मुंबई, एजेंसी। एक्टर प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार आज मुंबई की बेस्ट कॉलोनी के पास गोरेगांव (पश्चिम) में किया जा रहा है। अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
लगान और गजनी समेत कई फिल्मों में नजर आने वाले प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में मंगलवार शाम को निधन हो गया। इसी बीच आमिर खान और रजा मुराद समेत कई सेलेब्स प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने बताया था कि एक्टर कैंसर से पीड़ित थे। उन्हें यह बीमारी दोबारा लौट आई थी। पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था।
प्रदीप रावत की आखिरी हिंदी फिल्म छावा थी, जो 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई थी।
महाभारत में अश्वत्थामा का रोल निभाया था
प्रदीप रावत ने एक्टिंग करियर की शुरुआत बीआर. चोपड़ा के टीवी शो महाभारत से की थी। वे अश्वत्थामा के रोल में नजर आए थे। प्रदीप ने इसके बाद हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में काम किया।
हिंदी सिनेमा में वे लगान, सरफरोश, गजनी और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। तेलुगु फिल्म सई (Sye) से उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखा और कई यादगार विलेन के किरदार निभाए।
फिल्म गजनी में प्रदीप रावत का किरदार आमिर खान के किरदार की गर्लफ्रेंड की हत्या कर देता है।
तमिल फिल्म गजनी (2005) में उनके डबल रोल को काफी पसंद किया गया। बाद में उन्होंने इसी भूमिका को हिंदी रीमेक गजनी में भी निभाया। इसके अलावा उन्होंने कन्नड़ फिल्म पैरोडी, मलयालम फिल्म चाइना टाउन, बंगाली फिल्म हीरो 420 और भोजपुरी फिल्म क्रैक फाइटर में भी एक्टिंग की थी।
आमिर खान को बहन ने डांट दिया था
फिल्म लगान में देवा का किरदार पहले एक्टर मुकेश ऋषि को ऑफर हुआ था, लेकिन साउथ की कई फिल्मों में व्यस्त होने के कारण उन्होंने यह फिल्म नहीं की। इसके बाद यह रोल प्रदीप रावत को मिला था।
दरअसल, फिल्म सरफरोश में प्रदीप रावत का काम देखकर आमिर खान काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने आधी रात करीब 12 बजे प्रदीप के घर के लैंडलाइन पर फोन किया। उस समय प्रदीप घर पर नहीं थे। उनकी बहन ने फोन उठाया। ‘मैं आमिर खान बोल रहा हूं’ सुनकर उन्होंने इसे प्रैंक कॉल समझा। उन्होंने डांटते हुए कहा, ‘क्यों बदमाशी कर रहे हो?’
फिल्म लगान में प्रदीप रावत ने देवा सिंह सोढ़ी का किरदार निभाया था, जो आमिर खान की क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा बनता है।
बाद में आमिर ने लेखक उमाशंकर पाठक से बात कराई, जिन्हें परिवार पहचानता था। तब सबको यकीन हुआ कि फोन सच में आमिर खान का है। आमिर ने प्रदीप को अगले दिन ऑफिस बुलाकर फिल्म का कॉन्ट्रैक्ट साइन कराया और साइनिंग अमाउंट का चेक दिया। फिर इस तरह उन्हें फिल्म लगान में काम मिला था।
प्रदीप रावत के कारण सलमान को नहीं मिली गजनी
27 मार्च 2025 को मुंबई में फिल्म सिकंदर की प्रेस मीट के दौरान सलमान से पूछा गया था कि क्या वाकई आमिर से पहले आपको गजनी मिली थी। इस पर एक्टर ने कहा था, ‘मैंने भी सुना है। मैंने ये प्रदीप से सुना है। हम उसे गजनी बुलाते हैं। वो मेरे दोस्त हैं। हमने 4-5 फिल्में साथ की हैं। उसने एक बार कहा था, मुरुगदास (गजनी के डायरेक्टर) बहुत अनुशासित हैं, इतने सिंसियर हैं, सलमान कैसे काम कर लेगा उनके साथ, सलमान को गुस्सा बहुत आता है।’
सलमान ने आगे कहा, ‘मतलब वो मेरे साथ 5 पिक्चरें कर चुका है, उसके बाद वो ये बोलता है। उसके बाद मैं बेचारे से मिला ही नहीं। मिलेगा तो उससे पूछूंगा कि मैं कब गुस्सा हुआ तेरे से।’
सलमान खान और प्रदीप रावत ने बागी (1990), पत्थर के फूल (1991) और संगदिल सनम (1994) जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है।
सोनू सूद ने प्रदीप रावत को दी श्रद्धांजलि
एक्टर सोनू सूद ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रदीप रावत की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर कर लिखा, ‘प्रदीप रावत भाई, आपकी कमी हमेशा महसूस होगी। आप हमेशा याद आएंगे।’
सोनू सूद की पोस्ट।
यशपाल शर्मा की पोस्ट।
प्रदीप रावत की 2 शादियां हुई थीं
