बरेली,एजेंसी। उत्तर प्रदेश के बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद गैंग लीडर रोहित गोदारा ने यूपी पुलिस को धमकी दी है। गुरुवार को उसने फेसबुक पर लिखा- हमारे जो दो शूटर्स मारे गए हैं, हम इसका बदला लेंगे। ये एनकाउंटर हमारे जीवन की बहुत बड़ी क्षति है।
ये ढेर नहीं, शहीद हुए हैं। हम वो काम कर सकते हैं, जिसकी ये कल्पना भी नहीं कर सकते। इसमें जिसका भी हाथ है, वो चाहे कितना भी पैसे वाला हो या पावर वाला हो, वक्त लग सकता है। माफी नहीं है। दरअसल, 11 और 12 सितंबर को बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग हुई थी। इस मामले में यूपी एसटीएफ ने हरियाणा और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर बुधवार शाम को गाजियाबाद में दो शूटरों को एनकाउंटर में मार गिराया। इनकी पहचान हरियाणा निवासी अरुण और रविंद्र के रूप में हुई थी।
मारे गए रविंद्र और अरुण दोनों पेशेवर शूटर थे। रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के गैंग के सदस्य थे। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम था। इसके अलावा, 11 सितंबर को फायरिंग करने वाले शूटर बागपत निवासी नकुल और विजय अभी फरार हैं।
ये रोहित गोदारा का धमकी भरा फेसबुक पोस्ट है। जो गुरुवार सुबह 10.22 किया गया।
रोहित गोदारा नाम की फेसबुक अकाउंट से गुरुवार सुबह 10.22 बजे पोस्ट हुआ। हूबहू पढ़िए…
हमारे भाई ढेर नहीं, शहीद हुए: भाइयों, आज ये जो एनकाउंटर हुआ है, यह हमारे लिए जीवन की बहुत बड़ी क्षति है। मैं आपको बता दूं, यह जो न्यूज चैनल वाले चला रहे हैं कि ढेर हुए, ये ढेर नहीं शहीद हुए हैं। इन भाइयों ने धर्म के लिए अपना बलिदान दिया है। अरे कुछ तो शर्म करो। एक मुंह से तुम सनातन सनातन चिल्लाते हो और जो सनातन के लिए लड़ाई लड़े, उसे मार दिया जाता है। यह इंसाफ नहीं है।
सनातन की हार हुई: ये जितने भी सनातन धर्म का नाम लेकर घूम रहे, ये सिर्फ अपनी रोटी सेंक रहे हैं। यह एनकाउंटर नहीं, सनातन की हार हुई है। धर्म के लिए लड़ने वालों को इस हिंदुस्तान में मार दिया जाता है। अगर तुम इतने सच्चे हो तो उठाओ मुद्दा। हमारे शहीद भाइयों को दिलाओ इंसाफ।
सनातन धर्म की आड़ में धंधा चल रहा: मैं पूरे देश को बता देना चाहता हूं कि यह सनातन धर्म की आड़ में एक धंधा चला हुआ है। सभी देशवासी इनसे सावधान रहें और हम अगर धर्म के लिए लड़ सकते हैं तो हमारे शहीद भाइयों के लिए हम वह काम कर सकते हैं, जिसकी ये कल्पना भी नहीं कर सकते। इसमें जिसका भी हाथ है, वह चाहे कितना भी पैसे वाला हो या पावर वाला हो, वक्त लग सकता है। माफी नहीं है।
दिशा पाटनी के पिता बोले- अभी और बदमाश अंजाम तक पहुंचेंगे
दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद अभिनेत्री के पिता और रिटायर्ड DSP जगदीश सिंह पाटनी ने सीएम योगी से फोन पर बात की। कहा- मैंने CM सर को थैंक्यू बोला। गुरुवार दोपहर मीडिया ने सवाल किया- आपका परिवार क्या अभी भी किसी तरह का डर या दहशत महसूस कर रहा है?
