Connect with us

कोरबा

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस:जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का हुआ आयोजन

Published

on

सशक्त नारी, समृद्ध समाज की आधारशिला- कैबिनेट मंत्री लखन लाल

उत्कृष्ट कार्य करने वालो महिलाओं को किया गया सम्मानित

बाल विवाह मुक्त नगरीय निकाय व पंचायतो को प्रमाण पत्र किया गया प्रदान

कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर  छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के  आतिथ्य में नगर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रो में उत्कृष्ट कार्य करने वालो महिलाओं  को सम्मानित एवं बाल विवाह मुक्त पंचायतो को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापती नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।  


जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।  उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिससे महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व दोनों मजबूत हुए हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने  कहा कि सशक्त महिलाएं ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। महिलाएं आज पहले से अधिक सशक्त और मजबूत हुई हैं तथा देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा राज्य में सरकार गठन के साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण जैसे कार्यों से भी ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं की आय बढ़ रही है।


कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक बनाकर ही इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया।


महापौर श्रीमती राजपूत ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि  देश में महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान कर रही हैं। लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना तथा महतारी सदन  निर्माण जैसी विभिन्न पहलों से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और संस्थागत रूप से सशक्त बनाने में मदद मिल रही है। जिससे आज महिलाएं हर क्षेत्र में ऊंचे स्थान पर पहुँच रही है एवं देश के विकास में अपना पूर्ण योगदान दे रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति नूतन सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सम्मान सर्वोपरि माना गया है। नारी को सदैव शक्ति, सृजन और संस्कार का प्रतीक माना गया है, इसलिए महिलाओं का सम्मान करना हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
नारी सम्मान और सशक्तिकरण से समाज का समग्र विकास- कलेक्टर दुदावत

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री  दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव उच्च स्थान दिया गया है। समाज के उत्थान और विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और अखिल भारतीय सेवाओं सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़कर सफलता हासिल कर रही है और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। कलेक्टर ने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना  संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के तहत जिले के 2,93,859 पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है।  उन्होंने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत कोरबा जिले के  297 ग्राम पंचायतों एवं 03 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास का आधार है और इसके लिए शासन-प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने हेतु दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह की रोकथाम के लिए व्यापक जन जागरूकता लाने तथा लोगों को इस कुप्रथा के विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित करने हेतु अपील की। इस दौरान महतारी वंदन योजना का लाभ लेकर स्वावलंबन की दिशा में अग्रसर हुई महिलाओं द्वारा अपना अनुभव साझा किया गया एवं सभी को योजना का बेहतर लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।

बाल विवाह मुक्त नगरीय निकायों व पंचायतों का किया गया सम्मान

मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन द्वारा बाल विवाह की कुप्रथा से पूर्णतः मुक्त हो चुके नगर पालिका परिषद दीपका, नगर पालिका परिषद कटघोरा एवं नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही जिले की बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं  को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा  उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग के  पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का लाइव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं से किया गया संवाद एवं उनका प्रेरणादायी अभिभाषण का जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। इस दौरान महिलाओं ने शासन की विभिन्न योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विचारों से प्रेरणा प्राप्त की तथा कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की।”

Continue Reading

कोरबा

भाजपा नेता अरूण मिश्रा (पप्पू महराज) का निधन

Published

on

कोरबा। सिंचाई कालोनी रामपुर कोरबा निवासी भाजपा नेता अरूण मिश्रा (पप्पू महराज) का आज प्रात: आकस्मिक निधन हो गया। अरूण मिश्रा पूर्व एल्डमेन एवं भाजपा नेता बाल महराज एवं भाजपा नेता राकेश मिश्रा के बड़े भाई हैं।
वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्रियां, दो भाई सहित भरापूरा परिवार छोड़कर स्वर्गलोक सिदार गए। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और आज प्रात: ह्दयाघात आने से उनका निधन हो गया। उनके निधन और नियति के इस असहनीय आघत से सम्पूर्ण मिश्रा परिवार को असहनीय वेदना पहुंची है।
उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3.00 बजे पोड़ीबहार स्थित आदर्श नगर मुक्तिधाम में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा निज निवास वार्ड क्र. 37 सिंचाई कालोनी रामपुर से निकल कर पोड़ीबहार मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनके पुत्र विभव मिश्रा ने उनका अग्रिसंस्कार विधि विधान से पंडित जी की उपस्थिति में किया। उनकी अंतिम यात्रा में कोरबा के भाजपा नेता, स्थानीय नागरिकगण एवं परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
पप्पू महराज सरल और व्यवहार कुशल व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से शुभचिंतक हतप्रभ हैं। वे वनविभाग सहित अन्य विभागों में ठेकेदार थे।