प्रदीप रावत की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनकी दो शादियां हुईं। NBT की रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी पहली शादी ज्यादा समय तक नहीं चली और करीब साढ़े पांच महीने में दोनों का तलाक हो गया। प्रदीप रावत ने बताया था कि पहली पत्नी ने उन पर और उनके परिवार पर झूठे आरोप लगाए थे, हालांकि बाद में मामला खत्म हो गया।
इसके बाद उनकी मुलाकात साउथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कल्याणी रावत से हुई। दोनों ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट किया और साल 2006 में शादी कर ली। इस शादी से उनका एक बेटा है, जिसका नाम विक्रमादित्य रावत है।
प्रदीप रावत की पत्नी कल्याणी रावत के साथ पुरानी तस्वीर।
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया :36 राज्यों-UTs की लिस्ट जारी, संजय भाटिया राजस्थान, बिप्लब देव एमपी के भाजपा प्रभारी, 5 चेहरों को दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी
नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा ने बुधवार को 36 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी के नए प्रभारियों और 24 राज्यों में सह-प्रभारियों का ऐलान किया। संजय भाटिया को राजस्थान और बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में पहले डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल प्रभारी थे। वहीं, मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी डॉ. महेंद्र सिंह के पास थी।
नई लिस्ट के मुताबिक, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है। तीन अन्य नेताओं को भी दो-दो राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। बिहार में हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है। यूपी में 4 सह-प्रभारी नियुक्त हुए हैं।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के प्रभारी नहीं बदले हैं। विनोद तावड़े उत्तर प्रदेश, सतीश पूनिया पंजाब और तरुण चुघ गुजरात के प्रभारी बने रहेंगे। इन तीनों नेताओं की नियुक्ति 18 अगस्त को ही की गई थी। उस समय पार्टी ने कहा था कि बाकी राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारी बाद में नियुक्त किए जाएंगे।
अब नई लिस्ट में इन तीनों राज्यों और उनके प्रभारियों के नाम फिर से शामिल किए गए हैं। ये तीनों राज्य 2027 में विधानसभा चुनाव वाले 7 राज्यों में शामिल हैं। इनके अलावा उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश में अगले साल चुनाव होंगे।
12 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में कोई सह-प्रभारी नहीं
12 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में भाजपा ने कोई सह-प्रभारी नियुक्त नहीं किया है। इसमें अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा नगर हवेली एवं दमन और दीव, लद्दाख और लक्षद्वीप शामिल है। मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा में भी सिर्फ प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, कोई सह-प्रभारी नहीं है।
एंटनी प्रभारी और सह-प्रभारी दोनों बने, यूपी में 4 सह-प्रभारी बने; 4 खास फैक्ट्स
5 राज्यों में दो-दो सह-प्रभारी: असम, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु में दो-दो सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
महाराष्ट्र में 3 सह-प्रभारी: बैजयंत जय पांडा प्रभारी हैं। वहीं, अमित मालवीय, सदानंद शेट तनवाडे और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी बनाए गए हैं।
अनिल एंटनी को दो राज्यों में दोहरी जिम्मेदारी: अनिल एंटनी नगालैंड के प्रभारी बनाए गए हैं। वे गोवा के सह-प्रभारी भी होंगे।
UP में 1 प्रभारी के साथ 4 सह-प्रभारी: विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है, जबकि उनके साथ चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
आइची/नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। भारत को एशियन गेम्स में 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग का मेडल मिला है। यह मेडल मीराबाई चानू ने दिलाया है। 1998 में कर्णम मल्लेश्वरी ने सिल्वर जीता था। इसके अलावा, रोशिबिना देवी महिला वुशु के 60 kg के फाइनल में पहुंच गई हैं।
