इंफाल,एजेंसी। मणिपुर के जिरिबाम जिले में सोमवार को CRPF जवानों ने एनकाउंटर में 10 कुकी उग्रवादियों को मार गिराया। घटना दोपहर 2.30 बजे बोरोबेकेरा के जकुराडोर करोंग इलाके की है।
यहां के पुलिस स्टेशन और CRPF चौकी पर इन उग्रवादियों ने हमला किया था। जवाबी कार्रवाई के दौरान CRPF का एक जवान घायल हुआ, उसका असम के सिलचर में इलाज जारी है। ये इलाका असम सीमा से लगा हुआ है।
पुलिस स्टेशन के नजदीक ही मणिपुर हिंसा में विस्थापित लोगों के लिए एक राहत शिविर है। यहां रह रहे लोग कुकी उग्रवादियों के निशाने पर हैं। शिविर पर पहले भी हमले हो चुके हैं। एहतियातन इस इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और अगले आदेश तक कर्फ्यू लगाया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक उग्रवादी सैनिकों जैसी वर्दी पहने थे। इनके पास से 3 AK राइफल, 4 SLR , 2 इंसास राइफल, एक RPG, 1 पंप एक्शन गन, बीपी हेलमेट और मैगजीन बरामद हुई हैं।
मुठभेड़ की 2 तस्वीरें…
मुठभेड़ के बाद उग्रवादियों के शव एक जगह रखे गए।
ये इलाका असम सीमा से लगा है, यहां पर मणिपुर हिंसा के विस्थापितों के शिविर हैं।
5 लोगों की किडनैपिंग की आशंका, इंफाल में किसान की हत्या
सूत्रों ने बताया कि पुलिस स्टेशन पर हमला करने के बाद उग्रवादी पुलिस स्टेशन से एक किलोमीटर दूर जकुराडोर करोंग में एक छोटी सी बस्ती की ओर भागे और घरों में आग लगानी शुरू कर दी। इस दौरान वे सुरक्षाबलों पर गोलियां बरसाते रहे। इस दौरान 5 लोगों के लापता होने की खबर है। दावा है कि उग्रवादियों ने इन्हें अगवा कर लिया है।
सोमवार को ही मणिपुर के याइंगंगपोकपी शांतिखोंगबन इलाके में खेतों में काम कर रहे एक किसान पर उग्रवादियों ने पहाड़ी से गोलीबारी की। इसके कारण एक किसान की मौत हो गई। इसके अलावा कई किसानों को चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि इस इलाके में उग्रवादी लगातार तीन दिन से पहाड़ी से निचले इलाकों में फायरिंग कर रहे हैं। खेतों में काम कर रहे किसानों को निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि यहां धान की फसल की कटाई चल रही है। हमलों के कारण किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं।
इंफाल में 3 दिन में भारी गोला-बारूद जब्त असम राइफल्स ने सोमवार को बताया कि बीते 3 दिनों में मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने कई हथियार, गोला-बारूद और IED जब्त किए हैं।
9 नवंबर को असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस की जॉइंट टीम ने चुराचांदपुर जिले के एल खोनोम्फई गांव के जंगलों से एक.303 राइफल, दो 9 एमएम पिस्टल, छह 12 सिंगल बैरल राइफल, एक.22 राइफल, गोला-बारूद और सामान जब्त किया था।
इसके अलावा एस चौंगौबंग और कांगपोकपी जिले के माओहिंग में एक 5.56 मिमी इंसास राइफल, एक प्वाइंट 303 राइफल, 2 एसबीबीएल बंदूकें, दो 0.22 पिस्तौल, दो इंप्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लांचर, ग्रेनेड, गोला-बारूद जब्त किए गए थे।
10 नवंबर असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और बीएसएफ की जॉइंट टीम ने काकचिंग जिले के उतांगपोकपी के एरिया में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था। इसमें एक 0.22 राइफल, गोला-बारूद और सामान शामिल था।
9 नवंबर: बिष्णुपुर जिले के सैटन में उग्रवादियों ने महिला की हत्या की थी।
9-10 नवंबर: महिला की हत्या, पहाड़ी से गोलीबारी इंफाल पूर्वी जिले के सनसाबी, सबुंगखोक खुनौ और थमनापोकपी इलाकों में 10 नवंबर को गोलीबारी की घटना हुई थी। 9 नवंबर को बिष्णुपुर जिले के सैटन में उग्रवादियों ने 34 साल की महिला की हत्या कर दी थी। घटना के वक्त महिला खेत में काम कर रही थी। उग्रवादियों ने पहाड़ी से निचले इलाकों में गोलीबारी की थी।
8 नवंबर: उग्रवादियों ने फूंक डाले 6 घर, 1 महिला की मौत 8 नवंबर को जिरीबाम जिले के जैरावन गांव में हथियारबंद उग्रवादियों ने 6 घर जला दिए थे। ग्रामीणों का आरोप था कि हमलावरों ने फायरिंग भी की थी। घटना में एक महिला की मौत हुई थी। मृतक महिला की पहचान जोसंगकिम हमार (31) के रूप में हुई थी। उसके 3 बच्चे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हमलावर मैतेई समुदाय के थे। घटना के बाद कई लोग घर से भाग गए।
