Connect with us

कोरबा

एसईसीएल की सीएसआर राशि से कोरबा में सुपर स्पेशिलिटी हास्पिटल एवं मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कालेज की स्थापना हो

Published

on

हितानंद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कहा- एसईसीएल को निर्देश दें

कोरबा। नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने सूबे के मुखिया विष्णुदेव साय को जिलाधीश कोरबा के माध्यम से पत्र लिखकर एस.ई.सी.एल. की सी.एस.आर. राशि से कोरबा में सुपर स्पेशिलिटी हास्पिटल की स्थापना तथा मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कालेज की स्थापना की मांग की है, इसकी प्रतिलिपि प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर दास मोदी , गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा , केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री प्रहलाद जोशी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव को भी भेजी गई है। नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने कहा कि एस.ई.सी.एल. प्रबंधन द्वारा गेवरा प्रोजेक्ट, कुसमुण्डा प्रोजेक्ट, दीपका प्रोजेक्ट, मानिकपुर प्रोजेक्ट, बुड़बुडा प्रोजेक्ट से कोयले की बहुत बड़े स्तर में खनन की जाती है, जिससे कोरबा तथा आसपास के क्षेत्र प्रत्यक्ष तौर पर प्रभावित होते हैं। एस.ई.सी.एल. का मुख्यालय बिलासपुर में स्थित है तथा बिलासपुर में बड़े अधिकारी कार्यरत है। एस.ई.सी.एल. प्रबंधन के सी.एस.आर. मद से बिलासपुर में अपोलो हास्पिटल की स्थापना की गई है, जिससे बिलासपुर में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों को ही उक्त अपोलो हास्पिटल का लाभ प्राप्त होता है, जबकि खनन का कार्य कोरबा, चिरमिरी व आसपास के क्षेत्रों में किया जाता है। कोरबा तथा आसपास के गांव प्रत्यक्ष तौर पर प्रभावित होते है। कोरबा व आसपास के ग्रामों की भूमि अधिग्रहण कर कोल माइनिंग की जाती रही है। कोल माइनिंग से कोरबा व आसपास के गांव में रहने वाले व्यक्ति प्रत्यक्ष तौर पर प्रभावित होते हैं, परन्तु उनके ईलाज के लिये अपोलो जैसा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल कोरबा में स्थापित नहीं किया गया है। बड़े अधिकारियों के ईलाज हेतु एसईसीएल द्वारा अपने सीएसआर मद से मुख्यालय बिलासपुर में अपोलो हॉस्पिटल की स्थापना करवायी गयी है, जबकि उक्त अपोलो हॉस्पिटल सर्वप्रथम कोरबा में स्थापित किया जाना चाहिये था। बिलासपुर में अपोलो हॉस्पिटल के साथ-साथ एसईसीएल प्रबंधन को कोरबा में भी अपोलो जैसी सुविधा के अस्पताल की स्थापना की जानी चाहिये थी, क्योंकि कोरबा व आसपास के क्षेत्र में माइनिंग में ज्यादातर मजदूर श्रेणी के कर्मचारी कार्यरत हैं। जिस स्थान से कोयले की माइनिंग की जा रही है, उस स्थान के लोगों को अपोलो जैसे हॉस्पिटल की सुविधायें मिलने का हक सर्वप्रथम है। श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 06 अप्रैल 2010 को छत्तीसगढ़ इन्टीग्रेटेड डेव्हलपमेंट इन्फ्रास्ट्रक्चर कमेटी का गठन किया गया था। उक्त कमेटी के द्वारा पूरे प्रदेश के अधोसंरचना विकास हेतु ब्लू प्रिंट तैयार किया गया था। उक्त कमेटी द्वारा भी अनुशंसा की गई थी कि प्रोफेशनल हॉस्पिटल्स जैसे कि अपोलो, फार्टिस इत्यादि स्तर के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कोरबा में स्थापित किया जाना चाहिये। कम्पनी एक्ट के अनुसार 2 प्रतिशत राशि सीएसआर मद में खर्च किये जाने का प्रावधान है। एसईसीएल प्रबंधन के पास पर्याप्त सीएसआर फण्ड हमेशा उपलब्ध रहती है। एसईसीएल प्रबंधन अपने सीएसआर फण्ड से अपोलो अथवा फोर्टिस स्तर के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की स्थापना कोरबा मे कर सकती है। कोरबा व आसपास के गांव जिनकी जमीन अधिग्रहित की गई है, वे लोग कोल माइनिंग से प्रत्यक्ष तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। हमारी भाजपा सरकार का लक्ष्य रहा है कि समाज के अन्तिम व्यक्ति तक लाभ व सुविधायें पहुंचायी जा सके। हमेशा से नीचे तबके के लोगों को उठाने हेतु भाजपा सरकार काम करती रही। पत्र में हितानंद ने लिखा है कि गरीब कल्याण की भावना से कोरबा में अपोलो अथवा फोर्टिस स्तर के सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल की स्थापना हेतु एस.ई.सी.एल. को निर्देशित करें। चूंकि मनेन्द्रगढ़ भी कोल माइनिंग से प्रत्यक्ष तौर पर प्रभावित क्षेत्र है, अत: मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना किये जाने का भी निर्देश जारी करने की कृपा करेंगे। पूर्व में एस.ई.सी.एल. प्रबंधन द्वारा सन् 2010 में इन्टीग्रेटेड कमेटी को प्रस्ताव दिया गया था कि मनेन्द्रगढ़ में यदि राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी तो एस.ई.सी.एल. प्रबंधन मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कालेज की स्थापना करने हेतु तैयार है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