इस पर जगदीश पाटनी ने कहा- जब यूपी में योगी और DGP सर मेरे साथ हैं। पूरे मामले का नेतृत्व कर रहे हैं, पूरा पुलिस प्रशासन मेरे साथ है तो डर किसी बात का नहीं है। निश्चित तौर पर अभी और बदमाश अंजाम तक पहुंचेंगे।
अब कोई भी अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति या तो हमारे प्रदेश में जमींदोज हो चुका है या पलायन कर चुका है। अभिनेत्री के घर पर फायरिंग के बाद 15 सितंबर को सीएम ने जगदीश पाटनी से बात की थी। तब योगी ने जगदीश पाटनी को आश्वासन दिया था कि अपराधी चाहे पाताल में हों, यूपी पुलिस उन्हें खोजकर कार्रवाई करेगी।
कैसे हुआ बदमाशों का एनकाउंटर, पढ़िए
इसी बाइक से शूटर अरुण और रविंद्र आए थे।
यूपी STF के मुताबिक, बुधवार शाम 7:22 बजे गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी एरिया में चेकिंग की जा रही थी। तभी दो लड़के बाइक पर दिखे। वे चेकिंग देखकर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस जीप पर 4 बुलेट लगी। टीम ने खुद को बचाते हुए बदमाशों पर फायरिंग की। 15 मिनट तक दोनों तरफ से करीब 25 से 30 राउंड फायर हुए। पुलिस की गोली से अरुण और रविंद्र घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मौके से ग्लॉक, जिगाना पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। एक सफेद अपाचे भी मिली। माना जा रहा है कि यही वह बाइक है, जिस पर बदमाश बरेली आए और दिशा पाटनी के घर फायरिंग करके लौट गए थे। STF के अनुसार, दोनों बदमाश CCTV में कैद हुए थे। दिशा पाटनी के घर फायरिंग करते वक्त अरुण सफेद शर्ट और रविंद्र नीली टी-शर्ट पहने था।
पुलिस ने जिगाना पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
दिशा पाटनी के घर से 2km दूर रुके थे शूटर्स
बरेली SP सिटी मानुष पारीक ने गुरुवार सुबह एनकाउंटर को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वह मीडियाकर्मियों को उस होटल पर ले गए, जहां शूटर रविंद्र रुका था। इसके पहले इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) की फुटेज भी दिखाई।
कहा- एक्ट्रेस के घर फायरिंग के बाद बरेली पुलिस ने शहर के 1320 सीसीटीवी की जांच की। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए देखते गए कि बदमाश कहां से कहां जा रहे हैं। फिर कहां रुके हैं। ऐसे में एक बदमाश रविंद्र की सटीक लोकेशन मिल गई।
9 सितंबर को फायरिंग का मुख्य आरोपी रविंद्र बरेली के शिकलापुर में रोडवेज बस स्टैंड के पास प्रीत पैलेस होटल में रुका था। यहां रविंद्र सीढ़ी पर मोबाइल चलाते हुए चढ़ते दिख रहा है। यहां वह दो दिन रहा।
11 सितंबर को यहां से चेकआउट कर गया। फिर 12 सितंबर को उसने फायरिंग की। 9 सितंबर को अरुण शिकलापुर में रेलवे स्टेशन के पास हिंद गेस्ट हाउस में रुका था। यहां से दिशा पाटनी के घर की दूरी करीब 2 किमी है। बाकी 2 अन्य बदमाश यहां से करीब 50 किमी दूर रामपुर के आसपास रुके थे। इनकी लोकेशन पुलिस ट्रैस कर रही है।
