लोकसभा चुनाव से पहले बड़ी घोषणा,एक्स पर पूर्व सीएम ने कहा-फिर शुरू होगी पक्की भर्ती
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि केंद्र में इस बार कांग्रेस की सरकार बनी तो सेना की अग्निवीर योजना को बंद किया जाएगा। फिर से पक्की भर्ती शुरू की जाएगी। बघेल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ये घोषणा की है। अग्निवीर योजना शुरू होने के बाद से ही कांग्रेस लगातार इसका विरोध करती आई है। राहुल गांधी तो न्याय यात्रा में भी इस मुद्दे को उठा रहे हैं। कांग्रेस के साथ-साथ ऐसे कई युवा भी हैं, जो इस योजना को ठीक नहीं मानते हैं।
राहुल गांधी भी योजना के विरोधी
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपनी न्याय यात्रा के जरिए अग्निवीर योजना के खिलाफ बोल रहे हैं। इस दौरान वे युवाओं से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था कि सरकार ने अग्निवीर स्कीम लॉन्च कर अनगिनत युवाओं के सपने नष्ट कर दिए हैं। राहुल ने सोशल मीडिया पर एक ग्रुप फोटो भी शेयर किया था, जिसमें वे कुछ युवाओं के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट में राहुल ने लिखा कि ये सभी युवा बिहार के चंपारण से आए हैं।
पूर्व आर्मी चीफ ने अग्निवीर को चौंकाने वाली स्कीम बताया था
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने अपनी बायोग्राफी में अग्निवीर स्कीम को लेकर दावा कियाकि इस स्कीम के ऐलान ने तीनों सेनाओं (आर्मी, नेवी और एयरफोर्स) को चौंका दिया था। जनरल मनोज मुकुंद नरवणे 31 दिसंबर 2019 से 30 अप्रैल 2022 तक सेना प्रमुख थे।
अग्निवीरों को लेकर क्या कहती है सेना
रायपुर के आर्मी हेडक्वॉर्टर में लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास ने बताया कि सेना में इस योजना के तहत बेस्ट कैंडिडेट मिलेंगे। 75 प्रतिशत युवा जो सर्विस से बाहर जाएंगे, वो स्किल्ड होंगे। देश की दूसरी फोर्सेस में उन्हें प्राथमिकता मिलेगी, वे अपनी पढ़ाई आगे कर सकते हैं। सेना से बेस्ट ट्रेंड युवाओं को रोजगार के कई अवसर मिलेंगे। चार साल बाद जो अग्निवीर से बाहर होंगे, उन्हें सेवा निधि पैकेज के तहत टैक्स फ्री करीब 12 लाख रुपए एकमुश्त मिलेंगे। इससे वे अपने रोजगार की दिशा में काम कर सकते हैं।
क्या है अग्निवीर योजना
योजना के तहत इंडियन आर्मी, नेवी और एयरफोर्स में युवाओं की भर्ती चार साल के लिए होगी और उन्हें ‘अग्निवीर’ कहा जाएगा। आर्मी में सैनिक (जवान), नेवी में नाविक और एयरफोर्स में एयरमैन की भर्तियां इस योजना के तहत होंगी। 4 साल बाद 75 फीसदी सैनिकों को घर भेज दिया जाएगा। बाकी 25 फीसदी अग्निवीरों को स्थायी नियुक्ति दी जाएगी।