खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने किया जायेगा खेल महोत्सव का आयोजन-सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह
राष्ट्रीय खेल दिवस में किये गये विभिन्न आयोजन
कोरबा। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती व आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेल विभाग द्वारा फुटबॉल, वालीबाल, बास्केटबॉल, हाकी एवं रस्साकसी के सद्भावना मैच का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने मेजर ध्यान चंद के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण कर की। इस दौरान उन्होंने अपने उद्बोधन में फिट इंडिया की शपथ दिलाते हुए सांसद खेल महोत्सव की जानकारी दी एवं इसमें पंजीयन की औपचारिक घोषणा की। मुख्य अतिथि ने विजेता, उपविजेता सहित सभी खिलाड़ियों को पुरूस्कुत कर सम्मनित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को उभारने की दिशा में खेल का आयोजन किया जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण तथा ब्लॉक और क्षेत्रीय स्तर पर विविध आयोजन भी 21 सितम्बर से 25 दिसम्बर तक किये जायेंगे। राज्यसभा सांसद ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने और खेल के क्षेत्र में रूचि रखने वाले खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने सभी को खेल दिवस की बधाई दी तथा मेजर ध्यानचंद के उपलब्ध्यिं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का निरन्तर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के हॉकी खिलाड़ी खेल एकेडमी में है। डीएमएफ के माध्यम से खिलाड़ियों का प्रोत्साहन देने के साथ खेल मैदानों को विकसित किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में बालको तथा जिला प्रशासन के सहयोग से खेल एकेडमी का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन सहयोग के लिए कभी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने मेजर ध्यान चंद को अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, गोपाल मोदी, डा राजीव सिंह ने भी खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण तथा जिला प्रशासन कोरबा के निर्देशानुसार प्रातः मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेंद्र देवांगन, निगम आयुक्त, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, क्रीड़ा भारती कोरबा जिलाध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, ताइक्वांडो संघ के अनिल द्विवेदी, सुशील गर्ग, छत्तीसगढ़ किक बाक्सिंग संघ के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा , हाकी संघ गोपाल दास, तैराकी संघ से अशोक सक्सेना, मयंक डडसेना ने जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल, के आर टंडन, रामकृपाल साहू की उपस्थिति में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
कोरबा। एसईसीएल कोरबा एरिया के डीएवी पब्लिक स्कूल कोरबा में कक्षा 12 वीं के छात्रों को विदाई देने समारोह का आयोजन किया। इससे स्कूल का वातावरण, उत्साह, स्मृतियों और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। सुबह स्कूल परिसर में हवन कर मंगलकामना की गई।
विदाई समारोह में 11 वीं के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत, नृत्य और प्रेरणादायी प्रस्तुतियां दी। खेलों में 12 वीं के छात्रों ने हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्य डॉक्टर चेतना शर्मा ने पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से छात्र-छात्राएं जीवन में आगे बढ़ें। सदैव नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास व परिश्रम के मार्ग पर चलें। छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में मंच संचालन कक्षा 11 वीं की छात्रा श्रिया रात्रे ने किया।
कोरबा। कोरबा नगर निगम के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर एसपी सिद्धार्थ तिवारी को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शिकायत में बताया गया है कि वायरल पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बच्चों के यौन शोषण अपराधी जेफरी एप्सटीन का सहयोगी बताया जा रहा है। ‘राव साहब’ नामक फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री मोदी की एडिट की हुई तस्वीर पोस्ट कर उन्हें एप्सटीन फाइल से जोड़ने की कोशिश की गई है।
इसी तरह, ‘मलिक साहब’ नामक फेसबुक आईडी से भी एडिटेड फोटो के साथ अभद्र टिप्पणी पोस्ट की गई है। एक अन्य फेसबुक आईडी ‘समाजवादी विचारधारा’ से बिना किसी प्रमाण के प्रधानमंत्री मोदी पर मानसी सोनी नामक महिला का शारीरिक शोषण करने और उसे गायब करने जैसा गंभीर आरोप लगाया गया है।
सभापति ठाकुर ने बताया साजिश
सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने शिकायत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सम्मानित नेता हैं। बिना सबूत इस तरह के आरोप लगाने से जनता में असम्मान और नाराजगी का माहौल बन रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि इन पोस्ट्स के जरिए कोरबा शहर और राज्य का सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक वातावरण बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की मांग
ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री की तस्वीर एडिट कर झूठी खबरों में इस्तेमाल करना और अभद्र पोस्ट फैलाना भारतीय न्याय संहिता के तहत गंभीर अपराध है। उन्होंने फेसबुक इंडिया के सीईओ अजित मोहन को प्राथमिक रूप से जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी भी रहे मौजूद
शिकायत के दौरान सभापति नूतनसिंह ठाकुर के साथ अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी लक्ष्मण पटेल, अशोक पाल, महेश्वर सिंह, हरिश्चंद्र भारती, दीपक साहू और उत्तम आदिले भी मौजूद रहे। सभी ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने जांच का दिया आश्वासन
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
कोरबा। कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-28 स्थित हेलीपैड नर्सरी (ग्रीन जोन) में शासकीय जमीन पर रातोंरात पक्के मकान का निर्माण किया जा रहा था। एक कमरेनुमा प्लॉट काटकर दीवारें खड़ी की जा रही थीं। नगर निगम की नजर पड़ते ही निर्माण कार्य पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा नियम खिलाफ है। हेलीपैड नर्सरी ग्रीन जोन में अवैध कब्जे को लेकर रवि शंकर जोन कार्यालय ने 7 तारीख को नोटिस जारी किया है। स्थल पर अभी भी निर्माण सामग्री और खड़ी दीवारें मौजूद हैं। आशंका है कि कब्जाधारी कभी भी यहां पूर्ण रूप से कब्जा कर सकता है।
माजिक भवन के पास हो रहा कब्जा
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कब्जा किया जा रहा है, उसके पास ही एक सामाजिक भवन भी बना हुआ है, जिसका उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधि ने किया था। जानकारी के अनुसार यह निर्माण कार्य संभवतः रात के समय किया गया, ताकि किसी को भनक न लगे।
वार्ड पार्षद कर चुके हैं कई बार शिकायत
हेलीपैड नर्सरी में अवैध कब्जे को लेकर वार्ड पार्षद पहले भी कई बार नगर निगम से शिकायत कर चुके हैं। कुछ साल पहले नगर निगम ने ग्रीन जोन में हुए अवैध कब्जों पर कार्रवाई की थी, लेकिन अब फिर से कब्जे की कोशिशें सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर के बीच स्थित यह हेलीपैड नर्सरी लोगों के लिए ऑक्सीजन जोन की तरह है। यहां सुबह-शाम लोग टहलने आते हैं। लोगों का कहना है कि धीरे-धीरे यहां कब्जे का खेल बढ़ता जा रहा है, जिससे हरे-भरे क्षेत्र का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।
सड़क किनारे पेड़ों पर लगे पोस्टर-बैनर
हेलीपैड नर्सरी के सड़क किनारे कई पेड़ों पर ऐसे बैनर-पोस्टर लगे हैं, जिनमें जमीन को प्रस्तावित बताया गया है। इस मामले में नगर निगम के संबंधित अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।