Connect with us

कोरबा

24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता : बूढ़ादेव की प्राण प्रतिष्ठा और धरतीमाता के पूजन से शुरू हुईं तैयारियां

Published

on

27 से 31 दिसम्बर तक रायपुर में रहेगा जनजातीय खिलाड़ियों का रोमांच

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई है। आज शबरी कल्याण आश्रम परिसर में बने नयें मंदिर में बूढ़ादेव की प्राण प्रतिष्ठा और साइंस कॉलेज मैदान पर भूमि पूजन से प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियों की शुरूआत हुई। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संम्बद्ध संस्था वनवासी विकास समिति छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित की जा रही यह प्रतियोगिता 27 से 31 दिसम्बर तक राजधानी रायपुर में होगी। प्रतियोगिता में लगभग 23 राज्यों के आठ सौ से अधिक जनजातीय बालक-बालिकाएं भाग लेंगे। प्रतियोगिता में फुटबॉल और तीरंदाजी की प्रतिस्पर्धायें होंगी। फुटबॉल की प्रतिस्पर्धाएं कोटा स्टेडियम और पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय मैदान पर होंगी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।धरती माता के पूजन और बूढ़ा देव की प्राण प्रतिष्ठा पूजा में अमर बंसल, सचिव स्वागत समिति, डॉ अनुराग जैन सचिव वनवासी विकास समिति, उमेश कच्छप, अध्यक्ष वनवासी विकास समिती छत्तीसगढ़, प्रवीण ढोलके क्षेत्रीय संगठन मंत्री ,सुभाष बड़ोले क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री, राम नाथ कश्यप प्रान्त संगठन मंत्री,कृष्ण कुमार वैष्णव टी ए सी मेंबर,रवि गोयल,गोपाल बियानी श्रीमती माधवी जोशी, संदीप शर्मा सन एंड सन ग्रुप, कैलाश मुरारका राष्ट्रीय तीरंदाजी संघ उपाध्यक्ष, अजय काले अध्यक्ष महाराष्ट्र मंडल उपस्थित रहे ।

वनवासी विकास समिति के प्रचार-प्रसार प्रभाग के प्रभारी राजीव शर्मा ने आज यहां बताया कि देशभर में जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने और उन्हें पहचान कर भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस बार 24वीं प्रतियोगिता राजधानी रायपुर में हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अण्डमान निकोबार से लेकर दिल्ली, पंजाब तक के लगभग 23 राज्यों से जनजातीय खिलाड़ी शामिल होंगे। तीरंदाजी की प्रतियोगिता जूनियर और सब जूनियर वर्ग में बालक-बालिकाओं के लिए होगी। फुटबॉल प्रतियोगिता में जूनियर सब जूनियर वर्ग में जनजातीय बालक अपने खेल का जौहर दिखाएंगे।

श्री शर्मा ने बताया कि विभिन्न प्रांतों से प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए रायपुर आने वाले जनजातीय खिलाड़ियों के आवास और भोजन की व्यवस्था वनवासी विकास समिति द्वारा की जा रही है। रोहणीपुरम स्थित शबरी कन्या आश्रम परिसर में बालिकाओं को रखा जाएगा। सरस्वती शिशु मंदिर और सरस्वती शिक्षा संस्थान परिसरों में बालकों के आवास की व्यवस्था रहेगी। सभी के लिए शबरी कल्याण आश्रम परिसर में नास्तें और भोजन की व्यवस्था की गई है। आवास स्थल से खेल मैदान तक आने-जाने के लिए खिलाड़ियों को वाहन व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता में विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी के साथ प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से भी कल्याण आश्रम के प्रतिनिधि रायपुर आ चुके हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कटघोरा में बस-बोलेरो की टक्कर, कई घायल:अवैध खड़े ट्रक से हुआ हादसा, आधा दर्जन से अधिक घायल, दो की हालत नाजुक

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यादव बस बिलासपुर से कोरबा की ओर आ रही थी, जिसमें लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। वहीं, बोलेरो में चार लोग यात्रा कर रहे थे।

सेनानी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े एक ट्रक के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक की वजह से बस चालक को सामने से आ रही बोलेरो के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई, जिससे दोनों वाहन आपस में टकरा गए।

बोलेरो सवार दो लोगों की हालत नाजुक

टक्कर के बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें वाहनों से बाहर निकाला। बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बोलेरो में सवार दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया जा सकता है।

हादसे के बाद लंबा जाम

हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और बोलेरो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कटघोरा पुलिस ने सभी घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच जारी है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

पूजा विसर्जन के दौरान युवती का iPhone नहर में गिरा:सोनालिया पुल पर युवकों ने घंटों की तलाश की, थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

Published

on

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जित करते समय एक युवती का iPhone मोबाइल नहर में गिर गया। मोबाइल गिरने के बाद नहर किनारे मौजूद 4 से 5 युवकों ने तुरंत पानी में उतरकर उसे ढूंढने का प्रयास किया। हालांकि, घंटों की मशक्कत के बाद भी मोबाइल का पता नहीं चल सका।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती SECL क्षेत्र की निवासी है। वह सोनालिया पुल पर पूजा का सामान विसर्जित करने आई थी। पूजा की थैली में रखी सामग्री को नहर में डालते समय उसके हाथ में पकड़ा iPhone फिसलकर गहरे पानी में जा गिरा। यह घटना इतनी अचानक हुई कि युवती कुछ समझ पाती, उससे पहले ही मोबाइल पानी में डूब गया।

मोबाइल गिरने की आवाज सुनकर नहर किनारे मौजूद 4-5 युवक तुरंत मौके पर पहुंचे। युवती के निवेदन पर वे पानी में उतरकर मोबाइल की तलाश में जुट गए। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण युवकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक छानबीन के बावजूद मोबाइल नहीं मिल पाया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही सोनालिया पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोग पुल से नीचे झांककर मोबाइल तलाश रहे युवकों को देखते रहे। भीड़ के कारण कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनालिया नहर पर अक्सर लोग पूजा सामग्री, दीप और फूल विसर्जित करते हैं। त्योहारों के दौरान यहां विसर्जन के लिए काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कई बार मोबाइल, पर्स और गहने भी हाथ से छूटकर नहर में गिर जाते हैं।

युवती ने इस संबंध में थाने में मोबाइल गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नहर किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मोबाइल टावर की केबल काटते 2 युवक गिरफ्तार:लोगों ने बांधकर पीटा, फिर पुलिस को सौंपा, 3 महीने में 33 टावरों में चोरी

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार को सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा। गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक दिनदहाड़े टावर की केबल काट रहे थे। आसपास के लोगों को संदेह होने पर वे मौके पर पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। केबल कटने से इलाके का मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ, जिससे स्थानीय लोग और आक्रोशित हो गए। लोगों ने युवकों की पिटाई करने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

लोगों का दावा- दोनों युवक नशे में थे

स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवकों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी बरामद हुई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीन महीने में 33 से ज्यादा मोबाइल टावरों में चोरी

मोबाइल टावर से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।

कर्मचारियों को संदेह है कि टावरों से केबल, बैटरी और अन्य सामान चुराने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह अब रात के साथ-साथ दिन में भी वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने अभी तक इस गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन युवकों का जिले में हुई अन्य टावर चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही, उनके पास से मिले कथित नशे के सामान की भी जांच की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677