कोरबा
34 साल बाद अमृतसर से कोरबा आएगी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अभी अमृतसर से चलकर बिलासपुर में समाप्त हो रही है, जबकि यह गाड़ी वापसी में कोरबा से अमृतसर बनकर दो साल पहले चलना शुरू हो चुकी है। बिलासपुर में समाप्त होने के कारण इस गाड़ी में सफर करने वाले कोरबा, चांपा, जांजगीर, अकलतरा के यात्रियों को वहां गाड़ी बदलनी पड़ रही है। यह सिलसिला हाल फिलहाल से नहीं वरन 34 सालों से बना हुआ है। इस बात से ही समझा जा सकता है कि इन स्टेशनों के यात्रियों को किस तरह की परेशानी हो रही है। अब इस परेशानी पर विराम लगने की उम्मीद बंधी है, क्योंकि यात्री सुविधाओं को लेकर वर्षों से उपेक्षित कोरबा रेलवे स्टेशन पर बिलासपुर मंडल के अफसरों की नजरें इनायत होने वाली हैं। इस दिशा में काम शुरू करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया जा चुका है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पूर्व इस पर निर्णय आ जाएगा। इस संबंध में रेलवे प्रशासन द्वारा पहली बार किसी बैठक में हुए निर्णय को लिखित रूप में सार्वजनिक कर स्पष्ट किया है। बुधवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वयक), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) व वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (समन्वय) के साथ विशेष बैठक बुलाकर वर्तमान में गाडिय़ों के परिचालन की समीक्षा की। समीक्षा के बाद चर्चा उपरांत कोरबा, चांपा, जांजगीर क्षेत्र के यात्रियों की अमृतसर से कोरबा तक सीधी यात्रा सुविधा सुनिश्चित करने छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का विस्तार कोरबा तक करने का निर्णय लिया। 1977 में शुरू हुआ था एक्सप्रेस का परिचालन छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की शुरुआत वर्ष 1977 में भोपाल-बिलासपुर के बीच छत्तीसगढ़ आंचल एक्सप्रेस के रूप में हुई थी। तब यह गाड़ी बिलासपुर-भोपाल (हबीबगंज) के बीच चलती थी। जो हबीबगंज में नवनिर्मित रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली पहली गाड़ी भी थी। 1980 में इसकी सेवा भोपाल जंक्शन फिर 1987 में हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली तक बढ़ाया गया। पर्याप्त यात्रियों के साथ बढ़ती मांग के कारण इस गाड़ी को 1990 में अमृतसर तक विस्तार किया गया। तब से यह गाड़ी बिलासपुर-अमृतसर-बिला सपुर बनकर चल रही है। इसके 34 साल बाद यह गाड़ी कोरबा-अमृतसर-कोरबा बनकर दौड़ेगी। 64 साल बाद रायगढ़ रूट से जुड़ेगा कोरबा कोरबा का रेलवे से नाता 1959-60 से है। समीक्षा बैठक में हुए निर्णय में कोरबा से रायगढ़ के मध्य सीधी ट्रेन चलेगी। हालांकि अभी इसमें समय लग सकता है। क्योंकि बालपुर से सारागांव के बीच रेलवे लाइन बनकर तैयार, उस पर गुड्स ट्रेनों के दौड़ते 6 साल हो चुके हैं। लेकिन कोचिंग ट्रेनों को चलाने के लिए इंस्पेक्शन होना शेष है। इसके लिए रेलवे बोर्ड से मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अनुमति ली जाएगी। अनुमति मिलने पर ट्रैक का परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों की गंभीरता से यह लगता है कि 64 साल बाद वर्ष 2024 में कोरबा-रायगढ़ रूट सीधी यात्री ट्रेन सेवा से जुड़ेगा। वहीं हसदेव एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच बढ़ाने के निर्णय से अधिक भीड़ होने पर खड़े होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने लगेगी। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के बिलासपुर में समाप्त होने पर अगले दिन इस गाड़ी का रैक स्पेशल पैसेंजर बनकर सुबह 7.30 बजे कोरबा के लिए रवाना होता। इससे नागपुर व कटनी रूट से लंबी दूरी की यात्रा कर सुबह सुबह बिलासपुर पहुंचने कोरबा के लोगों के लिए यह काफी सुविधाजनक रहती है। शिवनाथ एक्सप्रेस की तरह इसका कोरबा तक विस्तार होने के बाद सुबह की स्पेशल पैसेंजर बंद हो जाएगी। वहीं सुबह स्पेशल पैसेंजर में आने वाले यात्रियों को शिवनाथ एक्सप्रेस, लिंक एक्सप्रेस या फिर 9.35 बजे की पैसेंजर में कोरबा आना पड़ेगा। इसके लिए उन्हें बिलासपुर में बैठकर इंतजार करना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस।
कोरबा
माखनलाल पाण्डेय संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) की सेवानिवृत्ति पर गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित
पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने किया अभिनंदन
माखन लाल पाण्डेय को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दी गई आत्मीय विदाई

