Connect with us

कोरबा

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की नई टीम का शक्ति प्रदर्शन — पदाधिकारियों का उमड़ा सैलाब, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के प्रति जताया आभार

Published

on

कोरबा। कोरबा में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की नवगठित जिला कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद भाजपा जिला कार्यालय में भव्य आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित हुए, जिससे संगठन की एकजुटता और ऊर्जा का प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लक्की नंदा, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, चैतमा मंडल अध्यक्ष बृजेश यादव सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है और पिछड़ा वर्ग मोर्चा हमेशा से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन का विस्तार और मजबूती संभव है।
रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार होता है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा ने कहा कि पार्टी की विचारधारा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिले में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता और जनहित के कार्यों को लेकर निरंतर सक्रिय रहेगा।

कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत-सम्मान किया गया तथा सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रामेश्वर सोनी द्वारा किया गया तथा अंत में जिला महामंत्री अजय कुमार चंद्रा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी पवन सिन्हा भी उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

12 मार्च को भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस

Published

on

कोरबा। दुर्ग जिले के समोदा ग्राम में बीजेपी नेता के द्वारा लगभग 10 एकड़ भूमि पर तथा बलरामपुर जिले के सनाटोली के जंगल में लगभग 05 एकड़ भूमि पर अफीम की खेती के अलावा नशे के कारोबार को संरक्षण दिये जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस के अह्वान पर 12 मार्च 2026, दिन- गुरुवार को दोप. 3:30 बजे टीपी नगर स्थित बीजेपी जिला दफ्तर का घेराव किया जावेगा।
उक्त जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष द्वय मुकेश राठौर एवं मनोज चौहान ने जिला कांग्रेस , महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, इंटक, सेवादल, अजा, अजजा, अपिव प्रकोष्ठ, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, पूर्व पार्षद, ब्लॉक, मण्डल, वार्ड एवं बूथ कमेटी के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को समय पर उपस्थित होने आग्रह किया है।

Continue Reading

कोरबा

रसोई गैस-पेट्रोल की कमी की अफवाहों से बचें, प्रशासन की नागरिकों से अपील

Published

on

जिले में घरेलू रसोई गैस की कोई कमी नहीं, अवैध भंडारण व ब्लैक मार्केटिंग पर होगी सख्त कार्रवाईः- कलेक्टर

बुकिंग डेट के अनुक्रम, फर्स्ट कमदृफर्स्ट सर्व  व ओटीपी ऑथेंटिकेशन से ही होगी गैस सिलेंडर की डिलीवरी

एजेंसियों को रसोई गैस के पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश

रसोई गैस  के अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग व अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर  रोक लगाने कलेक्टर ने ली बैठक

कोरबा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष और उससे जुड़ी अफवाहों के बीच जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर सख्त रोक लगाने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए रसोई गैस पर किसी भी प्रकार की अफवाह या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष को लेकर विभिन्न माध्यमों से रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी संबंधी भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और रसोई गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुचारु और पारदर्शी गैस वितरण व्यवस्था उपलब्ध कराना है इस हेतु किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को प्रोफेशनल व्यवहार अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडर का अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या अधिक मूल्य पर बिक्री जैसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए। सभी एजेंसियां इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर और बुकिंग तिथि के अनुक्रम में ही दी जाए।

कलेक्टर ने  निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही की जाए और बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर की डिलीवरी न हो। साथ ही उपभोक्ताओं को 25 दिनों के पूर्व दोबारा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य शाखा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल खाद्य अधिकारी को सूचित करने को कहा गया है, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो।
कलेक्टर ने  निर्देशित किया कि स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थान और गैस वितरक दोनों की जांच की जाएगी। उन्होंने खाद्य अधिकारी को सभी गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी एस कंवर, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान पैट्रोलियम, भारत गैस एजेंसी के अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही करें और अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाओं का प्रसार करने से बचें। साथ ही नागरिकों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा गया है कि अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का संग्रहण न करें तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में केवल प्रमाणित और सही जानकारी को ही साझा करें।

Continue Reading

कोरबा

घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर कार्रवाई

Published

on

कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन की सख़्ती

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने हेतु जिले में विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सब्सिडी युक्त गैस का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग न केवल नियमविरुद्ध है, बल्कि आम जनता के अधिकारों का भी उल्लंघन है।
इसी क्रम में आज ट्रांसपोर्टर नगर, कोरबा स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान सेंटर प्वाइंट का निरीक्षण राजस्व एवं खाद्य विभाग के संयुक्त दल द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में व्यावसायिक प्रयोजन से 6 घरेलू गैस सिलेंडरों (3 भरे हुए तथा 3 खाली) का उपयोग किया जाना पाया गया, जो प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। जांच में अनियमितताएँ पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी और घरेलू गैस के दुरुपयोग की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और घरेलू गैस सिलेंडरों का अनुचित उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677