Connect with us

कोरबा

सही दवा-शुद्ध आहार अभियान के तहत प्रथम चरण में थोक एवं चिल्हर औषधि विक्रेताओं की की गई व्यापक जांच

Published

on

कोरबा। सही दवा- शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार इस थीम के अंतर्गत 27 अप्रैल से 11 मई के बीच पंद्रह दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत जिला कोरबा में की गई है। कोरबा में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा एवं गुणवत्तायुक्त औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संचालित अभियान के अंतर्गत चरण-1 की कार्यवाही जारी है। यह अभियान सचिव स्वास्थ्य एवं नियंत्रक के आदेशानुसार, कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा गठित दल के द्वारा सहायक औषधि नियंत्रक के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन रूप से चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत द्वितीय एवं तृतीय दिवस में जिला कोरबा के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के औषधि प्रकोष्ठ से सहायक औषधि नियंत्रक महेंद्र कुमार देवांगन, औषधि निरीक्षक सुनील सांडे, ऋषि साहू एवं वीरेंद्र भगत, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों में स्थित थोक एवं चिल्हर दवा विक्रेताओं का व्यापक रूप से निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 15 थोक औषधि प्रतिष्ठानों एवं 18 खुदरा औषधि फर्मों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान औषधियों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, तापमान नियंत्रण, एक्सपायरी प्रबंधन, क्रय-विक्रय अभिलेख, लाइसेंस की वैधता एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन की गहन जांच की गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि औषधियों का विक्रय निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप ही किया जा रहा है।
थोक विक्रेताओं को राज्य से बाहर औषधि खरीदी के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए एवं चिल्हर विक्रेताओं को डायबिटीज में उपचार हेतु प्रयुक्त की जाने वाली औषधि जीएलपी-1 वर्ग के स्व-औषधि सेवन के दुरुपयोग को रोकने हेतु बिना वैध पर्चे के विक्रय नहीं करने कहा गया। साथ ही एच-1 श्रेणी की औषधियों के विक्रय के संधारित रजिस्टर की जांच की गई।
औषधि गुणवत्ता की जांच हेतु पुराना बस स्टैंड कोरबा स्थित मेसर्स प्रज्ञा सेल्स से 02 औषधियों के नमूने संकलित कर राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए, जिनकी रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण की कार्यवाही थोक विक्रेता संस्थान- सीतामढ़ी कोरबा स्थित मेसर्स मां मेडिकल एजेंसी, मेसर्स लक्ष्य फार्मा, पुराना बस स्टैंड स्थित मेसर्स प्रज्ञा सेल्स, मेसर्स एम.एस. एंटरप्राइसेस, मेसर्स श्याम सेल्स, कोतवाली के पास, निहारिका कोरबा स्थित मेसर्स आरव एजेंसी, मेसर्स गायत्री मेडिको, मेसर्स कोरबा सर्जिकल, मेसर्स अमर मेडिको, दीपका स्थित मेसर्स गीता मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स एम.के. मेडिकोज,
गेवरा बस्ती स्थित मेसर्स लाइफ केयर, मेसर्स अजय मेडिकल स्टोर्स, बुधवारी बायपास स्थित मेसर्स सिरोठिया एजेंसी, मेसर्स अंबिका मेडिको सर्जिको तथा खुदरा में-मेसर्स राय मेडिकल स्टोर्स रिस्दी, मेसर्स सोनी मेडिकल स्टोर्स (पीजी कॉलेज के पास), मेसर्स ओम मेडिकोज खरमोरा, गरिमा मेडिकोज (कोसाबाड़ी चौक), मेसर्स पोद्दार मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स ज्योति मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स दीप मेडिकल, निहारिका रोड स्थित मेसर्स आद्या मेडिकल, मेसर्स अपोलो फार्मेसी, मेसर्स गरिमा मेडिकोज, मेसर्स एनकेएच मेडिजोन, मेसर्स जय मेडिकल, बरपाली स्थित मेसर्स शांति मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स वेद मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स निशा मेडिकल स्टोर्स, सरगबुंदिया स्थित मेसर्स प्रीति मेडिकल स्टोर्स, दीपका स्थित मेसर्स आरुष मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स अंबिका मेडिकल स्टोर्स में किया गया। जांच के दौरान जिन संस्थानों में कमियां पाई गईं, उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा 02 फर्म-गीता मेडिकल स्टोर्स एवं अपोलो फार्मेसी में अनियमितता मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक अनुरूप दवाएं उपलब्ध कराना, अवैध औषधि विक्रय पर नियंत्रण स्थापित करना एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री संबंधी कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। औषधि विभाग द्वारा नागरिकों से अपील किया गया है कि औषधि एवं प्रसाधन सामग्री का क्रय करते समय पक्का बिल अवश्य मांगें तथा उत्पाद के लेबल में एक्सपायरी देखकर ही खरीदी करें।
जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी इस प्रकार की सघन जांच एवं प्रवर्तन कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
औषधि प्रकोष्ठ के द्वारा पंद्रह दिवसीय अभियान के तहत आगामी दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्रसाधन सामग्री के विक्रेताओं, वैक्सीन संधारण करने वाले शासकीय एवं निजी अस्पतालों में वैक्सीन भंडारण प्रबंधन, कोटपा के तहत चालानी कार्यवाही, तथा नशीली औषधि के दुरुपयोग रोकने संबंधी मेडिकल स्टोर्स की जांच एवं जागरूकता अभियान किया जाएगा। जिसमें व्यापक स्तर पर निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही की जाएगी, ताकि जिले में औषधि वितरण प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