Continue Reading

कोरबा

मानवीय प्रेरणा:अस्पताल में भर्ती अखबार वितरक रामा का हालचाल जानने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पहुंचे

Published

on

रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, पत्रकार गेंदलाल शुक्ला भी पहुंचे
एमजेएम हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन स्वयं कर रहे रामा का ईलाज
कोरबा। कोरबा में कभी-कभी ऐसे दृश्य आ जाते हैं, जो लोगों के लिए प्रेरणा का सबब बन जाते हैं। आर्थिक दृष्टि से यदि समाज का आंकलन करें तो नीचे तबके में अखबार वितरक भी आते हैं। अखबार वितरक रामा उर्फ रामायण सिंह को कोरबा के अधिकांश लोग जानते हैं और करीब 40 साल से भी अधिक समय से अखबार वितरण कर परिवार का लालन-पोषण कर रहे हैं। तीन दिन पूर्व रामायण सिंह को कमजोरी लगी और अखबार वितरक संघ के जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू एवं टीम ने रामा को एमजेएम हास्पिटल टीपी नगर कोरबा में भर्ती कराया।

एमजेएम हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन रामा से परिचित थे और विपेन्द्र कुमार साहू ने जब डॉ. जैन से सम्पर्क किया तो डॉ. प्रिंस जैन रामा को सहृदयता से अपने अस्पताल में भर्ती किया और स्वयं की देख-रेख में उनका ईलाज प्रारंभ किया। यह मानवता के प्रति उत्कृष्ट उदाहरण कहा जा सकता है।

यह दृश्य हमें प्रेरणा देता है। इतना ही नहीं जब रामा की तबियत खराब होने की सूचना पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल को मिली तो वे भी वरिष्ठ अखबार वितरक रामा का हालचाल जानने एमजेएम अस्पताल पहुंचे। श्री अग्रवाल पहले डॉ. प्रिंस जैन के केबिन में पहुंचे और रामा के बारे में जानकारी ली। दोनों साथ मिलकर रामा से मिले और उनका हालचाल जाना। यह दृश्य भी हमें प्रेरित करता है कि एक कोरबा के लब्धप्रतिष्ठित राजनेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल नीचे तबके के व्यक्ति का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचते हैं। श्री अग्रवाल ने डॉ. प्रिंस जैन से कहा कि रामा का ईलाज बेहतर ढंग से करें और खर्च की परवाह न करें।

चेम्बर आफ कामर्स के पूर्व अध्यक्ष एवं रेडक्रास सोसायटी के कोरबा जिला अध्यक्ष तथा कोरबा के समाजसेवी रामसिंह अग्रवाल भी रामा को देखने एमजेएम अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। रामसिंह अग्रवाल ने रामा से कहा- फिकर करे के जरूरत नई हे… सब बंदोबस्त हो जाही। पैसा कौड़ी के जरूरत नई हे। उन्होंने भी डॉ. प्रिंस जैन को रामा का ईलाज पूरी सिद्दत से करने की बात कही। वरिष्ठ पत्रकार गेंदलाल शुक्ला सहित कोरबा के कई मूर्धन्य लोग भी रामा को देखने पहुंचे थे।
छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला इकाई के अध्यक्ष सहित उनकी टीम ने भी रामा को सहयोग प्रदान किया और लगातार तीन दिन से संघ के सदस्य उनकी निगरानी कर रहे हैं और हौसला बढ़ा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवरों के तट पर हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

ध्वजारोहण के साथ निकली तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह

जल एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ सामुदायिक सहभागिता का दिया संदेश

कोरबा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए गए अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न अमृत सरोवर परिसरों में ध्वजारोहण सहित सामुदायिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर स्थलों को विशेष रूप से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद परिवारों के सदस्यों एवं ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से गांव और सरोवर परिसर गूंज उठे।

अमृत सरोवर बने सामुदायिक सहभागिता के केंद्र

आयोजन का उद्देश्य अमृत सरोवरों को केवल जल संरक्षण के स्थलों तक सीमित न रखते हुए उन्हें जीवंत सामुदायिक केंद्रों के रूप में विकसित करना तथा ग्रामीणों में सामुदायिक भागीदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, स्व-सहायता समूहों, युवा क्लबों, पर्यावरण प्रेमियों एवं अन्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वृक्षारोपण और स्वच्छता से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अमृत सरोवर परिसरों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों ने सरोवरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ, जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वतंत्रता, राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।

इन आयोजनों के माध्यम से अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सतत आजीविका के बहुआयामी केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, वीबी-जी राम जी योजना के हितग्राही, युवा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677