शूटर रविंद्र रोडवेज बस स्टैंड के पास प्रीत पैलेस होटल में आते हुए CCTV में कैद हुआ। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसकी यह फुटेज जारी की है।
रोहित गोदारा: राजस्थान पुलिस ने रखा है 1 लाख का इनाम
रोहित गोदारा बीकानेर में लूणकरणसर इलाके के कपूरीसर का रहने वाला है। वह साल 2010 से अपराध की दुनिया में है। उस समय उसकी उम्र महज 19 साल थी। बीकानेर शहर में रहते हुए मोबाइल रिपेयरिंग करता था, लेकिन धीरे- धीरे अपराध की दुनिया में आगे बढ़ता चला गया। राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई के खास गुर्गों में इन दिनों रोहित गोदारा का नाम सबसे ऊपर है।
गैंगस्टर रोहित गोदारा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस के लिए 15 फरवरी को इंटरपोल को लेटर लिखा गया था। साथ ही देश के सभी एयरपोर्ट पर लुक आउट नोटिस जारी है।
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने पर 5 लाख और राजस्थान पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। गोदारा के खिलाफ राजस्थान में 32 केस दर्ज है। इनमें हत्या, वसूली जैसे मामले हैं। पुलिस के अनुसार रोहित 13 जून 2022 को दिल्ली से दुबई भाग गया था।
उसने पवन कुमार के नाम से एक फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। पासपोर्ट बनाने के 2 दिन बाद रोहित दिल्ली से निकला था। दुबई जाने के बाद रोहित को दुबई में खतरा लगा था। इसके बाद अजरबैजान चला गया था। अजरबैजान में उसे पुलिस ने पकड़ा, लेकिन उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं होने पर उसे छोड़ दिया था। अजरबैजान पुलिस ने रोहित को दो बार पकड़ा था। वहां से रोहित फिर दुबई चला गया और अभी वहीं है। अपनी पूरी गैंग को चला रहा है।
रोहित गोदारा बीकानेर का रहने वाला है। 3 साल पहले दुबई भाग गया था। -फाइल फोटो
रोहित गोदारा गैंग क्यों पाटनी परिवार से हुआ नाराज?
एक्ट्रेस की बहन खुशबू पाटनी ने कहा था- अनिरुद्धाचार्य का मुंह तोड़ दूंगी
30 जुलाई को दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी किया था। इसमें कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन-रिलेशनशिप वाले बयान पर खुशबू ने कहा- ऐसे लोगों का तो मैं मुंह तोड़ दूंगी। अगर ये शख्स मेरे सामने होता तो मैं इसे अच्छे से समझा देती कि ‘मुंह मारना’ क्या होता है।
इसे राष्ट्र विरोधी कहने में मुझे कोई हिचक नहीं। जिस इंसान की सोच इतनी घटिया हो, उसे मंच मिलना ही नहीं चाहिए। खुशबू पाटनी ने सवाल उठाया- अगर कोई लिव-इन में है तो क्या लड़की अकेली है? क्या लड़के शामिल नहीं होते?
खुशबू बोलीं- इन्हें समाज के नामर्द फॉलो कर रहे
खुशबू ने आगे कहा- ये दुखद है कि ऐसे बद्जुबान लोगों को समाज में फॉलो किया जाता है। समाज के सारे नामर्द इसे फॉलो कर रहे हैं। जो लड़कियों के चरित्र पर उंगली उठाता है, वो किसी भी धर्म या संस्कृति का प्रतिनिधि नहीं हो सकता। सोशल मीडिया पर भी अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर किस आधार पर एक कथावाचक ऐसा भद्दा बयान देता है? क्या धर्म के मंच से इस तरह के प्रवचन दिए जा सकते है?
