Connect with us

कोरबा

कलेक्टर जनदर्शन में सुनी गई जनसमस्याएं : जनदर्शन में 100 आवेदन हुए प्राप्त, कलेक्टर ने त्वरित समाधान के दिए निर्देश

Published

on

गंभीर रोग से पीड़ितों को उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने के दिए निर्देश

83 वर्षीय बुजुर्ग की बैंक से राशि निकालने में परेशानी, कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को सहयोग हेतु किया निर्देशित

मकान विहीन हितग्राहियों को पीएम आवास कॉलोनी में आवास दिलाने के निर्देश

दिव्यांग हितग्राहियों से संपर्क कर ट्राइसाइकिल की मरम्मत व आवश्यकतानुसार नई ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश

कोरबा। जिला कार्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुना। जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों ने बारी-बारी से अपने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल सके।
जनदर्शन में बालको के दिव्यांग प्रदीप कुमार राठौर ने नए  ट्राइसाइकिल प्रदान करने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री दुदावत ने उप संचालक समाज कल्याण को निर्देश दिए कि  जनदर्शन में आने वाले ट्राइसाइकिल और सहायक उपकरण की आवश्यकता वाले सभी दिव्यांगों के आवेंदनो पर तुरंत कार्यवाही की जाए। साथ ही दिव्यांग प्रमाण पत्र से छूटे दिव्यांगों का प्रमाण पत्र बनवाने में भी पूरा सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को निर्देशित किया कि जिले में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त सभी दिव्यांगों से संपर्क कर उनकी स्थिति जानी जाए, मरम्मत योग्य ट्राइसाइकिलों को शीघ्र मरम्मत कराए जाएँ और नए ट्राइसाइकिल आवश्यकतानुसार प्रदान किए जाएँ।
आवेदक विपेंद्र कुमार राठौर ने अपने पुत्र देवांश राठौर के हृदय में छेद की बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इसी प्रकार लक्ष्मी देवी मांझी ने अपने पुत्र दक्ष मांझी के हृदय वाल्व संबंधी गंभीर बीमारी के उपचार हेतु मदद का निवेदन किया। संतोष मानिकपुरी ने अपने टेट्रा प्लेजिया रोग के बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहयोग की मांग की। कलेक्टर श्री दुदावत ने इन सभी आवेदनों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  को प्रेषित करते हुए पीड़ितों को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
83 वर्षीय बुजुर्ग मनहरण प्रसाद त्रिवेदी ने अपनी जमा राशि निकालने में हो रही परेशानी के संबंध में बताया कि वृद्धावस्था के कारण हस्ताक्षर मिलान नहीं होने की वजह से बैंक से उनकी राशि आहरित करने में कठिनाई हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि प्रकरण की पूरी जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा बुजुर्ग आवेदक को उनकी धनराशि निकालने में नियमानुसार सहायता प्रदान की जाए। कोरबा नगरीय क्षेत्र के बालको निवासी तारा सोनी एवं अन्य आवेदकों ने अपने मकान न होने की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना के तहत आवास प्रदान करने की मांग की। कलेक्टर ने आवेदकों से उनकी स्वयं की जमीन की स्थिति जानकर कहा कि यदि उनके पास स्वयं की जमीन नहीं है, तो नगर के दादर खुर्द में निर्मित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में उन्हें किफायती दर पर आवास आबंटित किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में निगम आयुक्त को आवास की आवश्यकता वाले लोगों से आवेदन प्राप्त कर आवास आबंटित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
जनदर्शन में सीमांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि दिलाने, मुआवजा वितरण, नक्शा दुरुस्त करने, पीएम आवास की राशि प्रदान करने, बिजली आपूर्ति आदि मामलों के कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए और आवेदकों को समय पर राहत और समाधान उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल व ओंकार यादव सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

महतारी वंदन योजना बनी मातृशक्ति के आत्मविश्वास की पहचान

Published

on

योजना की राशि से सुनीता नेताम ने बेटी के स्वास्थ्य पर दिया विशेष ध्यान पौष्टिक आहार और देखभाल से कमजोर बच्ची अब स्वस्थ

कोरबा। राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह राशि केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं बल्कि महिलाओं के लिए आत्मविश्वास, सम्मान और सुरक्षा की भावना भी प्रदान कर रही है।
कोरबा जिले के अंतर्गत ग्राम झांझ, ग्राम पंचायत  कसियाडीह की निवासी श्रीमती सुनीता नेताम भी इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली राशि बिना किसी से मांगे और बिना किसी प्रतीक्षा के हर माह समय पर उनके बैंक खाते में पहुंच जाती है, जिससे उन्हें काफी सहूलियत होती है।

