ष 2028 तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने पर कंपनी की बाहरी स्रोतों से कोयला खरीद पर निर्भरता कम होगी। वर्तमान में बालको अपने कैप्टिव बिजली संयंत्र से आवश्यकता पूरी करने के बाद लगभग 300 मेगावाट अतिरिक्त बिजली खुले बाजार में बेच रहा है। बालको में भी कैंसर उपचार सुविधा विकसित करने की संभावना पर विचार राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वेदांता समूह के रायपुर स्थित कैंसर अस्पताल की तर्ज पर बालको क्षेत्र में भी विशेष कैंसर उपचार सुविधा विकसित करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव का तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। योजना साकार होने पर कोरबा और आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। फोरलेन निर्माण के लिए बालको उपलब्ध करा चुका है 30 करोड़ श्री सिंह ने कहा कि परसाभाटा से रूमगरा तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बालको, प्रशासन को 30 करोड़ रुपए उपलब्ध करा चुका है। बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। सड़क बनने से भारी वाहनों का दबाव कम होगा और बालको क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से राहत मिलेगी।