कोरबा
संभाग स्तरीय युवा संसद का आयोजन
कोरबा। लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं युवाओं में संसदीय प्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के सभी संभागों में संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में संसदीय कार्य विभाग द्वारा सभी संभागायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन संबंधित संभागायुक्त के मार्गदर्शन में किया जाएगा। प्रतियोगिता का संचालन संसदीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रकाशित युवा संसद संबंधी पुस्तिका में वर्णित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। प्रत्येक संभाग में विभिन्न जिलों के मध्य अंतरजिला युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके लिए आयोजन स्थल, पारितोषिक तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित संभागायुक्त द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।
संसदीय कार्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रतियोगिता का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि यथासंभव विभाग का प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हो सके। कार्यक्रम के उद्घाटन अथवा समापन समारोह में मंत्री, संसदीय कार्य विभाग अथवा विभाग के सचिव को भी आमंत्रित किया जा सकेगा।
युवा संसद प्रतियोगिता के आयोजन हेतु प्रत्येक संभाग को उनके संबंधित डी.डी.ओ. क्रमांक में 12 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान संसदीय कार्य विभाग के प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करते हुए सभी बैनरों एवं प्रचार सामग्री में विभाग का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के उपरांत संबंधित संभागायुक्त द्वारा संसदीय कार्य विभाग को विस्तृत प्रतिवेदन, उपयोगिता प्रमाण पत्र, कार्यक्रम के फोटोग्राफ, सी.डी./पेनड्राइव सहित अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराना होगा।
संसदीय कार्य विभाग ने यह भी निर्देशित किया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में युवा संसद कार्यक्रम आयोजित करने के बावजूद जिन संभागों द्वारा अब तक व्यय की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र, मदवार व्यय विवरण, कार्यक्रम का प्रतिवेदन तथा फोटोग्राफ एवं वीडियोग्राफ उपलब्ध नहीं कराया गया है, वे उक्त समस्त जानकारी तत्काल विभाग को प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
कोरबा
SECL मानिकपुर खदान में बरसात के बीच बेखौफ कोयला चोरी:स्कूटी-साइकिल से हो रही तस्करी,रात में जान जोखिम में डालकर खदान से निकाला जा रहा कोयला
कोरबा। कोरबा जिले की एसईसीएल मानिकपुर खदान क्षेत्र में बरसात के मौसम में भी कोयला चोरी का खेल बेखौफ जारी है। देर रात तस्कर जान जोखिम में डालकर स्कूटी, साइकिल और छोटे वाहनों में कोयला भरकर ले जा रहे हैं। लगातार हो रही इस चोरी से किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हर रात मानिकपुर खदान के आसपास कोयला चोरों का जमावड़ा लगता है। बारिश में फिसलन भरे रास्तों और गड्ढों के बावजूद लोग खदान से कोयला निकालकर स्कूटी और साइकिलों में भरकर ले जाते हैं। इस पूरी गतिविधि का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें अंधेरे में कोयला ले जाते लोग साफ दिखाई दे रहे हैं।

होटल, फैक्ट्रियों और ईंट भट्ठों तक पहुंच रहा चोरी का कोयला
जानकारी के अनुसार चोरी का कोयला आसपास के होटल, ढाबों, फैक्ट्रियों और ईंट भट्ठों में खपाया जा रहा है। कुछ लोग पहले कोयले को एक स्थान पर इकट्ठा करते हैं, फिर वहां से बड़ी गाड़ियों में लोड कर आगे सप्लाई की जाती है।

पुलिस ने कहा- बढ़ाई जाएगी गश्त
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि मामला मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया है। क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर निगरानी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
SECL ने मांगी रिपोर्ट
एसईसीएल के पीआरओ सनिस चंद्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। क्षेत्रीय प्रबंधन से जानकारी ली जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस की मदद लेकर कार्रवाई की जाएगी।

