छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खनिज विभाग बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने जिले में संचालित कोल डिपो में दबिश दी। 2 खाली ट्रेलर, एक कोयले से भरा ट्रेलर और एक JCB जब्त करते हुए कोल डिपो को सील कर दिया है।
विभाग के अनुसार भंडारण में 1000 टन कोयला ज्यादा मिला है। फिलहाल, पूरे मामले में संबंधित फर्म को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जिला खनिज विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि पेंड्रा थाना क्षेत्र के रुमगा गांव स्थित संचालित श्री श्याम इंटरप्राइजेश की गतिविधियां संदिग्ध है।
अवैध तरीके से कोयले की खेप डिपो पहुंच रही थी
फर्म बिलासपुर के मनोज कुमार कौशिश के नाम पर है। विभाग को जानकारी मिली कि मध्यप्रदेश से चोरी छिपे अवैध तरीके से कोयले की खेप कोल डिपो पहुंचती है और उसके बाद फिर दिन के उजाले में उन कोयले को बिलासपुर-रायपुर सहित आसपास के इलाकों में पहुंचाया जाता है।
कोल डिपो में खनिज विभाग की टीम ने दबिश।
बिलासपुर जाने के लिए निकला था ट्रेलर
गुरुवार की सुबह जिला प्रशासन और खनिज विभाग को जानकारी मिली कि रूमगा गांव स्थित कोल डिपो से एक ट्रेलर कोयला बिना किसी दस्तावेज के बिलासपुर जाने को निकला था। लेकिन ट्रेलर रुमगा गांव के मुख्यमार्ग पर किसी खराबी के कारण रुक गया।
ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर भागा
सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ड्राइवर से ट्रेलर में लोड कोयले का दस्तावेज की मांग की गई, लेकिन ड्राइवर के पास कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला। कुछ समय के बाद खनिज अधिकारियों को झांसा देकर ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर वहां से भाग गया।
कोई दस्तावेज नहीं दिखाया गया
जिसके बाद खनिज विभाग की टीम रुमगा स्थित श्री श्याम इंटरप्राइजेश कोल डिपो में दबिश दी। कोल डिपो में भी कोई दस्तावेज नहीं दिखाया गया।
पेंड्रा में कोल डिपो में खनिज विभाग का छापा।
विभाग को जांच में मिली बड़ी हेराफेरी
डिपो में मौजूद कर्मचारी ने दस्तावेज डिपो के मालिक बिलासपुर के रहने वाले मनोज कुमार कौशिक के पास होने की बात कही। जिसके बाद स्टॉक मिलान में बड़ी हेराफेरी खनिज विभाग को मिली।
कोल डिपो को किया सील
स्टॉक पंजी के आधार पर मौके पर 525 टन कोयला मौके पर होना चाहिए था, लेकिन मौके पर उन्हें लगभग एक हजार टन ज्यादा कोयला मिला। जिसके बाद खनिज अधिकारी ने फर्म के मैनेजर को नोटिस देते हुए पूरे कोल डिपो परिसर को सील कर दिया गया है।
कोरबा। आरजीआई पोर्टल से आनलाईन जन्म-मृत्यु पंजीयन हेतु 13 फरवरी को जनपद पंचायत पोंड़ी उपरोड़ा के सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से अपरांह 01 बजे तक तथा दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा दिया जायेगा। जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि प्रातः 11 बजे से अपरांह 01 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में जनपद पंचायत पोंड़ीउपरोड़ा अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पोंड़ीउपरोड़ा, समस्त प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल रहेंगे और दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक आयोजित प्रशिक्षण में जनपद पंचायत पोंड़ीउपरोड़ा अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
कोरबा। कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ,जिला कोरबा द्वारा जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विभिन्न रिक्त संविदा पदों पर पात्र इच्छुक अभ्यर्थियों से 27 फरवरी शाम 5.30 बजे तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सूचना पटल पर देखा जा सकता है एवं जिला कोरबा के बेबसाईट www.korba.gov. in में उपलब्ध है जिसका अवलोकन किया जा सकता है।
रोजगार मूलक ट्रेड प्रारंभ कर प्रशिक्षण आयोजित करने के दिए निर्देश
कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों, सभी हायर सेकेण्डरी स्कूलों, कॉलेजों, उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज 11 फरवरी को शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी) का गठन किया गया। इस अवसर पर मतदाता साक्षरता क्लब (ई.एल.सी.) एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर) के महत्व पर केंद्रित कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित ई.एल.सी. क्लब के मेंबर्स, युवा छात्र -छात्राओं को सम्बोधित करते हुए सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने मतदाता साक्षरता क्लब के गठन के उद्देश्यों के बारें में बताया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के महत्व के बारें में जानकारी देते हुए मज़बूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं को एक मतदाता के रूप में पंजीकृत होकर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के लिए प्रेरित किये। सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने नवीन मतदाता के रूप में पहली बार मतदाता बनने जा रहें सभी युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्त्तव्य को निभाने के लिए एक मतदाता के रूप में अनिवार्य रूप से अपना नाम पंजीकृत करवाने के लिए अपील की।
इस अवसर पर डॉ. हर्ष पांडेय प्राध्यापक समाजशास्त्र एवं मतदाता साक्षरता क्लब के मेम्बर्स छात्र -छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये। महाविद्यालय की छात्राओं के द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई एवं हाथों में मेंहदी सजाकर मतदाता साक्षरता क्लब एवं एस.आई.आर.के महत्व को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रीता पटेल महाविद्यालयीन स्वीप नोडल अधिकारी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण – टी.आर. कश्यप, डॉ.शेख तस्लीम अहमद, डॉ. कविता ठक्कर, संत राम खांडेकर, वर्षा लकड़ा सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।