पत्रकारबंधुओं की कलम, सबसे बड़ी ताकत – उद्योग मंत्री

Published

on

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में पत्रकारों की कालोनी तिलक नगर में बाउण्ड्रीवाल निर्माण कार्य का किया गया भूमिपूजन

तिलक भवन में स्थापित एल.ई.डी. प्रोजेक्टर, स्मार्ट टी.व्ही., साउण्ड सिस्टम व स्क्रीन स्थापना आदि कार्यो का हुआ लोकार्पण

कोरबा। छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम व आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज कहा कि पत्रकारबंधु एक ऐसा दर्पण होते हैं, जो समाज को सच का आईना दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होने कहा कि निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पत्रकारिता का मूलमंत्र है, समाचार पत्रों में जो छपता है, मीडिया में जो दिखता है, आमजन मानस उसे ही सच मानकर चलता है, अतः यह आवश्यक है कि समाचारों में निष्पक्षता, पारदर्शिता व निर्भीकता होनी ही चाहिये। उन्होने कहा कि प्रेस क्लब कोरबा एक ऊर्जावान संस्था है, जो पत्रकारिता व पत्रकारबंधुओं के हितों की रक्षा के लिये निरंतर कार्य कर रही है।

उक्त बातें आज उद्योग मंत्री देवांगन ने कोरबा के तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित भूमिपूजन लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कही। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्र. 35 खरमोरा डाईट बिल्डिंग तिलक नगर पत्रकार कालोनी के समीप एन.टी.पी.सी. के सीएसआर मद से 15 लाख रूपये की लागत से बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य कराया जाना हैं, जिसका वर्चुअल भूमिपूजन आज उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में तिलक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके हाथों किया गया। इसी प्रकार वार्ड क्र. 24 तिलक भवन प्रेस क्लब में पार्षद पंकज देवांगन के पार्षद मद से एलईडी प्रोजेक्टर, स्मार्ट टी.व्ही., साउण्ड सिस्टम व स्क्रीन स्थापना आदि का कार्य कराया गया है, जिसका लोकार्पण भी आज उद्योग मंत्री श्री देवांगन के करकमलों से सम्पन्न हुआ। 
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने दिये गये अपने उद्बोधन में आगे कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि जब मैं कोरबा का महापौर था, उस समय प्रेस क्लब का निर्माण किया गया, उस समय भी और आज भी नगर निगम कोरबा द्वारा प्रेस क्लब के विकास व अन्य गतिविधियों के लिये लगातार सहयोग दिया जा रहा है, विकास कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होने आगे कहा कि डाॅ.रमन सिंह 15 वर्षो तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे, उन्होने जब राज्य की कमान संभाली तब उस समय छत्तीसगढ़ की स्थिति काफी कमजोर थी, किन्तु उन्होने अपने 15 वर्षो के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक विकास किया तथा राज्य के विकास पुरूष की छबि अर्जित की, उनके कार्यकाल में दर्जनों जनकल्याणकारी योजनायें संचालित हुई, किन्तु इन योजनाओं को बीच में बंद कर दिया गया था, अब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सरकार ने पुनः इन योजनाओं को प्रारंभ कराया है। उन्होने कहा कि हमारी सरकार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है तथा समाज के गरीब, निर्धन, मजदूर, किसान, युवा, महिला व हर वर्ग के लिये कल्याणकारी योजनायें संचालित कर उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने का कार्य कर रही है। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने इस मौके पर पत्रकारबंधुओं को संबोधित करते हुये आगे कहा कि मुझे सदैव आप लोगों का स्नेह, आशीर्वाद व मार्गदर्शन मिलता आया है, मैं विश्वास रखता हूॅं कि आपका यह प्यार, स्नेह भविष्य में भी मुझे निरंतर प्राप्त होता रहेगा। 