हादसे का भी बना हुआ खतरा
मानिकपुर खदान में कोयला चोरी की घटनाएं नई नहीं हैं। बरसात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने का फायदा उठाकर तस्कर सक्रिय हो जाते हैं। इससे कंपनी को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ खदान क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
कोरबा
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कोरबा जिला युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का तीखा हमला
कोरबा। देशभर में लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों, पेपर लीक की घटनाओं तथा युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में दिल्ली में संसद मार्च कर रहे छात्रों पर किए गए पुलिस के बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में जिला युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, एवं जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा द्वारा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में सुभाष चौक, कोरबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश का युवा पिछले लगभग बीस दिनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा था। छात्रों ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि संसद के मानसून सत्र के प्रथम दिवस 20 जुलाई को वे संसद मार्च करेंगे और शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने वाले लगातार पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। लेकिन लोकतंत्र में संवाद करने के बजाय केंद्र सरकार ने छात्रों की आवाज को लाठियों के बल पर दबाने का प्रयास किया।

जिला युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस देश का भविष्य युवा हैं, उसी देश में अपने भविष्य की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों को अपराधियों की तरह सड़कों पर पीटा जा रहा है। भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों का अपराध क्या था? क्या रोजगार मांगना अपराध है? क्या निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग करना अपराध है? क्या शिक्षा मंत्री से जवाब मांगना अपराध है?

जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि आज देश का करोड़ों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दिन-रात मेहनत कर रहा है, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं ने युवाओं का विश्वास पूरी तरह तोड़ दिया है। सरकार इन विफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय युवाओं पर पुलिसिया दमन कर रही है। यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि तानाशाही की मानसिकता का परिचायक है।
कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं में अनियमितताएं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बेरोजगारी ने युवाओं को निराश कर दिया है, लेकिन केंद्र सरकार इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध करने वालों को पुलिस के डंडों से कुचलने का प्रयास कर रही है।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में लाठी नहीं, संवाद चलता है। यदि सरकार अपनी विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय छात्रों पर बल प्रयोग करेगी, तो कांग्रेस पार्टी देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा ने मांग की कि—
• केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल इस्तीफा दें।
• देशभर में हुए सभी पेपर लीक मामलों की सर्वोच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
• छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
• शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज सभी प्रकरण तत्काल वापस लिए जाएं।
• युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि देश का युवा अब डरने वाला नहीं है। लाठियों से आवाजें दबाई जा सकती हैं, लेकिन युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई को समाप्त नहीं किया जा सकता। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अन्याय, दमन और तानाशाही के विरुद्ध लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी तथा छात्रों के सम्मान और उनके भविष्य की रक्षा के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण लाल कुर्रे, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मो. शाहिद, ब्लाक अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, पालूराम साहू, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, रोपा तिर्की, अर्चना उपाध्याय, पार्षद रवि चंदेल, रामगोपाल कुर्रे, मस्तूल सिंह कँवर, प्रदीप जैसवाल, आरिफ खान, मनहरण राठौर, संजू अग्रवाल, अंकित वर्मा, मो. राजा, ब्रिजभूशन प्रसाद, प्रदीप जैसवाल, तौफीक खान, देवीदयाल सोनी, नवीन कुकरेजा, निकिता खलखो, रजनी भारती, नीलू, मुश्कान, संगीता श्रीवास, राजेश यादव, दुर्गेश दिक्सेना, अनिल कुमार सिंह, पवन चौहान, रघुराज सिंह, सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कोरबा
कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह कल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि
कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (कार्यकाल 2026-28) का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार, 23जुलाई को दोपहर 12 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में आयोजित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्यों राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेगी।
शपथ ग्रहण समारोह में रायपुर प्रेस क्लब, बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पत्रकारों और मीडिया जगत में उत्साह का माहौल है।
कोरबा प्रेस क्लब ने जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
-
Uncategorized10 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
Uncategorized11 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
-
कोरबा2 years agoमहतारी वंदन योजना से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने सहित समाज की प्रगति में दे रही योगदान’
-
कोरबा12 months agoबांकीमोंगरा सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन की शिकायत पर पहुंची न.प्रशा. विकास विभाग परीक्षण टीम, नवनिर्माण सीसी सड़क का किया कोर कटिंग परीक्षण…देखे पूरी खबर
-
कोरबा11 months agoअंकित सिंह बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष
-
Uncategorized1 year agoबाकी मोगरा में गूंजी या अली या हुसैन की सदाएं, मुहर्रम ताजिया जुलूस व झांकी निकाल इमाम हुसैन को याद कर मनाया मुहर्रम पर्व…..।