अब भक्त का सवाल और अनिरुद्धाचार्य का जवाब पढ़िए, जिस पर घमासान मचा
अनिरुद्धाचार्य ने कथा के समय एक भक्त के सवाल का जवाब दिया था।
अनिरुद्धाचार्य के जिस बयान पर विवाद खड़ा हुआ, वह एक कथा के दौरान का है। जिसमें एक भक्त सवाल करता है- गुरु जी राधे-राधे, घर वाले मुझसे शादी करने के लिए बोलते हैं। लेकिन, मुझे थोड़ा डर लगता है। हम आजकल देख रहे हैं बहुत जल्द डिवोर्स हो रहे हैं। जवाब में अनिरुद्धाचार्य ने कहा- इसका एक ही समाधान है। लड़की 14 साल की होगी और 14 साल की कोई लड़की आपके घर दुल्हन बन कर आ जाएगी तो उस समय तो वो बच्ची होगी। समझ रहे हो? लोग फिर जल्दी शादियां करना शुरू कर देंगे। क्योंकि अब लड़कियां लाते हैं 25 साल की, 25 साल की लड़की चार जगह मुंह मार चुकी होती है। वो 25 साल की जब तक आती है तो पूरी जवान हो कर आएगी। स्वाभाविक है कि उसकी जवानी कहीं न कहीं फिसल जाएगी।
आज लड़के-लड़कियां 10 के साथ लिव-इन में रह रहे : अनिरुद्धाचार्य इसके अलावा अनिरुद्धाचार्य का एक और वीडियो सामने आया था। जिसमें वह कथा में कह रहे हैं कि पहले के लोग इतने समझदार थे कि लिव-इन की जरूरत नहीं थी। अपनी पत्नी और पति के साथ ही वह लिव-इन में रहा करते थे। आज के लोग क्या कर रहे हैं, पहले 10 लड़कियों या 10 लड़कों के साथ लिव-इन में रह लिया। अब जो 10 के संग रह चुकी है या रह चुका है वो एक के साथ साथ कैसे रहेगी या रहेगा। पहले तो यह सोचो जो 10 जगह मुंह मार चुका है या चुकी है, वो एक के साथ बंधेगी या बंधेगा कभी। हालांकि, विवाद के बाद अनिरुद्धाचार्य ने वीडियो जारी कर माफी मांगी थी।
दिशा पाटनी के पिता की तरफ से दर्ज हुई FIR
मैं बालकनी पर खड़ा था, उन्होंने गोली चला दी
दिशा के पिता जगदीश ने लिखा- गुरुवार सुबह 4.30 बजे 2 युवक मेरे घर के बाहर फायरिंग करके चले गए थे। तब हम लोग सो रहे थे। फिर शुक्रवार सुबह 3:30 बजे मेरा कुत्ता भौंक रहा था, मुझे संदेह हुआ। तब मैं बालकनी में आया, तो नीचे बाइक सवार 2 लोग दिखे। टोकने पर एक युवक ने मुझे निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।
मैंने पिलर के पीछे फर्श पर लेटकर अपनी जान बचाई। जगदीश ने पुलिस को बताया कि मेरी एक बेटी दिशा पाटनी बॉलीवुड में अभिनेत्री है। दूसरी बेटी खुशबू पाटनी मेजर पद से रिटायर होकर मेरे साथ रह रही है।
दोनों बेटियां सोशल मीडिया पर पब्लिक फिगर हैं और उनके लाखों फैन हैं। उनकी बेटी को सोशल मीडिया पर भी धमकी दी गई थी। CO फर्स्ट आशुतोष शिवम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके बाइक सवार बदमाशों को ढूंढा जा रहा है।
जिम्मेदारी लेने वाले गैंग ने फेसबुक पर क्या लिखा…
पहला मैसेज एक्ट्रेस के लिए-
फेसबुक पर आगे लिखा – इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की है। हमारे आराध्य देवी-देवताओं का अपमान नहीं सहा जाएगा। ये तो बस ट्रेलर था, अगली बार अगर इसने या किसी ने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई, तो उनके घर में से किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे।
दूसरा मैसेज बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए-
पुलिस के पास जिस फेसबुक पेज की पोस्ट की कटिंग वॉट्सऐप पर आई थी। उस अकाउंट को ट्रेस किया गया। मगर यह पेज नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने कैलिफोर्निया फेसबुक ऑफिस को ई-मेल करके जानकारी मांगी है।
दिशा पाटनी के घर पर जो हमला हुआ, इसकी जिम्मेदारी लेने वाले रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ कभी लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करते थे। रोहित ने दिशा पाटनी के घर हमला कराने के बाद ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की, जिसमें उसने कहा- मेरा नाम लॉरेंस बिश्नोई के नाम न जोड़ा जाए।
रायबरेली, एजेंसी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रायबरेली में बुधवार को बैठक में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को अपने मोबाइल पर टूटी सड़कें दिखाईं। राहुल ने डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेटिंग कमेटी (दिशा) की मीटिंग में जर्जर सड़कों और गड्ढों की तस्वीरें दिखाकर PWD अधिकारियों और डीएम से पूछा कि सड़कों की हालत ऐसी क्यों है?
