Connect with us

कोरबा

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल के फिर कड़े तेवर, कहा-भू-विस्थापितों की समस्याओं का समाधान जल्द करे प्रबंधन, वरना मैं खुद उतरूंगा खदान में

Published

on


कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने ग्राम अमगांव व मलगांव पहुंचकर जानी भू विस्थापितों की समस्याएं


कोरबा- दीपका-गेवरा। कोरबा जिले में भू-विस्थापितों की समस्याएं सालों से मुंहबाए खड़ी हैं। सैकड़ों बार प्रशासन-एसईसीएल-भू विस्थापितों के बीच बैठकें हुई, सालों से भू-विस्थापितों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है, लेकिन एसईसीएल के अधिकारियों की लापरवाही और बार-बार नियम-शर्त बदलने के कारण पात्र हितग्राहियों को भी एसईसीएल में नौकरी, पर्याप्त मुआवजा, रोजगार नहीं मिल पा रहे हैं
इस बार कटघोरा को ऐसा विधायक मिला है, जो पीडि़त लोगों के साथ खड़े होकर उनकी लड़ाई में सक्षम नेतृत्व प्रदान कर रहा है। ्रऊर्जाधानी भू विस्थापित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष संपूरन कुलदीप व अन्य पदाधिकारी के साथ कटघोरा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल ने अमगांव-मलगांव में खदान विस्तार क्षेत्र जाकर भू विस्थापितों के साथ समस्याएं जानी और एसईसीएल प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया, शीघ्र ही भू-विस्थापितों की समस्याओं का निदान करें, वरना मैं खुद खदान में उतरूंगा।
इन्होंने स्थानीय ग्रामवासियों से चर्चा भी की। ग्रामवासियों ने अपनी मुआवजा संबंधित समस्याओं, मुआवजा में कटौती, सही मूल्यांकन नहीं करने और अन्य समस्याओं को सामने रखा। विधायक को आवास क्षेत्र के निकट तक खदान लाने और ब्लास्टिंग क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी बताया गया। विधायक प्रेमचंद पटेल ने सारे विषयों को गंभीरता से सुना और समझा। उन्होंने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया है कि इस मामले को लेकर वे एसईसीएल प्रबंधन और उच्च स्तर के अधिकारियों को पत्र लिखेंगे। यदि इसके बाद भी समाधान नहीं किया गया तो आचार संहिता खत्म होने के बाद प्रबंधन के खिलाफ उतरकर खदान बंदी कराएंगे।
भूविस्तापितों की ओर से अपनी रोजगार, मुआवजा और बसाहट की समस्याओं को लेकर परेशानी को ध्यान में रखते हुए ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के साथ क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल के निरीक्षण से मलगांव व अमगांववासियों में उम्मीद जागी है कि विधायक के नेतृत्व में उनकी समस्याओं का कुछ हद तक निदान होगा। विधायक ने खनन क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद लोंगो से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने की दिशा में कार्यवाही की बात कही है।
सपुरन कुलदीप ने विधायक को मौके पर ले जाकर दिखाया कि किस तरह गांव के मकानों से महज 15 मीटर दूरी में खनन करने और खनन के लिये भारी विस्फोटक का उपयोग किया जा रहा है। डेंजर जोन में फेंसिंग कर सुरक्षित नहीं कर निवास क्षेत्र के दायरे में खनन कार्य पर सुरक्षा महानिदेशालय धनबाद को शिकायत की मंशा से अवगत कराया गया।
कोयला उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने लक्ष्मण रेखा लांघ रहे हैं एसईसीएल अधिकारी
सपुरन कुलदीप ने विधायक को बताया कि कोयला उत्पादन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दीपका परियोजना के अधिकारी किसी भी हद तक जा रहे हैं। अधिकारियों का टारगेट सिर्फ कोयला उत्पादन है, जनता की सुरक्षा का इन्हें कोई मतलब नहीं। जमीन संकट को दूर करने के लिए गांव में सीआईएसएफ और त्रिपुरा रायफल्स के जवानों का मार्च पास्ट तक कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है ताकि होने वाले विरोध पर काबू किया जा सके। यही नहीं भूविस्थापितों की ओर से मुआवजा लेने से इनकार कर दिए जाने और मकान खाली नहीं करने के बाद उनको डराने-धमकाने का काम किया जा रहा है। ऐसे भूविस्थापित जो नौकरी कर रहे हैं, उनको खासा परेशान होना पड़ रहा है। दिन में ग्रामवासियो के विरोध के कारण मिट्टी हटाने का काम बंद हो जाता है, इसलिए रात के अंधेरे में मशीन लगाकर मिट्टी की कटाई की जाती है। कोयला उत्खनन के लिए जमीन नहीं होने का हवाला देकर और गलत जानकारी देकर जिला प्रशासन को अपने झांसे में लेकर खदान को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।

