Connect with us

कोरबा

पीएम विश्वकर्मा योजना ने बलराम कुंभकार को दी आत्मनिर्भरता की नई रोशनी

Published

on

 कोरबा। यह कहानी कोरबा के निवासी बलराम कुंभकार की है, जिन्होंने अपनी मेहनत और शासन की योजनाओं के प्रभावी उपयोग से अपने पारंपरिक टेलरिंग व्यवसाय को एक नई दिशा और पहचान दी है। हितग्राही बलराम ने छत्तीसगढ़ शासन की पी.एम. विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा से टेलर (दर्जी) ट्रेड में कौशल विकास की शुरुआत की। प्रारंभ में उन्होंने 7 दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसके उपरांत उन्हें शासन द्वारा 4,000 रुपये की स्टाइपेंड राशि प्रदान की गई। अपने व्यवसाय को विस्तार देने के उद्देश्य से उन्हें बिना किसी गारंटर के 1 लाख रुपये का ऋण भी प्राप्त हुआ, जिसका उपयोग उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र को आधुनिक और सुसज्जित बनाने में किया।
वर्तमान में हितग्राही बलराम अपनी दक्षता को और अधिक निखारने के लिए 15 दिवसीय एडवांस प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से वे नवीन डिजाइन, आधुनिक उपकरणों और उन्नत तकनीकों का उपयोग करना सीख रहे हैं, जिससे उनके पारंपरिक व्यवसाय को नई मजबूती और गति मिल रही है। इस एडवांस कोर्स के दौरान उन्हें 500 रुपये प्रतिदिन की दर से कुल 7,500 रुपये का स्टाइपेंड तथा 1,000 रुपये का यात्रा भत्ता भी प्रदान किया जा रहा है। भविष्य को लेकर लाभार्थी अत्यंत उत्साहित हैं। उन्हें विश्वास है कि प्रशिक्षण के पूर्ण होने पर मिलने वाली 2 लाख रुपये तक की बिना गारंटर ऋण सुविधा उनके व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। उनका मानना है कि लाइवलीहुड कॉलेज से प्राप्त शिक्षण और वित्तीय सहायता ने उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की एक नई रोशनी जगाई है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में गौठान के पास मिला बुजुर्ग का शव:करंट से मौत की आशंका, चेहरे पर जलने के निशान मिले

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बांधापाली में बुधवार सुबह करीब 4 बजे गौठान के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांधापाली निवासी बहादुर सिंह अगरिया (50) के रूप में हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि शव के चेहरे पर जलने के निशान थे और एक पैर टूटा हुआ प्रतीत हो रहा था, जिससे घटना संदिग्ध लग रही थी। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में फॉरेंसिक टीम ने आशंका जताई है कि बहादुर सिंह की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

काम पर निकले ग्रामीणों देखी लाश

ग्रामीणों के अनुसार, तड़के सुबह जब वे खेतों और आसपास के इलाकों में काम के लिए निकल रहे थे, तब उनकी नजर शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मृतक के परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजनों ने जानकारी दी है कि गांव से लगे गौठान के पास मृतक की बाड़ी है, जिसकी देखरेख के लिए वह अक्सर जाया करता था।

आशंका है कि मंगलवार देर रात या बुधवार तड़के सुबह वह बाड़ी जा रहा होगा और इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

खेती-किसानी करता था मृतक

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गौठान के पास विद्युत तार कब, किसने और किन परिस्थितियों में बिछाया था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह तार अवैध रूप से बिछाया गया था।

मृतक बहादुर सिंह अगरिया खेती-किसानी का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और बच्चे सहित अन्य सदस्य हैं। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और यह जानने के लिए गहन जांच में जुट गई है कि आखिर बहादुर सिंह की मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में वेल्डिंग चिंगारी से दुकान में लगी आग:सामान जलकर राख, दमकल टीम ने आग पर पाया काबू

