Connect with us

छत्तीसगढ़

शिक्षक भर्ती के नए नियमों का विरोध शुरू:टीचर्स एसोसिएशन बोला- अनुभवी शिक्षक नजरअंदाज, 2 लाख लोगों का भविष्य बिना सुझाव तय किया

Published

on

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती नियम 13 फरवरी 2026 पर कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि, नए नियमों में विभाग में वर्षों से काम कर रहे अनुभवी शिक्षकों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है।

सीधी भर्ती को जरूरत से ज्यादा प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय को नियमों में संशोधन के लिए सुझाव भेजे गए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि लगभग 2 लाख कर्मचारियों से जुड़े नियम लागू करने से पहले न सुझाव लिए गए, न दावा-आपत्ति मंगाई गई।

अधिकतर विभागों में अनुभवी कर्मचारियों को पदोन्नति दी जाती है, लेकिन शिक्षा विभाग में सीधी भर्ती को तरजीह दी गई। इससे लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षक पदोन्नति से वंचित हो जाएंगे।

LB संवर्ग को खत्म करने पर सबसे ज्यादा नाराजगी

13 फरवरी 2026 को प्रकाशित राजपत्र में एल बी (LB) संवर्ग का पदोन्नति कोटा खत्म कर दिया गया है। अब केवल ई और टी संवर्ग से ही पदोन्नति का प्रावधान रखा गया है। इससे LB संवर्ग के शिक्षकों की तत्काल पदोन्नति रुक जाएगी।

एसोसिएशन का कहना है कि पहले LB अलग कैडर था, इसलिए नियमित पदोन्नति मिलती थी, लेकिन अब उसे व्यवहारिक रूप से समाप्त कर दिया गया है। दरअसल, प्रधान पाठक, शिक्षक और अन्य पदों पर LB संवर्ग का नाम ही हटा दिया गया।

ई और टी संवर्ग की एकीकृत वरिष्ठता सूची बनेगी। इससे LB संवर्ग पीछे चला जाएगा, कई पदों पर सीधी भर्ती का प्रतिशत बढ़ा दिया गया।

टीचर्स एसोसिएशन के प्रमुख सुझाव

संगठन का कहना है कि, पूर्व की तरह फीडिंग कैडर सिस्टम लागू किया जाए और प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक, शिक्षक और प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के पदों पर E/T संवर्ग और E/T–LB संवर्ग के लिए 50–50 प्रतिशत पदोन्नति का प्रावधान रखा जाए, ताकि किसी संवर्ग के साथ अन्याय न हो।

DEO और उपसंचालक पदों पर आपत्ति

वर्तमान नियमों में उपसंचालक और जिला शिक्षा अधिकारी के 25 प्रतिशत पदों को सीधी भर्ती से भरने का प्रावधान किया गया है। एसोसिएशन इसे गलत बताते हुए कहता है कि केवल 10 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से और शेष 90 प्रतिशत पद पदोन्नति से भरे जाने चाहिए, ताकि अनुभवी अधिकारियों को आगे बढ़ने का मौका मिल सके।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी पदों पर सवाल

नए नियमों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी और सहायक संचालक प्रशासन के पदों को भरने की व्यवस्था पर भी संगठन ने आपत्ति जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी से 75 प्रतिशत पदोन्नति का प्रावधान व्यवहारिक नहीं है और इसमें बड़े स्तर पर संशोधन किया जाना चाहिए।

प्राचार्य पदोन्नति में स्पष्टता की मांग

टीचर्स एसोसिएशन का कहना है कि प्राचार्य पदों पर पदोन्नति के लिए व्याख्याता और प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला के बीच एकीकृत वरिष्ठता सूची बनेगी या रेशियो तय होगा, इसका स्पष्ट उल्लेख नियमों में होना चाहिए। साथ ही विभागीय परीक्षा में बीएड के स्थान पर प्रशिक्षित स्नातकोत्तर योग्यता तय करने और 55 वर्ष की आयु सीमा हटाने की मांग की गई है।

PTI, उर्दू शिक्षक, ग्रंथपाल भी उपेक्षित

नए भर्ती नियमों में पीटीआई (व्यायाम शिक्षक) के साथ भी उपेक्षा की गई है। वर्तमान व्यवस्था में पीटीआई को केवल छात्रावास अधीक्षक (क्रीड़ा परिसर) के पद तक ही पदोन्नति का अवसर दिया गया है, जबकि विद्यालयों में खेल और शारीरिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनकी अहम भूमिका है।

एसोसिएशन का कहना है कि पीटीआई के लिए सहायक विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी के पद पर पदोन्नति का प्रावधान किया जाना चाहिए, साथ ही सभी हायर सेकेंडरी विद्यालयों में व्याख्याता शारीरिक शिक्षा के पद सृजित कर पीटीआई को इस पद पर पदोन्नति का अवसर मिलना चाहिए।

इसी तरह उर्दू शिक्षकों के लिए भी पदोन्नति का कोई स्पष्ट चैनल नए नियमों में नहीं रखा गया है। वर्तमान व्यवस्था में उर्दू सहायक शिक्षक और उर्दू शिक्षक वर्षों तक एक ही पद पर कार्यरत रहते हैं। एसोसिएशन की मांग है कि उर्दू शिक्षकों के लिए स्पष्ट पदोन्नति क्रम तय किया जाए।

ताकि उर्दू सहायक शिक्षक से उर्दू शिक्षक और उर्दू शिक्षक से उर्दू व्याख्याता के पद तक पदोन्नति का रास्ता खुल सके। इसके अलावा ग्रंथपालों की स्थिति भी चिंताजनक बताई गई है। नए नियमों में हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में ग्रंथपाल के पद का स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया है।

