नई दिल्ली,एजेंसी। स्मृति मंधाना ने वनडे क्रिकेट इतिहास में भारत से सबसे तेज सेंचुरी लगा दी है। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार को उन्होंने महज 50 गेंद पर शतक लगाया। विमेंस वनडे में उन्होंने खुद के ही 70 बॉल पर सेंचुरी के रिकॉर्ड को सुधारा। यह विमेंस वनडे में ओवरऑल दूसरा सबसे तेज शतक रहा। ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग 45 गेंद पर सेंचुरी लगा चुकी हैं।
इंडिया विमेंस फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के सामने 413 रन के टारगेट का पीछा कर रही है। टीम ने 20 ओवर के बाद 2 विकेट खोकर 206 रन बना लिए हैं। प्रतिका रावल और हरलीन देओल के विकेट के बाद हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने भारत को संभाल लिया।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 47.5 ओवर में 412 रन बना दिए। बेथ मूनी ने नहज 57 गेंद पर शतक लगाया। वहीं जॉर्जिया वोल ने 81 और एलिस पेरी ने 68 रन की पारी खेली। भारत से अरुंधत्ति रेड्डी ने 3 विकेट लिए। रेणुका ठाकुर और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
मंधाना ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा
वनडे क्रिकेट में मेंस और विमेंस दोनों वर्ग में स्मृति मंधाना ने भारत से फास्टेस्ट सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने मेंस टीम के विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 2013 में 52 गेंद पर शतक लगाया था।
स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में लगातार दूसरी सेंचुरी लगाई।
भारत के खिलाफ पहली बार 400 रन बने
विमेंस क्रिकेट में भारत के खिलाफ पहली बार ही किसी टीम ने वनडे में 400 रन बनाए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने ही भारत के खिलाफ 371 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने अपने बेस्ट स्कोर की बराबरी भी की, टीम ने 1997 के वर्ल्ड कप में डेनमार्क के खिलाफ भी 412 रन ही बनाए थे।
वोल ने 81, पेरी ने 68 रन बनाए
दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया विमेंस ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। कप्तान एलिसा हीली ने महज 18 गेंद पर 30 रन बना दिए। वे 5वें ओवर में आउट हुईं। उनके बाद जॉर्जिया वोल और एलिस पेरी ने सेंचुरी पार्टनरशिप की और टीम को 150 तक पहुंचा दिया।
वोल 68 बॉल पर 81 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके लगाए। पेरी ने फिर नंबर-4 पर उतरीं बेथ मूनी के साथ पारी संभाली। दोनों के बीच भी सेंचुरी पार्टनरशिप हुईं, पेरी 68 रन बनाकर आउट हुईं। पेरी ने 7 चौके और 2 छक्के लगाए।
जॉर्जिया वोल ने 14 चौके लगाकर 81 रन बनाए।
मूनी ने 57 गेंद पर शतक लगाया
मूनी ने तेजी से बैटिंग की और महज 57 गेंद पर शतक लगा दिया। यह विमेंस वनडे में तीसरी सबसे तेज सेंचुरी की बराबरी रही। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया की ही कैरेन रोल्टन ने 2000 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी 57 गेंद पर ही शतक लगाया था। फास्टेस्ट सेंचुरी का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की ही पूर्व कप्तान मेग लैनिंग के नाम है। जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ महज 45 गेंद पर शतक लगा दिया था। मंधाना ने इसी मुकाबले में सेकेंड फास्टेस्ट सेंचुरी का रिकॉर्ड बनाया।
बेथ मूनी ने विमेंस वनडे में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया।
आखिर में बिखर गई ऑस्ट्रेलिया विमेंस
मूनी ने एश्ले गार्डनर के साथ फिफ्टी पार्टनरशिप की और टीम को 300 के पार पहुंचाया। गार्डनर ने 24 गेंद पर 39 रन बनाए। उनके बाद ताहलिया मैक्ग्रा 14 ही रन बना सकीं। मूनी भी 75 गेंद पर 138 रन बनाकर आउट हुईं। वे 45वें ओवर में छठे विकेट के रूप में पवेलियन लौटीं। उनके बाद टीम ने 33 रन बनाने में ही आखिरी 4 विकेट गंवा दिए।
ऑस्ट्रेलिया विमेंस ने 47.5 ओवर में 412 रन बनाकर 10 विकेट भी गंवा दिए। भारत के लिए अरुंधत्ति रेड्डी ने 86 रन देकर 3 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा और रेणुका ठाकुर को 2-2 विकेट मिले। क्रांति गौड़ और स्नेह राणा के हाथ 1-1 सफलता लगी। राधा यादव ने 4 ओवर में 48 रन दिए, लेकिन वे कोई विकेट नहीं ले सकीं।
इंडिया विमेंस ने 13 गेंद पहले ही ऑस्ट्रेलिया को ऑलआउट कर दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने अपने बेस्ट स्कोर की बराबरी की
ऑस्ट्रेलिया विमेंस ने वनडे में दूसरी बार ही 400 रन का आंकड़ा पार किया। टीम 1997 में डेनमार्क के खिलाफ भी 412 रन ही बना चुकी हैं। विमेंस क्रिकेट में न्यूजीलैंड ने 4 और भारत ने 1 बार 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। टॉप-3 स्कोर न्यूजीलैंड के नाम हैं। टीम ने 2018 में आयरलैंड के खिलाफ 491 रन बनाए थे, यह हाईएस्ट स्कोर है।
इंडिया विमेंस का बेस्ट स्कोर 435 रन है, भारत ने भी आयरलैंड के खिलाफ ही यह स्कोर बनाया था। आयरलैंड के खिलाफ विमेंस वनडे में सबसे ज्यादा 4 बार 400 से ज्यादा रन बने हैं। पाकिस्तान, भारत और डेनमार्क के खिलाफ 1-1 बार यह रिकॉर्ड बना।
ऑस्ट्रेलिया विमेंस ने दूसरी बार ही विमेंस वनडे में 400 रन का आंकड़ा पार किया।
मंधाना ने भारत के लिए फास्टेस्ट वनडे फिफ्टी लगाई
413 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी इंडिया विमेंस को स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 3.3 ओवर में 32 रन की पार्टरनशिप कर ली। प्रतिका 10 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना ने फिर हरलीन देओल के साथ फिफ्टी पार्टनरशिप कर स्कोर 80 के पार पहुंचा दिया। हरलीन 11 रन बनाकर आउट हुईं।
मंधाना ने तेजी से खेलना जारी रखा और महज 23 गेंद पर फिफ्टी लगा दी। यह भारत के लिए वनडे में सबसे कम गेंदों पर अर्धशतक का रिकॉर्ड है। मंधाना ने ऋचा घोष का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2021 में 26 गेंद पर फिफ्टी लगा दी थी। इंटरनेशनल में यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन के नाम है। जिन्होंने महज 20 गेंद पर श्रीलंका के खिलाफ फिफ्टी लगा रखी है।
शुरुआती 10 ओवर में भारत ने 2 विकेट खोकर 96 रन बनाए। यह पहले पावरप्ले में इंडिया विमेंस का हाईएस्ट स्कोर है। इससे पहले इसी साल टीम ने आयरलैंड के खिलाफ पावरप्ले-1 में 90 रन बनाए थे। मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ पारी को संभाला।
कैंसर अवेयरनेस के लिए पिंक जर्सी पहनकर उतरी इंडिया विमेंस
इंडिया विमेंस टीम ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस के लिए आज पिंक कलर की जर्सी पहनकर खेलने उतरी। भारतीय क्रिकेट में पहली बार ही किसी भी वर्ग की टीम ने कैंसर अवेयरनेस के लिए इंटरनेशनल लेवल पर अलग जर्सी पहनी।
ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस के लिए इंडिया विमेंस टीम पिंक जर्सी पहनकर खेलने उतरी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फिलहाल वनडे सीरीज 1-1 से बराबर है। ऑस्ट्रेलिया विमेंस ने अब तीसरे मैच में 412 रन बनाकर भारत के सामने वर्ल्ड कप से पहले बड़ा टारगेट रख दिया।
नागोया/नई दिल्ली, एजेंसी। एशियन गेम्स की शुरुआत से 10 दिन पहले जापान के नागोया में बाढ़ आ गई। स्थिति यह बनी की एशियन गेम्स में भाग लेने आए 400 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया।
बाढ़ में नागोया शहर की सड़कें और घर डूब गए। मेयर इचिरो हिरोसावा ने दावा किया कि एशियन गेम्स के लिए कोई चिंता की बात नहीं है। टूर्नामेंट का आयोजन तय समय पर होगा।
नागोया में 19 सितंबर को एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी होनी है।
नागोया बाढ़ की तस्वीरें…
बाढ़ के पानी में सड़कें डूब गई हैं।
बाढ़ में फंसी गाड़ी को धक्का मारते लोग।
नागोया में बाढ़ के पानी में गाडियों के टायर डूब गए।
3500 लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली
बस और मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। करीब 3,500 लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली। नागोया और इची में एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने हैं।
रिपोर्ट- वेन्यू में कुछ जगह छतों से पानी टपक रहा
जापानी मीडिया में शहर की सड़कों और मेट्रो स्टेशनों में भरे पानी की तस्वीरें दिखाई गईं। न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, वेन्यू की कुछ जगहों पर छतों से पानी टपकने की घटनाएं भी हुईं। हालांकि मेयर हिरोसावा ने कहा कि एशियन गेम्स के दर्जनों वेन्यू को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है।
भारत गेम्स में 768 सदस्यीय दल भेज रहा
खेल मंत्रालय ने जापान के आइची और नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए 503 खिलाड़ी और 255 सपोर्ट स्टाफ भेजने की जानकारी दी है। सपोर्ट स्टाफ में कोच, मैनेजर, फिजियो और मेडिकल टीम आदि शामिल है।
36 खेलों में उतरेगा भारत: पहले 35 खेलों के 492 एथलीटों को मंजूरी दी गई थी, लेकिन 4 सर्फर्स सहित नए नाम जुड़ने से अब भारत 36 खेलों में हिस्सा लेगा।
एथलेटिक्स दल में सबसे बड़ी बढ़ोतरी: एथलेटिक्स टीम के खिलाड़ियों की संख्या 73 से बढ़ाकर 79 कर दी गई है। एथलेटिक्स और क्रिकेट को सबसे ज्यादा सपोर्ट स्टाफ दिया गया है।
दल के प्रमुख अधिकारी: दल प्रमुख के रूप में सहदेव यादव और मुख्य मेडिकल अधिकारी के रूप में डॉ. दिनशॉ पार्डीवाला भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 19 सितंबर को रवाना होगी
डिफेंडिंग चैंपियन भारत एशियन गेम्स के लिए टीम घोषित कर चुका है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं। भारतीय टीम 19 सितंबर को सानो के लिए रवाना होगी। इसगे अगले दिन टीम प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेगी।
महिला क्रिकेट टीम पहले पहुंचेगी
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम दुबई में एशिया कप खेलने के बाद 13 सितंबर को भारत लौटेगी और 14 सितंबर को नागोया के लिए रवाना होगी।
महिला टीम एशियन गेम्स में सीधे क्वार्टर फाइनल से अभियान शुरू करेगी। उसका पहला मुकाबला 18 सितंबर को होगा। महिलाओं का यह टूर्नामेंट 22 सितंबर तक चलेगा।
गेम्स में ठहरने की व्यवस्थाओं पर भी विवाद था