श्रीमती सुनीता नेताम ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने आवेदन कर योजना का लाभ लेना शुरू किया। इसी दौरान वे गर्भवती हुईं और उनकी बेटी का जन्म सातवें माह में ही हो गया। समय से पहले जन्म होने के कारण बच्ची काफी कमजोर थी और जन्म के समय उसका वजन मात्र 1 किलो 600 ग्राम था। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना से प्राप्त होने वाली राशि उनके लिए सहारा बनी। उन्होंने इस राशि का उपयोग अपने और अपनी बेटी के स्वास्थ्य एवं पोषण पर किया। उन्होंने अपने खान-पान में विशेष ध्यान देते हुए फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक आहार लेना शुरू किया, जिससे उन्हें और उनकी बच्ची को लाभ मिला। जब बच्ची छह माह की हुई, तब उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाले रेडी टू ईट पोषण आहार का भी नियमित रूप से उपयोग कराया। उचित पोषण और देखभाल के कारण आज उनकी बेटी पूरी तरह स्वस्थ है और वर्तमान में उसका वजन लगभग सात किलोग्राम हो चुका है।
श्रीमती सुनीता नेताम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना जैसी पहल से माताओं को आर्थिक सहयोग के साथ-साथ मानसिक संबल भी मिला है। उन्होंने कहा कि आज उनकी बेटी स्वस्थ है और इसके लिए वे राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना की आभारी हैं।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरणा मिल रही है और यह योजना मातृशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Continue Reading

कोरबा

ग्राम भंवरखोल में नई उचित मूल्य दुकान स्थापित होने से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

Published

on

अब 14 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ता राशन के लिए

कोरबा। विकासखंड करतला के ग्राम पंचायत साजापानी का आश्रित ग्राम भंवरखोल लंबे समय से खाद्यान्न प्राप्ति की गंभीर समस्या का सामना कर रहा था। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन के लिए ग्रामीणों को लगभग 14 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। बरसात के दिनों में मार्ग बाधित होने से स्थितियाँ और अधिक कठिन हो जाती थीं, जिससे विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएँ एवं दिव्यांग हितग्राहियों को भारी परेशानी होती थी।

साजापानी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में सितंबर 2025 तक कुल 670 राशनकार्ड संबद्ध थे, जिनमें अंत्योदय, प्राथमिकता, निःशक्त तथा सामान्य श्रेणी के परिवार शामिल थे। इनमें से भंवरखोल के 276 कार्डधारी परिवारों द्वारा लगातार दूरी एवं असुविधा संबंधी समस्या की जानकारी स्थानीय पंचायत द्वारा जिला प्रशासन तक पहुंचाई गई।

ग्रामीणों की आवश्यकता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित निर्णय लिया और ग्राम भंवरखोल में ही नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान की स्थापना स्वीकृत की। अक्टूबर 2025 से इस दुकान में खाद्यान्न आबंटन एवं वितरण का कार्य विधिवत प्रारंभ करा दिया गया। इससे ग्रामीणों को तत्काल बड़ी राहत मिली और अब वे अपने ही गाँव में समय पर और नियमित रूप से राशन प्राप्त कर पा रहे हैं। दुकान का संचालन जय भैरवी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा पारदर्शी एवं सुचारू रूप से किया जा रहा है, जिससे वितरण व्यवस्था में सहजता बनी हुई है।

जिला प्रशासन द्वारा दुकान के लिए नवीन पीडीएस भवन की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। यह भवन डीएमएफ मद से निर्माणाधीन है और आगामी बरसात से पूर्व पूर्ण हो जाएगा। भवन तैयार होने के पश्चात खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण व्यवस्था और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो जाएगी।
ग्राम भंवरखोल के ग्रामीण किशन पिता जीवन, नन्द कुमार पिता प्यारे लाल, योगेश कुमार पिता शहादुर सिंह, राहुल कुमार पिता रामरतन तथा जीवन लाल पिता रामसिंह ने बताया कि पहले उन्हें राशन प्राप्ति हेतु लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और बरसात में स्थिति अत्यंत जटिल हो जाती थी। अब गांव में ही उचित मूल्य दुकान संचालित होने से न केवल समय और दूरी की समस्या समाप्त हो गई है बल्कि नियमित और समय पर राशन उपलब्ध होने से सभी हितग्राही संतुष्ट हैं।

भंवरखोल में उचित मूल्य दुकान की स्थापना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए किए गए संवेदनशील निर्णय का स्पष्ट उदाहरण है। यह सफलता कहानी दर्शाती है कि योजनाओं का प्रभाव तब ही सार्थक होता है, जब वे जन-हित में समय पर और सही स्थान पर लागू की जाती हैं। खाद्य अधिकारी श्री घनश्याम कँवर ने बताया कि आज भंवरखोल के ग्रामीण महसूस कर रहे हैं कि सुविधाएँ उनके द्वार तक पहुँच रही हैं और उनका जीवन पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल एवं सहज हो गया है।

Continue Reading

कोरबा

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की नई टीम का शक्ति प्रदर्शन — पदाधिकारियों का उमड़ा सैलाब, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के प्रति जताया आभार

Published

on

कोरबा। कोरबा में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की नवगठित जिला कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद भाजपा जिला कार्यालय में भव्य आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित हुए, जिससे संगठन की एकजुटता और ऊर्जा का प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लक्की नंदा, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, चैतमा मंडल अध्यक्ष बृजेश यादव सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है और पिछड़ा वर्ग मोर्चा हमेशा से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन का विस्तार और मजबूती संभव है।
रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार होता है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा ने कहा कि पार्टी की विचारधारा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिले में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता और जनहित के कार्यों को लेकर निरंतर सक्रिय रहेगा।

कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत-सम्मान किया गया तथा सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रामेश्वर सोनी द्वारा किया गया तथा अंत में जिला महामंत्री अजय कुमार चंद्रा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी पवन सिन्हा भी उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677