बुधवार को मीराबाई महिलाओं की 49 kg वेट कैटेगरी में 198 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने स्नेच में 87 और क्लीन एंड जर्क में 111 kg का वजन उठाया।
32 साल की मीराबाई ने एशियाई खेलों में पहली बार मेडल जीता है। वे ओलिंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसी बड़ी प्रतियोगितओं में मेडल जीत चुकी हैं।
भारत को दिन का चौथा मेडल मिला
गेम्स के चौथे दिन भारत को चौथा मेडल मिला है। इनमें से 2 मेडल शॉटगन शूटिंग के स्कीट टीम इवेंट में आए। रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की महिला टीम 331 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही।
पुरुष इवेंट में अनंतजीत सिंह नारुका, मैराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल ने शूट-ऑफ में कजाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज जीता। एक मेडल सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने दिलाया।
मनु भाकर मेडल चूकीं, भारतीय टीम भी हारी
मनु भाकर विमेंस 10 मीटर पिस्टल इवेंट में मेडल चूक गईं। वे 5वें नंबर पर रहीं। मेडल नहीं जीत पाने के बाद मनु ने खुद को संभाले रखा, लेकिन मीडिया से बातचीत में जसपाल राणा का नाम आते ही उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। कुछ महीने पहले जसपाल का 49 साल की उम्र में दिल से जुड़ी समस्या के कारण निधन हो गया था।
मनु भाकर कोच जसपाल राणा के बारे में बात करते हुए रोने लगीं।
टाई होने के बावजूद भारतीय टीम ब्रॉन्ज चूकी
एशियन गेम्स शूटिंग में इंडिविजुअल क्वालिफिकेशन राउंड टीम इवेंट का मेडल राउंड भी होता है। भारत की तीनों खिलाड़ी मनु, ईशा और सुरुचि ने मिलकर कुल 1719 अंक हासिल किए। यह तीसरे नंबर पर रही वियतनाम की टीम के पॉइंट्स के बराबर हैं। इसके बावजूद भारत ब्रॉन्ज चूक गया।
दो टीमों का स्कोर बराबर रहने पर ज्यादा परफेक्ट 10 की गिनती के आधार पर विजेता का फैसला होता है। वियतनाम की शूटर्स ने कुल 46 परफेक्ट 10 लगाए थे। वहीं भारतीय शूटर्स ने 44 परफेक्ट 10 ही लगाए। चीन ने 1735 अंकों के साथ गोल्ड और साउथ कोरिया ने 1730 पॉइंट्स के साथ सिल्वर जीता।
चीन टॉप पर, भारत 12वें स्थान पर
भारत एक गोल्ड, 5 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज के साथ मेडल टैली के 11वें स्थान पर है। वहीं, चीन 45 गोल्ड मेडल के साथ 72 मेडल के साथ पहले नंबर पर है।
बैडमिंटन: भारतीय पुरुष टीम चीन के खिलाफ 1-3 से हारी, ब्रॉन्ज जीता
भारत पुरुष टीम बैडमिंटन के सेमीफाइनल में चीन से 1-3 से हार गई। उसे ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। चौथे मैच में हे जी टिंग और लियू यी ने हरिहरन अम्साकरुनन और एमआर अर्जुन को 21-16, 17-21, 21-9 से हराया।
भारत ने टीम इवेंट में लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स मेडल जीता है। पिछली बार भारत और चीन के बीच फाइनल हुआ था, जो बेहद करीबी रहा था।
लक्ष्य सेन और अयुश शेट्टी के सिंगल्स मैच हारने के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जीत ने भारत की वापसी कराई। उन्होंने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन लियांग वेइकेंग और वांग चांग को हराया।
वेटलिफ्टिंग: ज्ञानेश्वरी यादव 8वें नंबर पर रहीं
भारत की ज्ञानेश्वरी यादव वेटलिफ्टिंग की महिला 53 किग्रा कैटेगरी में 8वें नंबर पर रहीं। उन्होंने 195 kg वजन उठाया। ज्ञानेश्वरी ने स्नेच में 87 और क्लीन एंड जर्क में 195 किग्रा वजन उठाया। उत्तर कोरिया की खिलाड़ी को गोल्ड, थाईलैंड की प्लेयर को सिल्वर और चीन की खिलाड़ी को ब्रॉन्ज मिला।
सेमीफाइनल में चीन 2-1 से आगे
भारत और चीन के बीच पुरुष टीम बैडमिंटन सेमीफाइनल में चीन 2-1 से आगे है। हरिहरन-अर्जुन की जोड़ी ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की और 21-17 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। हालांकि, तीसरे गेम में हे-लियू ने शुरुआत में 2-4 से पिछड़ने के बाद लगातार 9 में से 8 अंक जीत लिए और ब्रेक तक 11-5 की बढ़त बना ली।
वुशु: रोशिबिना देवी फाइनल में पहुंचीं
भारत की रोशिबिना देवी ने महिला 60 किग्रा सांडा के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को दो राउंड में अंकों के आधार पर हराया।
रोशिबिना का यह प्रदर्शन एशियन गेम्स में भारतीय वुशु का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन बराबर करेगा। हांगझोउ में सिल्वर जीतने वाली रोशिबिना इस बार गोल्ड या सिल्वर पक्का कर चुकी हैं।
