छत्तीसगढ़
भिलाई में गृहमंत्री के दौरे से पहले फायरिंग:एनिवर्सरी पार्टी से लौटते समय अमित जोश ग्रुप ने 3 युवकों पर चलाई गोली, 2 घायल
भिलाई, एजेंसी। भिलाई में डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा के दौरे से पहले मंगलवार-बुधवार देर रात ग्लोब चौक के पास गोली चली है। अमित जोश ग्रुप ने विवाद के बाद तीन युवकों पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रायपुर के मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-6 निवासी अमित जोश निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग थानों में मारपीट और गंभीर अपराधों में कई केस दर्ज हैं। इसका स्टालिन ग्रुप से पुराना विवाद भी चल रहा है। स्टालिन ग्रुप के रोशन स्टालिन के साथ प्रखर चंद्राकर और मुकुल सोना जैसे लोग जुड़े हैं।
एनिवर्सरी पार्टी से लौट रहा था अमित जोश
बताया जा रहा है कि, करीब एक सप्ताह पहले रोशन स्टालिन ने अमित जोश के बहनोई लक्की पर ब्लेड से हमला किया था। जिससे उनके बीच विवाद बढ़ गया। 25 जून को अमित की एनिवर्सरी थी। देर रात 1-2 बजे के बीच पार्टी करने के बाद जोश और उसका एक साथी बाइक से घूमने निकले थे।
जैसे ही ग्लोब चौक के आगे पहुंचे उन्हें बाइक पर तीन लड़के दिखे। सभी लोग शराब के नशे में थे। इसी दौरान गाली-गलौज करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि, बदमाशों ने उन पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में सुनील यादव और आदित्य सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुई यह वारदात
बताया जा रहा है कि, विश्रामपुर निवासी रमनदीप सिंह अपने दोस्त सुनील यादव और आदित्य सिंह से मिलने भिलाई आया था। सुनील यादव टेकीकॉम कंपनी का कर्मचारी है। आदित्य सिंह उड़ान अकादमी में पीएससी की तैयारी कर रहा है। रमनदीप के आने की खुशी में तीनों ने पार्टी की। फिर आधी रात को ग्लोब चौक से बाइक से घूमने निकले थे, इसी दौरान घटना हुई है।
कुछ संदेही हिरासत में- एएसपी
एएसपी सुखनन्दन राठौर का कहना है कि, फायरिंग में घायल होने पर दोनों को दुर्ग के शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें अंबेडकर अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है। दोनों का अंबेडकर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस कुछ संदेहियों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। अमित जोश का नाम भी सामने आया है।
वहीं, स्टालिन और अमित जोश के बीच विवाद की बात भी सामने आ रही थी, लेकिन पुलिस ने स्टानिन के बारे में पता किया, तो उसके नागपुर में होने की सूचना मिली है। जबकि घटना रात में हुई है।
जल्द जिला बदर होगा अमित जोश
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, बदमाश अमित जोश के अपराध को देखते हुए पुलिस ने उसके जिला बदर का प्रकरण भी जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था। किन्हीं कारणों से अभी तक उसमें निर्णय नहीं हो पाया है। लेकिन अपराध को देखते हुए जल्द ही अमित जोश को जिला बदर करने की बात कही है।
बीएसपी क्वॉर्टर में कब्जा कर किराए पर देते हैं
अमित जोश और स्टालिन ग्रुप दोनों भिलाई नगर एरिया में सक्रिय हैं। इनका मूल काम बीएसपी क्वॉर्टर्स पर कब्जा कर उन्हें किराए पर चढ़ाना है। इससे यह लोग काफी अच्छी कमाई कर लेते हैं। इनके डर से बीएसपी के अधिकारी भी कार्रवाई करने से डरते हैं।
दुर्ग सेंट्रल जेल के असिस्टेंट जेलर के घर किया था हमला
दो साल पहले दुर्ग केंद्रीय जेल के असिस्टेंट जेलर अशोक साव के घर देर रात कुछ हथियारबंद नकाबपोशों ने हमला किया था। उन्होंने साव के घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की थी। पुलिस ने इस मामले में कुख्यात बदमाश अमित जोश को गिरफ्तार किया था।
एक महीने पहले भिलाई नगर पुलिस ने किया था गिरफ्तार
अमित जोश को भिलाई नगर पुलिस ने 4 जून को गिरफ्तार किया था। जुनवानी निवासी गरिमा साहू ने भिलाई नगर थाने में उसके खिलाफ 3 मई 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि, 30 अप्रैल 2024 को अमित जोश सुबह 7 बजे उसके घर में जबरदस्ती घुसा और गाली-गलौज करने लगा।
मना करने पर उसने हथियार के बल पर लड़की के साथ बुरी तरह मारपीट भी की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। अमित जोश के खिलाफ हत्या, लूट और अन्य अपराधों के करीब 49 मामले दुर्ग जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज है।
कोरबा
खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्यवाही, थार जप्त
- वाहन जप्त – वाहन क्रमांक CG 04 NG 8300 (थार कार)
कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतत कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्रांतर्गत दिनांक 19.03.2026 को दोपहर लगभग 03:30 बजे से 04:00 बजे के मध्य घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में कुछ वाहन चालकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त कृत्य से वहां उपस्थित आम नागरिकों के लिए दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो रही थी।

