Connect with us

कोरबा

शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं, लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें विद्यार्थी: मंत्री लखन लाल देवांगन

Published

on

उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसमा में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का हुआ आयोजन

नव प्रवेशी विद्यार्थियों का किया गया अभिनंदन, वितरित की गई अध्ययन सामग्री

विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका, शत-प्रतिशत परिणाम का लक्ष्य लेकर कराएं अध्यापनः- कलेक्टर

डीएमएफ से शिक्षा व्यवस्था को मिल रही नई मजबूती, मेधावी विद्यार्थियों के लिए जिले में ही होगी नीट-जेईई की निःशुल्क तैयारी

भैंसमा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में डबल स्टोरी भवन एवं बाउंड्रीवाल निर्माण की हुई घोषणा
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में आज कोरबा विकासखंड के ग्राम भैंसमा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कोरबा श्रीमती बीजमोती राठिया, अध्यक्ष करतला जनपद श्रीमती अशोका विश्राम कंवर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, उपाध्यक्ष जनपद करतला मनोज झा, कलेक्टर कुणाल दुदावत, सहायक कलेक्टर ईशान जायसवाल, सीईओ दिनेश नाग, डीईओ टी पी उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं स्कूली बच्चे व पालक उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया व आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने सभी विद्यार्थियों को नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया सत्र नई ऊर्जा, नए संकल्प और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं होता। यह जीवन की सबसे बड़ी धरोहर है, जिसका कभी बंटवारा नहीं किया जा सकता। विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन से अध्ययन करें, तभी वे सफलता के शिखर तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन विद्यालय आने, शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा देश का जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि प्रत्येक बच्चा शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। परिवार का एक सदस्य शिक्षित होने से पूरा परिवार जागरूक और प्रगतिशील बनता है। इसलिए शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई-लिखाई में स्वयं रुचि लेने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल, मध्यान्ह भोजन, निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रम विभाग द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) को मिले अधिकारों का लाभ जिले के विकास में प्रभावी रूप से लिया जा रहा है। डीएमएफ के माध्यम से विद्यालयों में पौष्टिक नाश्ते का वितरण किया जा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई  है। विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति, अधोसंरचना विकास तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के अनेक कार्य भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के लिए शीघ्र ही कोरबा जिले में ही नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी की विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय मार्गदर्शन अपने जिले में ही उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसमा में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या को देखते हुए वर्तमान भवन के ऊपर द्वितीय तल निर्माण तथा विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 की सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया शैक्षणिक सत्र नई आकांक्षाओं, नई ऊर्जा और नए संकल्पों के साथ प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए मजबूत अधोसंरचना और पर्याप्त मानव संसाधन दोनों की समान रूप से आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से जिले के विद्यालयों में अधोसंरचना विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 255 करोड़ रुपए प्राथमिकता के साथ व्यय किए जा रहे हैं। साथ ही विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है। कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। भारतीय संस्कृति में गुरु को भगवान के समान स्थान दिया गया है। विद्यार्थियों के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण बारह वर्ष शिक्षकों के मार्गदर्शन में व्यतीत होते हैं, इसलिए शिक्षकों पर राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से नए शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम का संकल्प लेने और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन दोबारा नहीं लौटता। आज का परिश्रम ही भविष्य की दिशा निर्धारित करता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी अपने समय का सदुपयोग करते हुए लक्ष्य निर्धारित करे, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के साथ अध्ययन करे तथा श्रेष्ठ से सर्वश्रेष्ठ बनने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन के किसी भी पड़ाव पर स्पष्ट लक्ष्य, संघर्ष और सतत प्रयास से सफलता प्राप्त की जा सकती है। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मेधावी विद्यार्थियों के लिए  नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई  है। साथ ही देश के सभी शासकीय एवं अनुदान प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययन करने वाले जिले के विद्यार्थियों की शिक्षा का व्यय भी जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ के माध्यम से वहन किया जाएगा, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने। कलेक्टर श्री दुदावत ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई पर सतत ध्यान देने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष श्रीमती राठिया, जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष श्रीमती कंवर तथा जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा ने भी संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई-लिखाई पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण एवं भविष्य की मजबूत नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, अध्ययन सामग्री एवं साइकिल का हुआ वितरण

