Connect with us

कोरबा

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत प्रशिक्षण संपन्न

Published

on

कोरबा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ मौसम 2026 में जिले के अधिक से अधिक ऋणी एवं अऋणी कृषकों को फसल बीमा के दायरे में शामिल करने के उद्देश्य से 20 जुलाई  को जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में भारतीय कृषि बीमा कंपनी (एआईसी) के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर से आए राज्य स्तरीय प्रतिनिधि रवि चंद्रवंशी एवं जिला प्रतिनिधि रामेश्वर प्रसाद पटेल ने योजना के प्रावधानों एवं ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर कलेक्टर, सहायक संचालक कृषि, सहायक नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला प्रबंधक लीड बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं लीड बैंक के अधिकारी, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के जिला प्रबंधक, ऑपरेटर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान ऋणी कृषकों के लिए केसीसी (केआरपी/केसीसी आईएसएस) पोर्टल एंट्री, ऋणी एवं अऋणी कृषकों के ऑनलाइन पंजीयन, चालान जनरेट करने तथा सीएससी पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि खरीफ मौसम 2026 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल होने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित है।
प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से कृषकों को प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल परिस्थितियों से होने वाले फसल नुकसान की आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत बुवाई अथवा रोपाई नहीं हो पाने की स्थिति, स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं, अधिसूचित जोखिमों तथा फसल कटाई के बाद निर्धारित अवधि में होने वाले नुकसान की भरपाई का प्रावधान है। उन्होंने सभी पात्र ऋणी एवं अऋणी कृषकों से अंतिम तिथि से पूर्व अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील की।
प्रशिक्षण में विभिन्न अधिसूचित फसलों की बीमित राशि एवं कृषक प्रीमियम की जानकारी भी दी गई। इसके अनुसार धान (सिंचित) के लिए प्रति हेक्टेयर 66 हजार रुपये की बीमित राशि पर 2 प्रतिशत अर्थात 1320 रुपये, धान (असिंचित) के लिए 47 हजार 300 रुपये की बीमित राशि पर 946 रुपये, मक्का के लिए 39 हजार 600 रुपये पर 792 रुपये, कोदो के लिए 17 हजार 600 रुपये पर 352 रुपये, कुटकी के लिए 18 हजार 700 रुपये पर 374 रुपये, अरहर के लिए 38 हजार 500 रुपये पर 770 रुपये, रागी के लिए 16 हजार 500 रुपये पर 330 रुपये, उड़द एवं मूंग के लिए 24 हजार 200 रुपये पर 484 रुपये तथा मूंगफली के लिए 46 हजार 200 रुपये की बीमित राशि पर 924 रुपये प्रति हेक्टेयर कृषक प्रीमियम निर्धारित किया गया है।
कृषि विभाग ने जिले के सभी पात्र कृषकों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाते हुए 31 जुलाई 2026 से पूर्व अपने निकटतम बैंक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से फसल बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य अधिसूचित जोखिमों की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

Continue Reading

कोरबा

बिलासपुर जोन की 10 ट्रेनें कैंसिल:13-14 सितंबर को रायपुर-उरकुरा सेक्शन में काम, तीजा पर मायके जाने वाली महिलाओं की बढ़ी परेशानी

Published

on

बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में तीज पर्व पर मायके जाने की तैयारी कर रही महिलाओं और दूसरे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा।

इसके चलते 13 और 14 सितंबर को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, गेवरा रोड और इतवारी के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं 2 मेमू ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित रहेगा। रेलवे के मुताबिक यह काम उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच दोहरीकरण परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग के लिए किया जा रहा है।

यात्रियों के लिए जरूरी बात

तीजा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार मायके आने-जाने के लिए ट्रेनों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में 13 और 14 सितंबर को यात्रा से पहले ट्रेन नंबर जरूर चेक कर लें। रद्द ट्रेन से यात्रा की योजना है तो वैकल्पिक ट्रेन या बस की व्यवस्था पहले कर लेना बेहतर होगा।

