Connect with us

कोरबा

सुशासन तिहार 2026:जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण से सुशासन की संकल्पना हो रही साकार – महापौर

Published

on

जिला प्रशासन व नगर पालिक निगम कोरबा के द्वारा निगम क्षेत्र का चैथा सुशासन तिहार शिविर रविशंकर नगर जोन में हुआ आयोजित

कोरबा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सुशासन तिहार शिविर को संबोधित करते हुये कहा कि जनसमस्याओं व शिकायतों के त्वरित निराकरण से हमारी सरकार की सुशासन की संकल्पना साकार रूप ले रही है तथा यह प्रमाणित हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली केन्द्र सरकार एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई वाली छत्तीसगढ़ सरकार वास्तव में सुशासन की सरकार है। उन्होने कहा कि सरकार की मंशा है कि इन शिविरों के माध्यम से हम सब जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी आमजनता से सीधे रूबरू हों, उनकी समस्याओं को गहराई से जानें तथा उनका त्वरित निराकरण करायें, इन शिविरों के माध्यम से सरकार की यह जनहितैषी मंशा पूरी हो रही है।

यहाॅं उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ कोरबा जिले एवं नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में भी सुशासन तिहार मनाया जा रहा है तथा इसके अंतर्गत शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। कोरबा निगम क्षेत्र में पहला शिविर विगत 07 मई को कोरबा जोन कार्यालय में, दूसरा शिविर 11 मई को टी.पी.नगर जोन कार्यालय में तथा तीसरा शिविर कोसाबाड़ी जोन कार्यालय में आयोजित हुआ था, वहीं  इस कड़ी में आज निगम के पं.रविशंकर शुक्ल नगर जोन कार्यालय परिसर में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। आयोजन की मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपनी उपस्थिति प्रदान करते हुये शिविर में लगाये गये जिले के विभिन्न विभागों व नगर पालिक निगम कोरबा के विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया, इस मौके पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान, उर्वशी राठौर, धनकुमार गर्ग, नारायण प्रसाद कुर्रे, वर्षा दिनेश वैष्णव, सुनीता चैहान, गोपाल कुर्रे आदि पार्षद व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। शिविर को संबोधित करते हुये महापौर श्रीमती राजपूत ने आगे कहा कि जब हमने निगम की कमान अपने हाथ में संभाली उस समय निगम के 67 वार्डो में समस्याएं व्याप्त थी, किन्तु उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के निरंतर आशीर्वाद से अब ये सभी समस्याएं क्रमशः दूर हो रही हैं, हमारे आयुक्त आशुतोष पाण्डेय भी ऊर्जावान अधिकारी हैं तथा जनसमस्याओ के प्रति अत्यंत गंभीर रूख रखते हैं तथा मेरे मार्गदर्शन व आयुक्त की देखरेख में निगम के अधिकारी जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण कराते हैं। उन्होने कहा कि सुशासन तिहार शिविरों के पश्चात भी निगम की अभिनव योजना महापौर की पाती के माध्यम से आपकी विभिन्न समस्याओं का निराकरण 24 घंटे के अंदर किया जायेंगा। उन्होने आगे कहा कि उद्योग मंत्री श्री देवांगन का संकल्प था कि झुग्गी बस्तियों के निवासियों को पट्टा मिले, मालिकाना हक मिले, अब उनका यह संकल्प पूरा होने जा रहा है। 

योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिये शिविर अच्छा माध्यम

इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जन-जन के कल्याण के लिये अनेक योजनाएं बनाई हैं, इन योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचे, उन्हें योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिये सुशासन तिहार शिविर एक अच्छा माध्यम बन रहे हैं, लोगों को योजनाओं की जानकारी हो रही है, वे योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर पानी, बिजली, साफ-सफाई, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य ऐसी समस्याएं जिनका निदान तुरंत संभव है, उनका त्वरित निदान भी हो रहा है।