मलगांव की परिसम्पत्तियों का मुआवजा विवादित

दीपका परियोजना से प्रभावित ग्राम मलगांव की परिसम्पत्तियों का मुआवजा का मामला विवादित है और सुर्खियों में बना हुआ है और यहां पर जबरदस्ती मकान खाली कराने के लिए कई हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। दूसरी ओर एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में अर्जित ग्राम अमगांव के आश्रित मोहल्ला दर्राखांचा के मकानों का नापी पूर्ण किया जा चुका है, किंतु नापी का मूल्यांकन पावती देने में आनाकानी किया जा रहा है क्योंकि प्रबन्धन मुआवजा में कटौती करना चाह रहा है, जिसका भारी विरोध से सामना करना पड़ेगा ।
जोकाही डबरी का 10 साल से लटका पड़ा है मुआवजा

ग्राम पंचायत अमगांव के एक मोहल्ला जोकाही डबरी के मकानों का 2014- 15 में मूल्यांकन किया गया था जिसका राजस्व विभाग के द्वारा बेवजह अपात्र घोषित कर दिए जाने का खामियाजा भुगत रहे भूविस्थापितों को आज तक मुआवजा का भुगतान नहीं हो पाया है जिसके खिलाफ जनवरी माह से धरना प्रदर्शन किया जा रहा है यहां के 93 लोंगो की मुआवजा लम्बित है और प्रबन्धन व प्रशासन एक दूसरे पर जिम्मेदारी थोप रहे हैं। कल यहां के जोकाही तालाब का मेड़ रात के अंधेरे में काट दिया गया जिसके विरोध में ग्रामीणों के द्वारा खदान विस्तार को रोक दिया गया ।

लकवाग्रस्त पिता और अपाहिज पुत्र के मकान को ध्वस्त करने दबाव

विधायक हरिश्चंद्र महिलांगे के घर भी पहुंचे। यह ग्रामीण एक दुर्घटना के कारण पैर से अपाहिज हो चुका है और कोई रोजगार नही होने के कारण अपनी परिवार की जीवनयापन से परेशान है।उसके पिता लकवाग्रस्त होने के कारण खाट पर पड़े रहते हैं। उनकी खाना-पखाना की समस्या से अलग जूझ रहे परिवार के मकान का मुआवजा नही के बराबर बनाये जाने के कारण मुआवजा राशि को बढाने की मांग कर रहा है । किंतु उसके मकान के चारों ओर से खोद कर मकान खाली करने के लिए विवश किया गया और मजबूरन उसने अजाक थाने में न्याय के लिए गुहार लगाई है ।

तात्कालीन विधायक आखिर क्यों नहीं कर रहे विरोध

मलगांव और अमगांव में सैकड़ों भू-विस्थापितों का मुआवजा काफी कम बना है, जबकि तात्कालीन विधायक पुरूषोत्तम कंवर, बोधराम कंवर के नाम से करोड़ों रूपए पर्याप्त मात्रा में मुआवजा निकला है। स्वार्थ सिद्ध होने के कारण कंवर परिवार पिछले कांग्रेस शासन काल में पांच साल तक भू विस्थापितों का साथ नहीं दिया और अब भी भू-विस्थापितों के साथ खड़े होने कतरा रहे हैं। जनता के साथ विश्वासघात और किये वादों को भूलने के कारण भी क्षेत्र की जनता ने तात्कालीन विधायक कंवर को मजा चखाया और उनकी कुर्सी छीन ली। यही हाल रहा तो कंवर परिवार का राजनीतिक भविष्य खतरे में पड़ सकता है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा के ढपढप पहुंचे पंडित धीरेंद्र शास्त्री: फूलों की वर्षा के साथ अभिनंदन

Published

on

कोरबा। 28 मार्च से 01 अप्रैल तक कोरबा जिले के ढपढप में आयोजित श्रीहनुमंत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आज बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर एवं विश्व प्रसिद्ध कथावाचक एवं सनातन धर्म के संवाहक पंडित धीरेंद्र शास्त्री कोरबा के ढपढप पहुंचे और आयोजकों एवं महिला शक्ति ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया। भव्य स्वागत से पंडित धीरेंद्र शास्त्री अभिभूत हुए और कथा स्थल में बने भव्य और आकर्षक पंडाल से सभी श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। आज कथा के प्रथम दिन अभूतपूर्व भीड़ कथा स्थल पर देखी गई और श्रद्धालुओं का इंतजार तब खत्म हुआ जब धीरेंद्र शास्त्री महराज कथापीठ पर विराजमान हुए।

रायगढ़ से कोरबा पहुंचे पंडित धीरेंद्र शास्त्री

जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढपढप में आज से पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा वाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी शनिवार दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर रायगढ़ जिले के जिंदल एयरपोर्ट पर प्राइवेट जेट से पहुंचे, जहां आयोजकों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने उनका भव्य स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष, फूल-मालाओं और भक्तिमय उत्साह के बीच शास्त्री जी का स्वागत हुआ। इसके बाद उनका वाहनों का काफिला रायगढ़ से कोरबा के लिए रवाना हो गया। जानकारी के अनुसार, महाराज लगभग शाम 5 बजे कथा स्थल ढपढप पहुंचे, जहां हजारों श्रद्धालु उनके आगमन की प्रतीक्षा में पलक-पांवड़े बिछाए बैठे रहे।

ढपढप की पावन धरा पर होने जा रही यह दिव्य हनुमंत कथा अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सनातन चेतना और भक्ति के महापर्व का स्वरूप ले चुकी है। शास्त्री जी के आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बन गया है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में राखड़ डंप से लोग परेशान:ग्रामीणों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी दी, सरपंच ने कहा- शिकायत की है

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के कनकी-तरदा मार्ग पर राखड़ डंप किया जा रहा है। इससे आसपास के लोग बेहद परेशान हैं। इसे अवैध डंपिंग बताया जा रहा है। ग्रामीणों में इसे लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।

तरदा निवासी विनोद कुमार पटेल ने बताया कि भारी वाहन खुलेआम सड़क किनारे राखड़ डंप कर रहे हैं। कई जगहों पर तो राखड़ सीधे सड़क पर ही डंप किया जा रहा है, जिसे बाद में फिलिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से इसकी शिकायत भी की है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं है

बीच सड़क में डम्ब किया गया राखड़ लोग हो रहे हैं परेशान

बीच सड़क में डम्ब किया गया राखड़ लोग हो रहे हैं परेशान

लोगों को सांस लेने में परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि, सड़क किनारे राखड़ डंप होने के कारण कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं। हल्की आंधी या भारी गाड़ियों के गुजरने पर राखड़ उड़ने लगता है, जिससे लोगों को सांस लेने में और गाड़ी चलाने में काफी परेशानी होती है।

रायपुर-बिलासपुर आने-जाने वालों के लिए अहम रास्ता

यह मार्ग बिलासपुर और रायपुर जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। साथ ही, कई गांवों के लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि इस मार्ग पर राखड़ डंप करने की अनुमति किसने दी और इन जमीनों का मालिक कौन है।

सरपंच ने कहा- आंदोलन करेंगे

महिला सरपंच गायत्री सिदार ने बताया कि इस मामले की शिकायत की गई है और इसका विरोध भी किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद, अवैध डंपिंग करने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। सरपंच ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल ने 40 तीर्थ यात्रियों के जत्थे को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Published

on

सभी तीर्थ यात्री राधाकृष्ण महिला समिति, परसाभाटा बाल्को नगर से सम्बंधित

कोरबा। आज दिनांक 28 मार्च को प्रातः 11:00 बजे कोरबा रेलवे स्टेशन से पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल ने 40 तीर्थ यात्रियों के जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
राधाकृष्ण महिला समिति, परसाभाटा बाल्को नगर द्वारा आयोजित तीर्थयात्रा दल को विधिवत रूप से रवाना किया गया। इस अवसर पर कोरबा नगम की पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल द्वारा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर 40 श्रद्धालुओं के दल को वृंदावन धाम एवं अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की पावन यात्रा हेतु प्रस्थान कराया गया ।
यह तीर्थयात्रा भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली वृंदावन सहित आसपास के अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के दर्शन एवं आध्यात्मिक अनुभूति के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इस यात्रा से श्रद्धालुओं को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होगी।

इस अवसर पर रेणु अग्रवाल ने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार करे। उन्होंने कामना की कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा पूर्ण कर पुनः अपने घर लौटें तथा अपने अनुभवों से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करें।
राधाकृष्ण महिला समिति द्वारा इस आयोजन के माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था एवं एकजुटता को बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास किया गया है। समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा की सफलता की कामना की है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, पूर्व जिलाध्यक्ष सपना चौहान, पार्षदों में रवि चंदेल, पालूराम साहू, सुखसागर निर्मलकर, बद्रिकिरण, पूर्व पार्षद महेश अग्रवाल, रामगोपाल यादव, मनीष शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्तियों में एफ डी मानिकपुरी, रवि खूंटे, गणेश दस महंत, जवाहर निर्मलकर, गिरधारीलाल बरेठ, संसद प्रतिनिधि महेंद्र थवाईत, बनवारी पाहुजा, सुनील निर्मलकर, शहजाद खान, टेकराम श्रीवास, सांता मांडवी, लक्ष्मी मरकाम, शालू पनरिया, माधुरी ध्रुव आदि तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाये देने के लिए अपने मित्रों सहित विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677