Continue Reading

कोरबा

भाजपा नेता अरूण मिश्रा (पप्पू महराज) का निधन

Published

on

कोरबा। सिंचाई कालोनी रामपुर कोरबा निवासी भाजपा नेता अरूण मिश्रा (पप्पू महराज) का आज प्रात: आकस्मिक निधन हो गया। अरूण मिश्रा पूर्व एल्डमेन एवं भाजपा नेता बाल महराज एवं भाजपा नेता राकेश मिश्रा के बड़े भाई हैं।
वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्रियां, दो भाई सहित भरापूरा परिवार छोड़कर स्वर्गलोक सिदार गए। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और आज प्रात: ह्दयाघात आने से उनका निधन हो गया। उनके निधन और नियति के इस असहनीय आघत से सम्पूर्ण मिश्रा परिवार को असहनीय वेदना पहुंची है।
उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3.00 बजे पोड़ीबहार स्थित आदर्श नगर मुक्तिधाम में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा निज निवास वार्ड क्र. 37 सिंचाई कालोनी रामपुर से निकल कर पोड़ीबहार मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनके पुत्र विभव मिश्रा ने उनका अग्रिसंस्कार विधि विधान से पंडित जी की उपस्थिति में किया। उनकी अंतिम यात्रा में कोरबा के भाजपा नेता, स्थानीय नागरिकगण एवं परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
पप्पू महराज सरल और व्यवहार कुशल व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से शुभचिंतक हतप्रभ हैं। वे वनविभाग सहित अन्य विभागों में ठेकेदार थे।

Continue Reading

कोरबा

मानवीय प्रेरणा:अस्पताल में भर्ती अखबार वितरक रामा का हालचाल जानने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पहुंचे

Published

on

रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, पत्रकार गेंदलाल शुक्ला भी पहुंचे
एमजेएम हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन स्वयं कर रहे रामा का ईलाज
कोरबा। कोरबा में कभी-कभी ऐसे दृश्य आ जाते हैं, जो लोगों के लिए प्रेरणा का सबब बन जाते हैं। आर्थिक दृष्टि से यदि समाज का आंकलन करें तो नीचे तबके में अखबार वितरक भी आते हैं। अखबार वितरक रामा उर्फ रामायण सिंह को कोरबा के अधिकांश लोग जानते हैं और करीब 40 साल से भी अधिक समय से अखबार वितरण कर परिवार का लालन-पोषण कर रहे हैं। तीन दिन पूर्व रामायण सिंह को कमजोरी लगी और अखबार वितरक संघ के जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू एवं टीम ने रामा को एमजेएम हास्पिटल टीपी नगर कोरबा में भर्ती कराया।

