अयोध्या,एजेंसी। अयोध्या के राम मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। सीएम योगी ने राम दरबार का पूजन किया। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11.25 से 11.40 बजे तक चला। रामलला के गर्भगृह के ऊपर यानी फर्स्ट फ्लोर पर राम दरबार बनाया गया है।
इसमें श्रीराम, मां सीता, तीनों भाई- लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के साथ हनुमानजी की मूर्तियां हैं। काशी के पुरोहित जय प्रकाश त्रिपाठी ने 101 पंडितों के साथ प्राण प्रतिष्ठा कराई। मंत्रोच्चारण के बाद मूर्तियों की आंखों पर बंधी पटि्टयां खोली गईं, उन्हें आइना दिखाया गया। भगवान राम सहित चारों भाइयों के हाथों में धनुष हैं।
जहां गर्भगृह में भगवान राम बालक के रूप में हैं, वहीं राम दरबार में राजा के रूप में विराजमान हैं। श्रद्धालु राम दरबार के दर्शन कब से कर सकेंगे, ट्रस्ट ने अभी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
इस मौके पर सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को आधुनिक भारत का भगीरथ बताया। नमामि गंगे परियोजना से पीएम ने गंगा की पवित्रता को फिर से हासिल किया।
राम दरबार के लिए सूरत के कारोबारी मुकेश पटेल ने हीरे, सोने-चांदी के आभूषण दान दिए। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश नेवादिया ने कहा- दान दिए आभूषणों में एक हजार कैरेट का हीरा, 30 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना, 300 कैरेट रुबी से 11 मुकुट बनाए गए हैं। इनके अलावा, गले का हार, कान के कुंडल, माथे का तिलक, चारों भाइयों के लिए धनुष-बाण हैं।
इन आभूषणों को चार्टर्ड प्लेन से अयोध्या लाया गया। आज से 498 दिन पहले (22 जनवरी, 2024) रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी।
राम मंदिर में राम दरबार को प्रथम तल पर स्थापित किया गया है।
राम दरबार मंदिर के पहले फ्लोर पर है। इसकी नक्काशी भी गर्भगृह की तरह ही हुई है।
परकोटे के 6 मंदिरों की भी प्राण प्रतिष्ठा हुई राम दरबार के अलावा मंदिर के ग्राउंड फ्लोर पर बने परकोटे के 6 मंदिरों में भी प्राण प्रतिष्ठा हुई। इनमें भगवान शिव, श्रीगणेश, हनुमान, सूर्य भगवान, मां भगवती, मां अन्नपूर्णा के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा भी हुई।
पिछले साल रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में जहां देशभर के बड़े कारोबारियों, फिल्मी हस्तियों को आमंत्रित किया गया था। वहीं, आज राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा में 350 लोगों को आमंत्रित किया गया था। इनमें ज्यादातर ट्रस्ट के पदाधिकारी और साधु-संत हैं।
राम दरबार की मूर्तियों को जयपुर में तैयार किया गया है। ये मूर्तियां मकराना के सफेद संगमरमर से बनी हैं। इसमें भगवान श्रीराम और सीता सिंहासन पर विराजमान हैं। भरत और हनुमान भगवान श्रीराम के चरणों के पास बैठे हैं।
जालंधर,एजेंसी। पंजाब के जालंधर जिले के नकोदर निवासी जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवाल, जो बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, को कनाडा के सरे (Surrey) शहर में गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह गिरफ्तारी भारतीय जांच एजेंसियों की सूचना के आधार पर हुई है या कनाडाई पुलिस ने स्वतंत्र रूप से यह कार्रवाई की है। लेकिन इतना तय है कि जीशान इस समय कनाडा पुलिस की हिरासत में है, और इस गिरफ्तारी को केस में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जीशान पर बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश रचने और घटना के पीछे मुख्य भूमिका निभाने का आरोप है। भारतीय एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में थीं और उस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर रखी जा रही थी।
नई दिल्ली,एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे और राज्य को 46 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित कीं। इस दौरान उन्होंने दो ऐतिहासिक और तकनीकी दृष्टि से अद्वितीय पुलों चिनाब ब्रिज और अंजी पुल का उद्घाटन किया। साथ ही कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। चिनाब नदी पर बना चिनाब ब्रिज अब विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बन चुका है। इसकी ऊंचाई एफिल टॉवर से भी अधिक है और यह समुद्र तल से 359 मीटर ऊपर स्थित है। यह पुल न केवल इंजीनियरिंग की दृष्टि से बेमिसाल है बल्कि यह देश के हर कोने को कश्मीर घाटी से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगा। यह पुल उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना का हिस्सा है, जो जम्मू-कश्मीर के भौगोलिक और भावनात्मक दोनों रूपों में भारत से जोड़ने का कार्य करेगा।
अंजी पुल की विशेषताएं भी कम नहीं
प्रधानमंत्री ने अंजी पुल का भी उद्घाटन किया, जो भारत का पहला केबल-स्टे रेलवे ब्रिज है। यह पुल कटरा और रियासी को जोड़ता है और इसकी खूबसूरती के साथ मजबूती भी अद्वितीय है। कठिन भौगोलिक स्थितियों में इस पुल का निर्माण एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन से हर मौसम में यात्रा संभव
प्रधानमंत्री ने कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन को रवाना किया। यह ट्रेन अब हर मौसम में घाटी को जम्मू क्षेत्र से जोड़ेगी। यह सुविधा न केवल यात्रियों को राहत देगी बल्कि तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए भी बड़ी सौगात होगी। इससे कटरा से श्रीनगर की यात्रा का समय घटकर सिर्फ 3 घंटे के करीब रह जाएगा।
सुरक्षा के बाद अब विकास की दस्तक
प्रधानमंत्री का यह दौरा पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद हो रहा है, जिससे यह संदेश गया कि अब जम्मू-कश्मीर में विकास को रोका नहीं जा सकता। कश्मीर में यह यात्रा सुरक्षा और स्थिरता के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
मुंबई,एजेंसी। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से हाल ही में एक बेहद ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर शाइन टॉम चाको और उनका परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया है। यह हादसा इतना खतरनाक था कि शाइन के पिता की मौके पर ही मौत हो गई और परिवार के बाकी सदस्य भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के लोगों भी गहरा झटका लगा है।
हादसा इतना भीषण था कि एक्टर के पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस एक्सीडेंट में एक्टर उनके परिवार के सदस्यों को भी गंभीर चोट आई है। घायलों को धर्मपुरी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस खबर को सुनते ही उनके फैंस और इंडस्ट्री के लोग सदमे में हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये हादसा तमिलनाडु के धर्मपुरी के पास पलाकोट्टई के पास हुआ। गाड़ी में शाइन, उनके माता-पिता और भाई मौजूद थे। एक रिपोर्ट के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि गाड़ी की एक लॉरी से जोरदार टक्कर हुई, जिससे गाड़ी पूरी क्षतिग्रस्त हो गई।