Published

on

कोरबा। कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में दुबे बेल्ट एंड गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। यह आग बुधवार दोपहर को बगल की वेल्डिंग दुकान से निकली चिंगारी के कारण लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया। दमकल के पहुंचने से पहले ही लाखों का सामान जल गया।

घटना के समय दुकान संचालक आर. दुबे दुकान बंद कर किसी काम से बाहर गए हुए थे। उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना मिली और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उनकी आजीविका पर संकट आ गया है।

1 लाख का हुआ नुकसान

दुकान संचालक आर. दुबे के अनुसार, दुकान में बेल्ट, चश्मा, रुमाल, गर्म कपड़े, गमछे और विभिन्न प्रकार के कपड़े रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि इस आगजनी में उन्हें लगभग एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

सीएसईबी की दमकल टीम को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने बताया कि उनके पहुंचने से पहले ही काफी सामान जल चुका था, फिर भी उन्होंने आग पर काबू पाया।

दमकल कर्मियों ने गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अक्सर शॉर्ट सर्किट और कचरे में आग लगने से ऐसी घटनाएं होती हैं, इसलिए सावधानी बरतना आवश्यक है।

Continue Reading

कोरबा

प्लास्टिक की बोतलों में मिलेगी शराब:आबकारी मंत्री बोले- बोतलें ब्रांड युक्त और क्वालिटी वाली होंगी, नीति में कोई बदलाव नहीं

Published

on

कोरबा। आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने आबकारी नीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आबकारी नीति के तहत अब शराब दुकानों में मिलने वाली अधिक और पाव शराब की बोतलें प्लास्टिक में उपलब्ध कराई जाएंगी।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि नीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है, पहले जैसी व्यवस्था ही लागू रहेगी। आबकारी मंत्री ने बताया कि अब जो अधिक और पाव की बोतलें होती हैं, वह अच्छी गुणवत्ता वाली प्लास्टिक बोतल में आएंगी।

लखनलाल देवांगन ने कहा कि बोतलें ब्रांड युक्त और क्वालिटी वाली होंगी। इसकी तैयारी आबकारी विभाग कर रहा है। जल्द ही यह बोतलें दुकानों में उपलब्ध हो जाएंगी। पहले जो नीति लागू थी, वही जारी रहेगी। इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।

साल में सिर्फ 4 दिन शराब दुकान बंद

आबकारी नीति के तहत साल में केवल 4 दिन शराब दुकान बंद रखने का निर्णय लिया गया है। होली के दिन शराब दुकान खुलने की चर्चा को लेकर मंत्री ने कहा कि इस पर निर्णय कलेक्टर के अधिकार क्षेत्र में आता है।

उन्होंने बताया कि साल में 3 दिन कलेक्टर को दुकान बंद कराने का अधिकार दिया गया है। कलेक्टर तय करेगा कि होली पर दुकान खुली रहेगी या बंद।

होली पर दुकान खुलने को लेकर लोगों की अलग-अलग राय

होली के दिन शराब दुकान खुलने की चर्चा को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों का मानना है कि यदि होली के दिन दुकान खुली रही तो हुड़दंग बढ़ सकता है।मारपीट की घटनाएं हो सकती हैं।

शराब दुकानों के पास विवाद की स्थिति बन सकती है। इसी वजह से दुकान बंद रखना बेहतर होगा।

कुछ लोगों का कहना है दुकान खुली रहे तो फायदा होगा

कुछ मदिरा प्रेमियों का कहना है कि अगर होली के दिन दुकान खुली रहेगी तो लोग एक दिन पहले अधिक शराब नहीं खरीदेंगे। इससे लोग सीमित मात्रा में शराब लेकर सेवन करेंगे। होली के दिन शराब दुकान खुलने की चर्चा से कुछ लोग खुश नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग इस फैसले को लेकर निराश भी हैं।

दुकान कर्मचारियों के लिए बढ़ सकती है परेशानी

होली के दिन दुकान खुलने की स्थिति में शराब दुकान में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ऐसे में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने दुकानों के आसपास निगरानी बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending