कोरबा
प्राचीन सिद्ध शनिदेव मंदिर में महाभंडारे का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद
शनि जयंती पर भक्ति में डूबा कोरबा, जय शनिदेव के जयकारों से गूंजा शहर
शनिदेव की महिमा से सराबोर हुआ कोरबा, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
कोरबा। ज्येष्ठ अमावस्या के पावन अवसर पर शनिवार को पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ श्री शनि जयंती महोत्सव मनाया गया। शहर के स्टेशन रोड सीतामढ़ी स्थित प्राचीन सिद्ध श्री शनिदेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर “जय शनिदेव” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

श्री शनिदेव मंदिर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शनिदेव का विशेष पूजन-अर्चन, तेलाभिषेक एवं आरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने काला तिल, सरसों का तेल, उड़द और पुष्प अर्पित कर भगवान शनिदेव से सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें साधु-संतों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति एवं सेवाभावी युवाओं द्वारा भक्तों की सेवा में विशेष व्यवस्था की गई। पूरे दिन भक्तों का मंदिर में तांता लगा रहा।
शनि जयंती के अवसर पर केवल मंदिरों में ही नहीं, बल्कि पूरे कोरबा जिले के घर-घर में श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कई स्थानों पर सुंदरकांड, भजन-कीर्तन और दीपदान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे आस्था, सेवा और सनातन संस्कृति के संगम का पर्व बताया। पूरे जिले में शनि जयंती को लेकर भक्तिमय माहौल बना रहा।
कोरबा
फ्यूल की कमी के कारण एंबुलेंस सेवा प्रभावित:बढ़ा रिस्पॉन्स टाइम, ‘कैम्प’ ने कलेक्टरों को निर्देश जारी करने की मांग की
कोरबा। छत्तीसगढ़ में डीजल-पेट्रोल की कमी के कारण 102 महतारी एक्सप्रेस और 1099 मुक्तांजली एंबुलेंस सेवा के संचालन में गंभीर बाधा आ रही है। इस संबंध में ‘कम्युनिटी एक्शन थ्रू मोटिवेशन प्रोग्राम कैम्प’ ने स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय को पत्र लिखकर सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।

स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय, नवा रायपुर को लिखे पत्र में ‘कैम्प’ ने बताया कि उनकी फर्म प्रदेश में 102 महतारी एक्सप्रेस और मुक्तांजली एंबुलेंस (1099) निशुल्क वाहन सेवा का संचालन करती है। वर्तमान में बस्तर के दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और कोरिया जैसे जिलों में डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित होने से ईंधन की गंभीर किल्लत है।
कई ईंधन पंप संचालक सीमित मात्रा में ही डीजल दे रहे हैं, या उपलब्धता नहीं होने के कारण वाहनों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। कोरबा में भी महतारी एक्सप्रेस और मुक्तांजलि वाहन के संबंध में कंपनी ने स्वास्थ्य विभाग और कलेक्टर को पत्र लिखा है ताकि ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।

102 और 1099 सेवाएं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जीवनरेखा
पत्र में यह भी कहा गया है कि 102 सेवा गर्भवती माताओं और नवजात शिशुओं को समय पर अस्पताल पहुंचाती है, जबकि 1099 मुक्तांजली सेवा मृत व्यक्तियों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाती है। ये दोनों सेवाएं ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए अत्यंत संवेदनशील हैं।
ईंधन संकट से एंबुलेंस सेवा प्रभावित, बढ़ा रिस्पॉन्स टाइम
ईंधन की कमी से एंबुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे मरीजों और आम नागरिकों को समय पर सेवा नहीं मिल पा रही है। छत्तीसगढ़ के कई पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने के कारण लोगों को व्यापक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेट्रोल-डीजल की कमी से आम लोग परेशान
कोरबा से रायगढ़ एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए एक परिवार को शक्ति में 2-3 पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिला, जिससे उन्हें काफी कठिनाई हुई। बड़ी मुश्किल से एक पेट्रोल पंप पर उन्हें पेट्रोल उपलब्ध हो पाया, जिसके बाद वे शक्ति से कोरबा वापस आ सके।


कोरबा
पीएनसी इन्फ्राटेक का काम रोकने की मांग:अनियमितताओं का आरोप, जिला पंचायत सदस्य-पार्षद ने महाप्रबंधक को पत्र लिखा, 5 दिन का अल्टीमेटम
कोरबा। कोरबा में एसईसीएल गेवरा प्रोजेक्ट में कार्यरत ठेका कंपनी पीएनसी इन्फ्राटेक लिमिटेड के काम को बंद करने की मांग की गई है। जिला पंचायत सदस्य-संचार-संकर्म समिति सभापति विनोद कुमार यादव और पार्षद सुजीत ने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कंपनी पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
उन्होंने पांच दिन के भीतर कार्रवाई न होने पर काम बंद कराने की चेतावनी दी है। 21 मार्च 2026 को लिखे गए पत्र में विनोद कुमार यादव ने बताया कि पीएनसी इन्फ्राटेक कंपनी पिछले पांच माह से मिट्टी और कोयला उत्खनन का कार्य कर रही है। इस दौरान कंपनी में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि कंपनी में कार्यरत ड्राइवर, सुपरवाइजर, मशीन ऑपरेटर और हेल्पर सहित सभी कर्मचारियों की नाम-पते सहित सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। क्षेत्रीय बेरोजगार युवाओं का आरोप है कि स्थानीय लोगों की उपेक्षा कर बाहरी व्यक्तियों को रोजगार दिया जा रहा है।

एचपीसी दर और श्रमिक शोषण के आरोप
इसके अलावा शिकायतें मिली हैं कि कोयला उत्खनन कार्य में लगे ड्राइवरों को सरकार की ओर से निर्धारित एचपीसी दर का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों से 12 घंटे काम लेकर उनका शोषण किया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है, और मारपीट कर दबावपूर्वक काम लेने के आरोप भी लगाए गए हैं।
5 दिन में समाधान नहीं होने पर काम बंद कराने की चेतावनी
विनोद कुमार यादव ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यदि पांच दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे खुद कंपनी का काम बंद कराएंगे। इसकी पूरी जवाबदारी एसईसीएल प्रबंधन, प्रशासन और कंपनी की होगी। इस पत्र की कॉपी कलेक्टर कोरबा, एसडीएम कटघोरा, तहसीलदार दीपका और थाना प्रभारी हरदी बाजार दीपका को भी भेजी गई है।
स्थानीय युवाओं को रोजगार और श्रम कानून पालन की मांग
जिला पंचायत सदस्य और पार्षद ने मांग की है कि कंपनी में कार्यरत सभी कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक की जाए, स्थानीय प्रभावित गांवों के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए और श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस मामले पर सोमवार को एक बैठक बुलाई गई है, जिसमें यदि कोई समाधान नहीं निकलता है तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

कोरबा
कोरबा में वट सावित्री व्रत और शनि जयंती मनाई गई:सुहागिनों ने पति की लंबी आयु मांगी, शनि मंदिरों में विशेष पूजा हुई
कोरबा। कोरबा में शनिवार को वट सावित्री व्रत और शनि जयंती का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सीतामढ़ी सहित पूरे शहर के मंदिरों और पूजा स्थलों पर सुबह से ही महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए वट वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और व्रत रखा।

सीतामढ़ी स्थित शनि मंदिर में शनि जयंती के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और तेलाभिषेक किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव के दर्शन कर परिवार की खुशहाली, संकटों से मुक्ति और जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना की।



कई स्थानों पर हुआ भजन-कीर्तन का आयोजन
शहर में कई स्थानों पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ। सीतामढ़ी स्थित प्राचीन राम गुफा मंदिर के सामने श्रद्धालुओं के लिए शीतल शरबत का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।

वट सावित्री व्रत को लेकर सीतामढ़ी के अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों जैसे बस स्टैंड, संजय नगर, शारदा विहार, मुड़ापार, एसईसीएल कॉलोनी, रवि शंकर कॉलोनी, निगम कॉलोनी और एमपी नगर कॉलोनी में भी महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया।

सुबह से ही सुहागिनें सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष के नीचे एकत्र हुईं। उन्होंने कच्चे सूत से वृक्ष की परिक्रमा की और रोली, अक्षत, फूल, फल तथा भीगे चने चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने वट सावित्री व्रत की कथा सुनी और बड़ों का आशीर्वाद लिया।
कोरबा के औद्योगिक क्षेत्रों जैसे दीपका, दर्री, कुसमुंडा और बांकी मोंगरा में भी वट सावित्री व्रत करने वाली महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। महिलाओं ने इस पूजा के विशेष महत्व पर जोर दिया।
उनका कहना था कि पौराणिक मान्यता के अनुसार, सावित्री ने अपने तप से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस लिए थे। इसी कारण सुहागिनें पति की लंबी आयु और रक्षा के लिए यह व्रत रखती हैं।



पूरे दिन सीतामढ़ी क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पर्व को पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। मंदिरों में प्रसाद वितरण भी किया गया। पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय प्रशासन और पूजा समितियों के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