इससे पहले खबर आई थी कि BCCI और PCB गेम्स के आयोजकों से नाराज है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि खिलाड़ियों को स्टेडियम से 20 किमी दूर छोटे होटल कमरों में ठहराया गया है, जहां बैग खोलने तक की जगह नहीं है। वहीं ड्रेसिंग रूम पक्के मकान की जगह टेंट में बने हैं और वॉशरूम 500 मीटर दूर है।
इसपर JCA के CEO नाओकी एलेक्स मियाजी ने कहा था- ‘हमने क्रिकेट टीम को होटल का विकल्प दिया है। जबकि कई अन्य खेलों के खिलाड़ियों के लिए क्रूज शिप या कंटेनर होटल जैसी सीमित सुविधाएं हैं।’
प्लेयर एरिया में टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मैदान पर बने ड्रेसिंग रूम भले ही अस्थाई हों, लेकिन इन्हें इस तरह तैयार किया गया है कि खिलाड़ियों और अधिकारियों को पूरा आराम मिले।
पिच और आउटफील्ड कम समय में सीमित संसाधनों के बीच तैयार की गई है। यह एशियन गेम्स के इतिहास में क्रिकेट की सबसे बेहतरीन प्लेइंग सरफेस होगी। श्रीलंकाई क्यूरेटर्स की मदद से यहां टर्फ और हाइब्रिड पिच तैयार की जा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ की छत्तीसगढ़ वेटरन्स टेबल टेनिस समिति द्वारा दिनांक 13 सितंबर, 2026 (रविवार) को “स्व. श्री ओम प्रकाश शर्मा स्मृति” प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026″ का आयोजन सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल, रायपुर में किया जा रहा है, जिसमें पुरुष एवं महिला एकल (आयु वर्ग 40, 50, 60, 65, 70, 75) वर्ग हेतु कुल मिलाकर 12 वर्गों में आयोजित की जा रही है। उक्त प्रतियोगिता के सम्बन्ध में छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के सचिव सार्थक शुक्ला ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिलों से कुल मिलाकर लगभग 150 पुरुष एवं महिला खिलाडियों के भाग लेने की संभावना है एवं प्रतियोगिता लीग पद्धति में खेली जायेगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि प्रत्येक खिलाड़ी को कई मैच खेलने का अवसर मिले।
यह आयोजन टेबल टेनिस के क्षेत्र में वरिष्ठ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ राज्य स्तर पर मास्टर्स खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और समरसता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ में टेबल टेनिस खेल को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे अनुभवी खिलाड़ियों को खेलने का अवसर मिले और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने। प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन को बढ़ावा दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के पंजीकृत खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे तथा प्रतियोगिता हेतु प्रविष्टि कि अंतिम तिथि 06.09.2026 है। उपरोक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रतियोगिता के आयोजन सचिव विनय बैसवाड़े ने दी।
प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता : सीनियर पुरुष , जुनियर (UNDER-17) एवं कैडेट (UNDER-13) के मुकाबले अंतिम चरण में सीनियर महिला वर्ग में सुष्मिता सोम तथा होप्स (UNDER-11) में शिवाय मेघानी एवं इशी मिश्रा विजेता बने