राहुल ने कहा कि जब सरकार फंड दे रही है तो काम क्यों नहीं हो रहा है? आप लोग क्या कर रहे हैं? इस मीटिंग में ऊंचाहार से BJP विधायक मनोज पांडेय, एमएलसी और राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी मौजूद थे।
कलेक्ट्रेट में करीब ढाई घंटे बैठक से पहले राहुल ने सुबह जनता दरबार लगाया, जहां महिला कांग्रेस नेता ने उन्हें राखी बांधी। राहुल ने यहां सपा नेताओं ने भी मुलाकात की।
कार्यक्रमों के बाद राहुल लखनऊ रवाना हो गए, जहां से वे दिल्ली जाएंगे। 2024 में सांसद बनने के बाद राहुल का यह 8वां रायबरेली दौरा था। इससे पहले वे 19-20 मई को दो दिवसीय दौरे पर आए थे।
राहुल मंगलवार दोपहर दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट से लखनऊ पहुंचे थे। पहली बार में विमान लैंड नहीं कर पाया था। 25 मिनट हवा में चक्कर लगाने के बाद दूसरे प्रयास में विमान ने लैंडिंग की थी।
रायबरेली में सर्राफा कारोबारी के घर बैठक के दौरान राहुल ने बच्ची से हाथ मिलाया। महिलाओं ने उन्हें बुके दिया।
रायबरेली में राहुल गांधी के जनता दरबार के दौरान भुएमऊ गेस्ट हाउस पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
रायबरेली में राहुल गांधी ने 3 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें बारात घर, ट्रांसफॉर्मर और सड़कें शामिल हैं।
सपा विधायकों ने प्रदर्शन किया, पोस्टर लहराए
रायबरेली में सपा विधायक राहुल लोधी, श्याम सुंदर भारती ने दिशा की मीटिंग के दौरान हॉल के बाहर प्रदर्शन किया। हालांकि, राहुल के पहुंचने से पहले पुलिस ने उनसे पोस्टर और बैनर छीन लिए।
पोस्टर पर लिखा था- स्कूल बंद, फर्जी मुकदमे लिखे जा रहे, जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। जिले में आम लोगों की समस्याएं जस की तस हैं, तो ऐसे में दिशा की बैठक का क्या औचित्य है?
रायबरेली में हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी और बछरावां से सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने पोस्टर-बैनर लेकर दिशा बैठक हॉल के बाहर प्रदर्शन किया।
सांसद-जनप्रतिनिधि अफसरों से सरकारी योजनाओं को लेकर सवाल करते हैं। जनता को योजनाओं का फायदा मिल रहा है या नहीं, काम में देरी को लेकर जवाब मांगते हैं।
‘दिशा’ (DISHA) बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के सांसद करते हैं। इसमें जिले के सभी विधायक, डीएम, एसपी और सभी सरकारी विभागों के बड़े अफसर एक साथ बैठते हैं।
राहुल ने मंत्री के सामने दिखाए खराब सड़कों के वीडियो
दिशा बैठक के दौरान अपने मोबाइल में राहुल गांधी ने रायबरेली की सड़कों के गड्ढे दिखाए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे भी वीडियो देखते रहे। राहुल गांधी ने PWD विभाग के अधिकारियों और डीएम से इन सड़कों की बदहाली को लेकर सवाल पूछा। राहुल ने पूछा कि जिले की सड़कें इतनी खराब क्यों हैं? जब सरकार फंड दे रही है तो सड़कों पर काम क्यों नहीं हो रहा है। पूरे जिले के मुख्स मार्ग और ग्रामीण लिंक रोड बहुत खराब हैं। इसे लेकर क्या कर रहे हैं?
नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। एशियन गेम्स की शुरुआत से 10 दिन पहले जापान के नागोया में बाढ़ आ गई। स्थिति यह बनी की एशियन गेम्स में भाग लेने आए 400 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया।
बाढ़ में नागोया शहर की सड़कें और घर डूब गए। मेयर इचिरो हिरोसावा ने दावा किया कि एशियन गेम्स के लिए कोई चिंता की बात नहीं है। टूर्नामेंट का आयोजन तय समय पर होगा।
नागोया में 19 सितंबर को एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी होनी है।
नागोया बाढ़ की तस्वीरें…
बाढ़ के पानी में सड़कें डूब गई हैं।
बाढ़ में फंसी गाड़ी को धक्का मारते लोग।
नागोया में बाढ़ के पानी में गाडियों के टायर डूब गए।
3500 लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली
बस और मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। करीब 3,500 लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली। नागोया और इची में एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने हैं।
रिपोर्ट- वेन्यू में कुछ जगह छतों से पानी टपक रहा
जापानी मीडिया में शहर की सड़कों और मेट्रो स्टेशनों में भरे पानी की तस्वीरें दिखाई गईं। न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, वेन्यू की कुछ जगहों पर छतों से पानी टपकने की घटनाएं भी हुईं। हालांकि मेयर हिरोसावा ने कहा कि एशियन गेम्स के दर्जनों वेन्यू को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है।
भारत गेम्स में 768 सदस्यीय दल भेज रहा
खेल मंत्रालय ने जापान के आइची और नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए 503 खिलाड़ी और 255 सपोर्ट स्टाफ भेजने की जानकारी दी है। सपोर्ट स्टाफ में कोच, मैनेजर, फिजियो और मेडिकल टीम आदि शामिल है।
36 खेलों में उतरेगा भारत: पहले 35 खेलों के 492 एथलीटों को मंजूरी दी गई थी, लेकिन 4 सर्फर्स सहित नए नाम जुड़ने से अब भारत 36 खेलों में हिस्सा लेगा।
एथलेटिक्स दल में सबसे बड़ी बढ़ोतरी: एथलेटिक्स टीम के खिलाड़ियों की संख्या 73 से बढ़ाकर 79 कर दी गई है। एथलेटिक्स और क्रिकेट को सबसे ज्यादा सपोर्ट स्टाफ दिया गया है।
दल के प्रमुख अधिकारी: दल प्रमुख के रूप में सहदेव यादव और मुख्य मेडिकल अधिकारी के रूप में डॉ. दिनशॉ पार्डीवाला भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 19 सितंबर को रवाना होगी
डिफेंडिंग चैंपियन भारत एशियन गेम्स के लिए टीम घोषित कर चुका है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं। भारतीय टीम 19 सितंबर को सानो के लिए रवाना होगी। इसगे अगले दिन टीम प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेगी।
महिला क्रिकेट टीम पहले पहुंचेगी
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम दुबई में एशिया कप खेलने के बाद 13 सितंबर को भारत लौटेगी और 14 सितंबर को नागोया के लिए रवाना होगी।
महिला टीम एशियन गेम्स में सीधे क्वार्टर फाइनल से अभियान शुरू करेगी। उसका पहला मुकाबला 18 सितंबर को होगा। महिलाओं का यह टूर्नामेंट 22 सितंबर तक चलेगा।
गेम्स में ठहरने की व्यवस्थाओं पर भी विवाद था
इससे पहले खबर आई थी कि BCCI और PCB गेम्स के आयोजकों से नाराज है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि खिलाड़ियों को स्टेडियम से 20 किमी दूर छोटे होटल कमरों में ठहराया गया है, जहां बैग खोलने तक की जगह नहीं है। वहीं ड्रेसिंग रूम पक्के मकान की जगह टेंट में बने हैं और वॉशरूम 500 मीटर दूर है।
इसपर JCA के CEO नाओकी एलेक्स मियाजी ने कहा था- ‘हमने क्रिकेट टीम को होटल का विकल्प दिया है। जबकि कई अन्य खेलों के खिलाड़ियों के लिए क्रूज शिप या कंटेनर होटल जैसी सीमित सुविधाएं हैं।’
प्लेयर एरिया में टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मैदान पर बने ड्रेसिंग रूम भले ही अस्थाई हों, लेकिन इन्हें इस तरह तैयार किया गया है कि खिलाड़ियों और अधिकारियों को पूरा आराम मिले।
पिच और आउटफील्ड कम समय में सीमित संसाधनों के बीच तैयार की गई है। यह एशियन गेम्स के इतिहास में क्रिकेट की सबसे बेहतरीन प्लेइंग सरफेस होगी। श्रीलंकाई क्यूरेटर्स की मदद से यहां टर्फ और हाइब्रिड पिच तैयार की जा रही है।