रोशिबिना मूल टीम का हिस्सा नहीं थीं। दिव्यांशी के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिली थी। फाइनल में उनका सामना चीन की झांग शियाओयू से होगा। मैच कल सुबह 6:10 बजे IST से होगा।
इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास के खिलाफ मैच में भारत की रोशिबिना देवी।
मेडल से चूकीं मनु, जसपाल राणा को याद कर भावुक हुईं
एशियन गेम्स में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में पांचवें स्थान पर रहने के बाद मनु भाकर भावुक हो गईं। मनु ने राणा को याद करते हुए उनके करियर और जिंदगी से जुड़ी सलाह को याद किया।
मनु ने मेडल नहीं जीत पाने के बाद खुद को संभाले रखा, लेकिन राणा के बारे में बात करते हुए वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं।
मेडल रेस से बाहर होने के बाद मायूस मनु भाकर।
वेटलिफ्टिंग: ज्ञानेश्वरी यादव ने तीसरे 108 किग्रा वजन उठाया
ज्ञानेश्वरी यादव ने महिला 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग में क्लीन एंड जर्क के तीसरे प्रयास में 108 किग्रा वजन उठाया। उन्होंने दूसरे प्रयास में 105 kg वजन उठाया था। वे पहले अटैम्प्ट में इसी वजन को नहीं उठा सकी थीं।
इस सफल अटैम्प्ट के बाद ज्ञानेश्वरी का कुल स्कोर 195 किग्रा हो गया। फिलहाल, वे 5वें स्थान पर है। जाेकि मेडल के लिए काफी नहीं है।
वेटलिफ्टिंग: ज्ञानेश्वरी यादव ने 105 किग्रा उठाया
महिला 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग में ज्ञानेश्वरी यादव ने क्लीन एंड जर्क के दूसरे प्रयास में 105 किग्रा वजन उठाया। वे पहले अटैम्प्ट में इसी वजन को नहीं उठा सकी थीं।
उन्होंने दूसरे प्रयास में क्लीन आसानी से पूरा किया। जर्क में कुछ कदम आगे लड़खड़ाने के बाद खुद को स्थिर किया। उनका कुल स्कोर 192 किग्रा हो गया, जो दूसरे स्थान पर है। हालांकि, पांच खिलाड़ियों के क्लीन एंड जर्क में प्रयास बाकी हैं।
बैडमिंटन- आयुष शेट्टी हारे, भारतीय टीम चीन के खिलाफ पिछड़ा
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम चीन के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 1-2 से पिछड़ गई है। यहां तीसरे मैच में आयुष शेट्टी चीन के ली शी फेंग के खिलाफ 19-21, 13-21 से हार गए हैं। चौथे मुकाबले में हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी उतरेगी।
वेटलिफ्टिंग: ज्ञानेश्वरी यादव 90 किग्रा नहीं उठा सकीं
महिला 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग में ज्ञानेश्वरी यादव स्नैच के तीसरे प्रयास में 90 किग्रा वजन नहीं उठा सकीं। स्नैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87 किग्रा रहा।
फिलहाल वे दूसरे आखिरी स्थान पर हैं। उनसे नीचे सिर्फ वियतनाम की गुयेन होआ हुयोंग हैं। अब क्लीन एंड जर्क में ज्ञानेश्वरी के पास वापसी का मौका होगा।
बॉक्सिंग- अंकुश पंघाल पहला मैच जीते
भारत के अंकुश पंघाल मेंस बॉक्सिंग के 80 kg वर्ग में अपना पहला मैच जीत गए हैं। उन्होंने बहरीन के हम्सा वोगेल को 5-0 से हराया।
भारतीय विमेंस हॉकी टीम की लगातार तीसरी जीत:
भारत ने एशियन गेम्स के विमेंस हॉकी टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। उसने पूल-B मुकाबले में थाईलैंड को 20-1 से हराया। भारत पूल के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है।
गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में बुधवार को भारत की ओर से दीपिका ने 9 गोल किए। उनके सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए। नवनीत कौर ने 4 और रुतुजा पिसल ने 3 गोल किए।
बैडमिंटन- सात्विक-चिराग की जोड़ी ने दिलाई भारत को बराबरी
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने लियांग वेइकेंग-वांग चांग को 21-11, 22-20 से हराकर भारत को चीन के खिलाफ पुरुष टीम सेमीफाइनल में 1-1 की बराबरी दिला दी।
भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में 16-11 की बढ़त बनाई। चीन ने वापसी करते हुए स्कोर 20-20 कर दिया, लेकिन चिराग के शानदार स्मैश से भारत को तीसरा मैच प्वाइंट मिला।
अगली रैली में वांग का शॉट बाहर जाने के साथ भारत ने गेम और मैच जीत लिया। इस जीत के साथ सात्विक-चिराग ने भारत को सेमीफाइनल में वापसी दिलाई।