कोरबा। आज दिनांक 30.03.2026 को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में माखन लाल पाण्डेय, संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) के सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राम गोपाल गर्ग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, के गरिमामयी सानिध्य में संपन्न हुआ। जिसमें संयुक्त संचालक अभियोजन माखन लाल पाण्डेय, उप संचालक श्रीमती कंचन पाटिल एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के सभी अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग ने श्री पाण्डेय के कुशल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अनुकरणीय सेवा सफरः-
माखन लाल पाण्डेय का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है
अपनी सेवाकाल फरवरी 1995 जिला रायपुर से प्रारंभ कर विभिन्न जिलों दुर्ग, महासमुंद, धमतरी, जांजगीर चांपा में सेवा देते हुए फरवरी 2023 से 30 मार्च 2026 तक बिलासपुर संभाग में संयुक्त संचालक अभियोजन के पद पर पदस्थ होकर न्याय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर विवेचना और दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा में अपना अमूल्य मार्गदर्शन दिया, तथा उनके द्वारा हमेशा प्रभावी कार्य सदैव संपादित किया गया।

इस अवसर पर आईजी श्री गर्ग ने कहा कि, एक सफल अभियोजन अधिकारी न केवल कानून का ज्ञाता होता है, बल्कि वह पीड़ित को न्याय दिलाने की महत्वपूर्ण कड़ी है। पाण्डेय जी ने अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुये सदा अभियोजन और पुलिस विभाग के लिये अपना विशेष योगदान दिया है। उनके आगामी सुखद भविष्य की शुभकामनाए देते आईजीपी श्री गर्ग ने आशा व्यक्त की, कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी श्री पाण्डेय अपने विशाल अनुभव और कानूनी ज्ञान के आधार पर पुलिस विभाग को आवश्यकतानुसार सहायता, मार्गदर्शन ,परामर्श और प्रशिक्षण देते रहेंगे।

श्री पाण्डेय ने इस अवसर पर अपने प्रति दिए गए सम्मान के लिए आईजीपी श्री गर्ग का आभार व्यक्त करते हुए,अपनी इस यात्रा के अनुभव साझा किए,और जिला अभियोजन अधिकारी से संयुक्त संचालक तकनीक सफर के दौरान पुलिस और न्यायालय के साथ अपने अनुभव साझा किए।इन भावुक पलों के श्री पाण्डेय ने,पुलिस विभाग के द्वारा कोई सहायता मांगे जाने पर, सेवानिवृत्ति के बाद भी , हमेशा स्वयं को उपलब्ध रहना बताया।

इस विदाई समारोह में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के साथ उप पुलिस अधीक्षक (बिलासपुर रेंज) विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक धनेश्वरी दुबे, उपनिरीक्षक रामकुमार पटेल, शंकर कश्यप, संग्राम सिंह,संदीप ठाकुर, रेखा जायसवाल सहित कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री पाण्डेय को भावभीनी विदाई दी। इस गरिमामय कार्यक्रम का संचालन संजय रावत मुख्य लिपिक ने किया।

कोरबा
छत्तीसगढ़ में टोल प्लाजा रेट में ₹5 की बढ़ोतरी:एनुअल पास पर ₹75 ज्यादा लगेंगे, 1 अप्रैल से लागू होगी NHAI की नई दरें
बिलासपुर/कोरबा,एजेंसी। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने छत्तीसगढ़ से अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाले नेशनल हाईवे की टोल दरों में बढ़ोतरी की है। इसमें बिलासपुर से रायपुर, कोरबा, अंबिकापुर, रायगढ़ समेत सभी टोल प्लाजा में 5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
अब 1 अप्रैल से हर टोल प्लाजा से गुजरने पर 5 रुपए एक्स्ट्रा टैक्स देना होगा। इसी तरह एनुअल (वार्षिक) पासधारकों को 75 रुपए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा। राहत की बात है कि, स्थानीय पासधारकों को पुराने दर पर ही सफर करने की छूट है।
NHAI ने फाइनेंशियल ईयर 2026-27 के लिए टोल की नई दरें जारी कर दी हैं। बिलासपुर जिले के 4 प्रमुख टोल प्लाजा भोजपुरी, मुढ़ीपार, पाराघाट और बगदेवा से रोजाना गुजरने वाले करीब एक लाख से ज्यादा वाहनों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। विशेष रूप से बिलासपुर से रायपुर और पड़ोसी जिलों के बीच आने-जाने वाले लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