Continue Reading

कोरबा

बालको में सितंबर 2008 बैच का 18 साल पूरा, मिलन समारोह हुआ

Published

on

कोरबा/बालको नगर। बालको में सितंबर 2008 बैच के कर्मचारियों ने 18 वर्षों की सेवा पूरी होने पर वार्षिक मिलन समारोह का आयोजन किया। समारोह में बैच के 35 कर्मियों ने हिस्सा लिया और अपने बालको में बिताए 18 साल के अनुभव साझा किए। उपलब्धियां और चुनौतियों को सामने रखा। बालको कर्मियों ने अपने सेवाकाल के कई यादगार किस्से सुनाए। पुराने साथियों से मिलकर माहौल उत्साह से भरा रहा।

इस आयोजन से कर्मियों के बीच आपसी स्नेह, सौहार्द, भाईचारा, एकजुटता मजबूत हुई। समारोह में राजशेखर साहू, गगन गुप्ता, टिकेश्वर चेलक, अमित शर्मा, कमलेश बोहरपी, ज्ञानेंद्र, सुमन यादव, देवेंद्र प्रताप, सुमित सोनी, कुंदन, आशीष शुक्ला, आशीष दुबे, मधुरेश श्रीवास्तव, संजय न नारवानी, जितेंद्र द्विवेदी, अभिषेक साहू, दुर्गेश साहू, पूर्णानंद साहू, केशव साहू, हेमंत वर्मा, अरविंद, विकास गुरुदीवान, लेखराज लोधी, प्रकाश ठाकुर, प्रकाश रघुवंशी समेत अन्य उपस्थित थे।

Continue Reading

कोरबा

तेल से भरे टैंकर में लगी आग आसपास के घर खाली कराए

Published

on

कोरबा/कटघोरा। पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में गुरुवार को आग की लपटें उठी तो विस्फोट की आशंका पर आसपास घरों को खाली कराया गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। लेकिन कटघोरा- अंबिकापुर हाइवे पर लगभग 2 घंटे आवाजाही थमी रही।

कोरबा से तेल से भरी टैंकर कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाइवे के रास्ते से वाड्रफनगर जाने रवाना हुआ। बांगो थाना क्षेत्र के गुरसिया ढाबा के पास टैंकर चालक ने खाना खाने वाहन रोका। कुछ देर बाद वहां से चालक आगे बढ़ने टैंकर स्टार्ट किया, तभी बैटरी में चिंगारी उठी और केबिन तक आग की लपटें उठने लगी। संभवत: शार्ट सर्किट से आग वाहन तक फैली होगी। टैंकर में 12 हजार लीटर तेल भरने की कैपिसिटी है। सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हाइवे पर आवाजाही को रोकवाया। साथ ही आसपास के घरों को खाली कराया गया। इस तरह सुरक्षा के जरूरी ऐहतियात बरते गए।

सूचना पर बांगो, कटघोरा नगर पालिका, सीएसईबी कोरबा की दमकल टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी और फोम से आग बुझाई। इसमें करीब दो घंटे लग गए। आग पर काबू पा लेने के बाद हाइवे पर आवाजाही सामान्य हुई। एनएएआई की टीम को सूचना देने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची। कटघोरा-अंबिकापुर हाइवे के साथ बायपास पर दो साल के भीतर वाहनों में आग लगने की यह तीसरी घटना है। इसी महीने कटघोरा-बायपास के हुकरा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार 407 वाहन रोड किनारे पेड़ से टकराया। इसके बाद वाहन में आग लगने की घटना सामने आई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई थी। साल 2024 में 28-29 दिसंबर की रात अंबिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया टोल प्लाजा के पास ट्रक और कार में भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में ट्रक पलट गया, वहीं कार सवार दो युवकों की वाहन में आग लगने पर जलकर मौत हो गई।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677