शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का तीखा हमला
कोरबा। देशभर में लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों, पेपर लीक की घटनाओं तथा युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में दिल्ली में संसद मार्च कर रहे छात्रों पर किए गए पुलिस के बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में जिला युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, एवं जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा द्वारा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में सुभाष चौक, कोरबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश का युवा पिछले लगभग बीस दिनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा था। छात्रों ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि संसद के मानसून सत्र के प्रथम दिवस 20 जुलाई को वे संसद मार्च करेंगे और शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने वाले लगातार पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। लेकिन लोकतंत्र में संवाद करने के बजाय केंद्र सरकार ने छात्रों की आवाज को लाठियों के बल पर दबाने का प्रयास किया।
जिला युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस देश का भविष्य युवा हैं, उसी देश में अपने भविष्य की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों को अपराधियों की तरह सड़कों पर पीटा जा रहा है। भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों का अपराध क्या था? क्या रोजगार मांगना अपराध है? क्या निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग करना अपराध है? क्या शिक्षा मंत्री से जवाब मांगना अपराध है?
जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि आज देश का करोड़ों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दिन-रात मेहनत कर रहा है, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं ने युवाओं का विश्वास पूरी तरह तोड़ दिया है। सरकार इन विफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय युवाओं पर पुलिसिया दमन कर रही है। यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि तानाशाही की मानसिकता का परिचायक है। कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं में अनियमितताएं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बेरोजगारी ने युवाओं को निराश कर दिया है, लेकिन केंद्र सरकार इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध करने वालों को पुलिस के डंडों से कुचलने का प्रयास कर रही है। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में लाठी नहीं, संवाद चलता है। यदि सरकार अपनी विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय छात्रों पर बल प्रयोग करेगी, तो कांग्रेस पार्टी देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी। जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा ने मांग की कि— • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल इस्तीफा दें। • देशभर में हुए सभी पेपर लीक मामलों की सर्वोच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाए। • छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। • शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज सभी प्रकरण तत्काल वापस लिए जाएं। • युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि देश का युवा अब डरने वाला नहीं है। लाठियों से आवाजें दबाई जा सकती हैं, लेकिन युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई को समाप्त नहीं किया जा सकता। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अन्याय, दमन और तानाशाही के विरुद्ध लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी तथा छात्रों के सम्मान और उनके भविष्य की रक्षा के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी। पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण लाल कुर्रे, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मो. शाहिद, ब्लाक अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, पालूराम साहू, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, रोपा तिर्की, अर्चना उपाध्याय, पार्षद रवि चंदेल, रामगोपाल कुर्रे, मस्तूल सिंह कँवर, प्रदीप जैसवाल, आरिफ खान, मनहरण राठौर, संजू अग्रवाल, अंकित वर्मा, मो. राजा, ब्रिजभूशन प्रसाद, प्रदीप जैसवाल, तौफीक खान, देवीदयाल सोनी, नवीन कुकरेजा, निकिता खलखो, रजनी भारती, नीलू, मुश्कान, संगीता श्रीवास, राजेश यादव, दुर्गेश दिक्सेना, अनिल कुमार सिंह, पवन चौहान, रघुराज सिंह, सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा पिकनिक स्पॉट के रिसॉर्ट में सुबह उस वक्त पर्यटनों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपकर बैठा मिला। किंग कोबरा की जानकारी मिलते ही रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तीखार खान ने तत्काल वन विभाग एवं नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दिया, जिसके बाद सारथी ने अपने अजगर बहार के स्थानीय टीम के सदस्य कमलेश, देवेंद्र, राम, गौतम, दिल ,नरेश, देव मरावी को तत्काल सतरेगा के लिए रवाना कर साथ ही इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय दिया एवं उनके निर्देशानुसार उपवनमण्डलाधिकारी रामसिंह राठिया उत्तर के मार्गदर्शन एवं बालकों रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन कोरबा से रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंच कर सर्वप्रथम विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली को बंद करवाया गया, फिर पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, किंग कोबरा सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानी के बाद टीम ने करीब 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान किंग कोबरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों की भीड़ लग गई, इतने फुर्तीले और लंबे सांप को देख कर लोग जिज्ञासा वश फोन से वीडियो बनाने से नहीं चुके, साथ ही मौजूद लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, सफल रेस्क्यू के बाद पंचनामा के पश्चात किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
कोरबा जिले के लेमरू, बालको , पसरखेत , करतला, कुदमुरा एवं आसपास के वन क्षेत्रों से पिछले कुछ समय से छोटे आकार के किंग कोबरा लगातार सामने आ रहे हैं, छोटे किंग कोबरा का बार-बार मिलना इस क्षेत्र में इनके प्राकृतिक प्रजनन और अनुकूल आवास की उपलब्धता का सकारात्मक संकेत माना जा सकता है, साथ ही यह बात भी सिद्ध करता हैं कि एक ही सांप बार बार रेस्क्यु नहीं हो रहे बल्कि सभी किंग कोबरा दूसरे से भिन्न हैं। हालांकि, क्षेत्र में इनकी वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति निर्धारित करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन आवश्यक है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब स्थानीय लोगों में भी किंग कोबरा और अन्य वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ रही है। आज किसी क्षेत्र में किंग कोबरा दिखाई देने पर लोग उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं। सूचना का समय पर मिलना और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू होकर पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाना वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।
वन विभाग एवं नोवा नेचर ने आम लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी सांप के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और स्वयं पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सड़क सुरक्षा के लिए गति अवरोधक व संकेतक लगाने के निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान वर्षा ऋतु के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कराने की आवश्यकता बताई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा करते हुए दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक एवं सड़क संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के पेयजल अभावग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों में बांगो डेम से पेयजल उपलब्ध कराने की बात रखी। इस संबंध में संबंधित विभागों को क्षेत्र की आवश्यकता, तकनीकी संभावनाओं एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित आवश्यकताओं एवं ग्रामीणों की समस्याओं को बैठक में रखा गया, जिस पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी, श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, श्रीमती सुषमा रवि रजक, विनोद कुमार यादव, श्रीमती माया रूपेश कंवर, कौशल नेटी एवं विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा, 10 सितम्बर 2026। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला स्तरीय समिति में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला परिवहन अधिकारी, सहायक संचालक जनसंपर्क तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कोरबा को सदस्य बनाया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शासकीय अमले एवं उपलब्ध संसाधनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण करते हुए जिलेवार प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से राज्य स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में शासन द्वारा निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं लोगो का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी आयोजनों में वित्तीय मितव्ययिता बरतते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों एवं अधोसंरचना का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच समन्वय तथा निर्धारित कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग करेगी। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से सेवा एवं विकास गतिविधियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।