5 से 20 रुपए टैक्स की बढ़ोतरी
NHAI की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में 5 से 10% शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। अलग-अलग टोल मैनेजमेंट और एनएचएआई से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, ये बढ़ोतरी 5 से लेकर 20 रुपए तक की है।
रिंग रोड पर प्राइवेट के अलावा हल्के कॉमर्शियल वाहनों के लिए बढ़ोतरी नहीं की गई है। यहां केवल भारी कॉमर्शियल गाड़ियों के लिए टोल रेटों में 5 से लेकर 20 रुपए तक बढ़ोतरी की गई है।
सालाना पास के लिए 3075 रुपए देने होंगे
NHAI ने कार के लिए बनाए जाने वाले सालाना पास की कीमतों में 75 रुपए की बढ़ोतरी की। ये बढ़ोतरी भी 1 अप्रैल से लागू होगी। अभी सालाना पास 3 हजार रुपए में बनता है, जिसमें 200 टोल बूथ क्रॉस करने की लिमिट होती है। 1 अप्रैल से बनने वाले सालाना पास के लिए अब 3075 रुपए देने पड़ेंगे।

बिलासपुर से रायपुर, कोरबा, अंबिकापुर, रायगढ़ समेत सभी टोल प्लाजा में 5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
कैसे तय होता है टोल रेट
टोल टैक्स की दरें होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर तय की जाती हैं। हर साल के अंत में इंडेक्स का मूल्यांकन कर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नए रेट जारी करता है। टोल की राशि सड़क की लंबाई और उस पर बने इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे फ्लाईओवर, अंडरपास, टनल के आधार पर भी तय होती हैं। जहां ज्यादा सुविधाएं होती हैं, वहां टोल भी ज्यादा लगता है।
सालाना रिवीजन के तहत बढ़ी कीमतें
सड़क परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, जब फास्टैग एनुअल पास की शुरुआत की गई थी, तभी इसके नोटिफिकेशन में हर साल कीमतों की समीक्षा और बदलाव का प्रावधान रखा गया था। यह बढ़ोतरी उसी सालाना रिवीजन प्रक्रिया का हिस्सा है। देश भर में हाईवे टोल की दरों में बदलाव के लिए जो फॉर्मूला तय है, उसी के आधार पर इस बार 2.5% की वृद्धि की गई है।

फास्टैग से ही होगा अनिवार्य भुगतान
प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर कैश लेन-देन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिन वाहनों में फास्टैग एक्टिव नहीं होगा, उन्हें दोगुना टोल देना होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लाजा पर 24 घंटे रिचार्ज और हेल्पडेस्क की सुविधा उपलब्ध रहेगी। एनएचएआइ ने स्पष्ट किया है कि सड़क रखरखाव के खर्च को देखते हुए यह वार्षिक वृद्धि की गई है।
NHAI के मैनेजर बोले- मुख्यालय के निर्देश पर बढ़ोतरी
NHAI के मैनेजर राजेश्वर सूर्यवंशी ने बताया कि, मुख्यालय के निर्देशानुसार एक अप्रैल से नई दरें प्रभावी होंगी। वार्षिक पास अब 3,075 रुपए में बनेगा। स्थानीय लोगों के लिए 20 किमी वाली छूट योजना पहले की तरह जारी रहेगी, जिससे उन्हें राहत मिलेगी। छत्तीसगढ़ की सड़कों पर हर टोल में 5 रुपए की वृद्धि की गई है।
कोरबा
मालगाड़ी से कोयला-चोरी करते नाबालिग करंट की चपेट में आया:गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, कोरबा में 24 घंटे में दूसरी घटना
कोरबा। कोरबा के ढोढ़ीपारा में मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय एक नाबालिग करंट की चपेट में आ गया, उसे गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय करंट लगने की यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर को 14 वर्षीय नाबालिग अपने दोस्तों के साथ ढोढ़ीपारा बस्ती के सामने बालको रेलवे ट्रैक मालगाड़ी से कोयला चोरी करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

नाबालिग ऊपर से गुजर रहे इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आ गया।
मालगाड़ी का हाउस पाइप निकाला
बताया जा रहा है कि उन्होंने चलती मालगाड़ी का हाउस पाइप निकाला, जिससे ट्रेन धीमी होकर रुक गई। पीयूष कोयला चोरी करने के लिए मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ा, तभी वह ऊपर से गुजर रहे इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आ गया।
झुलसकर डिब्बे पर ही गिरा नाबालिग
करंट लगने से वह झुलसकर डिब्बे पर ही गिर गया। उसके दोस्तों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिन्होंने पीयूष को डिब्बे से नीचे उतारा और एक निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कोयले से भरी मालगाड़ी टीपी नगर से बालको पावर प्लांट की ओर जा रही थी।
मालगाड़ी से कोयला चोरी करते समय करंट लगने की यह 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार दोपहर उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा के पास भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे रेफर किया गया था।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