उद्योग मंत्री विकास हेतु लगातार कर रहे फंड की व्यवस्था-महापौर

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा के सभी 67 वार्डो में विकास कार्य कराये जाने हेतु लगातार धनराशि की व्यवस्था करा रहे हैं, उनके प्रयासों से विगत 02 वर्षो के दौरान विभिन्न मदों के अंतर्गत 1000 करोड़ रूपये के विकास कार्यो व परियोजनाओं की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। उन्होेने पत्रकारबंधुओं को संबोधित करते हुये कहा कि आप स्वयं देख रहें है कि विगत 02 वर्ष से कोरबा शहर व निगम क्षेत्र के सभी वार्डो में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, इस दौरान अनेक क्षेत्रों में निगम ने महत्वपूर्ण उपलब्धियाॅं भी अर्जित की हैं, जिससे आप सब भलीभांति परिचित हैं, आप सबका स्नेह, मार्गदर्शन व सुझाव शहर के विकास के लिये अनवरत रूप से प्राप्त होता रहेगा, यह मैं विश्वास रखती हूॅं।

Continue Reading

कोरबा

​हरदीबाजार में दबंगई, पड़ोसी द्वारा महिला के घर की दीवार तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

Published

on

कोरबा/हरदीबाजार । ​कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रलिया (अंधियारीपारा) में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक बेसहारा महिला बबीता कुमारी आदिले ने अपने पड़ोसी अमित कुमार और उसके पिता कीर्तन लाल पर घर की दीवार जबरन तोड़ने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है ।

​घटना का विवरण

​पीड़िता बबीता कुमारी के अनुसार आरोपी अमित कुमार उनके घर से जुड़ी साझा दीवार को अवैध रूप से तोड़ रहा है, जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने न केवल दीवार तोड़ना जारी रखा बल्कि पीड़िता को सरेराह बेइज्जत करने और अपने गैंग के साथ मिलकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी ।

​मुख्य बिंदु:-

प्रशासनिक अनदेखी:- पीड़िता का कहना है कि पूर्व में भी इस मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस का डर दिखाए जाने पर चुनौती दे रहे हैं ।
धमकी और असुरक्षा:- आरोपी ने पीड़िता को यह कहकर धमकाया कि तुम लड़की हो रास्ते में चलते हुए तुम्हारे और तुम्हारे परिवार के साथ कभी भी कुछ भी अनहोनी करवा सकता हूँ ।
​संपत्ति को नुकसान:- दीवार टूटने के कारण पीड़िता का घर असुरक्षित हो गया है और ब्लास्टिंग या सामान्य स्थिति में भी कभी भी गिर सकता है। जिससे जान-माल के भारी नुकसान का खतरा बना हुआ है ।
​मुआवजे का विवाद:- बताया जा रहा है कि एस.ई.सी.एल. गेवरा क्षेत्र से आरोपियों को मुआवजे का भुगतान हो चुका है, इसके बावजूद वे पीड़िता के घर को नुकसान पहुँचा रहे हैं ।

पीड़िता की मांग

​पीड़िता ने पुलिस प्रशासन और उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले में तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा मिल सके ।

​मेरा घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा है। अगर हमें कुछ भी होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अमित कुमार और कीर्तन लाल की होगी ।

Continue Reading

कोरबा

मंत्री के काफिले पर पत्थर फेंका, 4 नाबालिगों से पूछताछ:कोरबा में खेल-खेल में घटना, लखन लाल देवांगन ने बच्चों को छोड़ने को कहा

Published

on

कोरबा। कोरबा में सोमवार रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित साहू समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले में खड़ी एक गाड़ी पर अचानक पत्थर का एक छोटा टुकड़ा आकर गिरा। फौरन मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच शुरू की और मौके पर मौजूद चार नाबालिगों को चौकी बुलाकर पूछताछ की। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह कोई सुनियोजित पथराव नहीं था। पूछताछ में पता चला कि बच्चे भवन के पास खेल रहे थे और खेल-खेल में ही पत्थर उछलकर अनजाने में काफिले की गाड़ी को लग गया था।

शुरुआती जांच में सामने आया कि यह कोई सुनियोजित पथराव नहीं था।

शुरुआती जांच में सामने आया कि यह कोई सुनियोजित पथराव नहीं था।

मंत्री के हस्तक्षेप के बाद नाबालिगों को छोड़ा गया

घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने खुद चौकी में फोन किया। उन्होंने कहा कि यह बच्चों के भविष्य का सवाल है और घटना खेल-खेल में घटी है, इसलिए उन्हें छोड़ दिया जाए।

सुरक्षा चूक के संकेत नहीं मिले

चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने पुष्टि की कि यह एक आकस्मिक घटना थी। पूछताछ के बाद सभी नाबालिगों को छोड़ दिया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में किसी तरह की साजिश, सुरक्षा में चूक या संदिग्ध गतिविधि के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

हालांकि, एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677