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्राथमिक शाला से लेकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तक एवं अन्य अध्ययन सामग्री वितरित कर नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन ने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत विद्यालय के कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि इस योजना से दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाली बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा बालिका शिक्षा को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान

इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही  शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित कर उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान की सराहना की गई।

न्योता भोज में विद्यार्थियों के साथ शामिल हुए अतिथि

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा पुलिस ने 3 डकैती मामलों का किया खुलासा:4 आरोपी और 1 नाबालिग गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद

Published

on

कोरबा। कोरबा पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डकैती की तीन घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से डकैती में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, बीते दिनों बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान, साथ ही दीपका थाना क्षेत्र की दीपका खदान में हथियारों के बल पर डकैती की वारदातें हुई थीं। बदमाशों ने कर्मचारियों से मारपीट कर नकदी और कीमती सामान लूटा था।

इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए बाँकीमोंगरा थाने में अपराध क्रमांक 148/2026, 131/2026 और दीपका थाने में अपराध क्रमांक 01/2026 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने जांच शुरू की।

टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्धों पर निगरानी रखी। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में राजपाल चौहान (22), निवासी जामनीमूड़ा पाली; फिरोज मेमन (27), निवासी भिलाईबाजार, हरदीबाजार; निकेश कुमार कश्यप (21), निवासी शुक्लाखर, थाना बांकीमोंगरा; और होरीलाल केवट (24), निवासी शांतिनगर, थाना कुसमुंडा शामिल हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने तीनों डकैती की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। मुख्य आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस गिरोह के कुछ अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

किन्नर समाज अध्यक्ष मालती किन्नर का निधन:कोरबा में सामाजिक-राजनीतिक जगत में शोक, निर्दलीय महापौर प्रत्याशी भी रहीं

Published

on

कोरबा। कोरबा किन्नर समाज की अध्यक्ष और वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मालती किन्नर का रविवार सुबह निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं और शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

मालती किन्नर को कोरबा में किन्नर समाज की मुखर आवाज के रूप में जाना जाता था। उन्होंने समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम किया। वे त्योहारों और शुभ अवसरों पर बधाई देने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों की मदद और सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी अग्रणी रहीं।

महापौर पद का चुनाव लड़ चुकी थी

सामाजिक गतिविधियों के अलावा, मालती किन्नर राजनीति में भी सक्रिय थीं। उन्होंने कोरबा नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर महापौर पद का चुनाव लड़ा था। हालांकि वे चुनाव नहीं जीत पाईं, लेकिन उनके इस कदम ने किन्नर समाज को मुख्यधारा की राजनीति में पहचान दिलाई।

बाद में उन्होंने कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक जिम्मेदारी भी संभाली और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लिया। उनके मिलनसार स्वभाव और संघर्षशील व्यक्तित्व के कारण समाज के सभी वर्गों में उनकी अच्छी पकड़ थी। उन्होंने कई बार प्रशासनिक स्तर पर भी किन्नर समाज की समस्याओं को उठाया।

नेताओं ने जताया शोक

मालती किन्नर के निधन की खबर से किन्नर समाज सहित सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न संगठनों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि उन्होंने समाज को सम्मान दिलाने और हाशिए पर खड़े लोगों को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

निधन की सूचना मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से किन्नर समाज के सदस्य कोरबा पहुंचे। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

मालती किन्नर के निधन से कोरबा ने एक जुझारू सामाजिक कार्यकर्ता खो दिया है। किन्नर समाज के सदस्यों का कहना है कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी, लेकिन उनके द्वारा शुरू किए गए सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

कृष्णा ग्रुप ने धूमधाम से मनाया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

Published

on

राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

कोरबा। अपनी सामाजिक, धार्मिक एवं राष्ट्रीय परंपराओं को निरंतर निभाने वाले कृष्णा ग्रुप द्वारा देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को पूरे उत्साह, उमंग एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन अशोक मोदी, मैनेजिंग डायरेक्टर संजय मोदी, डायरेक्टर राजा मोदी, चैतन्य मोदी, नरेंद्र मोदी, अयन मोदी, श्रीमती प्रीति मोदी, श्रीमती शिखा मोदी, श्रीमती अंकिता मोदी एवं वेदान्त मोदी सहित कृष्णा ग्रुप मैनेजमेंट तथा कोरबा में संचालित विभिन्न डीलरशिप के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ प्रातः 11 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया गया। इसके बाद भारत माता की पूजा-अर्चना कर संघ प्रार्थना की गई तथा राष्ट्र और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

छोटे-छोटे अनुशासन भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम — अशोक मोदी

समारोह को संबोधित करते हुए कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन अशोक मोदी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का इतिहास अत्यंत गौरवशाली होने के साथ-साथ अनेक संघर्षों से भी भरा हुआ है। विदेशी आक्रमणों और लंबे समय तक चले विदेशी शासन ने देश की सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक व्यवस्था को प्रभावित किया। इसके पश्चात अंग्रेजी शासन की ईस्ट इंडिया कंपनी व्यापार के माध्यम से भारत में आई और धीरे-धीरे अपनी सत्ता स्थापित करते हुए पूरे देश को गुलामी की ओर धकेल दिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने “फूट डालो और राज करो” की नीति के माध्यम से भारतीयों को आपस में बांटने का प्रयास किया।

श्री मोदी ने कहा कि आज भी देश में विदेशी कंपनियों के बढ़ते प्रभाव को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में चिंता एवं विरोध देखने को मिलता है। उन्होंने जेसीबी इंडिया जैसी विदेशी कंपनियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका प्रभाव भारतीय एवं स्वदेशी उद्योगों के लिए कई बार गंभीर प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियां उत्पन्न करता है। ऐसे में आवश्यकता है कि सरकार विदेशी कंपनियों की व्यावसायिक गतिविधियों पर उचित नियंत्रण एवं प्रभावी नियमन सुनिश्चित करे, ताकि भारतीय एवं स्वदेशी उद्योगों को समान अवसर मिल सके और देश की कंपनियां मजबूती के साथ आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक, व्यापारी, उद्योगपति और युवा के सामूहिक प्रयास से संभव है। हमें स्वदेशी उत्पादों, भारतीय उद्यमों और देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने के साथ-साथ अपनी तकनीकी एवं औद्योगिक क्षमता को मजबूत करना होगा।

श्री मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है, इसलिए इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

श्री मोदी ने कहा कि देश की सेवा केवल सीमा पर जाकर या कोई बड़ा कार्य करके ही नहीं की जाती, बल्कि हम अपने दैनिक जीवन के छोटे-छोटे कार्यों से भी राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। ईमानदारी से अपना कार्य करना, समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित होना, निर्धारित कार्य को पूरी जिम्मेदारी से पूरा करना, कार्य के समय मोबाइल पर अनावश्यक समय न गंवाना, स्वच्छता बनाए रखना, प्लास्टिक एवं कचरा इधर-उधर न फेंकना, पार्किंग एवं यातायात नियमों का पालन करना तथा सरकार द्वारा निर्धारित कर, जीएसटी, आरटीओ, इंश्योरेंस, बैंकिंग एवं अन्य सभी नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करना भी राष्ट्रसेवा का ही हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने व्यवहार में शालीनता, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी को अपनाए तथा देश की उन्नति के बारे में चिंतन करे, तो भारत को और अधिक शक्तिशाली, समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