चीनी जोड़ी के खिलाफ भारत के सात्विक-चिराग।
मीराबाई का मेडल सेलिब्रेशन
शूटिंग: भारत ने महिला स्कीट टीम में ब्रॉन्ज जीता
भारत की रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की टीम ने महिला स्कीट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारतीय टीम का कुल स्कोर 331 रहा।
रायजा और परिनाज ने 125 में से 111-111 अंक बनाए, जबकि माहेश्वरी ने 109 अंक हासिल किए। चीन ने 346 अंक के साथ गोल्ड जीता, जबकि कजाकिस्तान ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
नई दिल्ली, एजेंसी। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अर्नब पिछले 6 घंटे में 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। बुधवार 5:30 बजे यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 70 किमी दूर समुद्र में था। चक्रवात रात तक ओडिशा के कलिंगपट्टनम तट से टकरा सकता है।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में आज भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पूरे बिहार में आज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।
राजस्थान में बारिश रुकने के बाद गर्मी बढ़ गई है। जैसलमेर में तापमान 41 डिग्री और बीकानेर-बाड़मेर में 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। सितंबर में भी मई जैसी गर्मी महसूस हो रही है।
मानसून आज तय समय से दो दिन पहले दिल्ली से लौट गया। सामान्य तौर पर मानसून 25 सितंबर को दिल्ली से लौटता है। इस बार दिल्ली में सामान्य बारिश 629.7 मिमी से 16 फीसदी अधिक 728.6 मिमी बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों, उत्तर प्रदेश और गुजरात के कुछ इलाकों भी लौट गया है।
सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति
देशभर से मौसम की तस्वीरें
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया।
बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के असर से ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में चौका नदी का जलस्तर बढ़ने से खेतों में पानी भर गया। किसान धान की पकी फसल को बचाने में लगे हैं।
यूपी: लखनऊ-उन्नाव में तेज बारिश
यूपी के 41 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। बुधवार सुबह लखऊन के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। उन्नाव में शहर और शुक्लागंज में तेज बारिश हुई। गलियों में पानी भर गया। वहीं दो से तीन दिनों में पश्चिमी यूपी से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। इस मानसूनी सीजन में प्रदेश में अब तक 6% कम बारिश दर्ज की गई है।
मध्य प्रदेश: जबलपुर संभाग के 3 जिलों में आज भारी बारिश
मध्य प्रदेश में अब तक औसत 34.2 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य की 91.5% है। यह ‘सामान्य से कम’ बारिश की कैटेगिरी में है। हालांकि, अगले 4 दिन प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। ऐसे में आंकड़े में सुधार की उम्मीद है।
राजस्थान: राज्य में मई जैसी गर्मी, पारा 41 डिग्री के ऊपर
राजस्थान में बारिश का दौर थमने के साथ ही गर्मी तेज हो गई। जैसलमेर में 41 और बीकानेर, बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। सितंबर में भी मई जैसे गर्मी महसूस हो रही है।
इसके अलावा जोधपुर, जयपुर, अजमेर, पिलानी समेत कई अधिकांश शहरों का तापमान भी सामान्य से ऊपर है। मौसम विभाग ने राज्य में 4-5 दिन मौसम ड्राई रहने और गर्मी रहने की संभावना जताई है।
बिहार: पूरे राज्य में आज बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को पूरे बिहार में बारिश की चेतावनी जारी की है। 38 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इस दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है।
हरियाणा: 28 से 30 सितंबर तक बारिश के आसार
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जल्द ही मौसम बदल सकता है। 26 सितंबर से इसका आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा। हरियाणा में बादल छाएंगे वहीं 28 सितंबर से 30 सितंबर के बीच हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड: 7 जिलों में बारिश की संभावना
उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।