एमजेएम हास्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन रामा से परिचित थे और विपेन्द्र कुमार साहू ने जब डॉ. जैन से सम्पर्क किया तो डॉ. प्रिंस जैन रामा को सहृदयता से अपने अस्पताल में भर्ती किया और स्वयं की देख-रेख में उनका ईलाज प्रारंभ किया। यह मानवता के प्रति उत्कृष्ट उदाहरण कहा जा सकता है।

यह दृश्य हमें प्रेरणा देता है। इतना ही नहीं जब रामा की तबियत खराब होने की सूचना पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल को मिली तो वे भी वरिष्ठ अखबार वितरक रामा का हालचाल जानने एमजेएम अस्पताल पहुंचे। श्री अग्रवाल पहले डॉ. प्रिंस जैन के केबिन में पहुंचे और रामा के बारे में जानकारी ली। दोनों साथ मिलकर रामा से मिले और उनका हालचाल जाना। यह दृश्य भी हमें प्रेरित करता है कि एक कोरबा के लब्धप्रतिष्ठित राजनेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल नीचे तबके के व्यक्ति का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचते हैं। श्री अग्रवाल ने डॉ. प्रिंस जैन से कहा कि रामा का ईलाज बेहतर ढंग से करें और खर्च की परवाह न करें।

चेम्बर आफ कामर्स के पूर्व अध्यक्ष एवं रेडक्रास सोसायटी के कोरबा जिला अध्यक्ष तथा कोरबा के समाजसेवी रामसिंह अग्रवाल भी रामा को देखने एमजेएम अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। रामसिंह अग्रवाल ने रामा से कहा- फिकर करे के जरूरत नई हे… सब बंदोबस्त हो जाही। पैसा कौड़ी के जरूरत नई हे। उन्होंने भी डॉ. प्रिंस जैन को रामा का ईलाज पूरी सिद्दत से करने की बात कही। वरिष्ठ पत्रकार गेंदलाल शुक्ला सहित कोरबा के कई मूर्धन्य लोग भी रामा को देखने पहुंचे थे।
छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला इकाई के अध्यक्ष सहित उनकी टीम ने भी रामा को सहयोग प्रदान किया और लगातार तीन दिन से संघ के सदस्य उनकी निगरानी कर रहे हैं और हौसला बढ़ा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

अमृत सरोवरों के तट पर हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Published

on

ध्वजारोहण के साथ निकली तिरंगा यात्रा, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह

जल एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ सामुदायिक सहभागिता का दिया संदेश

कोरबा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए गए अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न अमृत सरोवर परिसरों में ध्वजारोहण सहित सामुदायिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर स्थलों को विशेष रूप से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद परिवारों के सदस्यों एवं ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से गांव और सरोवर परिसर गूंज उठे।

अमृत सरोवर बने सामुदायिक सहभागिता के केंद्र

आयोजन का उद्देश्य अमृत सरोवरों को केवल जल संरक्षण के स्थलों तक सीमित न रखते हुए उन्हें जीवंत सामुदायिक केंद्रों के रूप में विकसित करना तथा ग्रामीणों में सामुदायिक भागीदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, स्व-सहायता समूहों, युवा क्लबों, पर्यावरण प्रेमियों एवं अन्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वृक्षारोपण और स्वच्छता से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अमृत सरोवर परिसरों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और श्रमदान जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्रामीणों ने सरोवरों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ, जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वतंत्रता, राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।

इन आयोजनों के माध्यम से अमृत सरोवरों को जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सतत आजीविका के बहुआयामी केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, वीबी-जी राम जी योजना के हितग्राही, युवा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677