Connect with us

छत्तीसगढ़

युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव…शैलेन्द्र बंजारे सबसे आगे:देवेंद्र-भूपेश खेमे में सीधी लड़ाई, महंत-सिंहदेव के समर्थन की चर्चा

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं के मुताबिक मुकाबला अब पूर्व विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे के बीच सिमटता नजर आ रहा है।

बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच देवेंद्र यादव के पैनल से बलौदाबाजार के युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य शैलेन्द्र बंजारे सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।

बलौदा बाजार यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हैं शैलेंद्र बंजारे

बलौदा बाजार यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हैं शैलेंद्र बंजारे

किसे कितने रेफरल मिले

सूत्रों के मुताबिक, रेफरल प्रक्रिया के शुरुआती आंकड़ों में शैलेन्द्र बंजारे 317 रेफरल के साथ सबसे आगे हैं। उनके बाद प्रशांत बोकड़े को 224 और सोनू शर्मा को 221 रेफरल मिले हैं।

वहीं भूपेश बघेल खेमे से विनय शील की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। उन्हें अब तक 192 रेफरल मिले हैं। लोकेश वशिष्ठ को 183, निखिलकांत साहू को 168, हनी बग्गा को 146 और साजल चंद्राकर को 106 रेफरल मिलने की जानकारी सामने आई है।

संगठन के भीतर यह भी चर्चा है कि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव के खेमे का समर्थन देवेंद्र यादव के पैनल को मिल रहा है। माना जा रहा है कि इससे शैलेन्द्र बंजारे की दावेदारी और मजबूत हुई है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों में हैं विनयशील

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों में हैं विनयशील

कौन हैं शैलेन्द्र बंजारे?

शैलेन्द्र बंजारे बलौदाबाजार जिले के रसेड़ा गांव के रहने वाले हैं। वे 2022 से बलौदाबाजार युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं और 2025 में जिला पंचायत सदस्य चुने गए। इससे पहले वे एनएसयूआई में कॉलेज अध्यक्ष और प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

बलौदाबाजार आगजनी कांड के दौरान वे पूर्व विधायक देवेंद्र यादव के साथ जेल भी गए थे। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और देवेंद्र यादव के करीबी माने जाने वाले शैलेंद्र प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार बनकर उभरे हैं।

बालोद के यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हैं प्रशांत बोकड़े

बालोद के यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हैं प्रशांत बोकड़े

प्रशांत और सोनू भी मजबूत दावेदार

रेफरल के आंकड़ों में प्रशांत बोकड़े और सोनू शर्मा भी शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। वहीं विनय शील को भूपेश बघेल खेमे का प्रमुख चेहरा माना जा रहा है। आदित्य भगत का नाम भी चर्चा में है, लेकिन आयु सीमा के कारण उनके चुनाव लड़ने पर संशय जताया जा रहा है।

रेफरल क्या है और इसका कितना महत्व

रेफरल प्वाइंट यानी युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों को ब्लॉक अध्यक्षों से मिलने वाला शुरुआती समर्थन। इन्हीं के आधार पर संगठन में उम्मीदवारों की शुरुआती पकड़ का आंकलन किया जा रहा है। हालांकि सदस्यता सत्यापन, स्क्रूटनी और आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है।

किसको कितने रेफरल प्वाइंट मिले?

शैलेन्द्र बंजारे317 रेफरल

प्रशांत बोकड़े224 रेफरल

सोनू शर्मा221 रेफरल

विनय शील192 रेफरल

लोकेश वशिष्ठ183 रेफरल

निखिलकांत साहू168 रेफरल

हनी बग्गा146 रेफरल

क्या इस बार सर्वसम्मति से चुना जाएगा अध्यक्ष?

कांग्रेस के भीतर यह चर्चा भी है कि पिछले युवा कांग्रेस चुनाव में गुटबाजी से संगठन को नुकसान हुआ था, जिसका असर बाद में विधानसभा चुनाव तक देखने को मिला। ऐसे में इस बार वरिष्ठ नेता आपसी सहमति से एक नाम पर फैसला करने की कोशिश कर सकते हैं, ताकि संगठन के भीतर टकराव की स्थिति न बने। हालांकि, इस पर भी अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।

29 मई से शुरू हुई थी चुनाव प्रक्रिया

भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया 29 मई से शुरू की थी। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के बाद स्क्रूटनी, सदस्यता सत्यापन और रेफरल की प्रक्रिया चल रही है। सदस्यता के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है। आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

दोहे – नंदिता की कलम से..

Published

on

नदिता माजी शर्मा
मुंबई, महाराष्ट्र

औरों की सुनकर कभी, लोगों को मत तोल।
हर पहलू को जाँच ले, तब जाकर कुछ बोल।।१।।

सच्ची मैत्री बोलती, सुख-दुख मिलकर बांट।
सही कर्म पर साथ दे, गलत कर्म पर डांट।।२।।

देखे हैं संसार ने, कितने नाना रोग।
सबसे दुष्कर आज भी, क्या बोलेंगे लोग।।३।।

क्षणभंगुर हैं आप, मैं, क्षणभंगुर सब लोग।
क्षणभंगुर हर कामना, क्षणभंगुर सब भोग।‌।४।।

खोजो अपने आप में, जीवन का अभिप्रेत।
दिन-प्रतिदिन जीवन सदा, फिसले बनकर रेत।।५।।

अहंकार से है भरा, जिनके मन का कोष।
औरों पर वे थोपते, निज करनी के दोष।।६।।

मन में हो सद्भावना, बसे मनन में बुद्ध।
प्रथम चयन बस शांति हो, अंतिम विकल्प युद्ध।।७।।