अशोक मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने विकास के अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय गति प्राप्त की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। हमारा लक्ष्य भारत को पुनः “सोने की चिड़िया” के रूप में विश्व के सामने स्थापित करना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत सदैव विश्व शांति का पक्षधर रहा है और हमारी संस्कृति पूरे विश्व को “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश देती है। आने वाले समय में भारत मानवता, शांति, सद्भाव और संस्कारों के माध्यम से विश्व का मार्गदर्शन करे तथा पूरे विश्व में रामराज्य जैसी आदर्श व्यवस्था की स्थापना की दिशा में आगे बढ़े, यही हमारी कल्पना और संकल्प होना चाहिए।

विदेशों में प्रशिक्षण लेकर लौटते हैं, लेकिन भारत जैसा अपनापन कहीं नहीं — राजा मोदी

कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर राजा मोदी ने कहा कि कंपनी के कार्यों के सिलसिले में उन्हें पिछले कई वर्षों से विदेशों में जाने का अवसर मिलता रहा है। विदेशों में प्रशिक्षण लेने और नई तकनीक एवं कार्यप्रणाली सीखने के बावजूद भारत जैसा अपनापन, प्यार, सम्मान और आत्मीयता कहीं और अनुभव नहीं होती।

उन्होंने कहा कि भारत जैसा महान देश पूरे विश्व में दूसरा नहीं है। हमें अपने देश की विशेषताओं को समझते हुए अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए और देश के भविष्य के बारे में निरंतर चिंतन करना चाहिए।

एआई एवं नई तकनीक अपनाकर भारत के विकास में दें योगदान — वेदान्त मोदी

कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर वेदान्त मोदी ने कहा कि भारत में व्यवसाय एवं विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। आज दुनिया तेजी से तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में हमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक और नई कार्यप्रणालियों को अपनाकर अपने व्यवसाय को आधुनिक बनाना चाहिए तथा देश की आर्थिक प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नई तकनीक, नवाचार, मेहनत और राष्ट्रहित की भावना को साथ लेकर आगे बढ़ें तो भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता।

प्रतिदिन राष्ट्रगान एवं धार्मिक-सामाजिक सेवा कृष्णा ग्रुप की विशेष पहचान

समारोह में कृष्णा ग्रुप की विभिन्न डीलरशिप के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कृष्णा ग्रुप की राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृष्णा ग्रुप के सभी शोरूम एवं वर्कशॉप में प्रतिदिन राष्ट्रगान किया जाना अपने आप में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि व्यावसायिक संस्था होने के बावजूद कृष्णा ग्रुप द्वारा सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को भी निरंतर महत्व दिया जाता है। प्रत्येक सप्ताह हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाता है। वहीं श्री सप्तदेव मंदिर के माध्यम से नियमित रूप से धार्मिक एवं सेवा कार्य संचालित किए जाते हैं। जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण, छाता वितरण, शरबत वितरण, भोग-भंडारा, प्रसाद वितरण सहित अनेक सेवा गतिविधियां समय-समय पर की जाती हैं।

नशामुक्ति का दिलाया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से उपस्थित शेखर जी, ब्रह्माकुमारी बहन मधुबाला एवं सृष्टि बहन द्वारा उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति का संकल्प कराया गया। उन्होंने स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज के निर्माण के लिए नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर कृष्णा ग्रुप की विभिन्न डीलरशिप में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर उनके कार्य, अनुशासन, समर्पण एवं संस्था के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की गई तथा अन्य कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर कृष्णा ग्रुप की ओर से सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सभी से राष्ट्रहित, समाजहित एवं संस्था की प्रगति के लिए निरंतर ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

कृष्णा ग्रुप ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह संकल्प दोहराया कि व्यवसाय के साथ-साथ राष्ट्रसेवा, समाजसेवा, धार्मिक परंपराओं, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अनुशासन एवं मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677