रायपुर। छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में रायपुर महानगर टेबल टेनिस संघ द्वारा नाकोडा टीएमटी एवं हेक्टर पाइप के सहयोग से दिनांक 29 से 31 अगस्त, 2026 तक सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल, बुढ़ापारा, रायपुर में आयोजित प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 में कल सीनियर महिला एकल वर्ग तथा यूथ UNDER-11 (होप्स) बालक एवं बालिका एकल वर्ग सम्पन्न हुयी।
रायपुर महानगर टेबल टेनिस संघ के सचिवशकील साजिद ने जानकारी दी कि कल सीनियर महिला एकल वर्ग तथा यूथ UNDER-11 (होप्स) बालक एवं बालिका एकल वर्ग प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि श्री नाकोडा पाइप इम्पेक्स प्रायवेट लिमिटेड के डायरेक्टर स्पर्श गोयल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के उपाध्यक्ष अनिल पुसदकर ने किया तथा विशेष अतिथि छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ की तकनीकि समिति के चेयरमेन अरविंद कुमार शर्मा थे। इस अवसर पर रायपुर महानगर टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष डा मानिक चटर्जी, छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के उपाध्यक्ष विनय बैसवाड़े एवं मुख्य निर्णायक एस.व्ही. पेंढारकर उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में कल खेले गये सीनियर महिला एकल वर्ग तथा यूथ UNDER-11 (होप्स)
बालक एवं बालिका एकल वर्ग के फायनल मैच के परिणाम निम्नानुसार है:- सीनियर महिला वर्ग:- विजेता – सुष्मिता सोम (बिलासपुर), उपविजेता – प्रज्ञा पाठक (रायपुर) 4 -2 यूथ UNDER-11 (होप्स) बालक वर्ग:- विजेता – शिवाय मेघानी (बिलासपुर), उपविजेता- अबीर बडानी (रायपुर) 3-0 यूथ UNDER-11 (होप्स) बालिका वर्ग:- विजेता – इशी मिश्रा (रायपुर), उपविजेता- अराध्या चंद्राकर (धमतरी) 3-0
प्रतियोगिता में आज सीनियर पुरुष एकल वर्ग, यूथ UNDER-17 (जुनियर) तथा यूथ UNDER-13 (कैडेट) बालक एवं बालिका एकल वर्ग के अंतिम दौर के मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें फायनल के मुकाबले खेले जा रहे हैं । प्रतियोगिता में अभी तक खेले गए मैचों के परिणाम निम्नानुसार है:-
सीनियर पुरुष वर्ग:- सेमीफायनल – अरिंदम देबनाथ (रायपुर) ने प्रणय चौहान (रायपुर) को 4 -1 तथा कुणाल देब (दुर्ग) ने आयुष शर्मा (रायपुर) को 4-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
यूथ UNDER-17 (जुनियर) बालक वर्ग:-
सेमीफायनल – आर्यन सिंह (रायपुर) ने श्रेष्ठ मिश्रा (रायपुर) को 3-1 तथा दीक्षांत कुमार जांगड़े (बिलासपुर) ने गौरव मून (दुर्ग) को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
यूथ UNDER-17 (यूथ) बालिका वर्ग:- सेमीफायनल – समाया पांडे (रायपुर) ने लावण्या पांडे (रायपुर) को 3-2 तथा वेदी कछवाहा (रायपुर) ने इशी मिश्रा (रायपुर) को 3-0 से हराकर फायनल में प्रवेश किया ।
यूथ UNDER-13 (कैडेट) बालक वर्ग:-
सेमीफायनल – अथर्व साहू (दुर्ग) ने अबीर अग्रवाल (रायपुर) को 3-1 तथा विवान बैसवाड़े (रायपुर) ने नीरव तिवारी (रायपुर) को 3-2 से हराकर फाइनल मे प्रवेश किया।
यूथ UNDER-13 (कैडेट) बालिका वर्ग:- सेमीफायनल – अक्षिता बीनू (बिलासपुर) ने माहविन अंसारी (रायपुर) को 3-0 तथा इशी मिश्रा (रायपुर) ने आरुषि मढरिया (दुर्ग) को 3-0 से हराकर फाइनल मे प्रवेश किया । प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक एस.व्ही. पेंढारकर एवं सहायक मुख्य निर्णायक विमल नायर, अजीत बेनर्जी, पी.एन. मजूमदार, जे.एम. राठोड़ हैं |
उपरोक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के उपाध्यक्ष विनय बैसवाड़े ने दी।