गगरी भरती पाप की, संचित हों जब पाप।
चरम बिन्दु को जब छुए, फूटे अपने आप।।८।।

घातक दुनिया रील की, बाँध रही निज खूँट।
सही रहे तो है सुधा, गलत विषैले घूँट।।९।।

Continue Reading

कोरबा

साइबर जागृति अभियान जिले में लगातार जारी : द्वितीय सप्ताह में विभिन्न वित्तीय संस्थाओं में हो रहे है जागृति कार्यक्रम

Published

on

कलेक्टोरेट सभागार में विभिन्न बैंकों की जिलास्तरीय बैठक संपन्न

विभिन्न साइबर फ्रॉड, UPI फ्रॉड, बैंक फ्रॉड सहित विभिन्न विषयों पर दी जा रही है महत्वपूर्ण जानकारी

कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 25.08.2026 को थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो , रजगामार, चैतमा द्वारा विभिन्न बैंकिंग संस्थानों, औद्योगिक तथा सार्वजनिक क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

दीपका के यूको बैंक, कटघोरा के SBI बैंक , बांगो के लमना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महिला थाना के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक दर्री एवं शासकीय विद्यालय गोपालपुर, हरदीबाजार के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, बालको के ग्रामीण बैंक तथा ICICI बैंक, उरगा के SBI बैंक तथा ग्रामीण बैंक , टी पी नगर के PNB बैंक, कोतवाली के SBI पुराना बस स्टैंड, करतला के SBI बैंक, पसान के SBI कियोस्क सेंटर में पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को UPI फ्रॉड, साइबर अपराध के संबंध में जानकारी दी गई।

सभी को OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध APK फाइल एवं फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की समझाइश दी गई।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। समय पर की गई शिकायत साइबर ठगी की राशि को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं, जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

एयरपोर्ट टेकओवर में AAI की सुस्ती…हाईकोर्ट नाराज:एयरपोर्ट अथॉरिटी से पूछा- सरकारी पत्रों पर क्या कार्रवाई हुई, 20 अक्टूबर तक काम पूरा करने के निर्देश

Published

on

बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने बिलासपुर के चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के टेकओवर में हो रही देरी पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) पर सख्त नाराजगी जताई है।

एयरपोर्ट के संचालन और विकास को लेकर राज्य सरकार ने AAI को पत्र भेजे थे। इस पर कोर्ट ने AAI से पूछा है कि इन पत्रों के बाद अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। कोर्ट ने इसकी जानकारी शपथ पत्र के साथ पेश करने के निर्देश दिए हैं।

कोर्ट ने AAI को अगली सुनवाई से पहले स्टेटस रिपोर्ट भी दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी।

बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ानें घटाने का आरोप

बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को अपग्रेड करने और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर वर्ष 2017 में जनहित याचिकाएं दायर की गई थीं। तब से इस मामले की हाईकोर्ट में लगातार सुनवाई हो रही है।

सोमवार को सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से सीनियर एडवोकेट आशीष श्रीवास्तव ने कोर्ट को बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद भी अलग-अलग शहरों के लिए उड़ानों की संख्या और फेरे बिना किसी स्पष्ट कारण के काफी कम कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उड़ानों में कमी होने से बिलासपुर और आसपास के यात्रियों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। इससे आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

टेकओवर करने पर एएआई की सुस्ती पर जताई नाराजगी

राज्य सरकार ने बिलासपुर एयरपोर्ट के पूरे संचालन, प्रबंधन और विकास की जिम्मेदारी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को टेकओवर करने का अनुरोध किया था। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय और एविएशन विभाग ने 12 दिसंबर 2025, 11 फरवरी 2026 और 14 जुलाई 2026 को AAI को पत्र भेजे थे।

AAI ने 21 अगस्त 2026 को हाईकोर्ट में शपथ पत्र पेश कर बताया कि ड्राफ्ट एमओयू 10 अगस्त 2026 को प्लानिंग डायरेक्टरेट को भेज दिया गया है। फिलहाल यह मामला AAI के मुख्यालय में विचाराधीन है।

कई महीने बीतने के बाद भी काम में कोई ठोस प्रगति नहीं होने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है।

यात्री सुविधा भवन का निर्माण 60% पूरा, 20 अक्टूबर डेडलाइन

राज्य सरकार के विमानन संचालनालय ने बताया कि एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर बनाए जा रहे पब्लिक यूटिलिटी भवन का काम तेजी से चल रहा है। भवन का करीब 60 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसमें ढांचा, दीवारें और प्लास्टर का काम पूरा हो गया है, जबकि छत का काम अभी चल रहा है।

विभाग ने बताया कि हाईकोर्ट की तय की गई समय-सीमा के अनुसार भवन का पूरा काम 20 अक्टूबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

एप्रन का सिविल वर्क पूरा, इलेक्ट्रिकल कार्य 90 फीसदी हो चुका

इसके अलावा बताया गया कि एयरपोर्ट के एप्रन का सिविल काम पूरा हो चुका है, जबकि करीब 90 प्रतिशत इलेक्ट्रिकल काम भी पूरा हो गया है। एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल और पेरीमीटर रोड के डामरीकरण के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं।

एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी और सहायक कार्यकारी ने अपना काम संभाल लिया है। वहीं चीफ एयरोड्रम सिक्योरिटी ऑफिसर की निगरानी में करीब 85 पुलिसकर्मी एयरपोर्ट के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर तैनात हैं।

फिलहाल एलायंस एयर की ओर से बिलासपुर से दिल्ली, कोलकाता, प्रयागराज और अंबिकापुर के लिए नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677