प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 236/2026 धारा 281, 3(5) BNS एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 11 AA 6166 (स्कॉर्पियो), CG 12 BJ 2975 (बोलेरो), CG 12 BF 3890 (स्विफ्ट) एवं CG 04 NG 8300 (थार) के चालकों के विरुद्ध प्रथम सूचना पत्र दर्ज किया गया।
वाहन मालिकों का पता लगाकर वाहन क्रमांक CG 04 NG 8300 (थार) को जप्त कर लिया गया है तथा अन्य वाहनों की तलाश जारी है। वाहनों की जप्ती के उपरांत मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस द्वारा ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध सतत अभियान चलाकर निगरानी रखी जा रही है एवं भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
जिला पुलिस कोरबा आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति एवं स्टंट जैसे खतरनाक कृत्यों से बचें तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या खतरनाक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

कोरबा
आदर्श राजवाड़े कुर्मी समाज का होली मिलन समारोह: दिखा खुशियों का रंग, उठाया स्वादिष्ट व्यंजनों का लुफ्त
कोरबा। 15 मार्च को दोपहर आदर्श राजवाड़े कुर्मी समाज ने राजवाड़े भवन कुंआभट्ठा में होली मिलन समारोह का आयोजन किया। केन्द्रीय अध्यक्ष कृपासिंधु राजवाड़े के नेतृत्व में समाज से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित होकर होली मिलन समारोह का आनंद उठाया। सभी ने एक-दूसरे को हर्बल गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और एकता का परिचय दिया।

होली मिलन समारोह में सामाजिक एकता को बढ़ावा देने आवश्यक चर्चा भी हुई और पदाधिकारियों ने अपने विचार साझा किए। यहां उपस्थित समाज के लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का लुफ्त भी उठाया।
केन्द्रीय अध्यक्ष कृपासिंधु राजवाड़े ने सभी को रंगोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यक्रमों से सांगठनिक एकता को बढ़ावा मिलता है और विचार साझा होते हैं। अन्य पदाधिकारियों ने भी होली की शुभकामनाएं प्रेषित की।

कोरबा
शोभायात्रा में दिखी देशभर की संस्कृति की झलक
कोरबा। शहर के हर वर्ग में गुरुवार को हिन्दू नववर्ष का उत्साह रहा। पूरे शहर में भगवा ध्वज लहरा रहे थे, वहीं रंग-बिरंगी आकर्षक लाइट से सजे चौक-चौराहों के साथ सड़कों पर रोशनी बिखरी थी। गुरुवार को निकाली गई शोभायात्रा में देशभर की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। कलाकारों की टीमों ने विविध रूप धारण कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया, तो शहर में जगह-जगह लगी आकर्षक व आधुनिक लाइट के बीच डीजे पर गूंज रहे भक्ति गीतों पर शहरवासी थिरकते रहे। युवतियों व महिलाओं के साथ युवाओं की टोली हाथों में ध्वज लिए जय श्रीराम का जय घोष कर रही थी।

शोभायात्रा का आयोजन हिंदू क्रांति सेना, बजरंग दल, विहिप व सर्व हिंदू समाज के नेतृत्व में नगर में दो दिशाओं से किया गया। पहली शोभायात्रा सीतामढ़ी रामजानकी मंदिर से और दूसरी कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से शुरू हुई। दोनों ही शोभायात्रा टीपी नगर पर आकर समाप्त हुई। दोपहर 3 बजे निकलने वाली शोभायात्रा शाम 6 बजे के बाद निकलनी शुरू हुई। इसके पहले ही लोगों की भीड़ पूरे शहर में उमड़ रही थी। दोनों ही दिशाओं की शोभायात्रा में प्रदेश समेत, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, बंगाल, ओडिशा समेत 13 राज्यों के लोक कलाकारों की टीम शामिल रही।
शोभायात्रा में शामिल कलाकारों की जीवंत झांकियों का सीतामढ़ी से लेकर कोसाबाड़ी तक स्वागत किया गया। जगह-जगह युवाओं का उत्साह बढ़ाने सेवा स्टॉल लगाए गए थे। कहीं ठंडा पानी, तो कहीं शरबत, कहीं खाने का सामान बांटा जा रहा था। शोभायात्रा के दौरान झांकियों का विशेष प्रदर्शन सुभाष चौक निहारिका, घंटाघर सहित अन्य जगह स्वागत हुआ।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