शिकायतें हो रही तत्काल दूर

इस मौके पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनप्रतिनिधि व अधिकारी कर्मचारी आमजनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को सुने तथा उनका तत्काल निराकरण करायें, यह सुशासन तिहार शिविरों का प्रमुख उद्दश्य है, निश्चित रूप से सरकार का यह उद्देश्य पूरा हो रहा है, तथा आमजन की शिकायतें त्वरित रूप से दूर हो रही है, इसके साथ ही निर्माण से संबंधित मांग जिन्हें पूरा करने में प्रक्रियागत समय लगता है, उनकी प्रक्रिया भी शीघ्रता से की जा रही है। उन्होने आगे कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा के विकास के लिए तथा यहाॅं की समस्याओं के लिए पूर्ण रूप से सजग हैं, कोरबा में ढेर सारी झुग्गी बस्तियाॅं हैं, इन बस्तीवासियों को उनके घरों का मालिकाना हक मिले, इसके लिये उद्योग मंत्री श्री देवांगन सदैव संघर्षरत रहे हैं और अब वह दिन भी आने वाला है कि जब इन बस्तीवासियों को उनके घरों का जमीन का मालिकाना हक प्राप्त हो जायेगा।

सुशासन तिहार का आयोजन एक अच्छी पहल

इस अवसर पर पार्षद अब्दुल रहमान ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में किये जा रहे सुशासन तिहार शिविरों का यह आयोजन निश्चित रूप से एक अच्छी पहल है, इससे आमनागरिकों की समस्याओं व शिकायतों का त्वरित निदान हो रहा है, उन्हें अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये निगम कार्यालय तक नही जाना पडे़गा, मैं इसके लिये राज्य सरकार एवं नगर निगम प्रशासन को साधुवाद देता हूॅं।

हमारी सरकार जो कहती है, वह करती भी है

इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद व पूर्व सभापति अशोक चावलानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारी केन्द्र व राज्य सरकार जो कहती है, वह करती भी है, केवल खोखले वायदे नहीं करती। उन्होने कहा कि सुशासन तिहार का यह आयोजन शासन की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है, इसके माध्यम से लोगांे की समस्याओं का त्वरित निदान हो रहा है, जहाॅं तक नगर निगम कोरबा की बात है तो निगम बहुत अच्छा कार्य कर रहा है, मैं अन्य शहरों में भी आता-जाता रहता हूॅं, तो देखता हूॅं कि कोरबा अपेक्षाकृत ज्यादा साफ-सुथरा शहर है, यहाॅं पर विकास की गति भी तेज है।

ई-बाईक से शिविर में पहुंचे आयुक्त, दिया ईंधन बचाने का संदेश

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय हेलमेट लगाकर ई-बाईक से पं.रविशंकर नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे तथा लोगों को ईंधन बचाने व पर्यावरण को संरक्षित करने का संदेश दिया। यहाॅं उल्लेखनीय है कि युद्ध के कारण उत्पन्न समस्या को देखते हुये देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईंधन बचाने का आव्हान किया है, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज इस अपर अमल किया तथा ई-बाईक से शिविर में पहुंचे। उन्होने अधिकारी कर्मचारियों से आग्रह किया कि सभी ई-बाईक का उपयोग करें तथा ईंधन बचायें, आयुक्त की इस पहल का उपस्थित पार्षदों, जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया तथा उनके इस कदम की प्रशंसा की। इस मौके पर आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम के पं.रविशंकर शुक्ल नगर जोन की उपलब्धियों व विकास कार्यो पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुये कहा कि पं.रविशंकर नगर जोन में कुल 07 वार्ड हैं, इन सात वार्डो में वर्ष 2023 से अब तक कुल 32 करोड़ 32 लाख रूपये के 94 कार्य स्वीकृत हुये थे, जिसमें 54 कार्य पूर्ण हो गये हैं, 27 कार्य प्रगतिरत हैं तथा 13 कार्य निविदा प्रक्रिया में है। इस मौके पर उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य की प्राप्ति, राजस्व वसूली, जलकर वसूली, जोनांतर्गत बनाये गये राशन कार्ड, श्रद्धांजलि योजना, परिवार सहायता योजना अंतर्गत दी गई सहायता राशि, पेंशन योजनाएं, स्वामित्व योजनाओं आदि से संबंधित तथ्यों तथा लाभान्वित हितग्राहियों की विस्तृत जानकारी रखी।

हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया

शिविर के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। महापौर श्रीमती राजपूत व उपस्थित अतिथियों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत उमेश कुमार कर्ष, कुमारी बाई व मुकेश साहू को आवासगृहों की चाबी दी गई, तो वहीं हैदर अंसारी, शबीना खातुन व मोहन साहू को आवासगृहों के स्वीकृति पत्र, श्रद्धांजलि योजना अंतर्गत अंतराम लहरे व दिनेश कुमार निषाद को 03-03 हजार रूपये की सहायता राशि के चेक दिये गये, वहीं रोमा कर्ष, नोनी बाई, सुमन चैहान, निकिता साहू, बसंती बाई, तरूवला मण्डल को राशन कार्ड प्रदान किये गये। इसी प्रकार वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत राजू केशरवानी व अभय राम रजक को पेंशन स्वीकृति पत्र, पूजा सोनी, नुजहत, मजूद अली व रामचरण को व्हीलचेयर तथा जोहरा बेगम को छड़ी एवं रानी कुमारी को श्रवण यंत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम का संचालन श्री घनश्याम के द्वारा किया गया, वहीं आभार प्रदर्शन अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने किया।

इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी, वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान, उर्वशी राठौर, धनकुमार गर्ग, नारायण प्रसाद कुर्रे, वर्षा दिनेश वैष्णव, सुनीता चैहान, गोपाल कुर्रे आदि के साथ-साथ सुशील गर्ग, प्रवीण रत्नपारखी, दिनेश वैष्णव, कृष्णा द्विवेदी, अर्जुन गुप्ता, निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त  व जोन कमिश्नर पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, सहायक अभियंता विपिन मिश्रा, आकाश अग्रवाल, रूचि साहू, किरण साहू, सचिन तिवारी, अविनाश जायसवाल आदि सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में घर के छज्जे पर लटका मिला कोबरा:रेस्क्यू के लिए तोड़ना पड़ा छज्जा, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बरमपुर गांव में गुरुवार देर रात एक घर में कोबरा घुस गया। करीब 5 फीट लंबा कोबरा कच्चे मकान के छज्जे पर लटका फुंकार रहा था। सांप को देखकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए और बाहर भाग गए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रकाश यादव का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी कमरे के छज्जे से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर करीब 5 फीट लंबा कोबरा छज्जे से लटका दिखाई दिया और फुंकार मार रहा था।

मकान कच्चा और खपरैल का होने के कारण कोबरा आसानी से अंदर घुस आया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मानस यादव और उमेश यादव की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कोबरा छज्जे की दरार में छिपा हुआ था, जिससे रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

17 फीट ऊंचाई पर चढ़कर किया रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम को करीब 17 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जोखिम उठाना पड़ा। सांप तक पहुंचने के लिए घर के एक हिस्से को हल्का तोड़ना भी पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

जंगल में छोड़ा गया कोबरा

रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की छत, स्टोर रूम, अनाज रखने की जगह और छज्जों में पहुंच जाते हैं।

लोगों से की अपील

स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

पिता से पूछा-मां मुझसे नाराज क्यों है, फिर फूट-फूटकर रोया:सुबह किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला बेटा, सेलून में करता था काम

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता को फोन कर पूछा, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगा। कुछ देर बाद उसने कॉल काट दी।

शुक्रवार सुबह जब उसके माता-पिता किराए के कमरे पर पहुंचे, तो युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

सेलून में करता था काम

जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24) है, जो ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में काम करता था। रोहन टीपी नगर में किराए के मकान में रहता था। मूल रूप से वह बरपाली का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है।

देर रात पिता को किया था फोन

रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने फिर कॉल किया। कॉल पर वह रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने फोन काट दिया।

सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला

शुक्रवार सुबह जब रिश्तेदारों ने कई बार फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर माता-पिता तुरंत उसके कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में लाखों की चोरी:सूने मकान का ताला तोड़कर सोना, चांदी, नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोना-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित भारत लाल साहू, जो सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं, सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में रहते हैं। वह किसी काम से घर से बाहर गए थे और मकान में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

अलमारी तोड़कर ले गए गहने और नकदी

शुक्रवार (24 जुलाई ) सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी भी तोड़ी गई थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का हुआ है।

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिले में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677