Connect with us

कोरबा

अवैध रेत खनन: कांग्रेस नेता एवं जनपद सदस्य की गुंडागर्दी आयी सामने, भाजपा नेता का आरोप- कार्रवाई में प्रशासन, खनिज एवं पुलिस विभाग कर रहा भेदभाव:मारपीट का वीडियो वायरल

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले में रेत के खनन और परिवहन को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेता आमने-सामने हो गए। भाजपा के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग और कांग्रेस के जनपद सदस्य भोला गोस्वामी के बीच हाथापाई हो गई। मामला बांगो थाना क्षेत्र के बांगो का है। यहां वीडियो में कांग्रेस नेता एवं पोड़ी उपरोड़ा के जनपद सदस्य भोला गोस्वामी कहते नजर आ रहे हैं-मेरी गुंडागर्दी देखी कहां ।

दरअसल, अक्षय गर्ग तान नदी में रेत निकालने पहुंचे कांग्रेस नेता भोला गोस्वामी के ट्रैक्टर को रोकने के लिए पहुंचे थे। भाजपा नेता का कहना है कि अवैध रूप से रेत निकालने और बेचने वालों पर प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि वैध लाइसेंसी काम करने वालों के लिए रोड़े अटकाए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने की बीजेपी नेता से धक्का-मुक्की,धमकाया भी

सोमवार सुबह करीब 9 बजे अक्षय गर्ग भोला गोस्वामी के ट्रैक्टर को रोकने पहुंचे। इस दौरान भोला गोस्वामी ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करते हुए अक्षय गर्ग को वहां से हटाया और रेत से भरे ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया और वीडियो में धमकी देते हुए नजर आये। भोला गोस्वामी ने कहा मेरी गुंडागर्दी देखी कहां।

भाजपा नेता का आरोप- प्रशासन कर रहा भेदभाव

अक्षय गर्ग का आरोप है कि प्रशासन, पुलिस और खनिज विभाग कार्रवाई में भेदभाव कर रहा है। इससे पहले शनिवार की रात 9 बजे गुरसियां नदी में भोला गोस्वामी के लोगों ने ट्रैक्टर उतारा था। उन्होंने रात में ही रास्ते में पकड़ कर सूचना तहसीलदार, माइनिंग और बांगो थाना को दी थी, लेकिन मौके पर कोई भी नहीं पहुंचा और सोमवार सुबह भी हाथापाई की गई। बता दें कि भाजपा नेता, कांग्रेस नेता भोला गोस्वामी के ट्रैक्टर को रोकने के लिए ट्रैक्टर पर ही बैठ गए थे और तहसीलदार तथा माईनिंग विभाग को फोन कर घटना की जानकारी दी, लेकिन कोई अधिकारी नहीं पहुंचे और भोला गोस्वामी अक्षय गर्ग से धक्का-मुक्की करते हुए अवैध रेत उत्खनन में लगे ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए।
वर्चस्व की लड़ाई
जिले में कई जगह अभी भी अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की जानकारी खनिज विभाग को है, लेकिन कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिसके कारण जिले की शांत फीजा में विवाद का जहर घूल रहा है। यदि खनिज विभाग का यही रवैय्या रहा तो कोई बड़ी घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी खनिज विभाग की ही मानी जाएगी। बांगो में कांग्रेस नेता द्वारा भाजपा नेता से मारपीट, झूमाझपटी और देखलेने की धमकी जैसी घटना खनिज विभाग की लापरवाही का ही नतीजा है। बांगों में अवैध रेत खनन का साम्राज्य स्थापित करने के लिए कांग्रेस नेता द्वारा शायद इस घटना को अंजाम दिया गया, ताकि फिर कोई विरोध न कर सके। इस घटना को भोला गोस्वामी क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने का नतीजा मानी जा रही है।
खनिज विभाग के संरक्षण बिना अवैध रेत उत्खनन-परिवहन संभव नहीं
जिले में कई जगह रेत घाट को मंजूरी नहीं मिली, इसके बावजूद भी दर्जनों जगह भारी मात्रा में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन होता रहा और 10 जून को सभी जगह रेत उत्खनन प्रशासन द्वारा एनजीटी के निर्देश पर बंद कर दिया गया है, बावजूद आज भी कई जगह रेत उत्खनन और परिवहन चालू है। लोगों का मानना है कि जिले में चल रहे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन बिना खनिज विभाग के संरक्षण के बिना संभव नहीं। अखबारों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का समाचार प्रमुखता से प्रकाशित होता रहा, इसके बावजूद खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई न करना कई संदेहों को जन्म दे रहा है। कई लोग तो यहां तक कह रहे हैं कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में खनिज विभाग का पार्टनरशीप चल रहा है और नहीं तो खनिज विभाग आखिर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा।
अवैध रेत उत्खनन, परिवहन : जिले में करोड़ों का टर्न ओव्हर
जिले में अभी भी रेत उत्खनन, परिवहन जारी है। इस वर्ष कई जगह घाटों को रेत उत्खनन के लिए मंजूरी प्रशासन द्वारा नहीं दी गई, इसके बावजूद रेत तस्कर अपना साम्राज्य स्थापित कर एनजीटी के दिशा निर्देशों की धज्जियां उड़ाते रहे और खनिज विभाग अपने वातानुकुलित कक्षों में ध्यान योग करते रहे और तस्कर अपना काम बेझिझक-बेधडक़ करते रहे। दर्जनों अवैध घाट संचालित होते रहे और रेत तस्कर करोड़ों का टर्न ओव्हर कर दूसरे प्रांत में भी कोरबा की रेत बेचते रहे। क्या यही विष्णु का सुशासन है? अधिकारी इस सुशासन को भी चुनौती देते नजर आये।