नई दिल्ली, एजेंसी। बिहार में गंगा समेत 8 नदियां उफान पर हैं। राज्य के 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इससे करीब 35.89 लाख लोग प्रभावित हैं। कोसी, गंडक और घाघरा नदियां लाल निशान से ऊपर बह रही हैं। सारण में माही नदी पर बना जमींदारी बांध टूटने से स्थिति गंभीर हो गई है।
उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। आज वाराणसी और प्रयागराज समेत 23 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
उत्तराखंड के पौड़ी में लैंडस्लाइड के कारण घरों और दुकानों में दरारें आ गई हैं। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इधर, मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर 3 दिन का ब्रेक लिया है। मौसम विभाग, भोपाल ने 11 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अनुमान नहीं जताया है।
सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति
देशभर से मौसम की तस्वीरें
बिहार के भागलपुर के राघोपुर में 10 लोगों से भरी नाव गंगा नदी में समा गई। SDRF की टीम ने सभी को बचा लिया।
झारखंड में धनबाद के सिजुआ में मंगलवार को जमीन धंस गई। इस घटना में दो बच्चों समेत करीब छह महिलाएं घायल हो गईं।
बिहार के खगड़िया में बाढ़ के बीच खाने का इंतजाम करते लोग।
उत्तराखंड के पौड़ी में लैंडस्लाइड से घरों और दुकानों में दरारें आ गई।
उत्तराखंड में चंपावत के घाट-पनार मार्ग पर पहाड़ी से बोल्डर गिरने से कार क्षतिग्रस्त हुई।
बिहार में बाढ़ से 40 लाख लोग प्रभावित
बिहार में पिछले 5 दिनों से हो रही तेज बारिश के बाद 14 जिलों में 40.21 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, 14 जिलों के 84 प्रखंडों की 514 ग्राम पंचायतों में बाढ़ का असर है।
छत्तीसगढ़: दो-तीन दिन में बदल सकता है मौसम
छत्तीसगढ़ में अभी बारिश की एक्टिविटी कम है, लेकिन अगले 2-3 दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, कल यानी 10 सितंबर से पूरे प्रदेश में बारिश की एक्टिविटी बढ़ने के आसार हैं।
पंजाब: 3 जिलों में बारिश के आसार
पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून कमजोर पड़ गया है। आज पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर को छोड़कर ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। इन तीन जिलों में भी कुछ स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
हरियाणा: 10 से ज्यादा शहरों में पारा 35°C पार
हरियाणा में मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ते ही पश्चिमी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। प्रदेश के 10 से अधिक प्रमुख शहरों व केंद्रों में अधिकतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है।
बिहार: 14 जिलों के 36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
बिहार में गंगा समेत 8 नदियां अभी भी उफान पर हैं। राज्य के 14 जिलों के 62 प्रखंडों की 491 पंचायतों में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है। इससे करीब 35.89 लाख लोग प्रभावित हैं। गंगा के अलावा कोसी, गंडक और घाघरा नदियां भी लाल निशान से ऊपर बह रही हैं। सारण में माही नदी पर बना जमींदारी बांध टूटने से स्थिति गंभीर हो गई है।
मध्य प्रदेश: मानसून का ब्रेक…3 दिन भारी बारिश नहीं
मध्य प्रदेश में मानसून ने एक फिर 3 दिन का ब्रेक लिया है। मौसम केंद्र (IMD ) भोपाल ने 11 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी अति भारी या भारी बारिश का अनुमान नहीं जताया है। इसी दिन पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया (कम दवाब का क्षेत्र) एक्टिव होगा। जिसका अगले दिन यानी, 12 सितंबर से असर दिखना शुरू होगा।
राजस्थान: 3 दिन बाद बारिश की संभावना
राजस्थान में मानसून के कमजोर होने के कारण तीन दिन बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर से एक नया लो-प्रेशर सिस्टम बंगाल की खाड़ी में बनेगा, जिसके असर से 12 सितंबर से पूर्वी जिलों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है