जिससे इस संवर्ग के कर्मचारियों के लिए पदोन्नति की कोई संभावना नहीं बचती। एसोसिएशन का कहना है कि सभी हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में ग्रंथपाल के पद स्वीकृत किए जाएं और उनके लिए भी स्पष्ट पदोन्नति व्यवस्था तय की जाए।

संघ की चेतावनी

टीचर्स एसोसिएशन ने कहा है कि, यदि भर्ती और पदोन्नति नियमों में जल्द संशोधन नहीं किया गया, तो इससे शिक्षकों में असंतोष बढ़ेगा और शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर को तीर्थ धाम यात्रा से लौटे टीपी नगर में भव्य स्वागत

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर के तीर्थ धाम यात्रा से लौटने पर टीपी नगर सेंटर में वितरकों द्वारा उनका माला एवं श्रीफल भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वितरकों ने उनका आत्मीय अभिनंदन करते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं भी दीं।

कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अपने परिवार सहित पशुपतिनाथ, वाराणसी, गया जी सहित अनेक प्रमुख तीर्थ धामों की यात्रा की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा आध्यात्मिक रूप से अत्यंत सुखद एवं संतोषजनक रही और विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन से उन्हें मानसिक शांति प्राप्त हुई। यात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं संस्कृतियों का भी अनुभव किया।

टीपी नगर सेंटर में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विपेंद्र कुमार साहू, सचिव जय सिंह नेताम, संयोजक तपेश्वर राठौर, सह सचिव राय सिंह कंवर, रामा, राजकुमार पटेल, अनिल गिरी दिलीप यादव तथा कृष्ण कुमार निर्मलकर सहित अन्य वितरक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी ने कोषाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उनके अनुभवों को सुना और भविष्य में संघ की गतिविधियों को और सशक्त बनाने पर भी चर्चा की गई। स्वागत कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Continue Reading

कोरबा

पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों एवं अन्य पदों हेतु चल-साक्षात्कार का आयोजन

Published

on

कोरबा। जिले के सभी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति हेतु चल-साक्षात्कार  का आयोजन पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छुरिकला, ब्लॉक-कटघोरा में किया जा रहा है।

इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन फॉर्म गूगल लिंक  https://forms.gle/CvqXuqgnmtGgzUTp7  के माध्यम से भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि साक्षात्कार का आयोजन 13 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। साक्षात्कार के समय आवेदकों को अपने पूर्णतः भरे हुए आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की एक स्व-प्रमाणित प्रति अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।
भर्ती के लिए उपलब्ध पदों में स्नातकोत्तर शिक्षक के अंतर्गत अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, जीव विज्ञान और गणित विषय शामिल हैं। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक के लिए अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, विज्ञान और शारीरिक शिक्षा के पद रिक्त हैं। इसके अतिरिक्त नर्स (महिला), काउंसलर (महिला) और आतिथ्य एवं पर्यटन प्रशिक्षक के पदों पर भी नियुक्तियां की जानी हैं।
विभिन्न पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता, वेतन, सेवा शर्तें और विस्तृत जानकारी के लिए जिला प्रशासन कोरबा की आधिकारिक वेबसाइट https://korba.gov.in पर उपलब्ध लिंक का अवलोकन किया जा सकता है। नियोजन केवल उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर ही सुनिश्चित किया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु मो.नं. 7869096888 पर संपर्क किया जा सकता है।

Continue Reading

कोरबा

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश:कलेक्टर की संवेदनशील पहल, दिव्यांग बालक को तत्काल व्हील चेयर कराया गया उपलब्ध

Published

on

शिविर के माध्यम से आमजनों को बिजली बिल सुधार की समस्याओं से राहत दिलाने के निर्देश

राशन वितरण में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश

कोरबा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत की। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी  निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी आर भारद्वाज सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में सरईसिंगार  के निवासी प्रकाश चन्द्र साहू द्वारा अपने 14 वर्षीय दिव्यांग पुत्र यश कुमार साहू के लिए पेंशन व व्हील चेयर हेतु आवेदन प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने प्रकरण को सवेंदनशीलता से लेते हुए उप संचालक समाज कल्याण  को तत्काल यश कुमार को व्हील चेयर प्रदान करने के निर्देश दिए, उन्होंने यश के बेहतर स्वास्थ्य लाभ हेतु स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया साथ ही दिव्यांग पेंशन  सहित  विभाग में संचालित अन्य योजनाओं से भी लाभान्वित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर के निर्देश के परिपालन में समाज कल्याण विभाग द्वारा  त्वरित कार्यवाही करते हुए आवेदक प्रकाश चन्द्र को उनके पुत्र यश कुमार के लिए व्हील चेयर प्रदान किया गया एवं अन्य विभागीय योजनाओं से शीघ्र ही लाभान्वित करने आशांवित किया गया।

जनदर्शन में विभिन्न ग्रामों से आए संतोष कुमार, सामरत यादव सहित अन्य नागरिकों ने बिजली बिल में त्रुटियों के सुधार के सम्बंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्युत विभाग के अधिकारी को  शिविर आयोजित कर राज्य शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार आमजनों को राहत पहचाने के निर्देश दिए। साथ ही शिविर के सम्बंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

ग्राम खोड्डल की महिलाओं द्वारा गांव के  उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की शिकायत प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य अधिकारी को तत्काल जांच दल गठित कर प्रकरण की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायत सत्य पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्यवाही के निर्देश’

जनदर्शन में अवैध कब्जा पर रोक प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा मजदूरी भुगतान, आर्थिक सहायता, वनाधिकार पट्टा, सीमांकन एवं मानदेय  भुगतान संबंधी कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित जांच कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677