7 नवंबर को बलात्कार के बाद महिला को जिंदा जलाया 7 नवंबर को हमार जनजाति की एक महिला को संदिग्ध उग्रवादियों ने मार डाला था। उन्होंने जिरीबाम में घरों को भी आग लगा दी। पुलिस केस में उसके पति ने आरोप लगाया कि उसे जिंदा जलाने से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया था। एक दिन बाद, मैतेई समुदाय की एक महिला की संदिग्ध कुकी विद्रोहियों ने गोली मार दी थी।
चण्डीगढ़, एजेंसी। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की राजनीतिक में बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा और अकली दल 6 साल बाद फिर एक साथ आ गए हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब रैली की तारीख का भी ऐलान कर दिया गया है। सुखबीर सिंह बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि 8 दिसंबर को स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की जयंती के मौके पर शिरोमणि अकाली दल की तरफ से मोगा में एक बड़ी रैली की जा रही है। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे।
अमित शाह ने कहा कि, जब PM Modi से बात हुई कि NDA का एक्सटेंशन हो रहा है तो उन्होंने ने भी सुखबीर बादल को फोन किया और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि NDA अब पूरा हो गया है। अटल बिहारी, अडवाणी और सुखबीर बादल का पुराना रिश्ता रहा है। पंजाब में और पूरे देश में ये गठबंधन हिन्दू-सिख भाईचारे की मिसाल बनेगा।
अमित शाह ने कहा कि, बंदी सिखों के मसले पर दोनों दलों की राय अलग-अलग है, इस पर बैठ कर चर्चा करेंगे और हल निकालेंगे।
अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि, गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका रहेगा और मुख्यमंत्री भी अकाली दल का ही होगा।
आज अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की बधाइयां देते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि, आज फिर पंजाब को बचाने की जरूरत है। किसानों को बचाने की जरूरत है। ये सिर्फ अकाली दल और भाजपा की सरकार मिलकर ही कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि इमोशनल गठबंधन है। सुखबीर बादल ने कहा कि, ये गठबंधन पंजाब के हित के लिए हुआ है। अकाली दल 106 साल पुरानी पार्टी है। सुखबीर बादल ने कहा कि अमित शाह ने भरोसा दिलाय है कि पंजाब में फिर से उसी गौरवशाली दौर से लेकर जाएंगे।
सुखबीर बादल ने कहा कि, मेरे पिता (स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल) कहा करते थे कि, यह नाखून-मांस का गठबंधन है। जितनी देर यह गठबंधन रहा पंजाब तरक्की पर रहा।
प्रेस कॉन्फ्रैंस के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि अकाली दल और बीजेपी के बीच गठबंधन हो गया है। जल्द ही दोनों सीट बंटवारे पर चर्चा करेंगे। अकली दल के आने से NDA की ताकत को बढ़ाएंगा।
अमित शाह ने कहा कि, पंजाब में भ्रष्टाचार हो हटाना और नशे को खत्म करना NDA को मुख्य लक्षय होगा। 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह से नशे से मुक्त कर देंगे। इसके साथ ही अगले 3 महीनों तक किसानों की समस्या और आर्थिक चिंता और रोजगार की चिंता पर रोडमैप बनाएंगे।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, बीजेपी को भरोसा है कि पंजाब की जनता NDA को वोट देगी। आने वाले समय में पंजाब को फिर से खुशहाल होगा। विधानसभा चुनाव में हम NDA की सरकार बनाएंगे।
दोनों पार्टियों का विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन हो गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने आज दिल्ली पहुंच कर प्रेस कॉन्फ्रैंस करके इसकी घोषणा कर दी है। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि, पंजाब में विधानसभा चुनाव अकाली दल और भाजपा मिलकर लड़ेंगे।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अश्विनी कुमार समेत पंजाब के सभी सीनियर नेताओं को दिल्ली पहुंच गए हैं। इस दौरान नितिन नबीन और सुखबीर बादल बीजेपी के मुख्यालय के कार्यालय में पहुंच गए हैं। जल्द गठबंधन का ऐलान होने जा रहा है।
