Connect with us

कोरबा

पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बना “रन फॉर ग्रीन” : हजारों कदम हरित कोरबा की ओर”एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मैराथन, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान का हुआ आयोजन

Published

on

भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी तथा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा ने बढ़ाया उत्साह
कोरबा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा जिले को हरित, स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कोरबा द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत शनिवार को “रन फॉर ग्रीन” मैराथन का भव्य आयोजन डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम, घंटाघर से किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कलेक्टर कुणाल दुदावत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त, डीएफओ, सहित अन्य अधिकारियों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। लगभग पाँच किलोमीटर की इस मैराथन में कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना तथा स्वच्छ एवं हरित कोरबा के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना रहा। मैराथन के समापन के पश्चात प्रतिभागियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया तथा स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए जुम्बा सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी तथा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान सुश्री किरण पिस्दा रहीं। उन्होंने मैराथन में शामिल होकर सभी का उत्साह बढ़ाया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, कठिनाइयों से घबराए बिना निरंतर आगे बढ़ने तथा खेल एवं जीवन दोनों में अनुशासन अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य कोरबा को अधिक हराभरा और स्वच्छ बनाना है। उन्होंने कहा कि कोरबा एक औद्योगिक एवं खनन क्षेत्र है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से आगामी दो माह तक विशेष जनअभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी नागरिक अपने घर, मोहल्ले, विद्यालय, संस्थान अथवा सार्वजनिक स्थान पर पौधरोपण करना चाहते हैं, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, क्योंकि पौधों का जीवित रहना ही अभियान की वास्तविक सफलता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “रन फॉर ग्रीन” के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जिले के प्रत्येक घर तक पहुंचेगा।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने परिवार और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से भारतीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिस्दा से प्रेरणा लेकर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से सड़कों के किनारे व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि पौधों की सुरक्षा और देखभाल में सक्रिय सहयोग देकर इस अभियान को सफल बनाएं।

मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई । मैराथन में महिला वर्ग में नेहा साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10,000 रुपये का पुरस्कार जीता। द्वितीय स्थान पर कुमारी अनंता रूपदास को 5,000 तथा तृतीय स्थान पर शीतल कौशल को 3,000 रुपए का पुरस्कार मिला। चौथे स्थान पर गुंजा देवांगन, पाँचवें स्थान पर अदिति साहू, छठे स्थान पर श्रीमती गोमती, सातवें स्थान पर रिमी केंवट, आठवें स्थान पर निशा सिदार, नौवें स्थान पर सोफिया किस्पोट्टा तथा दसवें स्थान पर पूनम नाग रहीं।

पुरुष वर्ग में मनीष कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें दस हजार की राशि दी गई। मैराथन में अनुराग श्रीवास ने द्वितीय तथा निखिल बरेठ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चौथे स्थान पर प्रदीप सिंह, पाँचवें स्थान पर जूदेव पटेल, छठे स्थान पर प्रिंस यादव, सातवें स्थान पर रामशंकर, आठवें स्थान पर अमन एक्का, नौवें स्थान पर अभिषेक शाह तथा दसवें स्थान पर सोनू अमिया रहे।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, जेसीआई, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर महापौर, कलेक्टर, निगमायुक्त, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मिनीमाता महाविद्यालय मुख्य मार्ग में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। “रन फॉर ग्रीन मैराथन” और “एक पेड़ माँ के नाम”  कार्यक्रम में जिले के 200 से अधिक “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” ने भी अपनी सहभागिता देंकर युवाओं में जोश और उत्साह कायम किया। जिले के कॉलेज सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों के 200 से अधिक “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” ने हरियाली का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कोरबा का प्रभावी संदेश दिया।

 कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण, पार्षद, अधिकारी, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी तथा सामाजिक संगठनों,मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेकर हरित, स्वच्छ और स्वस्थ कोरबा के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Continue Reading

कोरबा

छत्तीसगढ़ में 10 जिलों के DEO बदले:13 प्राचार्यों और अधिकारियों का तबादला, बिलासपुर-सरगुजा के प्रभारी उपसंचालक भी बदले गए

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक आधार पर 13 प्राचार्यों और अधिकारियों का तबादला किया गया है। विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश के तहत संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है।