अवैध रेत उत्खनन-परिवहन का विरोध करते भाजपा नेता अक्षय गर्ग ट्रैक्टर पर बैठे

भाजपा नेता अक्षय गर्ग से मारपीट करते कांग्रेस नेता भोला गोस्वामी के गुर्गे

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

डीएमएफ परियोजनाओं में परिणाम आधारित कार्य करें सुनिश्चितः- कलेक्टर कुणाल दुदावत

Published

on

जिले में कृषि विकास को गति व कृषक हितों को सशक्त बनाने कलेक्टर ने कृषि एवं संबद्ध विभागो की ली बैठक

विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता व जवाबदेही के साथ काम करने हेतु किया निर्देशित

सभी शासकीय फार्म्स में धागाकरण यूनिट प्रारम्भ करने प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश

लाख पालन विकास हेतु ठोस रूपरेखा के साथ प्रस्ताव बनाने के निर्देश

पपीता व ऑयल पाम प्लांटेशन के लिए स्थान सुनिश्चित करने हेतु किया निर्देशित
जिले में द्विफसली क्षेत्र विस्तार, मिलेट, दलहन तिलहन के उत्पादन बढ़ाने हेतु किया निर्देशित

कोरबा। जिले में कृषि विकास को गति देने व कृषक हितों को सशक्त बनाने हेतु कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों की  बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति, आगामी वर्ष की रणनीति और डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की।  कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ काम करने हेतु निर्देशित किया, जिससे योजनाओं का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित हो और निर्धारित लक्ष्यों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जा सके और किसानों को वास्तविक लाभ प्राप्त हो।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कृषि अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से किसानों के उत्पादन में सुधार सुनिश्चित करने  एवं उनकी  आय में बढ़ोत्तरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जिले में द्विफसली क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।  किसानों को खरीफ मौसम में फसल विविधीकरण और रबी के फसलों का क्षेत्र विस्तार सुनिश्चित करने निर्देशित किया। जिले में मक्का, रागी, कोदो जैसे मिलेट एवं दलहन- तिलहन फसलों के उत्पादन को भी बढ़ावा देने की बात कही।
कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत शत-प्रतिशत किसानों को लाभान्वित करने एवं ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग एवं एग्रीस्टेक पंजीकरण के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति हेतु जमीनी स्तर पर एसएडीओ और आरईओ की जवाबदेही तय करने एवं आने वाले दिनों में कैम्प लगाकर लक्ष्य हासिल करने निर्देश दिए। उन्होंने नए एफपीओ गठन में वृद्धि लाने की बात कही। उन्होंने खरीफ सीजन के लिए अग्रिम खाद एवं बीज के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी शासकीय रोपणियों की स्थिति और रोपित पौधों की अद्यतन जानकारी ली तथा उनसे होने वाली आय में वृद्धि के उपायों पर जोर दिया। उन्होंने ऑयल पाम के पौधारोपण के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्थान चिन्हांकन करने, जिले के एक ब्लॉक में वृहद स्तर पर पपीता प्लांटेशन विकसित करने, मधुमक्खी पालन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने तथा मसाला फसलों के क्षेत्र विस्तार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पशु नस्ल सुधार के लिए पशुपालकों को जागरूक एवं प्रेरित करने की बात कही।  कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के तहत बैकयार्ड कुक्कुट, नर बकरा एवं सुकरत्रयी वितरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए पशु टीकाकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल यूनिट के माध्यम से सेवाओं का विस्तार और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए कहा। मत्स्य संपदा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में संचालित हैचरी की स्थिति, स्पान उत्पादन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्पान उत्पादन में वृद्धि कर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने  मत्स्य पालकों को अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड  से जोड़ने हेतु निर्देशित किया। इससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण में मदद मिलेगी। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोगों को मछली पालन के लिए प्रेरित कर उनकी आय वृद्धि के अवसर सृजित करने के निर्देश भी दिए।
रेशम विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नर्सरियों की स्थिति एवं संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने टसर एवं मलबरी रेशम उत्पादन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके क्षेत्र विस्तार के लिए सर्वे कर उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी शासकीय फार्म्स में धागाकरण यूनिट प्रारंभ करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया, साथ ही कार्यरत स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए ठोस पहल करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जिले में लाख उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए, ताकि इस क्षेत्र में आय सृजन के नए अवसर विकसित किए जा सकें।
कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों को जिले में कृषि विकास की संभावनाओं पर गंभीरता व व्यक्तिगत रुचि के साथ कार्य करने तथा नवाचारों और वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से किसानों को लाभान्वित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए ठोस और परिणाममुखी कार्ययोजना तैयार करने तथा परंपरागत योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हेतु अभी से तैयारी शुरू कर आवश्यक प्रकरण तैयार करने को कहा।

कलेक्टर श्री दुदावत ने डीएमएफ अंतर्गत आउटपुट एवं आउटकम आधारित कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने, फील्ड स्तर पर वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे। साथ ही उन्होंने डीएमएफ से स्वीकृत एवं अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का तत्काल पूर्णता प्रमाण पत्र प्रेषित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी विभाग, रेशम, नोडल कोआपरेटिव बैंक, कृषि विज्ञान केंद्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

केंद्रीय विद्यालय संगठन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 20 मार्च से

Published

on

 कोरबा। केंद्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय), नई दिल्ली द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। कक्षा-1 और बालवाटिका-1, 2 एवं 3 (चयनित विद्यालयों में) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से प्रारंभ होगी और 02 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभिभावक आधिकारिक पोर्टल https://admission.kvs.gov.in  के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी संगठन की वेबसाइट https://kvsangathan.nic.in पर उपलब्ध है।
  केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो एनटीपीसी के प्राचार्य सुनील कुमार साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।  प्रवेष के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। कक्षा-1 में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 06 वर्ष होनी अनिवार्य है। इसी प्रकार, बालवाटिका-1 के लिए आयु 3 से 4 वर्ष, बालवाटिका-2 के लिए 4 से 5 वर्ष और बालवाटिका-3 के लिए 5 से 6 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सीटों का आरक्षण केवीएस के प्रवेश दिशा-निर्देशों 2026-27 के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।
कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा-XI को छोड़कर) तथा बालवाटिका-2 व 3 (जहाँ ऑनलाइन माध्यम उपलब्ध नहीं है) के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया रिक्तियां होने की स्थिति में ही संचालित की जाएगी। इसके लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन 02 अप्रैल 2026 प्रातः 10ः00 बजे से 08 अप्रैल 2026 सायं 4ः00 बजे तक किया जा सकेगा। विधिवत भरे हुए फॉर्म संबंधित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कार्यालय में जमा करने होंगे। इन कक्षाओं के लिए पंजीकरण प्रपत्रों और अन्य विवरणों की जानकारी संबंधित विद्यालयों की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन पत्र में कोई भी गलत या भ्रामक जानकारी पाई जाती है, तो प्रवेश प्रक्रिया के दौरान या उसके पश्चात भी प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा। अभिभावकों को निर्देशित किया गया है कि वे प्राचार्य या प्रवेश प्रभारी से केवल विद्यालय द्वारा बुलाए जाने पर ही निर्धारित समय अंतराल में संपर्क करें।

Continue Reading

कोरबा

सामान्य सभा की बैठक 20 मार्च को

Published

on

कोरबा। जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक 20 मार्च को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया है।
बैठक में वनमंडल, लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जिला पंचायत के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का अनुमोदन सहित अन्य विषयों पर चर्चा/समीक्षा होगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677