बस कुछ ही समय में दोनों पार्टियों एक साथ प्रेस कॉफ्रैंस करके इसकी घोषणा करने जा रही हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने आज दिल्ली पहुंच कर प्रेस कॉन्फ्रैंस करके इसकी घोषणा करेंगे।
आपको बता दें कि भाजपा और अकली दल ने मिलकर 1997, 2002 और 2007 यानी 3 बार पंजाब में सरकार बना चुके हैं। कृषि सुधार कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में 24 साल बाद दोनों पार्टियों का गठबंधन टूट गया था। इसके बाद 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब की 117 सीटों में से अकाली दल 3 और भाजपा महज 2 सीटें ही जीत सकी थी।
नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के मौके पर शिरोमणि अकाली दल और BJP के बीच हुए गठबंधन पर खुशी जताते हुए बड़ा बयान दिया है। PM मोदी ने X पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगा। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा पाला-पोसा गया अकाली दल-BJP गठबंधन हमेशा समय की कसौटी पर खरा उतरा है।
आपको बता दें कि गठबंधन को लेकर पोस्ट शेयर करते हुए PM मोदी ने कहा, ‘पंजाब और पंजाबियों की भलाई सबसे पहले आती है! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल NDA परिवार में वापस आ गया है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के मौके पर।’ PM मोदी ने कहा, ‘हमारा एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब के लोगों को एक जन-हितैषी सरकार मिले, जो राज्य को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा पोषित अकाली दल-BJP गठबंधन हमेशा समय की कसौटी पर खरा उतरा है।’ PM मोदी ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।’
नई दिल्ली, एजेंसी। बाजार नियामक सेबी ने सोमवार को बाजार के मध्यस्थों और अन्य प्रतिभागियों से आगामी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के ‘ग्रे मार्केट प्रीमियम’ (जीएमपी) के आंकड़ों का प्रकाशन और प्रचार-प्रसार बंद करने को कहा। इसके साथ ही, सेबी ने निवेशकों को आगाह किया कि वे जीएमपी को शेयरों के सूचीबद्ध होने के संभावित भाव या उनसे मिलने वाले रिटर्न का संकेतक न मानें।
जीएमपी उन अनौपचारिक और अपुष्ट कीमतों को कहा जाता है, जिन पर किसी कंपनी के शेयरों के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले कारोबार किए जाने का दावा किया जाता है। ऐसे सौदे मान्यता-प्राप्त शेयर बाजारों के दायरे से बाहर होते हैं। इन पर नियामकीय निगरानी नहीं होती और न ही निवेशकों को कोई सुरक्षा या सौदे के निपटान की गारंटी मिलती है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने एक बयान में कहा कि आईपीओ के जीएमपी के आंकड़े वेबसाइट, डिजिटल मंचों, समाचार पत्रों और यहां तक कि सेबी में पंजीकृत कुछ मध्यस्थों एवं बाजार प्रतिभागियों की ओर से भी व्यापक रूप से प्रकाशित किए जा रहे हैं।
सेबी ने कहा कि ऐसे प्रीमियम के आंकड़ों का प्रकाशन निवेशकों के हितों के लिए नुकसानदेह हो सकता है और प्रतिभूति बाजार में पारदर्शिता एवं जवाबदेही के सिद्धांतों के विपरीत है। नियामक ने सेबी में पंजीकृत सभी मध्यस्थों और बाजार प्रतिभागियों को अपनी वेबसाइट, डिजिटल मंचों और ईमेल, एसएमएस तथा सोशल मीडिया सहित अन्य संचार माध्यमों पर आईपीओ के जीएमपी के आंकड़े प्रकाशित, प्रदर्शित या प्रसारित नहीं करने की सलाह दी है। निवेशकों को भी जीएमपी को शेयरों के सूचीबद्ध होने के संभावित भाव या अपेक्षित रिटर्न का संकेतक नहीं मानने और इससे जुड़े किसी भी सौदे से बचने को कहा गया है।
सेबी ने निवेशकों को आईपीओ में केवल अपने यहां पंजीकृत मध्यस्थों और अधिकृत मंचों के जरिये ही निवेश करने की सलाह दी है। जीएमपी के आंकड़ों का इस्तेमाल निवेशक अक्सर आईपीओ के शेयरों की संभावित सूचीबद्धता के प्रदर्शन का अनुमान लगाने के लिए करते हैं। सेबी ने स्पष्ट किया कि जीएमपी से जुड़े सौदों में विवाद होने पर निवेशकों को नियामक के तहत उपलब्ध शिकायत निवारण और विवाद समाधान व्यवस्थाओं का लाभ नहीं मिलेगा। इनमें सेबी या शेयर बाजारों के अधिकार क्षेत्र के तहत मिलने वाली निवेशक सुरक्षा, शेयर बाजारों की शिकायत निवारण व्यवस्था और ऑनलाइन विवाद समाधान (ओडीआर) पोर्टल शामिल हैं।