छत्तीसगढ़
इंजीनियर संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल:सक्ति में जनपद उपाध्यक्ष की गिरफ्तारी न होने से नाराजगी, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
सक्ती। सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद पंचायत में पदस्थ सब इंजीनियर शरद देवांगन के साथ कथित मारपीट के मामले में छत्तीसगढ़ इंजीनियर डिप्लोमा एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ का आरोप है कि मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सीताराम चंद्रा की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले जैजैपुर जनपद पंचायत कार्यालय में सब इंजीनियर शरद देवांगन के साथ मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि उन्हें एक कमरे में बंद कर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। इस मामले में कुछ भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधियों के नाम भी सामने आए थे।

शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
घटना के बाद पीड़ित इंजीनियर और अन्य अधिकारियों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। लंबे समय तक कार्रवाई की मांग के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से इंजीनियरों में आक्रोश है।
इंजीनियर संघ का कहना है कि केवल एफआईआर दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है। जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कार्य बहिष्कार कर शुरू की हड़ताल
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिले के इंजीनियरों ने कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ का कहना है कि कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामले में समझौता नहीं किया जाएगा।
हड़ताल के चलते पंचायत और विकास कार्यों से जुड़े कई विभागीय काम प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रदेश स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ इंजीनियर डिप्लोमा एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। संगठन का दावा है कि ऐसी स्थिति में राज्यभर के इंजीनियर आंदोलन में शामिल होंगे।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं इंजीनियर संघ अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है और आरोपी की गिरफ्तारी तक हड़ताल जारी रखने की बात कह रहा है।
कोरबा
बिहान योजना ने दी नई पहचान – सुरेखा जायसवाल बनीं ‘लखपति दीदी’
कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पहल से अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। कटघोरा विकासखंड के ग्राम धंवईपुर नवापारा की निवासी श्रीमती सुरेखा जायसवाल इसकी प्रेरणादायक मिसाल हैं।

कक्षा दसवीं तक शिक्षित श्रीमती सुरेखा जायसवाल पहले एक सामान्य गृहिणी थीं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उनके पति पर थी, लेकिन वे भी परिवार की आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की इच्छा रखती थीं। वर्ष 2019 में बिहान योजना के अंतर्गत आस्था महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ना उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।
समूह से जुड़ने के बाद उन्हें वित्तीय सहयोग के साथ-साथ विभिन्न प्रशिक्षण प्राप्त हुए, जिससे उनके भीतर आत्मविश्वास का विकास हुआ और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला। समूह के माध्यम से उन्हें आरएफ मद से 10 हजार रुपये, सीआईएफ मद से 30 हजार रुपये तथा स्वयं सिद्धा पहल के अंतर्गत 2 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त एफएलसीआरपी के माध्यम से बैंक से 1 लाख रुपये का ऋण भी उपलब्ध कराया गया।
प्राप्त वित्तीय सहायता का सदुपयोग करते हुए श्रीमती सुरेखा ने श्रृंगार सामग्री की दुकान, किराना दुकान एवं फोटोकॉपी सेंटर की स्थापना की। उनकी मेहनत, लगन और व्यवसायिक समझ का परिणाम यह रहा कि आज उनकी वार्षिक आय लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये तक पहुंच गई है। आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ ही उन्होंने समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है और आज वे लखपति दीदी के रूप में जानी जाती हैं।
श्रीमती सुरेखा बताती हैं कि स्वरोजगार से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। अब वे परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं तथा घर के निर्णयों में भी उनकी सक्रिय भूमिका है। आर्थिक आत्मनिर्भरता ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई प्रदान की है।
अपनी सफलता का श्रेय वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ शासन और बिहान योजना को देते हुए कहती हैं कि शासन के सहयोग और स्व-सहायता समूह से मिले मार्गदर्शन ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। आज वे सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर रही हैं और अपने परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं।
श्रीमती सुरेखा जायसवाल की सफलता की यह कहानी दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और दृढ़ संकल्प के बल पर महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। बिहान योजना इसी परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनकर ग्रामीण महिलाओं के जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है।
कोरबा
दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना बनी सहारा,मनोज खूंटे के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का सशक्त माध्यम बन रही है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की जाती है, जिससे उनकी दैनिक जरूरतों की पूर्ति के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं को भी नई दिशा मिल रही है।
कोरबा जिले के ग्राम भुलसीडीह निवासी मनोज खूंटे इस योजना के लाभान्वित हितग्राही हैं। भूमिहीन होने के कारण उनकी आजीविका का मुख्य आधार मजदूरी कार्य था। सीमित आय में चार सदस्यीय परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यक खर्चों का प्रबंधन करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। कई बार आर्थिक तंगी के कारण परिवार की जरूरतों को पूरा करना कठिन हो जाता था।

श्री खूंटे बताते हैं कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्राप्त होने वाली 10 हजार रुपये की वार्षिक सहायता राशि ने उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाया है। इस राशि से वे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू आवश्यकताओं और अन्य जरूरी खर्चों का बेहतर ढंग से प्रबंधन कर पा रहे हैं। इससे परिवार को आर्थिक राहत मिली है और जीवन में स्थिरता आई है।
वे बताते हैं कि अब उनका ध्यान केवल वर्तमान आवश्यकताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य को लेकर भी नई सोच विकसित हुई है। योजना से प्राप्त राशि का एक हिस्सा बचाकर वे छोटा व्यवसाय प्रारंभ करने की योजना बना रहे हैं, जिससे परिवार के लिए आय का स्थायी स्रोत तैयार किया जा सके और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
मनोज खूंटे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके जैसे भूमिहीन मजदूर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे उन्हें आर्थिक संबल मिला है, बच्चों के भविष्य के प्रति विश्वास बढ़ा है और परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हुआ है।
’दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आत्मविश्वास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का नया आधार भी उपलब्ध करा रही है। यह योजना राज्य शासन की जनकल्याणकारी सोच को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कोरबा
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब होंगे शामिल
अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशनल हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम होगा आयोजित
कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित जिलेवासियों को योगाभ्यास में शामिल होने का किया आग्रह
कोरबा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर कोरबा के देवी अहिल्या बाई होल्कर कन्वेंशनल हॉल में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा व रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद लोकसभा क्षेत्र कोरबा श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, महापौर नगर निगम कोरबा श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल व सभापति नूतन सिंह ठाकुर शामिल होंगे। यह सामूहिक योग कार्यक्रम सुबह 7 बजे से 8 बजे तक होगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने योग दिवस के सफल आयोजन के लिए समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रातः 7 बजे देवी अहिल्या बाई कन्वेंशन हॉल पहुंचकर योग अभ्यास में शामिल होने हेतु निर्देशित किया है। साथ ही अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की भी योगाभ्यास कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित कराने की बात कही है। उन्होंने जिले के समस्त ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकायों में भी योग कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्वस्थ जीवन के लिए योगाभ्यास अपनाने तथा योग दिवस पर सभी जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित जिले वासियों से योगाभ्यास में शामिल होने अपील की है।
-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