इस फेरबदल में बिलासपुर और सरगुजा संभाग के प्रभारी उप संचालकों की अदला-बदली की गई है। इसके अलावा बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सूरजपुर, दुर्ग, मुंगेली, बलौदाबाजार-भाटापारा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई समेत कई जिलों में DEO स्तर पर जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

बिलासपुर-सुरगुजा संभाग प्रभारी उप संचालकों की अदला-बदली

आदेश के अनुसार राजेश सिंह प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर को सरगुजा संभाग के प्रभारी उप संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है। उन्हें संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वहीं अश्वनी भारद्वाज प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा को बिलासपुर संभाग का प्रभारी उप संचालक बनाया गया है। उन्हें संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जिला शिक्षा अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी

ए.के. सिन्हा, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर-चांपा को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर बनाया गया है। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खिसोरा, बलौदा के प्राचार्य मनोहर प्रताप सिंह को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी दी गई है।

लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर में सहायक संचालक जगजीत धीर को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग बनाया गया है। इसी तरह प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली *एल.पी. डहीरे* को सहायक संचालक, संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर के कार्यालय में पदस्थ किया गया है।

डॉ. मोहन लाल पटेल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र नगर, बिलासपुर को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली की जिम्मेदारी दी गई है।

बिलासपुर, बलौदाबाजार समेत कई जिलों में नए प्रभारी DEO

प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर रामेश्वर जायसवाल को प्रतिनियुक्ति पर लेते हुए जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा जांजगीर-चांपा बनाया गया है। वहीं संदीप कुमार पांडे प्राचार्य, कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी करतला, को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर की जिम्मेदारी मिली है।

उपेंद्र कुमार देवांगन, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला विचारपुर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई बनाया गया है। शिव कुमार गेंदले प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला धरमपुरा, मुंगेली को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बलौदाबाजार-भाटापारा बनाया गया है।

मोहला-मानपुर और खैरागढ़ में भी बदलाव

पुरुषोत्तम लाल साहू प्राचार्य शासकीय कन्या शिक्षा परिसर चौकी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को इसी जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं वर्तमान प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी योगदास साहू को प्रतिनियुक्ति पर लेकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में प्राचार्य बनाया गया है।

Continue Reading

कोरबा

जनता प्राथमिक उपभोक्ता भंडार सहकारी समिति नगोईखार का मतदाता सूची प्रकाशित

Published

on

दावा- आपत्ति 15 सितंबर तक आमंत्रित

कोरबा 09 सितंबर 2026। जनता प्राथमिक उपभोक्ता भंडार सहकारी समिति मर्यादित नगोईखार पंजीयन क्रमांक 3584 के सदस्यों के मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के लिए मतदाता सूची प्रकाशित किया गया है। मतदाता सूची के संबंध में सदस्यों से दावा-आपत्ति 15 सितंबर 2026 तक आमंत्रित किया गया है।
रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती सुष्मिता लकड़ा ने बताया कि दावा- आपत्ति लिखित में मय प्रमाण के साथ सोसायटी कार्यालय नगोईखार में समिति प्रबंधक विजय कुमार अग्रवाल के पास  15 सितंबर 2026 तक कार्यालयीन समय पर  प्रस्तुत किया जा सकता है। दावा- आपत्तियों का निराकरण 16 सितंबर को 12 बजे से किया जायेगा। निराकरण उपरांत अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

रोजगार मेला के आयोजन हेतु नियोजकों से रिक्त पदों की मंगाई गई जानकारी

Published

on

कोरबा 09 सितंबर 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के माध्यम से जिला स्तरीय ”रोजगार मेला“ का आयोजन शासकीय ई.व्ही.पी.जी.कॉलेज, कोरबा में किया जायेगा। जो नियोजक अपने संस्थाओं के रिक्त पदों को रोजगार मेला के माध्यम से पूर्ति करना चाहते हैं, वे अपने रिक्त पदों की जानकारी 15 सितंबर 2026 तक रोजगार कार्यालय कोरबा के ई-मेल पर उपलब्ध करा सकते हैं या जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ताकि जिला स्तरीय ”रोजगार मेला“ में  शामिल किया जा सके।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677