Connect with us

छत्तीसगढ़

हमाल श्रमिकों ने कलेक्टर से की मजदूरी बढ़ाने की मांग:जांजगीर-चांपा में बोले- कम मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित एफसीआई गोदाम में कार्यरत हमाल श्रमिकों ने बढ़ती महंगाई और कम मजदूरी के विरोध में प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। जय श्रीराम हमाल श्रमिक संघ के बैनर तले श्रमिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मजदूरी दरों में वृद्धि की मांग की है।

श्रमिकों का कहना है कि वे पिछले कई सालों से बेहद कम दरों पर काम कर रहे हैं, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में उन्हें स्टेकिंग कार्य के लिए प्रति लॉट (580 बोरी) मात्र 772 रुपए दिए जाते हैं। वहीं रेक में हर बोरी सिर्फ 2 रुपए 20 पैसे का भुगतान किया जाता है।

श्रमिक बोले- परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल

श्रमिकों का आरोप है कि इतनी कम मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। भीषण गर्मी में दिनभर कड़ी मेहनत करने के बावजूद उचित पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी अब चुनौती बन गया है।

मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की मांग

श्रमिक संघ ने अपने ज्ञापन में नए सत्र 2026-27 के लिए मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की मांग रखी है। संघ ने स्टेकिंग दर को बढ़ाकर 2250 रुपए प्रति लॉट करने और रेक में प्रति बोरी 4 रुपए भुगतान तय करने की मांग की है। इसके साथ ही डंपिंग कार्य के लिए वर्तमान 2450 रुपए प्रति लॉट की दर को बढ़ाकर 3000 रुपए करने का प्रस्ताव रखा गया है।

संघ का कहना है कि स्टेकिंग और डंपिंग कार्य को मिलाकर कुल 5250 रुपए प्रति लॉट का भुगतान किया जाना चाहिए, ताकि श्रमिकों को उनके श्रम के अनुरूप उचित पारिश्रमिक मिल सके।

धरना प्रदर्शन की चेतावनी

श्रमिकों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने और गोदाम परिसर में धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

श्रमिकों ने यह भी कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में अब उनके पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

Continue Reading

कोरबा

जेसीआई वीक : सात दिन, सात संकल्प—सकारात्मक बदलाव की ओर

Published

on

जेसीआई कोरबा सेंट्रल : 9 से 15 सितंबर : जेसीआई वीक

कोरबा। Junior Chamber International (JCI) एक वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन है, जो 18 से 40 वर्ष की आयु के युवा सक्रिय नागरिकों को एक साथ लाता है। इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करना है, ताकि वे अपने नेतृत्व कौशल और क्षमताओं का उपयोग करते हुए समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन ला सकें।

JCI का विजन है— सक्रिय युवा नागरिकों का विश्व का सबसे प्रमुख वैश्विक नेटवर्क बनना

यही उद्देश्य है कि आज JCI का नेटवर्क 115 से अधिक देशों में 5,000 से अधिक स्थानीय संगठनों के माध्यम से सक्रिय है। दुनिया भर में लाखों युवा सदस्य JCI से जुड़कर शिक्षा, उद्यमिता, सामाजिक विकास और नेतृत्व निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

भारत में भी JCI युवाओं को अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और विचारों को सकारात्मक दिशा देने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करता है। विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सामाजिक परियोजनाओं, सामुदायिक सेवा और नेतृत्व विकास के अवसरों के माध्यम से युवाओं को समाज के लिए सार्थक कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाता है।

JCI Korba Central द्वारा वर्तमान में 170 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ क्षेत्र के प्रमुख chess टूर्नामेंट में से एक का आयोजन कर युवाओं में प्रतिस्पर्धी सोच, एकाग्रता एवं खेल भावना को बढ़ावा दिया गया, 100+ व्यवसायियों एवं उद्यमियों की सहभागिता के साथ AI एवं बिजनेस के व्यावहारिक उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया, छत्तीसगढ़ योगासन एसोसिएशन एवं अतिथियों के साथ सात दिन के Speechcraft : Public Speaking Training आयोजित की गई, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वायु के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगभग 80 बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण जांच की गई, डॉक्टर रियल ओपन थिएटर में आयोजित Community Kite Festival में सैकड़ों लोगों की सहभागिता रही। निःशुल्क पतंग एवं चरखी वितरण के माध्यम से सामुदायिक जुड़ाव एवं एकता का संदेश दिया गया, आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को CPR की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई।

JCI Week

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 9 से 15 सितंबर तक JCI Week मनाया जा रहा है। इस विशेष सप्ताह के दौरान JCI Korba Central द्वारा कोरबा में विभिन्न सामुदायिक सेवा, सामाजिक जागरूकता, व्यक्तिगत विकास, व्यावसायिक नेतृत्व तथा नेतृत्व क्षमता निर्माण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि युवाओं को जोड़ना, उन्हें सक्षम बनाना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ठोस कदम उठाना है।

9 से 15 सितंबर – सात दिन, सात थीम

जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा 9 से 15 सितंबर 2026 तक जेसीआई वीक का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष जेसीआई वीक की थीम “77 इयर्स ऑफ लीडरशिप – 7 डेज ऑफ एम्पावर” है। सात दिनों तक अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, युवा नेतृत्व, मानव कर्तव्य, डिजिटल आउटरिच, बिजनेस नेटवर्किंग, मेंबरशिप एक्सपेंशन, फैमिली बॉन्डिंग एवं समाज के मौन सितारे को सम्मानित करने की दिशा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

प्रथम दिवस : सर्रेनवल सिपिंग डे“प्लास्टिक हटाओ, स्टील अपनाओ – आज की आदत, कल का बेहतर भविष्य”

जेसीआई वीक की शुरुआत सर्रेनवल सिपिंग डे के संदेश के साथ होगी। प्लास्टिक हटाओ, स्टील अपनाओ अभियान के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर स्टील की बोतलों एवं स्टील के विकल्पों को अपनाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इस दिन सामूहिक स्टील बोतल वितरण अभियान, जन-जागरूकता एवं शिक्षा तथा जनसंपर्क से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

द्वितीय दिवस : यूथ लीडरशिप एंड वॉइस डे“युवा की आवाज, नेतृत्व का आगाज”

द्वितीय दिवस के अवसर पर अंतरमहाविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता, यूथ पार्लियामेंट, सीपीआर प्रशिक्षण, वर्क-लाइफ बैलेंस, पर्सनल ब्रांडिंग जैसे विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता तथा व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देना है।

तृतीय दिवस: ह्यूमन ड्यूटीज एंड डिजिटल आउटरिच डे -अधिकारों के साथ कर्तव्यों की समझ – जिम्मेदार नागरिकता की ओर

इस दिन मानव कर्तव्य अभियान के माध्यम से मानवीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। साथ ही डिजिटल आउटरिच एवं ऑनलाइन एंगेजमेंट के माध्यम से सकारात्मक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।

चतुर्थ दिवस : बिजनेस एंड नेटवर्क ग्रोथ डे (कनेक्शन बढ़ो, अवसर बढ़ो)

यह दिन बिजनेस कम्युनिटी और जेसीआई सदस्यों के बीच कनेक्टिविटी एवं नेटवर्किंग को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहेगा। इस अवसर पर जे-कॉम ऑपरेशन एवं नेटवर्किंग मीट्स आयोजित की जाएगी।

पंचम दिवस : मेंबरशिप एक्सपेंशन डे (जुड़ें JCI से, बढ़े नेतृत्व की ओर)

जेसीआई के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए यह दिन समर्पित रहेगा।

इस दिन इनबाइट एड एंज, मेंबर स्पॉटलाइट एवं वेलकम न्यू मेंबर्स जैसी गतिविधियों के माध्यम से नए सदस्यों को जेसीआई परिवार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

छठा दिवस : फैमिली बॉन्डिंग डे (मजबूत परिवार, मजबूत समाज)

परिवार को मजबूत बनाने और परिवार के सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से इस दिन फैमिली टाइम, फैमिली एक्टिविटीज एवं एक्सप्रेस एक्टिविटीज जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जेसीआई कोरबा सेंट्रल का मानना है कि “स्ट्रॉन्ग फैमिली ही स्ट्रॉन्ग कम्युनिटी की नींव है।”

सातवां दिवस : ग्रैंड फिनाले: ऑनरिंग हीरोज एंड साइलेंट स्टार्स डे (गुमनाम नहीं, सम्मान के हकदार)

जेसीआई वीक का समापन उन लोगों को सम्मान देने के साथ किया जाएगा, जो अपने कार्यों से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन अक्सर उनकी उपलब्धियां लोगों की नजरों से दूर जाती हैं। इस अवसर पर साइलेंट स्टार्स एवं ग्रैंड फिनाले सेलिब्रेशन आयोजित किया जाएगा। Grand Celebration के साथ JCI Week का भव्य समापन किया जाएगा, जिसमें पूरे सप्ताह आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया जाएगा।

सात दिन, सात पहल — एक संकल्प, सकारात्मक बदलाव का

JCI Korba Central का उद्देश्य केवल सात दिनों तक JCI Week मनाना नहीं है, बल्कि इन सात दिनों के माध्यम से समाज में ऐसे सकारात्मक बदलाव की शुरुआत करना है, जिसका प्रभाव लंबे समय तक दिखाई दे।

सस्टेनेबिलिटी से यूथ लीडरशिप तक, ह्यूमन ड्यूटीज से बिजनेस नेटवर्किंग तक, मेंबरशिप से फैमिली बॉन्डिंग तक और साइलेंट स्टार्स के सम्मान से Grand Celebration तक—JCI Week का हर दिन एक विचार, एक उद्देश्य और एक सकारात्मक संदेश लेकर आएगा।

JCI Korba Central शहर के युवाओं, बिजनेस कम्युनिटी, सामाजिक संगठनों, परिवारों, मीडिया बंधुओं एवं समस्त शहरवासियों से आह्वान करता है कि वे JCI Week के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सहभागी बनें।

जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा 9 से 15 सितंबर 2026 तक जेसीआई वीक का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष जेसीआई वीक की थीम “77 इयर्स ऑफ लीडरशिप – 7 डेज ऑफ एम्पावर” है। सात दिनों तक अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी तारतम्य में समाज के मौन सितारे को सम्मानित करने की दिशा में नया कदम उठाया गया है, जिसके तहत आज कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के उपरांत जेसीआई की टीम ने कोरबा प्रेस क्लब के केयर टेकर गुणसागर महिलांगे को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Continue Reading

कोरबा

शिक्षक दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर एच.टी.पी.पी. दर्री में हुआ शिक्षक सम्मान समारोह

Published

on

शिक्षकों को शाल एवं उपहार भेंट कर किया सम्मान, विद्यार्थियों ने खेलों और कार्यक्रमों के माध्यम से जताया आभार

कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी. दर्री, कोरबा में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करना रहा।

शिक्षकों के समर्पण को किया नमन, शाल एवं उपहार भेंट कर हुआ सम्मान
शिक्षक सम्मान समारोह की अध्यक्षता हसदेव शिक्षण समिति के अध्यक्ष धनंजय सिंह ने की। कार्यक्रम में व्यवस्थापक भीष्म देव सिंह, संस्थान प्रतिनिधि नरेश जायसवाल, अर्जुन लाल पटेल एवं पूर्व छात्र आशीष अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
समारोह के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों का शाल एवं अन्य उपहार भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम के अंत में श्रवण कुमार गुप्ता ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं अन्य जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

भैया-बहनों ने भी गुरुजनों के प्रति जताई कृतज्ञता, मनोरंजक खेलों से बढ़ा उत्साह
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा भी अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति आदर और प्रेम व्यक्त करते हुए आयोजन को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में शिशु भारती एवं कन्या भारती के अध्यक्ष भैया अभिषेक भारिया तथा द्वादश एवं एकादश कक्षा के भैया-बहनों की प्रमुख भूमिका रही। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहभागिता की और अपने शिक्षकों के सम्मान में आयोजित विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती लक्ष्मी पांडेय एवं श्रवण कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों और विद्यालय परिवार की उपस्थिति में कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में आगे बढ़ा।

प्राचार्य ने बताई गुरु की महत्ता, खेलों में शिक्षकों ने भी लिया उत्साह से हिस्सा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में शिक्षक के महत्व और विद्यार्थियों के जीवन में गुरु की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
इसके पश्चात भैया-बहनों द्वारा शिक्षकों के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न रोचक खेलों का आयोजन किया गया। खेलों में शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों द्वारा अपने गुरुजनों के लिए आयोजित इन गतिविधियों ने पूरे कार्यक्रम में आनंद और उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रज्ञा यादव एवं खुशी श्रीवास ने किया। दोनों ने कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया। अंत में भैया आशीष कंवर द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों को स्वल्पाहार एवं उपहार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों की ओर से गुरुजनों के सम्मान में आयोजित यह पहल शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता एवं सम्मान की भावना को और मजबूत करने वाली रही।

सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता से यादगार बना शिक्षक दिवस समारोह
सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी. दर्री में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान की भावना को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। एक ओर जहां विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों को शाल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर भैया-बहनों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
शिक्षकों के सम्मान, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, प्रेरणादायी उद्बोधन और मनोरंजक गतिविधियों ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार में सौहार्द, उत्साह और आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
इस प्रकार शिक्षक दिवस का यह आयोजन गुरुजनों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता की भावना को समर्पित एक सफल एवं आनंदमय कार्यक्रम के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता ने आयोजन को गरिमापूर्ण और यादगार बनाया।

Continue Reading

कोरबा

ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस के साथ मनाया गया आवास दिवस

Published

on

प्रधानमंत्री आवास, विकसित भारत-जी राम जी एवं आजीविका गतिविधियों को गति देने पर जोर

नवाचार : क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के एक वर्ष पूर्ण होने पर ग्रामीणों को किया गया जागरूक

‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शत-प्रतिशत बालिका शौचालय निर्माण पर हुई चर्चा

चावल महोत्सव के माध्यम से रोजगार एवं आवास योजनाओं का किया गया प्रचार-प्रसार

कोरबा, 07 सितंबर 2026। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सोमवार को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी से संबंधित हितग्राहियों की समस्याओं के निराकरण के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनजागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी मोबाइल पर सहजता से उपलब्ध कराने के लिए लागू की गई क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के एक वर्ष पूर्ण होने पर इसके महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने, हितग्राहियों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निरंतर समीक्षा के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 7 तारीख को ग्राम पंचायतों में चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी कार्यों के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की गई।

आवास निर्माण में तेजी लाने पर विशेष जोर

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य आवास योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कार्ययोजना तैयार की गई। हितग्राहियों को नियमानुसार समय पर राशि हस्तांतरण, भुगतान की स्थिति एवं आवास निर्माण से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।

स्व-सहायता समूहों की दीदियों को आवास निर्माण में आवश्यक निर्माण सामग्री की आपूर्ति तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। आवास परिसरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने तथा लंबित जियो-टैगिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए भी आवश्यक रणनीति तैयार की गई।

विकसित भारत-जी राम जी के कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने की कार्ययोजना

विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संचालित सभी प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा मांग आधारित नए कार्य प्रारंभ करने पर चर्चा की गई। ग्राम सभा के प्रस्तावों के अनुरूप संतृप्ति के आधार पर प्राथमिकता वाले कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूर्ण कराने की कार्ययोजना तैयार की गई।

इसके साथ ही ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत मांग के अनुरूप शत-प्रतिशत शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालयों का निर्माण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने की रणनीति

बैठक में निर्मित आजीविका डबरी एवं नवा तरिया के माध्यम से हितग्राहियों तथा क्लस्टर स्तरीय संघों के लिए आजीविका संवर्धन की कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही धार अपार अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से आजीविका के नए अवसर सृजित करने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों के प्रारंभ में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जनभागीदारी को और मजबूत किया जा सके।

क्यूआर कोड से योजनाओं की जानकारी, पारदर्शिता को बढ़ावा

ग्राम पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से संबंधित कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि क्यूआर कोड स्कैन कर वे स्वीकृत कार्यों, उनकी प्रगति सहित योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं।

क्यूआर कोड आधारित इस नवाचार के एक वर्ष पूर्ण होने पर इसके उपयोग की महत्ता बताते हुए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों को अधिक से अधिक इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को और मजबूत करना है।

रोजगार सह आवास दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी के हितग्राही, तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक,स्व-सहायता समूह की महिला सदस्य सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677